Home Blog Page 167

SHO की संदिग्ध मौत, महिला सिपाही से विवाद की भी जांच

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  जालौन जिले में तैनात SHO अरुण कुमार राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, SHO राय और उसी थाने में तैनात महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के बीच करीबी संबंधों को लेकर विवाद की स्थिति थी। पुलिस अब मामले की कई एंगल से जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या के साथ-साथ उकसावे या अन्य संभावनाओं की भी पड़ताल की जा रही है।

महिला सिपाही से संबंध और आर्थिक विवाद की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, SHO राय और महिला सिपाही के बीच निजी संबंधों के चलते तनाव बढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि SHO ने महिला सिपाही को एक कीमती हार (करीब 3 लाख रुपये) और महंगा iPhone भी दिलाया था।

यह भी पढ़े:- PM के भाषण पर प्रियंका गांधी का कटाक्ष: “भाषण अच्छा, लेकिन तथ्य कमजोर” — वंदे मातरम् चर्चा 

जानकारी के अनुसार फरवरी में महिला सिपाही की शादी तय थी, और आरोप है कि वह SHO पर शादी में 25 लाख रुपये खर्च करने का दबाव बना रही थी। इसको लेकर SHO काफी तनाव में थे। यह भी कहा जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर महिला सिपाही ने SHO की निजी जानकारी और वीडियो उनकी पत्नी को भेजने की धमकी दी थी। इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

पहली बार SHO पद की जिम्मेदारी

करीबी सूत्र बताते हैं कि SHO अरुण राय को पहली बार थाने का चार्ज मिला था और वे आर्थिक दबाव को लेकर बेहद परेशान थे। परिवार और पुलिस विभाग के मुताबिक, इतनी बड़ी रकम जुटाना उनके लिए संभव नहीं था।

संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, आत्महत्या या हत्या?

SHO की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने हत्या के एंगल को भी खारिज नहीं किया है।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस की विशेष जांच इकाइयाँ सभी पहलुओं की छानबीन कर रही हैं।

डिपार्टमेंटल संबंधों पर उठे सवाल

इस घटना ने विभागीय रिश्तों और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हाल के दिनों में विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों के निजी संबंधों से जुड़े कई मामले सुर्खियों में आए हैं, जो प्रशासनिक चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

PM के भाषण पर प्रियंका गांधी का कटाक्ष: “भाषण अच्छा, लेकिन तथ्य कमजोर” — वंदे मातरम् चर्चा के बीच उठे सवाल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  लोकसभा में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर हुई विशेष चर्चा के दौरान कांग्रेस महासचिव और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भाषण तो अच्छा देते हैं, लेकिन “तथ्यों के मामले में कमजोर पड़ जाते हैं।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि राष्ट्रीय गीत पर चर्चा की वास्तविक आवश्यकता नहीं है, क्योंकि “वंदे मातरम् देश की मिट्टी में, जन-जन की भावनाओं में रचा-बसा है।”

“वंदे मातरम् पर बहस क्यों?” — प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल

सदन में बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा—“हम राष्ट्रगीत पर चर्चा क्यों कर रहे हैं?” “पहला कारण—पश्चिम बंगाल चुनाव नजदीक है।”

यह भी पढ़े:- लोकसभा में बोले अखिलेश यादव: “वंदे मातरम् सिर्फ गाने के लिए नहीं, निभाने के

“दूसरा कारण—देश के असली मुद्दों से ध्यान हटाना और स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों पर नए आरोप लगाना।” उन्होंने दावा किया कि सत्तापक्ष इस तरह की चर्चा “राजनीतिक उद्देश्य” से करा रहा है।

“सरकार वर्तमान और भविष्य की ओर नहीं देखना चाहती”

प्रियंका गांधी का कहना था कि—“सरकार ज्वलंत मुद्दों पर बात नहीं करना चाहती।” “प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास घट रहा है।” “कुछ लोग सत्ता केंद्रीकरण से देश को नुकसान होने की बात दबे स्वर में कह रहे हैं.” उन्होंने कहा कि देश कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन सरकार के पास उनके समाधान नहीं हैं।

“पहले वाले पीएम मोदी नहीं रहे”

भाषण के दौरान प्रियंका गांधी ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा—“प्रधानमंत्री मोदी अब पहले वाले पीएम नहीं रहे। उनकी नीतियाँ देश को कमजोर कर रही हैं। सत्ता पक्ष के लोग भी इसे समझते हैं, लेकिन बोल नहीं रहे।” उन्होंने कहा कि वह नई सांसद हैं, “कलाकार नहीं,” इसलिए तथ्यों के आधार पर ही बात रख रही हैं।

लोकसभा में बोले अखिलेश यादव: “वंदे मातरम् सिर्फ गाने के लिए नहीं, निभाने के लिए होना चाहिए”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- लोकसभा में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर हुई विशेष चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद विपक्षी दलों ने अपनी बात रखी। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गाने के लिए नहीं, बल्कि इसकी भावना को निभाने के लिए है।

“वंदे मातरम् ने देश को एकजुट किया”—अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया। उन्होंने कहा—“वंदे मातरम् ने आज़ादी की लड़ाई में ऊर्जा भरी।” “सत्ता पक्ष हर चीज़ का श्रेय लेने की कोशिश करता है।”

यह भी पढ़े:- लोकसभा में PM मोदी का हमला: “कांग्रेस ने वंदेमातरम् को बांटा, मुस्लिम लीग के …

“जो महापुरुष उनके नहीं हैं, उन्हें भी अपने खाते में जोड़ने का प्रयास किया जाता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष की बातों से ऐसा प्रतीत होता है मानो वंदे मातरम् भी उन्हीं की देन हो।

“वंदे मातरम् की भावना को जीवन में उतारना चाहिए”—S.P. Chief

अखिलेश यादव ने कहा—“वंदे मातरम् सिर्फ पढ़ने या गाने का विषय नहीं है, बल्कि इसे जीवन में उतारने की आवश्यकता है। जिन लोगों ने आजादी के आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया, वे इसके मूल अर्थ को नहीं समझ सकते।”

उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल नारे देने से नहीं बल्कि काम और व्यवहार से दिखती है।

PM मोदी ने क्या कहा था?

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि— “जब-जब देश पर संकट आया, वंदे मातरम् की भावना ने जन-मन को एकजुट किया। आज भी 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे अवसरों पर यही भाव हर घर में दिखाई देता है।”

लोकसभा में PM मोदी का हमला: “कांग्रेस ने वंदेमातरम् को बांटा, मुस्लिम लीग के दबाव में लिया फैसला”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर लोकसभा में हुई विशेष चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि इतिहास में कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के दबाव में आकर वंदेमातरम् के “टुकड़े” कर दिए, जबकि यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन की आत्मा था।

सदन में इस विषय पर लगभग 10 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है। मंगलवार को राज्यसभा में गृहमंत्री अमित शाह चर्चा की शुरुआत करेंगे।

“वंदेमातरम् के साथ अन्याय हुआ”—PM मोदी

प्रधानमंत्री ने सवाल उठाया कि जिस गीत ने बंगाल विभाजन के खिलाफ देश को एकजुट किया, महात्मा गांधी जिसे राष्ट्रगीत जैसा मानते थे, उसी वंदेमातरम् के साथ “इतना बड़ा अन्याय” क्यों हुआ?

उन्होंने कहा—
“यह गीत करोड़ों भारतीयों की देशभक्ति का आधार था। फिर ऐसा क्या हुआ कि पिछली सदी में इसे विवादों में घसीटा गया? नई पीढ़ी को उस दौर का सच बताना जरूरी है।”

PM मोदी का आरोप—“कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के आगे घुटने टेक दिए”

मोदी ने 1937 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुस्लिम लीग ने वंदेमातरम् का विरोध शुरू किया और कांग्रेस नेतृत्व ने उसका प्रतिरोध करने के बजाय इसी गीत की समीक्षा शुरू कर दी।

यह भी पढ़े:- लोकसभा में PM मोदी का संबोधन: “अंग्रेज मानते थे-बंगाल टूटेगा तो भारत टूट जाएगा, लेकिन 

उन्होंने दावा किया—नेहरू ने जिन्ना को पत्र लिखकर कहा कि आनंदमठ की पृष्ठभूमि मुस्लिम समाज को “इरिटेट” कर सकती है। 26 अक्टूबर 1937 को कांग्रेस ने वंदेमातरम् की समीक्षा का निर्णय लिया। इसके बाद गीत को “खंडित रूप” में स्वीकार किया गया। उन्होंने कहा कि यह कदम तुष्टीकरण की राजनीति का परिणाम था।

“वंदेमातरम् ने बंगाल विभाजन के खिलाफ जन-आंदोलन खड़ा किया”

प्रधानमंत्री ने बताया कि 1905 में अंग्रेजों द्वारा बंगाल विभाजन के बाद वंदेमातरम् एक राष्ट्रीय नारा बन गया। उन्होंने कहा— “जब अंग्रेजों ने बंगाल को तोड़ने का प्रयास किया, वंदेमातरम् चट्टान की तरह खड़ा रहा।” उन्होंने बताया कि— बंगाल की गलियों में प्रभात फेरियां निकलती थीं | महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने वंदेमातरम् गाते हुए आंदोलन में भाग लिया|कई क्रांतिकारियों ने फांसी पर चढ़ते समय भी वंदेमातरम् का उद्घोष किया| मोदी ने खुदीराम बोस, राजेंद्र लाहिड़ी, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान आदि का उल्लेख किया।

“गांधी ने भी इसे राष्ट्रगान जैसा माना था”—मोदी

PM मोदी ने कहा कि 2 दिसंबर 1905 को महात्मा गांधी ने ‘Indian Opinion’ में लिखा था कि वंदेमातरम् बंगाल में इतना लोकप्रिय था कि यह “हमारा राष्ट्रगान जैसा” बन गया था। उन्होंने इसे “अन्य राष्ट्रों के गीतों से अधिक मधुर” बताया था।

“विश्वभर में गूंजा वंदेमातरम्”

मोदी ने कहा कि— वीर सावरकर ने लंदन के इंडिया हाउस में इसे बजाया, बिपिन चंद्र पाल और अरविंद घोष ने ‘वंदेमातरम्’ नाम से अखबार निकाला मैडम भीकाजी कामा ने पेरिस में ‘वंदेमातरम्’ नाम से पत्रिका प्रकाशित की स्वदेशी आंदोलन में कई उत्पादों पर “वंदेमातरम्” लिखा जाता था| उन्होंने कहा— “दुनिया में शायद ही कोई ऐसा काव्य होगा जिसने आज़ादी की हर धारा को एक सूत्र में बांधा हो।”

लोकसभा में PM मोदी का संबोधन: “अंग्रेज मानते थे-बंगाल टूटेगा तो भारत टूट जाएगा, लेकिन वंदे मातरम् दीवार बनकर खड़ा रहा”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को लोकसभा में विशेष चर्चा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। उन्होंने कहा कि भारत को विभाजित करने की अंग्रेजों की कोशिशों के बीच वंदे मातरम् वह शक्ति थी जिसने उनके मंसूबों को विफल किया। लोकसभा में इस विषय पर 10 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है, जबकि मंगलवार को राज्यसभा में इसी मुद्दे पर चर्चा होगी, जिसकी शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।

“अंग्रेजों ने बंगाल को बनाया था विभाजन की प्रयोगशाला”

सदन को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि 1857 के बाद अंग्रेजों को समझ आ गया था कि भारत में टिकना उनके लिए आसान नहीं होगा, इसलिए उन्होंने “बांटो और राज करो” की नीति अपनाई।

मोदी ने कहा—“अंग्रेजों ने महसूस किया कि जब तक भारत को अंदर से तोड़ा नहीं जाएगा, तब तक यहां शासन करना कठिन होगा। इसलिए उन्होंने सबसे पहले पश्चिम बंगाल को चुना, क्योंकि वह समय बंगाल का बौद्धिक सामर्थ्य पूरे देश को मार्ग दिखा रहा था।”

यह भी पढ़े:- UP में रोहिंग्या–बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई, CM योगी ने स्वयं संभाला मोर्चा—बोले-

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों का मानना था कि यदि बंगाल टूट जाएगा तो देश भी कमजोर पड़ जाएगा।

“1905 का विभाजन, लेकिन वंदे मातरम् ने मोड़ दिया इतिहास”

प्रधानमंत्री ने कहा- “1905 में अंग्रेजों ने बंगाल का विभाजन कर दिया। लेकिन वंदे मातरम् एक अडिग चट्टान की तरह उनके सामने खड़ा हो गया। इस राष्ट्रगीत ने देश को एकजुट किया और स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा दी।”

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के संकल्प, साहस और राष्ट्रवाद का प्रतीक है।

UP में रोहिंग्या–बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई, CM योगी ने स्वयं संभाला मोर्चा—बोले- सफाई जरूरी है

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर सरकार ने निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अभियान की कमान स्वयं संभालते हुए सोमवार को ‘योगी की पाती’ में स्पष्ट संदेश दिया कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की घुसपैठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम योगी ने लिखा कि प्रदेश के संसाधन केवल उसके नागरिकों के हैं, घुसपैठियों के नहीं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संसाधनों पर अनधिकृत बोझ हटाना आवश्यक है।

अगले चुनावों से पहले सक्रिय हुई सरकार

पंचायत चुनाव (2026) और विधानसभा चुनाव (2027) से पहले सीएम योगी लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने हर मंडल मुख्यालय पर डिटेंशन सेंटर विकसित करने और पूरे प्रदेश में घुसपैठियों की पहचान का अभियान चलाने का आदेश दिया था।

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का हवाला

योगी ने ‘योगी की पाती’ में लिखा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि घुसपैठियों के लिए लाल कालीन नहीं बिछाई जा सकती। सीएम ने आगे लिखा—“यह स्पष्ट है कि किसी भी कीमत पर घुसपैठ स्वीकार्य नहीं है। Uttar Pradesh की सुरक्षा, सामाजिक संतुलन और कानून–व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

यह भी पढ़े:- SIR में प्रदेश में नंबर-1 बना एटा: DM प्रेमरंजन सिंह की रणनीति ने दिलाई बड़ी उपलब्धि

उन्होंने बताया कि सभी नगरीय निकायों को संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान कर सूची बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

“अनधिकृत बोझ की सफाई जरूरी”

सीएम ने कहा—सार्वजनिक संसाधनों पर अनधिकृत भार को कम करना आवश्यक है। योजनाओं के लाभ को असली पात्रों तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से दस्तावेज सत्यापन का विशेष अभियान चल रहा है। चिन्हित घुसपैठियों को डिटेंशन सेंटर भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों में डिटेंशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।

नागरिकों से की अपील

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की— “घरेलू या व्यावसायिक कार्य में किसी व्यक्ति को नियुक्त करने से पहले उसकी पहचान अवश्य सत्यापित करें। सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, और सुरक्षा ही समृद्धि की आधारशिला है।”

SIR में प्रदेश में नंबर-1 बना एटा: DM प्रेमरंजन सिंह की रणनीति ने दिलाई बड़ी उपलब्धि

0

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- डीएम प्रेमरंजन सिंह की रणनीतिक कार्यशैली का बड़ा परिणाम सामने आया है। एटा जिले ने एसआईआर (Special Intensified Revision) कार्य में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों में एटा, औरैया और आजमगढ़ ने अपनी एसआईआर प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी कर ली है। इस उपलब्धि पर आयुक्त ने बधाई देते हुए 16 दिसंबर को लेख प्रकाशित करने की घोषणा की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दी निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा—2003 की मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं की मैपिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए। किसी भी तरह की त्रुटि न रह जाए, इसके लिए बीएलओ और बीएलए की बूथ स्तर पर समन्वय बैठक अनिवार्य करवाई जाए। एसआईआर से जुड़े पूरे डेटाबेस को सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जाए।

यह भी पढ़े:- Lucknow Flight Cancellation: 33 उड़ानें रद्द, 4 हजार यात्री फंसे; एयरपोर्ट पर इंतजार यात्री की मौत

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बीएलओ द्वारा अनुपस्थित, मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या अनट्रेस्ड श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं की दोबारा गहन जांच की जाए और बीएलए का सहयोग लिया जाए।

प्रदेश में कार्य प्रगति

एसआईआर के तहत: गणना प्रपत्र वितरण — 99.91%, डिजिटाइजेशन— 91.98%, एटा, औरैया और आजमगढ़ — 100% कार्य पूर्ण  गणना चरण की अंतिम तिथि 11 दिसंबर, जबकि संशोधित मतदाता सूची 16 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।

डीएम की रणनीति जिसने बदल दिया परिणाम

एसआईआर शुरू होते ही डीएम ने जिले के सभी विभागों को अलर्ट जारी कर दिया। बीएलओ के साथ अन्य विभागों के कर्मचारियों की टीम बनाकर प्रपत्र संग्रह में सहायता दी गई। कमजोर बीएलओ की डेटा फीडिंग में विशेष सहायता प्रदान की गई। प्रगति की प्रतिदिन शाम समीक्षा के लिए टीम तैनात की गई। कर्मचारियों की किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया गया।

यही कारण रहा कि 30 नवंबर तक जिले ने 98 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया था और अंततः एटा प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।

डीएम प्रेमरंजन सिंह ने कहा— “जनपद के सभी कर्मचारियों, बीएलओ और अधिकारियों के समन्वय से यह लक्ष्य पूरा हो सका है। चुनाव आयोग से मिली बधाई पूरे एटा की टीम की मेहनत का परिणाम है।”

Lucknow Flight Cancellation: 33 उड़ानें रद्द, 4 हजार यात्री फंसे; एयरपोर्ट पर इंतजार में 46 वर्षीय यात्री की मौत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उड़ानों पर चल रहे संकट के छठे दिन रविवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर माहौल और बिगड़ गया। कुल 33 फ्लाइटें रद्द होने से करीब 4,000 यात्री फंस गए और उन्हें अपनी यात्रा दोबारा शेड्यूल करनी पड़ी। कई यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर बैगेज और काउंटर औपचारिकताओं के लिए भटकते रहे। इसी अफरा-तफरी के बीच एक 46 वर्षीय यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई।

एयरपोर्ट पर इंतजार में गई जान

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कानपुर के कल्याणपुर के निवासी अनूप पांडेय (46) के रूप में हुई है। अनूप बेंगलुरु स्थित कोका-कोला कंपनी में फाइनेंस एग्जिक्यूटिव थे और एक रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने कानपुर आए थे।

यह भी पढ़े:- Goa Night Club Fire: कैबरे डांस के बीच भड़की आग, 25 लोगों की मौत; डांसर ने बताई 

शुक्रवार रात उन्हें लखनऊ से दिल्ली होते हुए बेंगलुरु की कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी। एयर इंडिया की एआई-1821 फ्लाइट रात 10:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होनी थी। फ्लाइट के बार-बार रद्द होने से वह तनाव में थे।
उनके भाई अनिल के अनुसार, करीब 10:10 बजे भागदौड़ के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अनूप का परिवार बेंगलुरु से टैक्सी से कानपुर पहुंचा।

गोरखपुर में भी उथल-पुथल—तीन फ्लाइटें रद्द

गोरखपुर एयरपोर्ट से भी रविवार को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की तीन उड़ानें निरस्त रहीं, जिससे 550 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। यात्रियों ने एयरलाइंस काउंटर पर हंगामा भी किया।

कानपुर और काशी में भी उड्डयन सेवाएं प्रभावित

कानपुर–मुंबई फ्लाइट रद्द, 354 यात्रियों ने टिकट रिफंड कराए, काशी (वाराणसी) से ऑपरेशनल कारणों के चलते 5 उड़ानें निरस्त रही| लगातार हो रही उड़ान रद्दीकरण से उत्तर प्रदेश के कई शहरों में यात्री भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

Goa Night Club Fire: कैबरे डांस के बीच भड़की आग, 25 लोगों की मौत; डांसर ने बताई दर्दनाक दास्तान

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- गोवा के लोकप्रिय बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली। हादसे की जांच फिलहाल जारी है, वहीं सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने घटना की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया है। वीडियो में दिख रहा है कि लोग ‘महबूबा-महबूबा’ गाने पर कैबरे डांस का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक क्लब की छत में आग भड़क उठती है और कुछ ही सेकंड में पूरी जगह धुएं और लपटों से भर जाती है।

डांसर ने बताया—“किस्मत से बच गई जान”

कजाक मूल की प्रोफेशनल कैबरे डांसर क्रिस्टीना, जो हादसे के समय अपनी दूसरी प्रस्तुति दे रही थीं, ने बताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। क्रिस्टीना ने कहा—

“मैं अचानक रुक गए म्यूजिक से हैरान थी। छत से चिंगारियां दिखीं और फिर आग फैल गई। मैं कांप रही थी, रो रही थी और बस भागने का रास्ता ढूंढ रही थी। बड़ी किस्मत से मेरी जान बची।”

तीन अधिकारी निलंबित, मालिक और मैनेजर गिरफ्तार

अग्निकांड के बाद पुलिस ने नाइटक्लब के मालिक सौरभ लूथरा और जनरल मैनेजर विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, गोवा सरकार ने क्लब को 2023 में संचालन की अनुमति देने में कथित लापरवाही के आरोप में तत्कालीन पंचायत निदेशक सहित तीन वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 8 December 2025: मेष से मीन तक जानें कैसा रहेगा आपका दिन

मृतकों की पहचान पूरी—20 कर्मचारी, 5 पर्यटक

सरकार ने पुष्टि की है कि इस आग में मारे गए सभी 25 लोगों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 20 नाइटक्लब के कर्मचारी और 5 पर्यटक थे।

पर्यटकों की पहचान:

  • दिल्ली के चार पर्यटक: सरोज जोशी, अनीता जोशी, कमला जोशी और विनोद कुमार
  • कर्नाटक: इशाक (जिसकी पहचान उसके पिता एम. डी. हुसैन ने की)

कर्मचारियों की राज्यवार सूची:

  • उत्तराखंड: जितेंद्र सिंह, सतीश सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुमित नेगी, मनीष सिंह
  • नेपाल: चूर्ण बहादुर पुन, विवेक कटवाल, सबिन, सुदीप
  • झारखंड: मोहित, प्रदीप महतो, बिनोद महतो
  • असम: मनोजित मल, राहुल तांती, दिगंबर पातिर
  • महाराष्ट्र: डोमिनिक, मनोज जोरा
  • उत्तर प्रदेश: रोहन सिंह, सुनील कुमार
  • पश्चिम बंगाल: सुभाष छेत्री

Aaj Ka Rashifal 8 December 2025: मेष से मीन तक जानें कैसा रहेगा आपका दिन

8 दिसंबर 2025 का दैनिक राशिफल: आज ग्रहों की चाल महत्वपूर्ण प्रभाव डाल रही है। गुरु कर्क में विराजमान हैं, चंद्रमा स्वगृही सिंह में है। बुध तुला में, जबकि सूर्य, बुध और शुक्र वृश्चिक राशि में संचार कर रहे हैं। मंगल धनु में प्रवेश कर चुके हैं। राहु कुंभ में और शनि मीन राशि में स्थित हैं। आइए जानते हैं मेष से मीन तक आज का राशिफल—

मेष राशि

आज भूमि, भवन या वाहन खरीदने के योग मजबूत हैं। भौतिक सुविधाओं में वृद्धि होगी और माता का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य में सुधार के संकेत हैं। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति सामान्य रहेगी। व्यापारिक गतिविधियां लाभ देने वाली रहेंगी। किसी रिसर्च या खोज से लाभ की संभावना है। लाल रंग आपके लिए शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

आज आपका साहस और आत्मविश्वास सफलता दिलाएगा। नौकरी और व्यवसाय में उन्नति के योग बन रहे हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और प्रेम तथा परिवार का साथ मिलेगा। कुल मिलाकर दिन अनुकूल है। काली मां के दर्शन शुभ फल देंगे।

मिथुन राशि

धन की आमद बढ़ेगी और मित्रों तथा रिश्तेदारों का साथ मिलेगा। सेहत ठीक रहेगी। प्रेम और संतान से संबंधित स्थितियां बेहतर रहेंगी। व्यापार भी अनुकूल है। हरी वस्तु अपने पास रखें।

कर्क राशि

प्रेम और संतान को लेकर थोड़ी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। आवेश में निर्णय न लें। ज्ञान प्राप्ति के लिए समय उत्तम है—किसी विषय में गहराई से पढ़ाई करेंगे। आकर्षण बढ़ेगा और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। लाल रंग लाभकारी है।

सिंह राशि

मानसिक बेचैनी और चिंता बनी रह सकती है। खर्चों में बढ़ोतरी की संभावना है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा और प्रेम तथा संतान की स्थिति अच्छी बनी रहेगी। व्यापार भी स्थिर रहेगा। मन को शांत रखने के लिए शिवजी का जलाभिषेक करें।

कन्या राशि

आय के नए स्रोत खुलेंगे और पुराने माध्यमों से भी धन लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान की स्थिति मजबूत है। व्यापार में लाभ मिलेगा। सफेद रंग आपके लिए शुभ है।

तुला राशि

कानूनी मामलों में जीत के योग हैं। व्यापारिक क्षेत्र में प्रगति दिखाई देगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और प्रेम-संतान से जुड़े मुद्दे सकारात्मक रहेंगे। सफेद रंग शुभ रहेगा।

वृश्चिक राशि

भाग्य आपका साथ देगा। करियर और व्यवसाय में उन्नति के संकेत हैं। यात्रा का अवसर मिल सकता है। सेहत, प्रेम और संतान के मामलों में दिन अच्छा है। पीला रंग शुभ प्रभाव देगा।

धनु राशि

चोट या दुर्घटना से सावधान रहें। परिस्थितियां आपके विरोध में जा सकती हैं, इसलिए सतर्क रहें। स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखें। प्रेम और संतान से जुड़े मसले पहले से बेहतर रहेंगे। व्यापार भी ठीक रहेगा। लाल रंग लाभदायक है।

मकर राशि

जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा, हालांकि खर्च बढ़ सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। प्रेम और संतान की स्थिति बहुत अच्छी रहेगी। व्यापार अनुकूल है। शिवजी का जलाभिषेक करना शुभ रहेगा।

कुंभ राशि

थोड़ा सतर्क रहें, चोट या दुर्घटना की संभावना है। स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। शत्रु सक्रिय रहेंगे, लेकिन अंततः जीत आपकी ही होगी। प्रेम और संतान की स्थिति अच्छी रहेगी। हरी वस्तु अपने पास रखें।

मीन राशि

अध्ययन, लेखन और ज्ञानार्जन के लिए अनुकूल समय है। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है। प्रेम और संतान को लेकर भावुक निर्णय लेने से बचें। व्यापार अच्छा चलेगा। शिवजी का जलाभिषेक शुभ रहेगा।