न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उड़ानों पर चल रहे संकट के छठे दिन रविवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर माहौल और बिगड़ गया। कुल 33 फ्लाइटें रद्द होने से करीब 4,000 यात्री फंस गए और उन्हें अपनी यात्रा दोबारा शेड्यूल करनी पड़ी। कई यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर बैगेज और काउंटर औपचारिकताओं के लिए भटकते रहे। इसी अफरा-तफरी के बीच एक 46 वर्षीय यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
एयरपोर्ट पर इंतजार में गई जान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कानपुर के कल्याणपुर के निवासी अनूप पांडेय (46) के रूप में हुई है। अनूप बेंगलुरु स्थित कोका-कोला कंपनी में फाइनेंस एग्जिक्यूटिव थे और एक रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने कानपुर आए थे।
यह भी पढ़े:- Goa Night Club Fire: कैबरे डांस के बीच भड़की आग, 25 लोगों की मौत; डांसर ने बताई
शुक्रवार रात उन्हें लखनऊ से दिल्ली होते हुए बेंगलुरु की कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी। एयर इंडिया की एआई-1821 फ्लाइट रात 10:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होनी थी। फ्लाइट के बार-बार रद्द होने से वह तनाव में थे।
उनके भाई अनिल के अनुसार, करीब 10:10 बजे भागदौड़ के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अनूप का परिवार बेंगलुरु से टैक्सी से कानपुर पहुंचा।
गोरखपुर में भी उथल-पुथल—तीन फ्लाइटें रद्द
गोरखपुर एयरपोर्ट से भी रविवार को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की तीन उड़ानें निरस्त रहीं, जिससे 550 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। यात्रियों ने एयरलाइंस काउंटर पर हंगामा भी किया।
कानपुर और काशी में भी उड्डयन सेवाएं प्रभावित
कानपुर–मुंबई फ्लाइट रद्द, 354 यात्रियों ने टिकट रिफंड कराए, काशी (वाराणसी) से ऑपरेशनल कारणों के चलते 5 उड़ानें निरस्त रही| लगातार हो रही उड़ान रद्दीकरण से उत्तर प्रदेश के कई शहरों में यात्री भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।



