Home Blog Page 155

Aaj Ka Rashifal 26 December 2025:आज इन राशियों के जीवन में रहेगा उतार-चढ़ाव, हैं धन हानि के संकेत;

Aaj Ka Rashifal 26 December 2025: ग्रहों की चाल से आज कई राशियों के जीवन में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। कुछ राशियों को धन हानि के संकेत हैं, तो कुछ को मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का विस्तृत राशिफल।

ग्रहों की स्थिति
आज गुरु मिथुन राशि में, केतु सिंह में, बुध वृश्चिक में, सूर्य–शुक्र–मंगल धनु में, चंद्रमा और राहु कुंभ में तथा शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं।

मेष राशि

आज मन थोड़ा अशांत रह सकता है। यात्रा के दौरान असुविधा संभव है। आय में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और कोई भ्रमित करने वाली सूचना मिल सकती है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित रह सकता है। व्यापार औसत रहेगा। कुल मिलाकर समय मध्यम है। काली वस्तु का दान शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

कारोबार में अस्थिरता बनी रह सकती है। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में निराशा हाथ लग सकती है। प्रेम जीवन और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। लाल वस्तु का दान लाभदायक होगा।

मिथुन राशि

सम्मान को ठेस लगने की आशंका है। अपमान का डर सताएगा। यात्रा कष्टप्रद हो सकती है। धार्मिक मामलों में अतिवाद से बचें। प्रेम, संतान और व्यापार की स्थिति अच्छी बनी रहेगी। शनिदेव को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

कर्क राशि

चोट लगने या किसी परेशानी में फंसने की आशंका है। परिस्थितियां थोड़ी प्रतिकूल रहेंगी। स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। प्रेम, संतान और व्यापार पक्ष मजबूत रहेगा। नीली वस्तु का दान करें।

सिंह राशि

स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। पेट से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। जीवनसाथी के स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें। नौकरी में स्थिति सामान्य रहेगी। प्रेम और संतान पक्ष औसत रहेगा। पीली वस्तु साथ रखें।

कन्या राशि

आज शत्रु सक्रिय रह सकते हैं और नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेंगे, लेकिन अंततः विजय आपकी ही होगी। स्वास्थ्य और प्रेम जीवन मध्यम रहेगा। व्यापार की स्थिति ठीक रहेगी। नीली वस्तु पास रखें।

तुला राशि

संतान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता रह सकती है। प्रेम संबंधों में वाद-विवाद से बचें। विद्यार्थी वर्ग के लिए भी समय चुनौतीपूर्ण है। मानसिक तनाव बना रहेगा। व्यापार लगभग सामान्य रहेगा। शनिदेव की आराधना लाभ देगी।

वृश्चिक राशि

घरेलू सुख में कमी महसूस होगी। घर के माहौल में नकारात्मकता रह सकती है। भूमि, भवन या वाहन की खरीद में बाधाएं आ सकती हैं। स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति सामान्य रहेगी। प्रेम, संतान और व्यापार अच्छे रहेंगे। काली वस्तु का दान करें।

धनु राशि

कारोबार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नाक, कान या गले से जुड़ी समस्या हो सकती है। प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार औसत रहेगा। काली वस्तु का दान शुभ रहेगा।

मकर राशि

धन हानि के संकेत हैं, इसलिए निवेश से बचें। वाणी पर नियंत्रण रखें। मुख संबंधी रोग परेशान कर सकते हैं। पारिवारिक सुख में कमी रहेगी। प्रेम, संतान और व्यापार सामान्य रहेगा। काली माता को प्रणाम करना लाभकारी होगा।

कुंभ राशि

आज घबराहट और बेचैनी महसूस हो सकती है। नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव रहेगा, हालांकि स्थिति बहुत खराब नहीं होगी। प्रेम, संतान और व्यापार अच्छा रहेगा। हरी वस्तु पास रखें।

मीन राशि

सिर में चोट लगने या आंखों से जुड़ी परेशानी की आशंका है। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा, लेकिन कुछ दूरी और नकारात्मक सोच बनी रह सकती है। व्यापार मजबूत रहेगा। काली वस्तु का दान करें और शिवजी का जलाभिषेक करना शुभ होगा।

UP पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर बनने का मौका, 1352 पदों पर भर्ती शुरू

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के लिए 1352 पदों पर भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 15 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upprpb.in पर उपलब्ध है।

शैक्षणिक योग्यता

  • उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) पास होना अनिवार्य है।
  • इसके साथ कंप्यूटर संबंधित योग्यता में से कोई एक: DOEACC/NIELIT से “O” लेवल कंप्यूटर सर्टिफिकेट, कंप्यूटर इंजीनियरिंग / आईटी / इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा (सरकारी मान्यता प्राप्त)

वर्गानुसार पदों का वितरण

श्रेणी पद संख्या
सामान्य (UR) 545
EWS 134
OBC 364
SC 283
ST 26
कुल 1352

वेतनमान: लेवल-4, ₹25,500 – ₹81,100 प्रति माह

आयु सीमा (01 जुलाई 2026)

  • न्यूनतम: 18 वर्ष
  • अधिकतम: 28 वर्ष
  • SC/ST/OBC उम्मीदवारों को सरकारी नियमों अनुसार 5 वर्ष की छूट

यह भी पढ़े:- हजारों फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाकर सरकार को करोड़ों का नुकसान, STF ने

आवेदन शुल्क

  • सामान्य / EWS / OBC: ₹500
  • SC / ST: ₹400
  • भुगतान: डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI

चयन प्रक्रिया

लिखित परीक्षा (OMR आधारित)

  • 200 अंक, 160 प्रश्न
  • विषय: सामान्य ज्ञान, मानसिक योग्यता, रीजनिंग और कंप्यूटर विज्ञान
  • न्यूनतम अंक: 40%

टाइपिंग टेस्ट (क्वालिफाइंग)

  • हिंदी: 25 शब्द प्रति मिनट
  • अंग्रेजी: 30 शब्द प्रति मिनट
  1. दस्तावेज सत्यापन
  2. मेडिकल और चरित्र प्रमाणन
  3. फाइनल मेरिट लिस्ट

कैसे करें आवेदन

  1. सबसे पहले OTR (One Time Registration) करें।
  2. OTR लॉगिन से कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के लिए आवेदन फॉर्म भरें।
  3. वेबकैम से लाइव फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
  4. आवश्यक शैक्षणिक और आरक्षण प्रमाण पत्र अपलोड करें।
  5. ऑनलाइन आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
  6. फॉर्म का प्रीव्यू देखकर सबमिट करें और प्रिंट निकाल लें।

क्यों है यह भर्ती खास?

  • स्थायी सरकारी नौकरी के साथ अच्छी सैलरी और प्रमोशन संभावना
  • पुलिस विभाग में सम्मानजनक करियर
  • तकनीकी और कंप्यूटर पृष्ठभूमि वाले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

हजारों फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाकर सरकार को करोड़ों का नुकसान, STF ने गिरोह का किया पर्दाफाश; 7 गिरफ्तार

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के तहत बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा करने वाले एक संगठित गिरोह का एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सरगना प्रतापगढ़ निवासी चंद्रभान वर्मा समेत कुल सात आरोपियों को लखनऊ के गोमतीनगर इलाके से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम की गई।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह के अनुसार, गिरोह ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे हजारों अपात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए और फिर इंप्लीमेंटेशन सपोर्ट एजेंसी (ISA) व स्टेट हेल्थ एजेंसी (SHA-PMJAY) से मिलीभगत कर उनका अप्रूवल कराया। इसके बाद कुछ अस्पतालों के सहयोग से इन फर्जी कार्डों पर इलाज दिखाकर सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाया गया

2000 से अधिक फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाए

जांच में सामने आया है कि गिरोह ने दो हजार से ज्यादा फर्जी आयुष्मान कार्ड तैयार कराए। पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई अहम जानकारियां मिली हैं। एसटीएफ को आरोपियों के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बड़ी मात्रा में डिजिटल सबूत भी मिले हैं। इनके आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में तीन टीमें दबिश दे रही हैं

पोस्टर से शुरू हुआ फर्जीवाड़े का खेल

एसटीएफ के मुताबिक, सरगना चंद्रभान ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले साल अपनी बहन के इलाज के लिए लोहिया अस्पताल गया था। वहां उसने आयुष्मान कार्ड बनवाने से जुड़ा एक पोस्टर देखा और दिए गए नंबर पर संपर्क किया। बातचीत के बाद उसे तीन हजार रुपये में कार्ड बनवाकर मुफ्त इलाज मिल गया। इसके बाद उसने इस तरीके को अवैध कमाई का जरिया बना लिया।

चंद्रभान अपात्र लोगों से छह हजार रुपये लेकर आयुष्मान कार्ड बनवाता था। इसमें से कुछ रकम एजेंसी और नेटवर्क से जुड़े लोगों को देता था, जबकि बाकी खुद रख लेता था।

ऐसे होता था कार्ड अप्रूवल का खेल

जांच में सामने आया कि गिरोह पोर्टल पर ओटीपी बायपास कर अपात्र लोगों को परिवार में जोड़ता था, फिर ISA अधिकारियों से सांठगांठ कर कार्ड का अप्रूवल कराया जाता था। इसके लिए प्रति कार्ड 1000 से 1500 रुपये तक की रिश्वत दी जाती थी।

यह भी पढ़े:- ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सख्त, जनप्रतिनिधियों को दी कड़ी चेतावनी

इस नेटवर्क में ISA और SHA से जुड़े कर्मचारी, साथ ही कुछ अस्पतालों के कर्मी भी शामिल थे। अगस्त 2025 तक इस अवैध धंधे का दायरा और बढ़ गया और कई वेंडर भी इससे जुड़ गए।

कैंसर इंस्टिट्यूट तक फैला नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों में कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ में तैनात एक आयुष्मान मित्र भी शामिल है, जो फर्जी कार्डों में जिले का मिसमैच ठीक करने और इलाज दिखाने में मदद करता था। इसी नेटवर्क के जरिए विभिन्न अस्पतालों में इलाज दर्शाकर अवैध धन अर्जित किया गया

गिरफ्तार आरोपी

  • चंद्रभान वर्मा (सरगना), प्रतापगढ़
  • राजेश मिश्रा (पूर्व एक्जीक्यूटिव इंप्लीमेंटेशन सपोर्ट एजेंसी-आईएसए)
  • सुजीत कनौजिया (वर्तमान ISA एक्जीक्यूटिव)
  • सौरभ मौर्या (वर्तमान ISA एक्जीक्यूटिव)
  • विश्वजीत सिंह (SHA एक्जीक्यूटिव)
  • रंजीत सिंह (आयुष्मान मित्र, लखनऊ)
  • अंकित यादव

भारी मात्रा में बरामदगी

एसटीएफ ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, सैकड़ों फर्जी आयुष्मान कार्ड से जुड़ा डिजिटल डेटा, 22 एटीएम कार्ड, कई आधार-पैन कार्ड, चेकबुक, पासबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

जांच जारी, और गिरफ्तारियों के संकेत

एसटीएफ का कहना है कि यह मामला राज्यस्तरीय बड़ा घोटाला हो सकता है। जांच आगे बढ़ने के साथ और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सख्त, जनप्रतिनिधियों को दी कड़ी चेतावनी

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पार्टी के जनप्रतिनिधियों को साफ शब्दों में चेताया है कि वे किसी भी तरह की नकारात्मक या वर्ग विशेष आधारित राजनीति से दूर रहें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मीडिया में आई खबरों का संज्ञान लेते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां भाजपा के संविधान, सिद्धांतों और आदर्शों के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा एक विचारधारा आधारित राजनीतिक दल है, जो परिवार, जाति या वर्ग विशेष की राजनीति में विश्वास नहीं करता।

बैठक के बाद आया प्रदेश अध्यक्ष का बयान

पंकज चौधरी का यह बयान उस समय सामने आया है, जब विधानसभा सत्र के दौरान कुशीनगर से भाजपा विधायक पीएन पाठक के आवास पर ब्राह्मण विधायकों की बैठक हुई थी। इस बैठक में प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण समाज की भूमिका और सियासी स्थिति को लेकर चर्चा की गई थी।

यह भी पढ़े:- “…और दहेज में चाहिए पाकिस्तान”- अटल जी का दिलचस्प किस्सा राजनाथ ने 

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने संबंधित जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया है कि इस तरह की बैठकें और गतिविधियां भाजपा की संवैधानिक परंपराओं के खिलाफ हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की हिदायत दी है।

दोहराव पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

पंकज चौधरी ने साफ किया कि अगर भविष्य में पार्टी का कोई भी जनप्रतिनिधि इस तरह की गतिविधियों को दोहराता है, तो उसे अनुशासनहीनता माना जाएगा और पार्टी संविधान के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जातीय राजनीति करने वाले दलों पर निशाना

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रवाद पर आधारित राजनीति के सामने प्रदेश में जातीय राजनीति दम तोड़ रही है।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियों का भविष्य अंधकारमय है, क्योंकि ये दल अभी भी जाति आधारित राजनीति पर निर्भर हैं।

पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि पार्टी की मर्यादा और अनुशासन के तहत काम करते हैं और उन्हें ऐसे नकारात्मक नैरेटिव से दूर रहना चाहिए।

“…और दहेज में चाहिए पाकिस्तान”- अटल जी का दिलचस्प किस्सा राजनाथ ने प्रेरणा स्थल पर सुनाया

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भव्य ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन किया। इस प्रेरणा स्थल पर भाजपा के तीन प्रमुख विचारकों — श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी — की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी और उनके विनोदी स्वभाव से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।

राजनाथ सिंह ने बताया कि यह किस्सा उस समय का है जब अटल बिहारी वाजपेयी पाकिस्तान दौरे पर गए थे। वहां उनके भाषण से प्रभावित होकर एक पाकिस्तानी महिला पत्रकार ने मजाकिया अंदाज में उनसे शादी का प्रस्ताव रखते हुए बदले में कश्मीर देने की शर्त रख दी थी। इस पर अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया था कि वे शादी के लिए तैयार हैं, लेकिन दहेज में उन्हें पूरा पाकिस्तान चाहिए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का यह जवाब न सिर्फ उनकी हाजिरजवाबी को दर्शाता है, बल्कि उनके राष्ट्रप्रेम और स्पष्ट विचारधारा को भी उजागर करता है।

पीएम मोदी ने अटल जी के सपनों को किया साकार: राजनाथ सिंह

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना अटल जी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है।

यह भी पढ़े:- न्याय मिला, लेकिन देर से: कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रतिक्रिया

राजनाथ सिंह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की आवाज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूत हुई है और दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुन रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों और श्रमिकों के कल्याण के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। रोजगार योजनाओं, विकास दर और महंगाई नियंत्रण का भी उन्होंने जिक्र किया।

सीएम योगी की भी की तारीफ

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निगरानी में इतना भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर देश की जनता के कल्याण के साथ-साथ राष्ट्र नायकों को सम्मान देने का कार्य कर रही हैं।

योगी आदित्यनाथ बोले— राष्ट्रनायकों से मिलती है प्रेरणा

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से होना उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सोच के पीछे श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

न्याय मिला, लेकिन देर से: कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रतिक्रिया

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उन्नाव रेप मामले में दोषी करार दिए गए पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली सशर्त जमानत और उम्रकैद की सजा पर रोक को लेकर उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का बयान सामने आया है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।

मीडिया द्वारा प्रतिक्रिया पूछे जाने पर मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि न्यायपालिका ने अपना काम किया है। उन्होंने कहा, “न्याय जरूर मिला है, लेकिन इसमें काफी देर हो गई। इस फैसले का हम स्वागत करते हैं।” उनके इस बयान को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

इससे पहले, सेंगर को मिली राहत पर पीड़िता द्वारा नई दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना देने को लेकर पूछे गए सवाल पर यूपी सरकार के एक अन्य वरिष्ठ मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बयान भी विवादों में आ गया था। उन्होंने एक गंभीर सवाल के जवाब में हल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए हंसी जाहिर की थी, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा।

पीड़िता ने जताया फैसले पर दुख

वहीं, दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा सजा पर रोक लगाए जाने को लेकर पीड़िता ने एएनआई से बातचीत में कहा कि इस फैसले से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह देश का पहला ऐसा मामला है, जिसमें रेप के दोषी को सजा पर रोक लगाकर जमानत दी गई है। पीड़िता ने यह भी सवाल उठाया कि अब तक सीबीआई ने इस मामले में क्या किया।

यह भी पढ़े:- क्रिसमस पर जेलेंस्की का वीडियो संदेश चर्चा में, सांता से की पुतिन के… वीडियो

पीड़िता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अभी सुप्रीम कोर्ट में कोई याचिका दाखिल नहीं की है, लेकिन इससे पहले वह कह चुकी हैं कि यह फैसला उनके परिवार के लिए किसी आपदा से कम नहीं है और वे इसके खिलाफ शीर्ष अदालत का रुख करेंगी।

2017 में सामने आया था मामला

गौरतलब है कि वर्ष 2017 में उन्नाव से तत्कालीन भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगा था। इस मामले में 2019 में दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके अलावा सेंगर पर पीड़िता के पिता की मौत से जुड़े मामले में भी आरोप लगे थे।

दिल्ली हाई कोर्ट से मिली सशर्त राहत

23 दिसंबर को दिल्ली हाई कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया और उन्हें कुछ सख्त शर्तों के साथ जमानत दी। जमानत की शर्तों में यह भी शामिल है कि सेंगर पीड़िता के पांच किलोमीटर के दायरे में नहीं जाएंगे। इस फैसले के बाद एक बार फिर यह मामला राजनीतिक और सामाजिक बहस का केंद्र बन गया है।

क्रिसमस पर जेलेंस्की का वीडियो संदेश चर्चा में, सांता से की पुतिन के… वीडियो जारी कर क्या बोले यूक्रेनी राष्ट्रपति?

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को संबोधित करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया। इस संदेश में उन्होंने युद्ध से प्रभावित यूक्रेनी नागरिकों का हौसला बढ़ाया और सभी से एकजुट रहने की अपील की। राष्ट्रपति ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए शांति और एकता पर जोर दिया।

हालांकि, जेलेंस्की का यह वीडियो संदेश अपने भावनात्मक अंदाज के साथ-साथ एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर सांता क्लॉज से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नाश की इच्छा जताई

क्रिसमस की पूर्व संध्या पर पोस्ट किए गए वीडियो में जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन को गहरे जख्म दिए हैं, लेकिन वह उन मूल्यों को खत्म नहीं कर सका है जो सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेनियों के दिल, आपसी विश्वास और राष्ट्रीय एकता पर कब्जा नहीं कर सकता।

रूसी राष्ट्रपति का नाम सीधे तौर पर लिए बिना जेलेंस्की ने कहा, “आज हम सभी एक ही सपना देखते हैं और एक ही इच्छा रखते हैं—‘उसका अंत हो’। यह भावना हर किसी के मन में हो सकती है। लेकिन जब हम ईश्वर की ओर देखते हैं, तो हम उससे कुछ बड़ा मांगते हैं—यूक्रेन के लिए शांति।” उन्होंने कहा कि यूक्रेन इस शांति के लिए संघर्ष भी कर रहा है और प्रार्थना भी।

युद्ध खत्म करने की योजना पर भी बोले जेलेंस्की

इससे पहले जेलेंस्की ने पत्रकारों के साथ बातचीत में अमेरिका के सहयोग से तैयार की गई 20-सूत्रीय शांति योजना का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत यूक्रेन अपने पूर्वी क्षेत्रों से सैनिकों को वापस बुलाने को तैयार है, लेकिन यह कदम तभी उठाया जाएगा जब रूस भी अपनी सेनाएं पीछे हटाएगा।

यह भी पढ़े:- मायावती के भतीजे आकाश आनंद के घर गूंजी किलकारी, बसपा सुप्रीमो ने दी खुशखबरी

गौरतलब है कि यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर जेलेंस्की के बयान अक्सर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनते रहे हैं, और क्रिसमस पर जारी यह संदेश भी उसी कड़ी में देखा जा रहा है।

मायावती के भतीजे आकाश आनंद के घर गूंजी किलकारी, बसपा सुप्रीमो ने दी खुशखबरी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के परिवार से एक शुभ समाचार सामने आया है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक और मायावती के भतीजे आकाश आनंद के घर बेटी का जन्म हुआ है। इस खुशखबरी की जानकारी खुद मायावती ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।

मायावती के इस ऐलान के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और परिवारजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों ने आकाश आनंद और उनके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को पुत्री के रूप में परिवार में नई सदस्य की प्राप्ति हुई है, जिससे सभी बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आकाश आनंद ने अपनी बेटी को बहुजन समाज के मिशन के प्रति समर्पित करने की इच्छा जताई है, जो उनके लिए गर्व और खुशी की बात है। मायावती ने जानकारी दी कि मां और नवजात बेटी दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

बांग्लादेश में हिंसा पर मायावती ने जताई चिंता

इस बीच मायावती ने एक अन्य पोस्ट में पड़ोसी देश बांग्लादेश में हो रही हिंसा पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वहां हिंदू अल्पसंख्यकों के जान-माल और धर्म पर हो रहे हमले चिंताजनक हैं। हाल ही में एक दलित युवक की नृशंस हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर भारत समेत अन्य स्थानों पर लोगों में गहरा आक्रोश है।

यह भी पढ़े:- VIDEO: क्रिसमस पर चर्च पहुंचे PM मोदी, यीशु मसीह की प्रतिमा के समक्ष की प्रार्थना

मायावती ने केंद्र सरकार से अपेक्षा जताई कि वह इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक सक्रिय भूमिका निभाए, क्योंकि यही समय की मांग है।

दलितों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया

बसपा सुप्रीमो ने आगे कहा कि भारत में भी दलितों और आदिवासियों पर जातिवादी हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं लंबे समय से जारी हैं और उनके संरक्षण के लिए बने कानूनों को कमजोर किया जा रहा है। ऐसे में बांग्लादेश में इसी तरह की घटनाएं और भी अधिक दुखद हैं।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बांग्लादेश में जिस तरह से भारत विरोधी और हिंदू विरोधी घटनाएं सामने आई हैं, उन्हें देखते हुए केंद्र सरकार को लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप और अधिक प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है, जिसमें जनता का समर्थन सरकार के साथ रहेगा।

VIDEO: क्रिसमस पर चर्च पहुंचे PM मोदी, यीशु मसीह की प्रतिमा के समक्ष की प्रार्थना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को क्रिसमस के अवसर पर दिल्ली स्थित ऐतिहासिक कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन में आयोजित सुबह की विशेष प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में दिल्ली सहित उत्तर भारत के ईसाई समुदाय के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

प्रार्थना सभा के दौरान क्रिसमस कैरोल, भजन और सामूहिक प्रार्थनाएं की गईं। दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान ईसा मसीह की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर श्रद्धा प्रकट की

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह सभा प्रेम, शांति और करुणा के शाश्वत संदेश को दर्शाती है और क्रिसमस की भावना समाज में सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करे।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सभी नागरिकों को शांति, करुणा और आशा से भरे आनंदमय क्रिसमस की शुभकामनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि यीशु मसीह की शिक्षाएं समाज में सद्भाव और आपसी समझ को मजबूत करें।

यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 25 December 2025: इन 5 राशियों के लिए सावधानी का दिन, नए काम की

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार भाग लेते रहे हैं। वर्ष 2023 में ईस्टर के अवसर पर उन्होंने दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की थी। उसी साल क्रिसमस पर उन्होंने अपने आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर एक विशेष कार्यक्रम की मेजबानी भी की थी।
वहीं 2024 में प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर आयोजित डिनर में भाग लिया और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। सूत्रों के अनुसार, यह ईसाई समुदाय के साथ उनके निरंतर संवाद को दर्शाता है।

इसी बीच, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सभी को प्रेम, उम्मीद और दया से भरे आनंदमय क्रिसमस की शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि मसीह का संदेश हमें अधिक मजबूत और संवेदनशील समाज बनाने के लिए प्रेरित करता है

गौरतलब है कि क्रिसमस का पर्व यीशु मसीह के जन्म की स्मृति में मनाया जाता है, जो प्रेम, शांति और करुणा का संदेश देता है। इस अवसर पर देशभर के चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं और उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।

Aaj Ka Rashifal 25 December 2025: इन 5 राशियों के लिए सावधानी का दिन, नए काम की शुरुआत से बचें

Aaj Ka Rashifal 25 December 2025: आज ग्रह-नक्षत्रों की चाल कई राशियों के जीवन में हलचल पैदा कर सकती है। गुरु मिथुन राशि में विराजमान हैं, केतु सिंह में, बुध वृश्चिक में गोचर कर रहे हैं। वहीं सूर्य, शुक्र और मंगल धनु राशि में एक साथ स्थित हैं। चंद्रमा और राहु कुंभ राशि में हैं जबकि शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। आइए जानते हैं आज का दिन सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहने वाला है—

मेष राशि

आज की यात्रा परेशानी भरी हो सकती है। किसी भ्रामक सूचना के मिलने की संभावना है। स्वास्थ्य में पहले से सुधार दिखेगा। प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार ठीक रहेगा लेकिन आमदनी में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

वृषभ राशि

आज कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूरी बनाकर रखें। नया व्यापार शुरू करने के लिए समय अनुकूल नहीं है। उच्च अधिकारियों से टकराव की स्थिति बन सकती है। प्रेम और संतान सुखद रहेंगे। व्यापार सामान्य रहेगा। शनि देव का स्मरण लाभकारी होगा।

मिथुन राशि

मान-सम्मान को लेकर चिंता बनी रह सकती है। यात्रा टालना बेहतर होगा। स्वास्थ्य सामान्य से थोड़ा कमजोर रह सकता है। प्रेम और संतान से सुख मिलेगा। व्यापार में लाभ के योग हैं। मां काली का पूजन शुभ रहेगा।

कर्क राशि

आज विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। परिस्थितियां आपके पक्ष में नहीं हैं। चोट लगने या किसी परेशानी में फंसने की आशंका है। स्वास्थ्य पर ध्यान दें। प्रेम और संतान का सहयोग मिलेगा। व्यापार ठीक रहेगा। शनि देव को प्रणाम करें और काली वस्तु का दान करें।

सिंह राशि

स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें परेशान कर सकती हैं, खासकर गुप्त रोग को लेकर। जीवनसाथी की सेहत भी चिंता का कारण बन सकती है। प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। नौकरी में जोखिम लेने से बचें। नीली वस्तु का दान शुभ रहेगा।

कन्या राशि

शत्रुओं पर विजय मिलेगी, लेकिन मानसिक तनाव बना रहेगा। स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार ठीक-ठाक रहेगा। शनि देव की आराधना लाभ देगी।

तुला राशि

आज बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। प्रेम संबंधों में विवाद की स्थिति बन सकती है। स्वास्थ्य और प्रेम दोनों मध्यम रहेंगे। व्यापार सामान्य रहेगा। शनि देव को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

वृश्चिक राशि

घरेलू सुख में कमी आ सकती है। घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव रहेगा। माता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रह सकती है। स्वयं की सेहत भी प्रभावित हो सकती है। प्रेम और संतान से सुख मिलेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। काली वस्तु का दान करें।

धनु राशि

परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। खुद भी लापरवाही न करें। व्यापार में रुकावटें आ सकती हैं। साहस और आत्मविश्वास में कमी महसूस होगी। प्रेम और संतान का सहयोग मिलेगा। नाक, कान और गले से जुड़ी समस्या हो सकती है। काली वस्तु का दान शुभ रहेगा।

मकर राशि

आज धन हानि के संकेत हैं। जुआ, सट्टा या लॉटरी से दूर रहें। वाणी पर संयम रखें। स्वास्थ्य मध्यम रहेगा, मुख रोग परेशान कर सकता है। प्रेम और संतान सामान्य रहेंगे। व्यापार ठीक रहेगा। मां काली का स्मरण लाभकारी होगा।

कुंभ राशि

मन में घबराहट और बेचैनी बनी रह सकती है। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। हरी वस्तु अपने पास रखें।

मीन राशि

आंखों में दर्द, सिरदर्द और मानसिक तनाव परेशान कर सकता है। पार्टनरशिप में दिक्कतें आ सकती हैं। अनजाना भय मन में रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष कमजोर रहेगा। समय थोड़ा नकारात्मक है। काली वस्तु का दान शुभ फल देगा।