“…और दहेज में चाहिए पाकिस्तान”- अटल जी का दिलचस्प किस्सा राजनाथ ने प्रेरणा स्थल पर सुनाया

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भव्य ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन किया। इस प्रेरणा स्थल पर भाजपा के तीन प्रमुख विचारकों — श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी — की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी और उनके विनोदी स्वभाव से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।

राजनाथ सिंह ने बताया कि यह किस्सा उस समय का है जब अटल बिहारी वाजपेयी पाकिस्तान दौरे पर गए थे। वहां उनके भाषण से प्रभावित होकर एक पाकिस्तानी महिला पत्रकार ने मजाकिया अंदाज में उनसे शादी का प्रस्ताव रखते हुए बदले में कश्मीर देने की शर्त रख दी थी। इस पर अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया था कि वे शादी के लिए तैयार हैं, लेकिन दहेज में उन्हें पूरा पाकिस्तान चाहिए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का यह जवाब न सिर्फ उनकी हाजिरजवाबी को दर्शाता है, बल्कि उनके राष्ट्रप्रेम और स्पष्ट विचारधारा को भी उजागर करता है।

पीएम मोदी ने अटल जी के सपनों को किया साकार: राजनाथ सिंह

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना अटल जी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है।

यह भी पढ़े:- न्याय मिला, लेकिन देर से: कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रतिक्रिया

राजनाथ सिंह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की आवाज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूत हुई है और दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुन रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों और श्रमिकों के कल्याण के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। रोजगार योजनाओं, विकास दर और महंगाई नियंत्रण का भी उन्होंने जिक्र किया।

सीएम योगी की भी की तारीफ

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निगरानी में इतना भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर देश की जनता के कल्याण के साथ-साथ राष्ट्र नायकों को सम्मान देने का कार्य कर रही हैं।

योगी आदित्यनाथ बोले— राष्ट्रनायकों से मिलती है प्रेरणा

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से होना उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सोच के पीछे श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles