Home Blog Page 13

अयोध्या में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- ‘हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किसने कराया?’

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर, अयोध्या के विकास और हनुमानगढ़ी से जुड़े पुराने विवाद का जिक्र करते हुए विपक्ष को निशाने पर लिया।

सीएम योगी ने कहा कि जो लोग आज आस्था की बातें करते हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि अतीत में हनुमानगढ़ी परिसर में नमाज पढ़वाने जैसी घटनाएं हुई थीं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकता है? इसी संदर्भ में उन्होंने विपक्ष पर तीखी टिप्पणी की।

₹432 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री शुक्रवार को अयोध्या में ₹432 करोड़ से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो तो विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के आशीर्वाद से अयोध्या का निरंतर विकास हो रहा है और आज यह शहर नई पहचान बना चुका है।

एयरपोर्ट और विकास कार्यों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की कल्पना भी मुश्किल मानी जाती थी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष ने इस परियोजना का विरोध किया था, लेकिन आज महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम देश के कई प्रमुख शहरों से जुड़ चुका है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने वे कार्य पूरे किए हैं जिन्हें पहले की सरकारें पूरा नहीं कर सकीं।

विपक्ष पर लगाए कई आरोप

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अयोध्या के विकास कार्यों का विरोध इसलिए करती हैं क्योंकि इन परियोजनाओं का श्रेय भाजपा सरकार को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बने एयरपोर्ट और निषादराज गुह के नाम पर विकसित सुविधाओं से भी आपत्ति रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज से जुड़े स्थल को वक्फ के नाम पर दर्ज कराने की कोशिश की गई थी।

हनुमानगढ़ी विवाद क्या है?

मुख्यमंत्री के बयान के बाद वर्ष 2003 का हनुमानगढ़ी इफ्तार विवाद फिर चर्चा में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2003 में अयोध्या विवाद के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों के तहत हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञान दास के आश्रम में रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें बाबरी मस्जिद मामले के पक्षकार हाशिम अंसारी समेत कई मुस्लिम प्रतिनिधि शामिल हुए थे। उस दौरान परिसर में नमाज अदा किए जाने के आरोप लगे थे।

बाद में इस मामले को लेकर विवाद बढ़ा और महंत धर्मदास ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ का रुख किया। इसके बाद परिसर में इफ्तार आयोजन पर रोक लगा दी गई। वर्ष 2005 में विवाद के बाद भविष्य में वहां इस तरह का आयोजन न कराने का निर्णय लिया गया था।

दुधवा घूमने वालों के लिए खुशखबरी! मैलानी-बिछिया रूट पर चलेगी टूरिस्ट AC चेयर कार, जानें समय और किराया

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- दुधवा नेशनल पार्क और आसपास के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैलानी-बिछिया-मैलानी रेलखंड पर एमजी टूरिस्ट एसी चेयर कार का संचालन शुरू करने का फैसला किया है। यह विशेष सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।

सप्ताह में दो दिन चलेगी टूरिस्ट ट्रेन

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 52260 (मैलानी-बिछिया) प्रत्येक शनिवार और रविवार को मैलानी जंक्शन से सुबह 6:05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन भीराखेरी, पलिया कलां, दुधवा, बेलरायां, तिकुनिया, खैरतिया बांध रोड (हाल्ट) और मंझरा पुरब स्टेशन पर ठहरते हुए सुबह 10:30 बजे बिछिया पहुंचेगी।

वापसी का समय

वापसी में ट्रेन संख्या 52259 (बिछिया-मैलानी) शनिवार और रविवार को सुबह 11:45 बजे बिछिया स्टेशन से रवाना होगी। यह मंझरा पुरब, खैरतिया बांध रोड (हाल्ट), तिकुनिया, बेलरायां, दुधवा, पलिया कलां और भीराखेरी स्टेशन पर रुकते हुए शाम 4:10 बजे मैलानी जंक्शन पहुंचेगी।

60 सीटों वाली AC चेयर कार

इस विशेष ट्रेन में 60 सीटों की क्षमता वाली एक एमजी टूरिस्ट एसी चेयर कार लगाई गई है, जिससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

कितना है किराया?

रेलवे के अनुसार मैलानी से बिछिया और वापसी (मैलानी-बिछिया-मैलानी) का किराया 270 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्री PRS काउंटर या IRCTC के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।

पर्यटकों को मिलेगा खास अनुभव

पूर्वोत्तर रेलवे का कहना है कि इस विशेष टूरिस्ट सेवा के शुरू होने से यात्रियों को दुधवा क्षेत्र के घने जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा का लाभ भी मिलेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाकर समय रहते टिकट बुक करें, ताकि इस विशेष पर्यटन सेवा का लाभ उठा सकें।

14 साल के लड़के से कहा- घर आओ, पहुंचा तो गेट बंद कर लिया, फिर टीचर ने की घिनौनी हरकत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में प्राथमिक विद्यालय के एक टीचर पर 14 साल के छात्र के साथ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगा है. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. साथही बेसिक शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
जानकारी के मुताबिक आरोपी शिक्षक गुलाम मुस्तफा उर्फ पप्पू 50 वर्षीय के रूप में हुई है. वह बलिया में प्राथमिक विद्यालय में तैनात था. पुलिस का कहना है कि 5 जुलाई को आरोपी शिक्षक ने छात्र को किसी काम का बहाना बनाकर अपने घर बुलाया. आरोप है कि छात्र के पहुंचने के बाद उसने घर का दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की.
किसी तरह छात्र वहां से निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पीड़ित छात्र की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया. पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है. इसके साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी.
घटना के सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मौजूद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

‘ऑफिस में घुसकर ऐसी-तैसी कर दूंगा’, आगरा में अधिकारियों पर भड़के BJP प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, वीडियो वायरल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के आगरा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश महामंत्री और पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह चौहान का अधिकारियों को लेकर दिया गया बयान चर्चा का विषय बन गया है। स्वागत समारोह के दौरान उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए तीखी टिप्पणी की। उनका भाषण अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पहली बार प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहुंचे आगरा

प्रदेश महामंत्री बनने के बाद राम प्रताप सिंह चौहान पहली बार आगरा पहुंचे थे। लखनऊ से आगरा तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में आयोजित एक सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

इसी कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने अधिकारियों के कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनके भाषण का करीब 57 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

अपने संबोधन में राम प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि आम जनता के वैध कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी स्वयं को क्षेत्र का “राजा” समझने लगे हैं, जबकि उन्हें जनता का सेवक बनकर काम करना चाहिए।

भाषण के दौरान उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्होंने ठान लिया तो वह उनके कार्यालय में जाकर जवाब देंगे। इस दौरान उन्होंने कुछ असंसदीय शब्दों का भी प्रयोग किया, जिसकी सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हो रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

कार्यक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग इस बयान को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, इस मामले में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों या भाजपा की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद बड़ा बदलाव: ‘नो पॉकेट’ यूनिफॉर्म, 13 नए CCTV और सिर्फ 43 लोगों को होगी एंट्री

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से मजबूत कर दिया है। अब दान पेटियों की निगरानी से लेकर चढ़ावे की गिनती तक हर प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ट्रस्ट ने कई नए सुरक्षा नियम लागू किए हैं, जिनमें ‘नो पॉकेट’ यूनिफॉर्म, अतिरिक्त CCTV कैमरे और सीमित प्रवेश जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

13 नए CCTV कैमरों से होगी हर गतिविधि की निगरानी

ट्रस्ट ने चढ़ावे की गिनती वाले केंद्र पर 13 नए CCTV कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा दान पेटियों को मंदिर परिसर से गणना केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 27 अतिरिक्त SIS सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे मार्ग पर पुलिस निगरानी भी बढ़ाई गई है।

वहीं, मंदिर परिसर के पिलर नंबर-34, जहां गुप्त दान पेटी रखी जाती है, वहां तीन अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।

गणना केंद्र में सिर्फ 43 अधिकृत लोगों को मिलेगा प्रवेश

नई व्यवस्था के तहत चढ़ावे की गिनती वाले कक्ष में केवल 43 अधिकृत लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। गिनती के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, जिससे हर गतिविधि का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

दान गिनने वाले कर्मचारियों के लिए ‘नो पॉकेट’ यूनिफॉर्म

ट्रस्ट ने दान की गिनती करने वाले कर्मचारियों के लिए बिना जेब (नो पॉकेट) वाली यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसका उद्देश्य चढ़ावे की गिनती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है।

बैंकिंग प्रक्रिया में भी हुआ बड़ा बदलाव

ट्रस्ट ने बैंकिंग व्यवस्था में भी संशोधन किया है। अब किसी भी बैंक लेनदेन के लिए अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, मुख्य अभियंता जगदीश आफले और चार्टर्ड अकाउंटेंट चंदन राय के संयुक्त हस्ताक्षर आवश्यक होंगे। इससे पहले कई प्रक्रियाएं डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से पूरी की जाती थीं।

पुराने कर्मचारियों पर भी बनी रहेगी नजर

चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को हटाने के बाद बाकी पुराने गणनाकर्मी फिलहाल अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इनमें से कुछ कर्मचारियों की नियुक्ति मूल रूप से हाउसकीपिंग के लिए हुई थी, लेकिन उन्हें बाद में दान की गिनती जैसे संवेदनशील कार्यों में लगाया गया था।

VIP दर्शन पास को लेकर ट्रस्ट ने दी सफाई

हाल के दिनों में यह चर्चा भी सामने आई कि ट्रस्ट ने चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव के VIP दर्शन पास ब्लॉक कर दिए हैं। हालांकि, ट्रस्ट सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा कि VIP दर्शन व्यवस्था में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है और पहले की व्यवस्था ही लागू है।

सुरक्षा व्यवस्था की कमान नए एसपी के हाथ

हाल ही में नियुक्त एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्रा ने राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल ली है। ट्रस्ट का कहना है कि चढ़ावे की चोरी की घटना के बाद अब सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इसी उद्देश्य से निगरानी तंत्र, बैंकिंग प्रक्रिया और कर्मचारियों के कार्य नियमों में व्यापक बदलाव किए गए हैं।

यूपी के इस बैंक में खत्म हुआ तय लंच ब्रेक, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लगातार ग्राहक सेवा; कर्मचारियों ने जताया विरोध

UP News:-  देश के सबसे बड़े क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक यूपी ग्रामीण बैंक (UPGB) में कार्य व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। बैंक प्रबंधन ने नया सर्कुलर जारी करते हुए शाखाओं में निर्धारित लंच ब्रेक समाप्त कर दिया है। अब बैंक की सभी शाखाओं में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार ग्राहक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस फैसले के बाद बैंक कर्मचारियों और अधिकारी संगठनों ने नाराजगी जताई है।

सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार होगा काम

बैंक के मानव संसाधन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार शाखाओं का बैंकिंग समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा, जबकि नकद लेनदेन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। आदेश का उद्देश्य ग्राहकों को पूरे कार्यकाल के दौरान बिना किसी बाधा के बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना बताया गया है।

इसके साथ ही शाखाओं को निर्देश दिया गया है कि परिसर में किसी भी प्रकार का लंच टाइम प्रदर्शित नहीं किया जाएगा, ताकि ग्राहकों को सेवा बाधित होने का संदेश न मिले।

कर्मचारियों के लिए अलग-अलग समय पर भोजन की व्यवस्था

बैंक प्रबंधन ने शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे कर्मचारियों के लिए रोटेशन के आधार पर भोजनावकाश की व्यवस्था करें। इससे नकदी काउंटर और ग्राहक सेवा काउंटर पूरे समय चालू रहेंगे। प्रबंधन का कहना है कि भोजनावकाश कर्मचारियों की आंतरिक प्रशासनिक व्यवस्था का विषय है और इसका असर ग्राहक सेवाओं पर नहीं पड़ना चाहिए।

कर्मचारियों और यूनियन ने जताई नाराजगी

बैंक के इस फैसले का कर्मचारी संगठनों ने विरोध किया है। ऑल इंडिया ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने इसे कर्मचारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव डी.एन. त्रिवेदी ने इस आदेश को “तालिबानी फरमान” बताते हुए कहा कि यह शॉप्स एंड एस्टैब्लिशमेंट एक्ट और कर्मचारियों के मूल अधिकारों की भावना के विपरीत है।

28 जुलाई को संसद के सामने प्रदर्शन

यूनियन ने घोषणा की है कि इस फैसले के विरोध में 28 जुलाई को यूनाइटेड फोरम ऑफ ग्रामीण बैंक यूनियंस के बैनर तले संसद के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सर्कुलर में क्या-क्या निर्देश दिए गए?

जारी निर्देशों के अनुसार—

  • बैंक शाखाएं सोमवार से शनिवार तक (दूसरे और चौथे शनिवार को छोड़कर) खुली रहेंगी।
  • बैंकिंग कार्य सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होंगे।
  • नकद लेनदेन का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।
  • सभी कर्मचारियों को सुबह 10 बजे तक अपनी सीट पर उपस्थित होना होगा।
  • कार्यदिवस समाप्त होने से पहले शाखा में पहुंचे अंतिम ग्राहक का काम पूरा होने के बाद ही कर्मचारी अपनी सीट छोड़ सकेंगे।
  • क्षेत्रीय कार्यालयों को आदेश के पालन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

विलय के बाद लागू हुई नई व्यवस्था

यह नई व्यवस्था बड़ौदा यूपी बैंक, आर्यावर्त बैंक और प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के विलय से बने यूपी ग्रामीण बैंक में तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि इसका उद्देश्य ग्राहकों को अधिक बेहतर और निर्बाध बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है, जबकि कर्मचारी संगठन इसे कर्मचारियों के अधिकारों के खिलाफ बता रहे हैं।

Aaj Ka Rashifal 10 July 2026: सिंह समेत 5 राशियों का चमकेगा भाग्य, कई जातकों को मिलेगा धन लाभ

Aaj Ka Rashifal 10 July 2026: 10 जुलाई 2026, शुक्रवार को चंद्रमा मेष राशि में भरणी नक्षत्र में विराजमान हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार भरणी नक्षत्र का स्वामी शुक्र है, जिसे शुभ नक्षत्रों में गिना जाता है। इस गोचर के प्रभाव से लोगों में उत्साह, सकारात्मक सोच, रचनात्मकता और आनंद का भाव बढ़ सकता है। संगीत, कला, मनोरंजन और रिश्तों में मधुरता का अनुभव होने की संभावना रहेगी।

ग्रहों की बात करें तो मंगल वृषभ राशि में, सूर्य और बुध मिथुन राशि में, गुरु कर्क राशि में, शुक्र और केतु सिंह राशि में, राहु कुंभ राशि में तथा शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का आज का राशिफल।

मेष राशि

आज स्वास्थ्य में पहले से सुधार देखने को मिलेगा और ऊर्जा बनी रहेगी। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा तथा आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। निवेश करने के लिए समय अनुकूल माना जा सकता है। प्रेम संबंध और संतान पक्ष से भी संतोषजनक समाचार मिलेंगे। व्यापार में लाभ के योग हैं। बजरंगबली की पूजा करना शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

आज अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं, जिससे मन परेशान रह सकता है। सिरदर्द या आंखों से जुड़ी परेशानी हो सकती है। प्रेम संबंधों में निकटता बढ़ेगी और कारोबार सामान्य से बेहतर रहेगा। नए प्रेम संबंध की शुरुआत के संकेत हैं, लेकिन फिलहाल निवेश से बचना बेहतर रहेगा। भगवान गणेश की आराधना लाभकारी होगी।

मिथुन राशि

आय के नए स्रोत बन सकते हैं और पुराने माध्यमों से भी धन प्राप्त होने की संभावना है। हालांकि खर्च भी बढ़ सकते हैं। प्रेम जीवन और संतान पक्ष अच्छा रहेगा, लेकिन बच्चों की सेहत पर ध्यान देना जरूरी होगा। फिलहाल नए प्रेम संबंध और निवेश से बचना उचित रहेगा। मां काली की पूजा शुभ फल देगी।

कर्क राशि

व्यापार में मजबूती आएगी और कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में सफलता मिलने के संकेत हैं। स्वास्थ्य पहले से बेहतर रहेगा। प्रेम संबंध और संतान पक्ष अनुकूल रहेगा। हालांकि नए निवेश को कुछ समय के लिए टालना बेहतर होगा। मां काली की आराधना शुभ रहेगी।

सिंह राशि

आज भाग्य का पूरा साथ मिलने की संभावना है। यात्रा के योग बन सकते हैं। स्वास्थ्य में हल्की परेशानी रह सकती है और प्रेम संबंधों में थोड़ा संयम रखने की आवश्यकता होगी। व्यापार अच्छा रहेगा तथा निवेश के लिए समय अनुकूल माना गया है। किसी गाय या अन्य पशु को हरा चारा खिलाना शुभ रहेगा।

कन्या राशि

आज थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। चोट लगने या किसी परेशानी में फंसने की आशंका हो सकती है। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। प्रेम जीवन और व्यापार अच्छा रहेगा। निवेश के लिए समय अनुकूल रहेगा। लाल वस्त्र या मसूर की दाल का दान करना शुभ माना गया है।

तुला राशि

जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा और प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। अविवाहित लोगों के लिए नए रिश्ते की संभावना बन सकती है। व्यापार और निवेश दोनों के लिए दिन अच्छा रहेगा। विशेष रूप से जमीन या संपत्ति में निवेश लाभदायक हो सकता है। लाल वस्तु का दान शुभ रहेगा।

वृश्चिक राशि

प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनी रहेगी, हालांकि विरोधी सक्रिय रह सकते हैं। स्वास्थ्य में छोटी-मोटी परेशानियां रह सकती हैं। प्रेम जीवन, संतान पक्ष और व्यापार अनुकूल रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। काली मंदिर में सफेद वस्तु अर्पित करना शुभ माना गया है।

धनु राशि

प्रेम संबंधों में विवाद से बचने की जरूरत है। मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस हो सकती है। व्यापार अच्छा रहेगा और निवेश के लिए समय अनुकूल है। पीले रंग के वस्त्र पहनना या पीली वस्तु अपने पास रखना शुभ रहेगा।

मकर राशि

भूमि, भवन या वाहन खरीदने की योजना बना सकते हैं। घरेलू विवाद की संभावना भी बनी हुई है। सीने से जुड़ी हल्की परेशानी हो सकती है। प्रेम संबंध और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार में लाभ के योग हैं। मां काली की पूजा करना शुभ रहेगा।

कुंभ राशि

आज आपके प्रयास सफल होंगे और नौकरी या कारोबार में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम जीवन और संतान पक्ष में सुधार देखने को मिलेगा। निवेश के लिए समय अनुकूल है। भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करना लाभकारी रहेगा।

मीन राशि

आज धन लाभ के योग बन रहे हैं और परिवार में सुख-समृद्धि बढ़ सकती है। हालांकि वाणी पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। सट्टा, लॉटरी या जोखिम भरे निवेश से दूरी बनाए रखें। धन की बचत करना अधिक लाभकारी रहेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा जबकि प्रेम संबंध, संतान पक्ष और व्यापार अनुकूल रहेंगे। भगवान शिव का जलाभिषेक करना शुभ माना गया है।

भारत में लॉन्च हुआ सप्ताह में एक बार लगने वाला इंसुलिन इंजेक्शन, डायबिटीज मरीजों को रोजाना के इंजेक्शन से मिल सकती है राहत

नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- मधुमेह (डायबिटीज) से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब रोजाना सुबह-शाम इंसुलिन का इंजेक्शन लेने की जरूरत कम हो सकती है। डेनमार्क की दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क (Novo Nordisk) ने भारत में अपना सप्ताह में एक बार लिया जाने वाला बेसल इंसुलिन इंजेक्शन ‘Awiqli’ (अविकली) लॉन्च कर दिया है।

कंपनी के अनुसार, यह भारत में उपलब्ध होने वाला पहला साप्ताहिक बेसल इंसुलिन है। अब तक अधिकांश बेसल इंसुलिन मरीजों को रोजाना लेना पड़ता था, जबकि नई दवा को केवल सप्ताह में एक बार लेने के लिए विकसित किया गया है। इससे लंबे समय तक इंसुलिन पर निर्भर रहने वाले मरीजों के लिए उपचार को अधिक सुविधाजनक बनाने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बार-बार इंजेक्शन लगाने की आवश्यकता कम होने से कई मरीजों में उपचार का पालन (Treatment Adherence) बेहतर हो सकता है। इससे इंसुलिन लेने में होने वाली असुविधा भी कम होगी और मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार आने की संभावना है।

हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि यह इंजेक्शन सभी मरीजों के लिए उपयुक्त हो, ऐसा जरूरी नहीं है। मरीजों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति, ब्लड शुगर के स्तर और चिकित्सकीय सलाह के आधार पर ही इस दवा का उपयोग करना चाहिए। बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी इंसुलिन या दवा में बदलाव नहीं करना चाहिए।

भारत दुनिया में सबसे अधिक डायबिटीज मरीजों वाले देशों में शामिल है। ऐसे में सप्ताह में एक बार दिए जाने वाले बेसल इंसुलिन के आने से लाखों मरीजों को उपचार का एक नया विकल्प मिल सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दवा के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच और डॉक्टर की सलाह का पालन करना भी डायबिटीज नियंत्रण के लिए उतना ही जरूरी है।

“इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन” स्थापना दिवस पर लोहिया संस्थान में निशुल्क BMD-DEXA स्कैन शिविर, 100 से अधिक मरीजों की हुई जांच

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन (ISSP) के स्थापना दिवस (9 जुलाई) के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के पेन मेडिसिन विभाग में निशुल्क BMD-DEXA स्कैन जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 100 से अधिक मरीजों की हड्डियों की मजबूती (Bone Mineral Density) की जांच मुफ्त में की गई। कार्यक्रम के आयोजन में बायोएलीट लाइफ साइंसेज का भी सहयोग रहा।

विशेषज्ञों के अनुसार BMD-DEXA स्कैन के माध्यम से हड्डियों के घनत्व का आकलन किया जाता है, जिससे ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है और समय रहते उपचार शुरू किया जा सकता है।

ISSP के मानद राष्ट्रीय सचिव प्रो. डॉ. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि पेन मेडिसिन क्रोनिक दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए आधुनिक चिकित्सा की एक महत्वपूर्ण शाखा है। उन्होंने बताया कि संस्था ने देशभर के मरीजों की सुविधा के लिए एक विशेष पहल शुरू की है, जिसके तहत मरीज www.issp-pain.org के माध्यम से अपने शहर के पेन फिजिशियन से संपर्क कर सकते हैं।

पेन मेडिसिन यूनिट की प्रभारी प्रो. डॉ. शिवानी रस्तोगी ने बताया कि लोहिया संस्थान की पेन मेडिसिन एमआईपीएसआई लैब देश की अग्रणी लैब्स में शामिल है। यहां रीढ़ और कमर दर्द, स्लिप डिस्क, घुटनों का दर्द, ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया, कैंसर जनित दर्द, ऑस्टियोपोरोसिस और ऑस्टियोआर्थराइटिस सहित विभिन्न प्रकार के क्रोनिक दर्द का बिना बड़े ऑपरेशन के आधुनिक तकनीकों से उपचार किया जाता है।

उन्होंने बताया कि रेडियो फ्रीक्वेंसी, काइफोप्लास्टी, स्पाइन एंडोस्कोपी और पेन बायोलॉजिकल थेरेपी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों का सफल उपचार किया जा रहा है।

प्रो. रस्तोगी ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान उत्तर भारत का पहला सरकारी संस्थान है, जहां द्विवर्षीय FNB पेन मेडिसिन पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए संस्थान के निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. पी.के. दास, संस्थान प्रशासन और एनेस्थिसियोलॉजी विभाग का आभार व्यक्त किया।

राम मंदिर चंदा प्रकरण के बावजूद अडिग रही श्रद्धा, अयोध्या में उमड़ रहे देश-विदेश के श्रद्धालु

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- श्रीराम मंदिर से जुड़े चंदा (चढ़ावा) प्रकरण को लेकर देशभर में चर्चाएं जारी हैं, लेकिन इसका असर रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था पर दिखाई नहीं दे रहा है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी तथा पावन सरयू तट पर दर्शन-पूजन कर रहे हैं। मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ सामान्य दिनों की तरह बनी हुई है।

इसी बीच जानकी महल में रामकृष्ण पोद्दार के सानिध्य में आयोजित भव्य श्रीराम कथा में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। कथा में देश-विदेश से आए श्रद्धालु अपने परिवार के साथ भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर लगातार उमड़ रही भीड़ अयोध्या के जीवंत धार्मिक वातावरण की तस्वीर पेश कर रही है।

कथा में शामिल कई श्रद्धालुओं ने कहा कि उनकी आस्था भगवान श्रीराम में है और वे आध्यात्मिक शांति व दर्शन के लिए अयोध्या आते हैं। उनका कहना है कि किसी भी विवाद या चर्चा से उनकी श्रद्धा प्रभावित नहीं हो सकती। श्रद्धालुओं के अनुसार, रामनगरी का आध्यात्मिक वातावरण आज भी पहले की तरह भक्तिमय है और यहां आने से उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव होता है।

अयोध्या में इन दिनों धार्मिक आयोजन, श्रीराम कथा, भजन-कीर्तन और दर्शन-पूजन का क्रम लगातार जारी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि भगवान श्रीराम के प्रति लोगों की आस्था पहले की तरह मजबूत बनी हुई है।