Home Blog Page 170

Aaj Ka Rashifal 3 December 2025: जानें आज का दिन सभी राशियों पर क्या डालेगा प्रभाव

3 दिसंबर 2025, बुधवार का दिन ग्रहों की विशेष चाल के कारण सभी राशियों के लिए खास माना जा रहा है। आज चंद्रमा पूरे दिन मेष राशि में रहते हुए देर रात वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। वहीं गुरु मिथुन राशि में गोचर करेंगे। इसके अलावा केतु सिंह में, बुध तुला में, सूर्य–शुक्र–मंगल वृश्चिक में, राहु कुंभ में और शनि मीन राशि में स्थित हैं। ज्योतिषाचार्य नरेंद्र उपाध्याय के अनुसार ग्रहों की यह स्थिति सभी 12 राशियों के दैनिक जीवन पर अलग-अलग प्रभाव डालने वाली है। आइए जानते हैं आपका आज का राशिफल—

मेष राशि

आज मेष जातकों में ऊर्जा का संचार रहेगा। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ने के योग हैं। स्वास्थ्य में सुधार होगा और व्यापार की स्थिति अनुकूल रहेगी। सूर्य को अर्घ्य दें और लाल रंग की कोई वस्तु साथ रखें।

वृषभ राशि

वृषभ राशि के लोगों को आज मानसिक, आर्थिक और शारीरिक स्तर पर थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आंखों में दर्द या सिरदर्द परेशान कर सकता है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार स्थिर रहेगा। लाल वस्तु का दान शुभ रहेगा।

मिथुन राशि

मिथुन जातकों के लिए दिन उत्साहभरा रहेगा। परिवार और प्रेम जीवन में खुशियां बढ़ेंगी। यात्रा का योग है। आर्थिक स्थिति लाभकारी रहेगी। लाल वस्तु का दान करना लाभदायक होगा।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए व्यापार में सफलता मिलने के संकेत हैं। वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा और पैतृक संपत्ति में वृद्धि के योग बन रहे हैं। लाल वस्तु अपने पास रखें।

सिंह राशि

आज भाग्य का मजबूत साथ मिलेगा। प्रेम संतान का सहयोग रहेगा। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी और रुकावटें दूर होंगी। पीले रंग की वस्तु साथ रखना शुभ माना गया है।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए दिन थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। किसी भी तरह का बड़ा जोखिम लेने से बचें। बजरंगबली का स्मरण करें। प्रेम, संतान और व्यापार सामान्य रूप से चलते रहेंगे। लाल वस्तु चढ़ाएं।

तुला राशि

तुला राशि के जातकों के लिए दिन सुखद रहेगा। जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरी और व्यापार में अच्छे परिणाम मिलेंगे। पारिवारिक माहौल भी अनुकूल रहेगा। लाल वस्तु का दान करें।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि के व्यक्तियों को आज विरोधियों की ओर से हल्का तनाव मिल सकता है, हालांकि विजय आपकी ही होगी। स्वास्थ्य थोड़ा प्रभावित हो सकता है, लेकिन व्यापार और प्रेम जीवन अच्छा रहेगा। बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त होगा। पीली वस्तु साथ रखें।

धनु राशि

धनु राशि वालों को आज रिश्तों में विवाद से बचना चाहिए। बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। बड़े निर्णय लेने से बचें। छात्र वर्ग के लिए दिन उत्तम है। व्यापार और प्रेम जीवन अनुकूल रहेगा। लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए पारिवारिक तनाव संभव है, लेकिन भौतिक सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार सभी अनुकूल रहेंगे। मां काली की उपासना शुभ मानी गई है।

कुंभ राशि

कुंभ राशि के जातकों के प्रयास सफल होंगे। नौकरी में प्रगति के मौके मिलेंगे। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार भी बेहतर रहेगा। लाल वस्तु का दान सौभाग्य बढ़ाएगा।

मीन राशि

मीन राशि वालों के लिए वित्तीय लाभ संभव है। परिवार में खुशियां बढ़ेंगी। निवेश से आज बचना बेहतर होगा। वाणी पर संयम रखें। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार पहले से बेहतर रहेंगे। नीली वस्तु का दान शुभ प्रभाव देगा।

बनारस के देवव्रत ने 50 दिनों में पूरा किया 2000 मंत्रों वाला ‘दण्डकर्म पारायणम्’, PM मोदी ने की सराहना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- वाराणसी के 19 वर्षीय देवव्रत महेश रेखे ने आध्यात्मिक क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सिर्फ 50 दिनों में शुक्ल यजुर्वेद की माध्यन्दिन शाखा के 2000 मंत्रों से युक्त ‘दण्डकर्म पारायणम्’ का संपूर्ण पाठ पूरा किया। उनकी इस अद्भुत साधना की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रशंसा की।

पीएम मोदी ने लिखा, “19 वर्ष के देवव्रत महेश रेखे जी की उपलब्धि जानकर मन प्रफुल्लित हो गया। उनकी यह साधना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”

यह भी पढ़े:- केंद्रीय कर्मचारियों के लिए राहत: पेंशन स्कीम के नियम बदले, निवेश पर 

प्रधानमंत्री ने बताया कि देवव्रत ने 50 दिनों तक बिना अवरोध के दण्डकर्म पारायणम् का पाठ किया, जिसमें अनेक वैदिक ऋचाएं और पवित्र शब्द सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय गुरु-परंपरा की सर्वोत्तम झलक प्रस्तुत करती है। काशी के सांसद के रूप में उन्होंने इसे बनारस की गौरवपूर्ण साधना परंपरा का हिस्सा बताया।

स्थानीय धार्मिक संस्थाओं, गुरुओं और विद्वानों ने भी देवव्रत की लगन और कठिन पारायण को सराहा है। बचपन से वेद, उपनिषद, संस्कृत और पारायण परंपराओं में रुचि रखने वाले देवव्रत की इस उपलब्धि को भारतीय परंपरा की निरंतरता और युवा ऊर्जा का प्रतीक बताया जा रहा है।
प्रधानमंत्री की प्रशंसा के बाद देवव्रत का उत्साह और बढ़ गया है।

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए राहत: पेंशन स्कीम के नियम बदले, निवेश पर मिलेगा अधिक कंट्रोल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट प्लानिंग से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है। नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) में निवेश करने वाले कर्मचारियों को अब अपनी निवेश रणनीति पर पहले से अधिक नियंत्रण मिलेगा। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने निवेश विकल्पों की संख्या 4 से बढ़ाकर 6 कर दी है। इससे कर्मचारियों को अपनी जोखिम क्षमता और रिटर्न लक्ष्य के अनुसार बेहतर चुनाव करने का मौका मिलेगा।
अभी तक अधिकांश सरकारी कर्मचारी डिफॉल्ट स्कीम में ही बने रहते थे, जबकि केवल लगभग 4% कर्मचारियों ने ही वैकल्पिक विकल्प चुने थे।

क्या बदला?

डिफॉल्ट स्कीम के तहत कर्मचारियों का योगदान तीन पेंशन फंड मैनेजर्स द्वारा पूर्व निर्धारित एसेट एलोकेशन पैटर्न के अनुसार निवेश किया जाता है। हालांकि, वित्त मंत्रालय की नई अधिसूचना के बाद PFRDA ने दो नए ऑटो-चॉइस विकल्प शामिल किए हैं। ये विकल्प उन कर्मचारियों के लिए हैं जो लंबी अवधि में अधिक रिटर्न के लिए इक्विटी में उच्च जोखिम लेने के इच्छुक हैं।

यह भी पढ़े:- बस की टक्कर से महिला की मौत, जाम में 45 मिनट

अब सरकारी कर्मचारियों के पास कुल छह विकल्प उपलब्ध हैं—डिफॉल्ट स्कीम, 100% G-Sec एक्टिव चॉइस, और चार अलग-अलग लाइफ साइकिल मॉडल (जिनमें उम्र के साथ इक्विटी एक्सपोज़र कम होता जाता है)।

क्या है खास?

नए विकल्पों में LC 75 (हाई रिस्क) और LC एग्रेसिव मॉडल मुख्य आकर्षण हैं।

  • LC 75 मॉडल: 35 वर्ष की उम्र तक 75% तक निवेश इक्विटी में रखा जा सकता है, जो 55 वर्ष की उम्र तक घटकर 15% रह जाएगा।
  • LC एग्रेसिव मॉडल: 45 वर्ष तक 50% इक्विटी और 55 वर्ष तक 35% तक इक्विटी एक्सपोज़र उपलब्ध होगा।

इन मॉडलों का उद्देश्य युवा कर्मचारियों को लंबी अवधि में बाजार से बेहतर रिटर्न दिलाना है ताकि बड़ा रिटायरमेंट कॉर्पस तैयार किया जा सके।

नया विकल्प चुनना होगा

जो कर्मचारी डिफॉल्ट स्कीम से बाहर आना चाहते हैं, उन्हें उपलब्ध पांच नॉन-डिफॉल्ट विकल्पों में से एक का चयन करना होगा और PFRDA के 10 पेंशन फंड मैनेजर्स में से किसी एक को चुनना होगा।
PFRDA ने सब्सक्राइबर्स को सलाह दी है कि वे स्कीम की परफॉर्मेंस की समय-समय पर समीक्षा करें और सोच-समझकर फैसला लें। सभी स्कीमों का अपडेटेड रिटर्न डेटा NPS ट्रस्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
अच्छी खबर यह है कि CRA प्लेटफॉर्म पर सभी नए विकल्प एक्टिव हो चुके हैं, यानी सरकारी कर्मचारी तुरंत अपनी निवेश प्रोफाइल में बदलाव कर सकते हैं।

बस की टक्कर से महिला की मौत, जाम में 45 मिनट तक फंसे रहे अखिलेश यादव

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- लखनऊ से दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह के घर शोक संवेदना व्यक्त करने घोसी जाते समय समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में जाम में फंस गए। रोडवेज बस की टक्कर से एक महिला की मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने लखनऊ–बलिया हाइवे को अवरुद्ध कर दिया था। जाम के कारण अखिलेश यादव का काफिला करीब पौन घंटे तक वहीं अटका रहा।

घटना मंगलवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के बस्ती गांव निवासी 50 वर्षीय लालमुनी पत्नी जोगखन राम हरैया बाजार से दवा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान आजमगढ़ से मऊ की ओर जा रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर धरना देकर मार्ग जाम कर दिया।

यह भी पढ़े:- दारोगा की करतूत उजागर, सेक्स से मना करने पर ब्यूटी पार्लर संचालिका की

इसी बीच पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर से घोसी जा रहे अखिलेश यादव का काफिला भी जाम में फंस गया। सूचना पाकर मुबारकपुर और मोहम्मदाबाद गोहना थाने की पुलिस, साथ ही एसपी ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी और सीओ सदर आस्था जायसवाल मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस जब पूर्व मुख्यमंत्री के वाहनों को निकालने लगी, तो मृतका के परिजन उनकी गाड़ी के सामने आकर बैठ गए। इस पर अखिलेश यादव वाहन से उतरे, परिजनों से बातचीत की और उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव और घोसी सांसद राजीव राय को मृतका के घर जाकर अतिरिक्त एक लाख रुपये की मदद देने के निर्देश भी दिए।

करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद अखिलेश यादव का काफिला जाम से निकल सका।

दारोगा की करतूत उजागर, सेक्स से मना करने पर ब्यूटी पार्लर संचालिका की स्कूटी जलाने का आरोप—दो गिरफ्तार

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दारोगा की शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि कांशीराम कॉलोनी निवासी एक ब्यूटी पार्लर संचालिका द्वारा शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर दारोगा ने उसके घर के बाहर खड़ी स्कूटी और बेटे की बाइक में आग लगा दी। पुलिस ने सोमवार को आरोपी दारोगा और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया है।

क्षेत्राधिकारी अंतरिक्ष जैन के अनुसार, पीड़िता आयशा ने थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि पुलिस लाइन में तैनात दारोगा स्नेह प्रकाश आजाद लंबे समय से उस पर संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। आरोप है कि विरोध करने पर 29 नवंबर की रात आजाद अपने दो साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और वहां खड़े वाहनों को आग लगा दी।

शिकायत के बाद दारोगा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जांच में महिला के कई आरोप सही पाए गए, जिसके बाद दारोगा स्नेह प्रकाश आजाद और उसके साथी आदिल को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया गया कि आजाद पहले ही एक अन्य मामले में निलंबित चल रहा था।

यह भी पढ़े:- साड़ी की क्वालिटी पर बारातियों-घरातियों में घमासान, जमकर चले 

अधिकारियों का कहना है कि महिला और दारोगा के बीच पुरानी जान-पहचान थी और घटना वाली रात दोनों पक्षों में विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि शारीरिक संबंध बनाने के दबाव वाले आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले भी दारोगा के खिलाफ शिकायत की थी, जिसके बाद उसका ट्रांसफर बागपत कर दिया गया था।

इधर, एसपी सूरज राय ने बताया कि दारोगा स्नेहप्रकाश आजाद हाल ही में बागपत ट्रांसफर होकर आए थे और पुलिस लाइन में तैनात थे। उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

साड़ी की क्वालिटी पर बारातियों-घरातियों में घमासान, जमकर चले लात-घूंसे; आधा दर्जन हिरासत में

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- यूपी के देवरिया में एक शादी समारोह उस समय रणभूमि में बदल गया जब साड़ी की क्वालिटी को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच विवाद छिड़ गया। मामूली तकरार देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में लात-घूंसे और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया और देर रात दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की। अंततः सीओ की मौजूदगी में घंटों चली पंचायत के बाद मामला शांत हुआ और दुल्हन की विदाई पर सहमति बन गई।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह घटना देवरिया के रुद्रपुर उपनगर की है। बरहज नगर के गौरा निवासी युवक की बारात सोमवार रात इमामबाड़ा चौराहा स्थित एक मैरिज हाल में पहुंची थी। बारात का भव्य स्वागत हुआ,जयमाल और अन्य विवाह रस्में पूरी कर ली गईं |

यह भी पढ़े:- क्या घुसपैठियों के लिए रेड कार्पेट बिछाएं? रोहिंग्या मामले पर CJI सूर्यकांत ने

आधी रात के बाद विदाई की तैयारी शुरू हुई, इसी दौरान लड़के पक्ष द्वारा लाई गई साड़ी की क्वालिटी पर किसी ने टिप्पणी कर दी। बात बढ़ी, दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़ गए और फिर माहौल बिगड़ गया।

लात-घूंसे चलते ही मच गई भगदड़

विवाद हिंसक होते ही दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। मेहमान इधर-उधर भागने लगे|चारों ओर हड़कंप मच गया |पुलिस को सूचना दी गई | पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति काबू में की और कई बारातियों को हिरासत में ले लिया।

घंटों चली पंचायत, हुआ समझौता

रात में दोनों पक्षों ने कोई समझौता करने से इनकार कर दिया था। सुबह सीओ की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई। कई घंटे चली बातचीत के बाद अंत में दोनों परिवारों ने आपसी सुलह कर ली। प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने बताया- “बारात में मारपीट हुई थी, लेकिन पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। अब कोई विवाद शेष नहीं है।”

क्या घुसपैठियों के लिए रेड कार्पेट बिछाएं? रोहिंग्या मामले पर CJI सूर्यकांत ने जताई कड़ी नाराजगी

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को रोहिंग्या समुदाय से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार और याचिकाकर्ता दोनों से कड़े सवाल किए। अदालत ने साफ किया कि कानूनी स्थिति तय किए बिना रोहिंग्याओं के अधिकारों पर चर्चा नहीं की जा सकती। मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने तीखे सवाल करते हुए पूछा, “क्या घुसपैठियों के लिए रेड कार्पेट बिछाएं?”

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का परिदृश्य

CJI सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमल्या बागची की पीठ हैबियस कॉर्पस याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि मई महीने में दिल्ली पुलिस ने कुछ रोहिंग्याओं को हिरासत में लिया, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल रहा।
साथ ही याचिका में यह मांग की गई कि यदि उन्हें उनके देश लौटाना है, तो यह प्रक्रिया कानून के अनुसार होनी चाहिए।

CJI का केंद्र सरकार से सवाल

सुनवाई की शुरुआत में ही CJI ने पूछा— क्या भारत सरकार ने कभी रोहिंग्याओं को ‘शरणार्थी’ घोषित किया है? यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से घुसपैठ करता है, तो क्या हमारा दायित्व है कि उसे यहां रखा जाए? क्या भारत उत्तर भारत की संवेदनशील सीमा पर घुसपैठियों का रेड कार्पेट बिछा कर स्वागत करेगा?

यह भी पढ़े:- पटना में बन रहा लालू यादव का महल BJP के निशाने पर, ED 

याचिकाकर्ता की वकील ने कहा कि उनका उद्देश्य रोहिंग्याओं के लिए विशेष दर्जा मांगना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी निर्वासन प्रक्रिया का पालन कानून के अनुसार हो।

CJI की तल्ख टिप्पणी

CJI ने कहा-“पहले आप अवैध रूप से घुसते हैं, फिर अधिकार मांगते हैं। क्या हम कानून को इस तरह खींचना चाहते हैं? भारत में पहले से करोड़ों गरीब नागरिक हैं जिन पर ध्यान देना जरूरी है।”

साथ ही न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध घुसपैठ करने वालों को थर्ड डिग्री टॉर्चर नहीं दिया जाना चाहिए।

याचिकाकर्ता का पक्ष

याचिकाकर्ता की वकील ने कहा कि उनका मकसद केवल कानून के अनुसार प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के 2020 के सलीमुल्लाह मामले का हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि रोहिंग्याओं को केवल कानून के अनुसार वापस भेजा जा सकता है।

सुप्रीम कोर्ट की पूर्व टिप्पणियां

इसी साल अदालत ने श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों के मामले में कहा कि भारत दुनिया की धर्मशाला नहीं है। मई में अदालत ने टिप्पणी की कि रोहिंग्याओं को समुद्र में फेंकने की कहानी “सुलेख कथा” जैसी प्रतीत होती है।

सॉलिसिटर जनरल और PIL पर बहस

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि याचिका PIL के रूप में दायर की गई है, लेकिन इसे प्रभावित व्यक्ति ने नहीं दायर किया।
पीठ ने संकेत दिया कि बिना कानूनी दर्जे वाले विदेशी नागरिकों के मामले संवेदनशील और जटिल हैं और इन्हें समग्र रूप से अन्य याचिकाओं के साथ देखा जाएगा।

पटना में बन रहा लालू यादव का महल BJP के निशाने पर, ED कार्रवाई की चेतावनी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की राजधानी पटना के महुआबाग इलाके में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के लिए बन रही कथित आलीशान इमारत को लेकर राजनीति तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस निर्माणाधीन भवन का वीडियो जारी कर लालू परिवार पर लूट-खसोट से संपत्ति बढ़ाने का आरोप लगाया है और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कार्रवाई की मांग की है।

BJP का आरोप – “लूट-खसोट का समाजवाद”

BJP ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि लालू यादव का समाजवाद “लूट-खसोट से संपन्न एक परिवार” तक सीमित है।
पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि महुआबाग में बन रही यह कोठी भी “नौकरी के बदले जमीन” मामले से जुड़ी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी संपत्तियों को ED जब्त कर सकता है

नीरज कुमार ने कहा- “लालू यादव का सामाजिक न्याय अब परिवारवाद और संपत्ति जुटाने का साधन बन गया है। महुआबाग में बन रही आलीशान कोठी भी लूट की कमाई से खड़ी हो रही है। ED पहले भी यहां छापेमारी कर चुका है। लालू सावधान रहें, ऐसी संपत्ति ज्यादा दिनों तक नहीं टिकती।”

ED पहले ही कर चुकी है एक्शन

जुलाई 2023 में ED ने लालू परिवार से जुड़ी कंपनियों और सदस्यों की पटना, दिल्ली और गाजियाबाद में 6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की थी।

यह भी पढ़े:- मंदिर में इन 3 चीजों के गुप्तदान से खुल जाता है भाग्य, जीवन में आती है सकारात्मकता

इसमें राबड़ी देवी के नाम पर महुआबाग की जमीन भी शामिल थी। हालांकि BJP द्वारा साझा किए गए वीडियो में दिखाए गए निर्माणाधीन महल के बारे में यह स्पष्ट नहीं है कि वह किसके नाम पर है या यह कौन-सी जमीन है।

लालू परिवार का नया ठिकाना?

सूत्रों के अनुसार लालू यादव इस निर्माण कार्य का निरीक्षण समय-समय पर करते रहे हैं। सरकार द्वारा 10, सर्कुलर रोड का बंगला खाली करने का नोटिस मिलने के बाद चर्चा है कि लालू परिवार 39, हार्डिंग रोड वाले नए बंगले में जाने के बजाय महुआबाग स्थित इस भवन में भी शिफ्ट हो सकता है।

BJP ने फिर दोहराए सवाल

BJP ने पूछा कि लालू परिवार के पास इतनी बड़ी संपत्तियों का स्रोत क्या है। नीरज कुमार ने कहा- “पूरा परिवार वर्षों तक बिहार को लूटता रहा। जनता को बताएं कि इतनी अकूत संपत्ति का आधार क्या है। राजनीति को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर आपने ही बिहार को नुकसान पहुंचाया।”

मंदिर में इन 3 चीजों के गुप्तदान से खुल जाता है भाग्य, जीवन में आती है सकारात्मकता

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- हिंदू धर्म और वास्तु शास्त्र में दान का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि किसी भी तरह का दान यदि गुप्त रूप से किया जाए, यानी बिना किसी दिखावे के, तो उसका फल कई गुना बढ़ जाता है। वास्तु शास्त्र में भी ऐसे कुछ खास गुप्तदान बताए गए हैं, जिन्हें करने से जीवन की रुकावटें दूर होती हैं और भाग्य प्रबल होने लगता है।
शास्त्रों के मुताबिक मंदिर में की जाने वाली तीन विशेष वस्तुओं का गुप्तदान व्यक्ति के जीवन को सही दिशा में ले जाता है और कठिनाइयों का समाधान स्वतः मिलने लगता है। आइए जानते हैं कौन-सी हैं वे 3 वस्तुएं जिनका गुप्तदान बेहद शुभ माना गया है—

1. दिया जलाने के लिए माचिस का गुप्तदान

वास्तु शास्त्र के अनुसार मंगलवार और शनिवार के दिन मंदिर में माचिस का गुप्तदान अत्यंत शुभ माना जाता है। विशेष रूप से यह दान हनुमान मंदिर में करने की सलाह दी जाती है।

लाभ:

  • जीवन से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है
  • बुरी नजर और बाधाएं समाप्त होती हैं
  • मंगल ग्रह मजबूत होता है
  • व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगते हैं

यह भी पढ़े:- शीतकालीन सत्र LIVE: SIR मुद्दे पर संसद के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन आज

2. पूजा के लिए आसन का गुप्तदान

किसी भी मंदिर में आसन का गुप्तदान महादान बताया गया है। धार्मिक मान्यता है कि जिस आसन पर बैठकर भक्त पूजा करता है, उसके कुछ पुण्य का फल दान करने वाले को भी मिलता है।

लाभ:

  • जीवन में स्थिरता आती है
  • धन-धान्य की कमी नहीं रहती
  • आर्थिक समस्याओं से घिरे लोगों के लिए विशेष शुभ
  • इस दान को गुरुवार के दिन करना अधिक फलदायी माना जाता है

3. शिव पूजा के लिए लोटे का गुप्तदान

शिव मंदिरों में जल अर्पित करने के लिए लोटे का उपयोग किया जाता है। यदि कोई भक्त शांतिपूर्वक और गुप्त रूप से लोटा दान करे तो भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

लाभ:

  • हर तरह की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं
  • शिव कृपा से सुख, समृद्धि और मानसिक शांति प्राप्त होती है
  • जीवन की राह आसान होने लगती है

शीतकालीन सत्र LIVE: SIR मुद्दे पर संसद के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन आज, अंदर भी हंगामे के आसार

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:– संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होते ही राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। पहले दिन लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ और कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा। विपक्ष और सत्ता पक्ष के आमने-सामने होने के कारण मंगलवार को भी लोकसभा और राज्यसभा में भारी शोर-शराबे की आशंका है। सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा।

संसद के बाहर विपक्ष करेगा प्रदर्शन

पहले दिन हुए हंगामे के बाद विपक्ष ने आज मंगलवार सुबह 10:30 बजे संसद भवन परिसर के मकर द्वार के सामने प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
विपक्ष का आरोप है कि सरकार उनकी चिंताओं और मुद्दों को सुनने को तैयार नहीं है, जबकि सत्ता पक्ष का कहना है कि विपक्ष का व्यवहार जानबूझकर कार्यवाही बाधित करने वाला है।

आज पेश होगा सेंट्रल एक्साइज (अमेंडमेंट) बिल, 2025

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में सेंट्रल एक्साइज (अमेंडमेंट) बिल, 2025 पेश करेंगी। इस बिल का उद्देश्य सेंट्रल एक्साइज एक्ट, 1944 में आवश्यक संशोधन करना माना जा रहा है।

लोकसभा में मणिपुर GST बिल पास

सोमवार को लोकसभा में मणिपुर जीएसटी बिल को मंजूरी मिल गई। इस पर सदन में कम समय के भीतर सहमति बन गई।

गौरव गोगोई का आरोप—”सरकार सिर्फ अपने मुद्दों पर चर्चा चाहती है”

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की आवाज समान रूप से सुनी जानी चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि “रूलिंग पार्टी सिर्फ अपने कानूनों और अपने मुद्दों पर चर्चा कराना चाहती है, जबकि विपक्ष की बात को महत्व नहीं दिया जाता।”

वोटर लिस्ट पर संकट—मणिकम टैगोर ने दिया स्थगन प्रस्ताव

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने देश में मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाते हुए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया।

यह भी पढ़े:- IPL 2026 नीलामी: वेंकटेश अय्यर से स्टीव स्मिथ तक—2 करोड़ रुपये बेस प्राइस वाले

उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था एक अभूतपूर्व संकट का सामना कर रही है और चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया ने हालात को और खराब कर दिया है।

SIR को लेकर संसद में घमासान की तैयारी

विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची, जिसे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की बुनियाद माना जाता है, आज गड़बड़ियों और सुरक्षा जोखिमों से जूझ रही है।
उनका कहना है कि इन समस्याओं को दूर करने के बजाय चुनाव आयोग ने SIR को “जल्दबाजी, बिना योजना और तानाशाही तरीके” से लागू कर दिया है, जिससे देशभर में भ्रम और अव्यवस्था फैल गई है।