Home Blog Page 163

30 जनवरी 2026 से अन्ना हजारे करेंगे आमरण अनशन, जानें वजह

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजसेवी अन्ना हजारे ने फिर देश को हिला देने वाला ऐलान कर दिया है। 30 जनवरी 2026 से महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि में वे आमरण अनशन पर बैठेंगे, और यह अनशन उनकी अंतिम सांस तक चलेगा।

अन्ना ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि अगर लोकायुक्त कानून तुरंत लागू नहीं हुआ, तो वे प्राण त्याग देंगे, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे। इस ऐलान से महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। याद रहे, 2011 में अन्ना हजारे ने दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन किया था। उस आंदोलन का असर इतना व्यापक था कि केंद्र सरकार और दिल्ली की कांग्रेस सरकार पर दबाव पड़ा था।

क्यों फिर आंदोलन पर उतरे अन्ना हजारे?

इस बार अनशन का मुख्य कारण महाराष्ट्र में लोकायुक्त कानून की देरी है। लोकायुक्त कानून को मंजूरी मिले दो साल से ज्यादा हो गए हैं। हालांकि विधेयक 2022 में विधानसभा और 2023 में विधान परिषद से पारित हो चुका है।2024 में राज्यपाल की मंजूरी भी मिल गई, लेकिन कानून लागू नहीं हुआ।

यह भी पढ़े:- UP Police SI भर्ती 2025-26: परीक्षा तारीख फाइनल, जानें पूरा सिलेबस और पैटर्न

अन्ना हजारे के मुताबिक, राज्य सरकार ने यह विधेयक राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए केंद्र को भेजा है, लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीतने के बावजूद कोई प्रगति नहीं हुई।

रालेगण सिद्धि में आमरण अनशन

अन्ना ने साफ किया कि यह उनका निजी मुद्दा नहीं, बल्कि देश की जनता और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का सवाल है। वे 30 जनवरी 2026 से अपने गांव रालेगण सिद्धि में अनशन शुरू करेंगे। अन्ना ने पत्र में लिखा कि हार्ट अटैक से मरने की बजाय देश और समाज के हित में प्राण त्यागना उनके लिए सौभाग्य की बात होगी।

समाजसेवी लंबे समय से महाराष्ट्र में मजबूत लोकायुक्त कानून लागू करने की मांग करते आ रहे हैं और अब वे आमरण अनशन के जरिए सरकार पर दबाव बनाने जा रहे हैं।

UP Police SI भर्ती 2025-26: परीक्षा तारीख फाइनल, जानें पूरा सिलेबस और पैटर्न

UP Police SI Bharti 2025-26: उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर आ गई है। लंबे समय से चल रहा परीक्षा तारीख का इंतजार अब खत्म हो चुका है। आधिकारिक घोषणा के अनुसार यूपी पुलिस एसआई भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होगी।

भर्ती से जुड़ी हर जानकारी और नोटिफिकेशन अभ्यर्थी UP Police Recruitment Board की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

UP Police SI परीक्षा सिलेबस और पैटर्न

लिखित परीक्षा इस भर्ती की सबसे अहम प्रक्रिया है, क्योंकि अंतिम चयन इसी के आधार पर होता है।

  • परीक्षा मोड: ऑनलाइन CBT
  • कुल प्रश्न: 160
  • कुल अंक: 400
  • समय: 120 मिनट (2 घंटे)
  • निगेटिव मार्किंग: नहीं
  • परीक्षा पास करने के लिए:
  • हर सेक्शन में कम से कम 35% अंक
  • कुल मिलाकर 50% अंक

लिखित परीक्षा के चार मुख्य खंड

  • सामान्य हिंदी – 40 प्रश्न, 100 अंक
  • सामान्य ज्ञान व संविधान – 40 प्रश्न, 100 अंक
  • संख्यात्मक/मानसिक योग्यता – 40 प्रश्न, 100 अंक
  • मानसिक अभिरुचि/तार्किक क्षमता – 40 प्रश्न, 100 अंक

यह भी पढ़े:- तीन IPS और पांच सीओ, 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने तीन गावों को घेरा

इस संरचना से पता चलता है कि परीक्षा उम्मीदवार की भाषा, कानून की बेसिक समझ, गणितीय दिमाग और लॉजिकल सोच की पूरी जाँच करती है।

शारीरिक क्षमता परीक्षा (PST & PET)

लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को PST और PET के लिए बुलाया जाएगा।

PST (Physical Standard Test)

  • पुरुष: कद 168 सेमी, छाती 79 सेमी (बिना फुलाए), 84 सेमी (फुलाकर)
  • महिलाएं: कद 152 सेमी

PET (Physical Efficiency Test)

  • पुरुष: 4.8 किमी दौड़ 28 मिनट में
  • महिलाएं: 2.4 किमी दौड़ 16 मिनट में

PET क्वालिफाइंग नेचर का होता है, यानी अंक नहीं जोड़ते, लेकिन इसे पास करना अनिवार्य है।

तीनों स्तर पर तैयारी जरूरी

सब इंस्पेक्टर के पद पर अंतिम चयन लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट से होता है। इसलिए अभ्यर्थियों को चाहिए कि वे सिलेबस की पूरी समझ, पुराने पेपर्स का विश्लेषण और फिजिकल टेस्ट की तैयारी तीनों पर बराबर ध्यान दें।

तीन IPS और पांच सीओ, 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने तीन गावों को घेरा, इन लोगो को दौड़ा-दौड़ाकर पकड़ा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:– मथुरा जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र के तीन गांवों—देवसेरस, मालीपुरा और नगला अतिया—में गुरुवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। इस ऑपरेशन में 300 से अधिक पुलिसकर्मी, 3 IPS और 5 CO शामिल थे। पुलिस ने गांवों को चारों तरफ से घेरकर लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पकड़ा।

42 लोग हिरासत में

करीब 42 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 8 पहले से साइबर अपराध में वांछित थे। पुलिस इन लोगों के मोबाइल और अन्य डिजिटल डेटा की जांच कर रही है। ग्रामीणों में पुलिस की इतनी बड़ी संख्या देखकर डर और हड़कंप मच गया।

ऑपरेशन टटलू

एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर दो टीमों ने सुबह करीब 5 बजे सर्च ऑपरेशन टटलू चलाया। इस ऑपरेशन का उद्देश्य साइबर ठगी में संलिप्त अपराधियों को पकड़ना था।

  • पहली टीम: एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में, एसपी सुरक्षा राज कुमार अग्रवाल, CO महावन संजिव राय, CO छाता भूषण वर्मा, 4 इंस्पेक्टर और 1 प्लाटून पीएसी शामिल।

  • दूसरी टीम: एसपी अपराध अवनीश मिश्रा के नेतृत्व में, एसपी यातायात मनोज यादव, CO मांट आशीष शर्मा, CO ट्रैफिक पीपी सिंह, 4 इंस्पेक्टर और 1 प्लाटून पीएसी शामिल।

छापेमारी और बरामदगी

इस छापेमारी में करीब ढाई दर्जन मोबाइल बरामद किये साथ ही कुछ लोगों के पास से असलहा भी जब्त किये| साइबर व सर्विलांस टीम मोबाइल डेटा और नंबरों की जानकारी जुटा रही है |

एसपी देहात और प्रभारी एसएसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि 42 हिरासत में लिए गए संदिग्धों में 5 नाबालिग भी शामिल थे। जिनसे अपराध का सबूत नहीं मिला, उन्हें रात को छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अन्य आसपास के गांवों में भी साइबर ठगों की तलाश कर रही है।

यूपी में भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष: 14 दिसंबर को लग सकती है मुहर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में लंबे समय से जारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया अब समाप्त होने वाली है। पार्टी के संगठन चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 13 दिसंबर को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।

डॉ. पांडेय ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया राष्ट्रीय महामंत्री एवं केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक श्री विनोद तावड़े की उपस्थिति में संपन्न होगी। इसके बाद केंद्रीय चुनाव अधिकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 14 दिसंबर को चुनाव प्रक्रिया पूरी कर नए प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन करेंगे।

यह भी पढ़े:- अर्शदीप सिंह ने फेंका 13 गेंदों वाला ओवर, टी20 में दर्ज किया शर्मनाक रिकॉर्ड

सूत्रों का कहना है कि 13 दिसंबर को लखनऊ में पीयूष गोयल के आने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश अध्यक्ष के चयन की औपचारिकताएं पूरी करना होगा। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो 14 दिसंबर को यूपी भाजपा का नया अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा।

नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अटकलें और संभावित दावेदार

नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की चर्चाओं के बीच, वर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। भले ही यह भेंट पहले से निर्धारित थी, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे संगठनात्मक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

चर्चित दावेदारों में शामिल हैं:

  • केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी
  • केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा
  • उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
  • कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और धर्मपाल सिंह

सूत्रों के अनुसार, भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री को यूपी की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों की जानकारी दी।

भाजपा के प्रांतीय परिषद सदस्यों के चुनाव में मतदान का अधिकार होने के कारण, नए प्रदेश अध्यक्ष के ऐलान में अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं।

अर्शदीप सिंह ने फेंका 13 गेंदों वाला ओवर, टी20 में दर्ज किया शर्मनाक रिकॉर्ड

0

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय तेज़ गेंदबाज अर्शदीप सिंह गुरुवार 11 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 13 गेंदों का ओवर फेंककर चर्चा में आ गए। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेलते हुए अर्शदीप ने टी20 इंटरनेशनल इतिहास में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया।

इस ओवर में उन्होंने 6 लीगल गेंदें और 7 वाइड फेंकी, जो कि टी20 क्रिकेट में भारत के किसी भी गेंदबाज के लिए नया और शर्मनाक रिकॉर्ड है। अर्शदीप ऐसे पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक ओवर में 13 गेंदें फेंकी हों।

टी20 इतिहास में नंबर दो रिकॉर्ड

दुनिया में सिर्फ एक और गेंदबाज ऐसा कर चुका है। अफगानिस्तान के नवीन उल हक ने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ 13 गेंदों का ओवर फेंका था, जिसमें 6 वाइड और 1 नो-बॉल शामिल थी।

यह भी पढ़े:- मोदी राज में गरीबी हुई दूर, पर मुस्लिमों से ज्यादा अब हिन्दू ही गरीब! 

इससे पहले, साउथ अफ्रीका के सिसांडा मागला ने 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ 12 गेंदों का ओवर फेंका था। अर्शदीप ने इस रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए नवीन उल हक को भी पीछे छोड़ दिया।

मैच में प्रदर्शन

अर्शदीप के पहले दो ओवर में 20 रन गए थे। ड्रिंक्स ब्रेक के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन्हें फिर गेंदबाजी के लिए लगाया, लेकिन उनके 11वें ओवर में 18 रन खर्च हो गए। इसमें: 7 रन वाइड से 1 छक्का, 3 सिंगल और 1 डबल शामिल थे| इस ओवर का नकारात्मक असर टीम इंडिया की ओवर रेट और फील्डिंग स्थिति पर भी पड़ा।

मोदी राज में गरीबी हुई दूर, पर मुस्लिमों से ज्यादा अब हिन्दू ही गरीब! पनगढ़िया के अध्ययन में चौंकाने वाला खुलासा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष और सोलहवें वित्त आयोग के प्रमुख अरविंद पनगढ़िया के नए शोध में दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में भारत ने अत्यधिक गरीबी को लगभग खत्म कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि गरीबी में गिरावट मुसलमानों में हिंदुओं की तुलना में अधिक तेज़ रही है। शोध के आंकड़ों के अनुसार, अब हिंदुओं में अत्यधिक गरीबी की दर 2.3% है, जबकि मुसलमानों में यह केवल 1.5% रह गई है।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अरविंद पनगढ़िया और इंटेलिंक एडवाइजर्स के संस्थापक विशाल मोरे द्वारा तैयार यह पेपर इकोनॉमिक एंड पॉलिटिकल वीकली (EPW) में प्रकाशित हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 2011-12 से 2023-24 के बीच भारत में गरीबी में तेज़, निरंतर और व्यापक गिरावट दर्ज की गई।

मुस्लिमों में गरीबी घटने की रफ्तार ज्यादा

रिसर्च बताता है कि 2022-23 में भी दोनों समुदायों में गरीबी का फासला लगभग एक जैसा था—

  • मुसलमान: 4%
  • हिंदू: 4.8%

नई रिपोर्ट पहले से चली आ रही इस धारणा को चुनौती देती है कि मुसलमानों में गरीबी का स्तर हमेशा ऊंचा रहा है।

अत्यधिक गरीबी पर लगभग ‘पूर्ण विराम’

शोध के अनुसार, PPP (क्रय शक्ति समानता) मानक पर प्रति व्यक्ति 3 डॉलर प्रतिदिन से कम खर्च क्षमता को अत्यधिक गरीबी माना जाता है। इस मानक पर भारत में अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो चुकी है।

यह भी पढ़े:- यूपी बीजेपी में नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा तेज, पीएम मोदी से मिले भूपेंद्र चौधरी – पंकज चौधरी और

पेपर के मुताबिक: राष्ट्रीय गरीबी दर 2011-12 में 21.9% थी, 2023-24 में यह घटकर 2.3% रह गई| यह 12 वर्षों में 19.7 प्रतिशत अंकों की गिरावट है—औसतन प्रति वर्ष 1.64 प्रतिशत अंक।

ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी तेजी से घटी

रिपोर्ट में कहा गया कि ग्रामीण भारत में गरीबी में गिरावट शहरी क्षेत्रों से काफी तेज़ रही।

  • ग्रामीण इलाकों में: 22.5 प्रतिशत अंक की कमी
  • शहरी इलाकों में: 12.6 प्रतिशत अंक की कमी

सभी सामाजिक समूहों में गरीबी घटी

SC, ST, OBC और ऊंची जातियों—सभी में गरीबी में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। सबसे नीचे माने जाने वाले ST समुदाय में भी अत्यधिक गरीबी 8.7% पर आ गई है।

हिंदू बनाम मुस्लिम: अब कौन ज्यादा गरीब?

पेपर में धार्मिक आधार पर गरीबी का ताज़ा वितरण इस प्रकार है:

  • हिंदू: 2.3%
  • मुसलमान: 1.5%
  • ईसाई: 5%
  • बौद्ध: 3.5%
  • सिख/जैन: 0%

ग्रामीण भारत में अंतर और स्पष्ट है—

  • मुसलमान: 1.6%
  • हिंदू: 2.8%

शहरी क्षेत्रों में भी मुसलमानों की गरीबी 2011-12 के 20.8% से घटकर अब मात्र 1.2% हो गई है, जबकि हिंदुओं की गरीबी 12.5% से घटकर 1% पर आ गई है।

यूपी बीजेपी में नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा तेज, पीएम मोदी से मिले भूपेंद्र चौधरी – पंकज चौधरी और केशव प्रसाद मौर्य भी रेस में

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चल रही अटकलों के बीच वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। हालांकि इस भेंट को औपचारिक और पहले से निर्धारित बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे बदलते समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया जा सकता है। इस पद की दौड़ में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई नाम चर्चा में हैं।

हाल ही में भाजपा ने प्रांतीय परिषद के सदस्यों की सूची जारी की थी, जिसके बाद से संगठनात्मक बदलावों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि भूपेंद्र चौधरी ने पीएम मोदी से मुलाकात में प्रदेश की संगठनात्मक स्थिति और हालिया गतिविधियों की जानकारी साझा की।

कौन होंगे वोटर?

प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए अब केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल के कार्यक्रम का इंतजार है। तय प्रक्रिया के अनुसार प्रांतीय परिषद सदस्य, भाजपा के कुल विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की संख्या का 10% तथा यूपी से चुने गए लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की संख्या का 10% इस चुनाव में वोटर होंगे।

यह भी पढ़े:- अभिनेता राव रणविजय के निर्देशन में भोजपुरी फिल्म ‘हालात’ की शूटिंग शुरू

वर्तमान में भाजपा के पास यूपी में 258 विधायक, 79 एमएलसी, 33 लोकसभा सांसद और 24 राज्यसभा सांसद हैं।

OBC चेहरे पर भाजपा का फोकस

सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस बार प्रदेश अध्यक्ष पद पर ओबीसी समुदाय के चेहरे को आगे करने पर विचार कर रही है। पार्टी इसे विपक्ष के पीडीए (PDA) फार्मूले के जवाब के रूप में देख रही है।
दावेदारों में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और धर्मपाल सिंह के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद भी चर्चा में शामिल हैं।

सूत्र यह भी बताते हैं कि पार्टी का एक प्रमुख नेता अपने वर्तमान पद पर रहते हुए ही प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के लिए इच्छुक है।

अभिनेता राव रणविजय के निर्देशन में भोजपुरी फिल्म ‘हालात’ की शूटिंग शुरू, स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच मिलने की उम्मीद

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मनोरंजन, एक्शन और स्थानीय सांस्कृतिक रंगों से भरपूर भोजपुरी फिल्म ‘हालात’ की शूटिंग 11 दिसंबर से औरंगाबाद जिले में शुरू हो गई है। पहले इसका फिल्मांकन नवंबर में होना था, लेकिन विधानसभा चुनाव के कारण प्रशासनिक अनुमति न मिलने से शूटिंग टाल दी गई थी।

ओबरा निवासी और टीवी–फिल्म जगत में चर्चित अभिनेता राव रणविजय ने बताया कि फिल्म का निर्माण राधे–राधे फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। निर्माता सत्येंद्र यादव (हसौली गांव) इस फिल्म के माध्यम से फिल्म निर्माण की शुरुआत कर रहे हैं। शूटिंग औरंगाबाद तथा आसपास के कई लोकेशनों पर जारी है।

फिल्म में भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार माही श्रीवास्तव, प्रेम कुमार, गौरव झा, नीलम पांडेय, सोनू पांडेय, विनीता सिंह, सत्येंद्र यादव, शिवांगी सिंह, राहुल श्रीवास्तव, प्रियरंजन सिंह, कुणाल सोनी और ओबरा के डीके सिंघानिया प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

निर्देशन वीरेंद्र पासवान कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले कई सफल फिल्मों का निर्देशन किया है। कैमरामैन संजय सिंह, जबकि प्रोडक्शन का जिम्मा गौरव झा और मोती राम संभाल रहे हैं।

यह भी पढ़े:- बहराइच हिंसा: सरफराज को फांसी, नौ दोषियों को उम्रकैद – दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में हुए

फिल्म में चार आकर्षक गीत शामिल किए गए हैं, जिनकी शूटिंग उमगा, पंचदेव धाम, सतबहिनी मंदिर सहित कई खूबसूरत लोकेशनों पर की जाएगी।

राव रणविजय ने बताया कि औरंगाबाद में शूटिंग आयोजित करने के पीछे उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हालांकि फिलहाल वे मुंबई में जी टीवी के शो की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन जल्द ही फिल्म से जुड़ने की बात कही है।

फिल्म की शूटिंग शुरू होने पर ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र, रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह, गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा, व्यवसायी अभिषेक बजाज, राजेश रंजन चुन्नू, लोजपा जिलाध्यक्ष सोनू सिंह, राघव सिंह, युवा व्यवसायी लक्ष्मण गुप्ता, सत्येंद्र यादव, पूर्व मुखिया योगेंद्र यादव, जीतेंद्र यादव, और रोटेरियन संतोष यादव सहित कई गणमान्य लोगों ने खुशी व्यक्त की है।

कर्मा देवी समूह का 16वां स्थापना दिवस: सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह और गुलशन ग्रोवर की मौजूदगी ने बढ़ाया आकर्षण

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कर्मा देवी समूह के 16वें स्थापना दिवस समारोह का दूसरा दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संवाद सत्र और सम्मान समारोह के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने ‘शक्ति बीज’, ‘सिंदूर मिशन’, ‘रागा फेम’ और ‘कॉस्ट ऑफ केरलेसनेस’ जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए नारी सशक्तिकरण, संस्कृति संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर ने उपस्थिति दर्ज कराई। संवाद सत्र में उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि सपनों की राह कठिन हो सकती है, लेकिन निरंतर अभ्यास और प्रतिबद्धता से कोई भी मंजिल पाई जा सकती है।

यह भी पढ़े:- बहराइच हिंसा: सरफराज को फांसी, नौ दोषियों को उम्रकैद – दुर्गा प्रतिमा विसर्जन 

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि का स्वागत शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। समारोह में डीएम बस्ती कृतिका ज्योत्सना सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।

समूह के चेयरमैन ओ.एन. सिंह (सेवानिवृत्त IAS) ने कहा कि 16 वर्षों की यात्रा में संस्थान ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समग्र विकास को सशक्त दिशा दी है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशु सिंह गौतम ने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा और रचनात्मकता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं।

समारोह का संचालन डीन अकादमिक आदित्य विक्रम सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समूह के मुख्य सूचना अधिकारी यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।

बहराइच हिंसा: सरफराज को फांसी, नौ दोषियों को उम्रकैद – दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में हुए राम गोपाल मिश्रा हत्याकांड का फैसला

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा में मारे गए 22 वर्षीय राम गोपाल मिश्रा हत्याकांड में अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश पवन कुमार शर्मा की कोर्ट ने मुख्य आरोपी सरफराज को मृत्युदंड और नौ अन्य दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दी है।

9 दिसंबर को कोर्ट ने 13 आरोपियों में से 10 को दोषी करार दिया था, जबकि सबूतों के अभाव में तीन आरोपियों को बरी कर दिया गया था। दोषी पाए गए आरोपियों में अब्दुल हमीद, उसका बेटा फहीम, सरफराज, तालिब, सैफ, जावेद, जीशान, ननकऊ, शोएब और मारुफ शामिल हैं। इनमें से सरफराज को फांसी दी गई है। शासकीय अधिवक्ता प्रमोद सिंह के अनुसार, मात्र 13 महीने 26 दिनों में मुकदमे का निष्कर्ष आना तेज न्याय का उदाहरण है।

कैसे भड़की थी हिंसा

यह घटना महसी क्षेत्र के महराजगंज में 13 अक्टूबर 2024 को हुई थी। बताया जाता है कि प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर बज रहे गाने को लेकर विवाद बढ़ा और स्थिति पथराव व फायरिंग तक पहुंच गई। गोली लगने से राम गोपाल मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस ने 11 जनवरी 2025 को चार्जशीट दाखिल की और 18 फरवरी को आरोप तय हुए। ट्रायल के दौरान 12 गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिसके बाद 21 नवंबर को फैसला सुरक्षित रखा गया था।

कौन-कौन सी धाराएं लगीं

आरोपियों पर BNS की धारा 103(2) (मॉब लिंचिंग में हत्या) सहित धारा 191(2), 191(3), 190, 109(2), 249, 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मामले दर्ज किए गए थे। इन धाराओं में फांसी, आजीवन कारावास या 2 से 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

ये आरोपी हुए थे बरी

कमी सबूतों के चलते खुर्शीद, शकील और अफजल को बरी कर दिया गया था। इस निर्णय के बाद मृतक राम गोपाल मिश्रा की पत्नी रोली मिश्रा ने कहा था कि सभी दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए और बरी किए गए तीनों भी दोषमुक्त नहीं हैं।

हिंसा के बाद क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।