Home Blog Page 160

यूपी में कड़ाके की ठंड का कहर, कई जिलों में स्कूल बंद, 35 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण ठंड और घना कोहरा जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में तापमान में तेज गिरावट और सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन गए हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में कक्षा 1 से 8 तक और कुछ स्थानों पर 12वीं तक के स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 48 से 72 घंटों के लिए राज्य के कई हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके साथ ही 35 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी भी दी गई है।

घने कोहरे और शून्य दृश्यता की आशंका को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई जिलाधिकारियों ने स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं। बरेली में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 20 दिसंबर तक बंद रहेंगे। कानपुर में भी शीतलहर के चलते 20 दिसंबर तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जौनपुर और गोंडा में 21 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने के आदेश हैं।

यह भी पढ़े:- पटना-झारखंड समेत पांच हाईकोर्ट को मिलेंगे नए मुख्य न्यायाधीश, SC कॉलेजियम ने भेजी सिफारिश

कुछ बड़े शहरों में स्कूलों को पूरी तरह बंद करने के बजाय समय में बदलाव किया गया है। वाराणसी में अब स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे, जबकि लखनऊ में सुबह 9 बजे के बाद ही कक्षाएं लगेंगी। रामपुर, बिजनौर, कासगंज और औरैया में भी स्कूलों के समय को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

मौसम विभाग का रेड अलर्ट, दृश्यता हो सकती है शून्य

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में अत्यधिक घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ऊपरी सतह पर चल रही पुरवा हवाओं और वातावरण में नमी के कारण घना कोहरा बन रहा है। गोरखपुर, बरेली, आगरा और लखनऊ जैसे शहरों में दृश्यता 0 से 50 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। बीते दो दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। गोरखपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे गलन बढ़ गई है।

सरकार और प्रशासन सतर्क

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ठंड और कोहरे को देखते हुए सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और रैन बसेरों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एक्सप्रेसवे पर पहले ही गति सीमा कम की जा चुकी है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक कोहरे में अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें और धीमी गति से चलें। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत के आसार कम ही हैं।

10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा ठंड बुलंदशहर में पड़ी, जहां तापमान गिरकर 7.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लखीमपुर खीरी में 8.0, बाराबंकी में 8.5, अयोध्या में 9.0, गोरखपुर में 9.2, हरदोई में 9.5, इटावा, सुलतानपुर और आजमगढ़ में 9.6 तथा झांसी में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मुरादाबाद, चुर्क, बस्ती और आगरा ताज में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में सबसे कम तापमान वाराणसी एयरपोर्ट पर 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम है।

कई इलाकों में शून्य विजिबिलिटी

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अत्यंत घना कोहरा छाया रहा। आगरा, बरेली, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर के एयरफोर्स स्टेशनों पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई। बलिया में दृश्यता 10 मीटर, बहराइच में 20 मीटर, फतेहगढ़ और हरदोई में 30 मीटर तथा अलीगढ़ में 40 मीटर रही। मुरादाबाद, बस्ती, आजमगढ़, फुरसतगंज, अयोध्या और वाराणसी एयरपोर्ट पर 50 मीटर तक दृश्यता रिकॉर्ड की गई, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

पटना-झारखंड समेत पांच हाईकोर्ट को मिलेंगे नए मुख्य न्यायाधीश, SC कॉलेजियम ने भेजी सिफारिश

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गुरुवार को हुई बैठक में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीश के पदों पर नियुक्ति के लिए पांच वरिष्ठ न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। ये पद सेवानिवृत्ति और स्थानांतरण के कारण आने वाले समय में खाली होने वाले हैं। हालांकि, कॉलेजियम की इन सिफारिशों पर केंद्र सरकार की स्वीकृति अभी लंबित है।

कॉलेजियम के फैसले के मुताबिक, इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की गई है। यह पद मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त होगा।

इसके अलावा, बॉम्बे हाईकोर्ट की न्यायाधीश जस्टिस रेवती पी. मोहिते डेरे को मेघालय हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया है। यह सिफारिश वहां के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश के संभावित स्थानांतरण को देखते हुए की गई है।

कॉलेजियम ने बॉम्बे हाईकोर्ट के ही एक अन्य न्यायाधीश जस्टिस एम.एस. सोनक को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। झारखंड हाईकोर्ट में यह पद मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के 8 जनवरी 2026 को रिटायर होने के बाद खाली होगा।

यह भी पढ़े:- उत्तराखंड में एंट्री पर लगेगा ग्रीन सेस, 80 से 700 रुपये तक चुकाने होंगे शुल्क; पूरी डिटेल यहां

इसी तरह, केरल हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस ए. मुहम्मद मुस्ताक को सिक्किम हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, उड़ीसा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संगम कुमार साहू को पटना हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है।

इसके साथ ही कॉलेजियम ने मेघालय हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सौमेन सेन को केरल हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की भी अनुशंसा की है। यह स्थानांतरण केरल हाईकोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगा।

अब इन सभी सिफारिशों पर अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही लागू हो सकेगा।

उत्तराखंड में एंट्री पर लगेगा ग्रीन सेस, 80 से 700 रुपये तक चुकाने होंगे शुल्क; पूरी डिटेल यहां

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तराखंड में नए साल से बाहर के राज्यों से आने वाले वाहनों को राज्य में प्रवेश के लिए ग्रीन सेस देना होगा। वाहन की श्रेणी के अनुसार यह शुल्क 80 रुपये से लेकर 700 रुपये तक तय किया गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवहन विभाग को इस व्यवस्था को जल्द लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रीन सेस योजना को लेकर बीते दो वर्षों से हुई देरी पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की कड़ी आलोचना भी की। परिवहन विभाग का दावा है कि यह व्यवस्था 1 जनवरी 2025 से लागू कर दी जाएगी।

दो साल से लटकी योजना, 100 करोड़ के नुकसान का अनुमान

सचिवालय में वर्ष 2025-26 की राजस्व प्राप्तियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उल्लेखनीय है कि ग्रीन सेस योजना फरवरी 2024 में लागू की गई थी और दरों में संशोधन भी हुआ, लेकिन अब तक इसे प्रभावी रूप से लागू नहीं किया जा सका। सरकार के अनुसार, इस देरी के कारण राज्य को लगभग 100 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है।

यह भी पढ़े:- आज का राशिफल 19 दिसंबर 2025: ग्रहों के शुभ संयोग, सिंह और मकर समेत 4 राशियों पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास के लिए राजस्व बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि खनन सुधारों से राज्य को 200 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई है और वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 24,015 करोड़ रुपये का कर लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इन वाहनों को नहीं देना होगा ग्रीन सेस

ग्रीन सेस से कई श्रेणियों के वाहनों को पूरी तरह छूट दी गई है। इनमें शामिल हैं— दूसरे राज्यों के दो पहिया वाहन, केंद्र और राज्य सरकार के वाहन, अन्य राज्यों के सरकारी वाहन, ट्रैक्टर, ट्रेलर, रोड रोलर, कंबाइन हार्वेस्टर, शव वाहन, एंबुलेंस, फायर टेंडर और सेना के वाहन इसके साथ ही इलेक्ट्रिक, सोलर, हाइब्रिड और CNG से चलने वाले वाहन |

किस वाहन पर कितना देना होगा शुल्क

सरकार ने वाहन श्रेणी के अनुसार ग्रीन सेस की दरें तय की हैं—

  1. भारी वाहन: एक्सेल के अनुसार 450 से 700 रुपये, भारी निर्माण उपकरण वाहन: 250 रुपये
  2. मालवाहक वाहन: 7.5 से 18.5 टन: 250 रुपये, 3 से 7.5 टन: 120 रुपये, 3 टन तक की डिलीवरी वैन: 80 रुपये
  3. यात्री वाहन: 12 सीट से अधिक की बसें: 140 रुपये, मोटर कैब, मैक्सी कैब और पैसेंजर कार: 80 रुपये
  4. एक बार दिया गया ग्रीन सेस पूरे दिन के लिए मान्य होगा। 20 गुना शुल्क पर 3 माह एवं 60 गुना शुल्क पर 1 वर्ष की वैधता मिलेगी।

फास्टैग से होगी ग्रीन सेस की वसूली

बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों से फास्टैग के माध्यम से ग्रीन सेस वसूला जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर 10 बॉर्डर चेक पोस्ट तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 6 अन्य पर कार्य जारी है।
प्रमुख सीमाओं पर लगाए गए ANPR कैमरों के जरिए फास्टैग से सीधे शुल्क कटेगा। सरकार को इससे सालाना करीब 50 करोड़ रुपये के अतिरिक्त राजस्व की उम्मीद है, जिसे पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा।

बुनियादी ढांचे और सख्त निगरानी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती के लिए पूंजीगत निवेश को बढ़ावा दे रही है। पूंजीगत व्यय में 34 प्रतिशत की वृद्धि से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि-प्रत्येक विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी नियमित रूप से राजस्व की समीक्षा करें

  • कर चोरी रोकने के लिए AI आधारित तकनीक का अधिक उपयोग हो
  • रजिस्ट्रेशन और निबंधन से जुड़े सभी कार्यों का पूर्ण डिजिटलीकरण किया जाए
  • रजिस्ट्री के दौरान संपत्ति के सही मूल्यांकन के लिए स्थानीय निरीक्षण अनिवार्य हो
  • तराई क्षेत्र में व्यावसायिक पौधरोपण और जड़ी-बूटी उत्पादन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए

आज का राशिफल 19 दिसंबर 2025: ग्रहों के शुभ संयोग, सिंह और मकर समेत 4 राशियों पर धनवर्षा के योग

आज का राशिफल 19 दिसंबर 2025: आज 19 दिसंबर, शुक्रवार का दिन ग्रह-नक्षत्रों की दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है। वर्तमान में गुरु मिथुन राशि में विराजमान हैं, केतु सिंह में, जबकि बुध, शुक्र और चंद्रमा वृश्चिक राशि में स्थित हैं। सूर्य और मंगल धनु राशि में, राहु कुंभ में और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं।
आज चंद्रमा का गोचर ज्येष्ठा नक्षत्र से होते हुए वृश्चिक के बाद धनु राशि में प्रवेश करेगा। इस कारण अधि योग का निर्माण हो रहा है। साथ ही गुरु और सूर्य के बीच समसप्तक योग बन रहा है, जो कई राशियों के लिए शुभ परिणाम देने वाला है। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों के लिए आज का दिन कैसा रहेगा—

मेष राशि

आज आपको अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है, इसलिए किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें। प्रेम और संतान पक्ष से सहयोग मिलेगा। व्यापार सामान्य से अच्छा रहेगा। लाल रंग की वस्तु अपने पास रखें।

वृषभ राशि

आज स्वास्थ्य में पहले से सुधार देखने को मिलेगा। प्रेम जीवन सुखद रहेगा और संतान का साथ मिलेगा। व्यापार में अच्छा मुनाफा होने के संकेत हैं। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए भी दिन अनुकूल है। हनुमान जी की पूजा लाभकारी रहेगी।

मिथुन राशि

आज शत्रुओं पर आपकी पकड़ मजबूत रहेगी। विरोधी भी मित्रवत व्यवहार कर सकते हैं। स्वास्थ्य में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में मध्यम फल मिलेंगे। व्यापार में लाभ के योग हैं। मां काली की आराधना करें।

कर्क राशि

आज आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। प्रेम और संतान से सुख मिलेगा। व्यापारिक गतिविधियां भी अनुकूल रहेंगी। मानसिक चंचलता पर थोड़ा नियंत्रण रखें। लाल रंग की वस्तु शुभ रहेगी।

सिंह राशि

आज भूमि, भवन या वाहन खरीदने के प्रबल योग बन रहे हैं। भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। परिवार में कोई शुभ कार्य या संस्कार हो सकता है। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार तीनों ही पक्ष मजबूत रहेंगे। लाल वस्तु साथ रखें।

कन्या राशि

आज आपके साहस और पराक्रम का सकारात्मक परिणाम मिलेगा। व्यापार में सफलता और नौकरी में उन्नति के योग हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान का सहयोग मिलेगा। मां काली को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

तुला राशि

आज धन आगमन के नए रास्ते खुल सकते हैं। परिवार में वृद्धि या खुशखबरी मिल सकती है। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान पक्ष अनुकूल रहेगा। व्यापार में मुनाफा होगा और निवेश से लाभ के संकेत हैं। लाल वस्तु अपने पास रखें।

वृश्चिक राशि

आज आप सौम्यता और आकर्षण के केंद्र बने रहेंगे। आपके व्यक्तित्व से लोग प्रभावित होंगे। मनचाहे कार्य पूरे हो सकते हैं। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार तीनों ही क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। लाल रंग की वस्तु शुभ रहेगी।

धनु राशि

आज खर्चों में बढ़ोतरी आपको थोड़ी चिंता दे सकती है। हालांकि यह खर्च शुभ कार्यों, फैशन या खरीदारी से जुड़ा हो सकता है। प्रेम और संतान से संतोष मिलेगा। व्यापार सामान्य से अच्छा रहेगा। मां काली की पूजा करते रहें।

मकर राशि

आज आय के नए स्रोत बन सकते हैं और पुराने निवेश से भी लाभ मिलेगा। यात्रा लाभदायक रहेगी। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार में अनुकूलता बनी रहेगी। सफेद रंग की वस्तु पास रखें।

कुंभ राशि

आज किस्मत आपका पूरा साथ देगी। नौकरी और व्यापार में तरक्की के संकेत हैं। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार सभी क्षेत्रों में दिन शुभ रहेगा। सफेद वस्तु साथ रखें।

मीन राशि

आज यात्रा के योग बन रहे हैं। धार्मिक और सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ेगी। प्रेम और संतान से सहयोग मिलेगा। व्यापार भी अच्छा रहेगा। सफेद वस्तु किसी काली मंदिर में अर्पित करना शुभ रहेगा।

लखनऊ-अयोध्या और दिल्ली से काशी तक दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, यूपी में हाई-स्पीड सफर को मिलेगी नई रफ्तार

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की प्रमुख धार्मिक नगरी अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी तक अब यात्रियों को घंटों का लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा। योगी सरकार इन शहरों को बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी कर रही है। आवास विभाग ने मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के सहयोग से विजन डॉक्यूमेंट-2047 के तहत इस महत्वाकांक्षी योजना का खाका तैयार किया है।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए कनेक्टिविटी पर जोर

यूपी की धार्मिक नगरी अयोध्या, प्रयागराज और काशी में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फिलहाल इन शहरों तक हवाई, रेल और सड़क मार्ग से ही पहुंचा जा सकता है। बढ़ते दबाव को देखते हुए राज्य सरकार इन शहरों में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित कर रही है।
होटल, मॉल, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ बेहतर परिवहन व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सभी विभागों को विजन-2047 के तहत योजनाएं तैयार करने को कहा गया है, जिसके आधार पर आवास विभाग ने यह प्रस्ताव तैयार किया है।

बुलेट ट्रेन से घटेगी दूरी

आवास विभाग के प्रस्ताव के अनुसार दिल्ली–लखनऊ–प्रयागराज–वाराणसी और लखनऊ–अयोध्या के बीच हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। इसके लिए करीब 1000 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर इसे राज्य सरकार के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्रालय को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद विशेषज्ञ कंपनियों का चयन किया जाएगा।

1500 किमी तक फैलेगा नमो भारत आरआरटीएस नेटवर्क

बुलेट ट्रेन के साथ-साथ प्रदेश में करीब 1500 किलोमीटर क्षेत्र में नमो भारत क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) विकसित करने की भी योजना है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय परिवहन को मजबूत करना और विकास केंद्रों को आपस में जोड़ना है।
इस नेटवर्क के जरिए मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, जेवर, मिर्जापुर और वाराणसी को जोड़ने की तैयारी है, जिससे आवागमन आसान और तेज होगा।

Aaj Ka Rashifal 18 December 2025: ग्रहों की चाल बताएगी कैसा रहेगा आपका दिन, जानें मेष से मीन तक का हाल

Aaj Ka Rashifal 18 December 2025: आज ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति कई राशियों के जीवन पर गहरा प्रभाव डालने वाली है। देवगुरु बृहस्पति मिथुन राशि में स्थित हैं, जबकि केतु सिंह राशि में विराजमान हैं। बुध, शुक्र और चंद्रमा की युति वृश्चिक राशि में बन रही है, जो कुछ लोगों के लिए शुभ फल देगी तो कुछ के लिए भावनात्मक उतार-चढ़ाव का कारण बन सकती है।
सूर्य और मंगल धनु राशि में गोचर कर रहे हैं, जिससे करियर, प्रशासन, खेल और प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों से जुड़े जातकों को विशेष लाभ मिल सकता है। वहीं राहु कुंभ और शनि मीन राशि में स्थित हैं। ग्रहों की इस चाल से कुछ राशियों को तरक्की के नए अवसर मिलेंगे, जबकि कुछ को सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का दैनिक राशिफल—

मेष राशि

आज परिस्थितियां आपके पक्ष में नहीं दिख रही हैं। किसी परेशानी में फंसने की आशंका है, इसलिए जोखिम लेने से बचें। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति सकारात्मक है। व्यापार सामान्य से अच्छा रहेगा। उपाय के तौर पर लाल रंग की वस्तु अपने पास रखें।

वृषभ राशि

जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य मिलेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता रहेगी। नौकरी, व्यापार और पारिवारिक जीवन संतोषजनक रहेगा। दिन आनंदमय बीतेगा। लाल वस्तु का दान करना शुभ रहेगा।

मिथुन राशि

आज आप अपने विरोधियों पर विजय पा सकते हैं। ज्ञान और अनुभव में वृद्धि होगी। बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त होगा। कार्यों में थोड़ी बाधाएं आएंगी, लेकिन अंततः सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। लाल वस्तु का दान लाभकारी होगा।

कर्क राशि

भावनाओं पर नियंत्रण रखना जरूरी है। स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव रह सकता है। प्रेम और संतान पक्ष मध्यम रहेगा। व्यापार में स्थिति अनुकूल बनी रहेगी। लाल रंग की वस्तु पास रखना शुभ है।

सिंह राशि

घर-परिवार में तनाव की स्थिति बन सकती है, लेकिन भूमि, भवन या वाहन खरीदने के प्रबल योग हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार से जुड़ी स्थिति मजबूत रहेगी। पीली वस्तु पास रखें।

कन्या राशि

आपका पराक्रम आज सफलता दिलाएगा। रोजगार और करियर में प्रगति के संकेत हैं। परिवार और करीबी लोगों का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार में भी लाभ के योग हैं। नीली वस्तु पास रखें।

तुला राशि

धन आगमन के योग बन रहे हैं। परिवार में वृद्धि या शुभ समाचार मिल सकता है। बचत और निवेश में बढ़ोतरी होगी। आपकी वाणी से काम बनेंगे। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार तीनों पक्ष मजबूत रहेंगे। लाल वस्तु का दान करें।

वृश्चिक राशि

आज आप सौम्यता और सकारात्मकता के प्रतीक बने रहेंगे। स्वास्थ्य बेहतरीन रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार में संतोषजनक स्थिति बनी रहेगी। लाल वस्तु अपने पास रखें।

धनु राशि

सिरदर्द, आंखों से जुड़ी परेशानी और खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है। साझेदारी में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं और मन में अनजाना भय रहेगा। हालांकि प्रेम और संतान का पूरा सहयोग मिलेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि

आय के नए स्रोत बन सकते हैं और पुराने स्रोतों से भी लाभ मिलेगा। यात्रा के योग हैं। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार सभी क्षेत्रों में स्थिति बहुत अच्छी रहेगी। लाल वस्तु का दान शुभ रहेगा।

कुंभ राशि

आज कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है। व्यापार में लाभ और राजनीति से जुड़े लोगों को विशेष फायदा होगा। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यवसाय तीनों पक्ष मजबूत रहेंगे। हरी वस्तु पास रखें।

मीन राशि

भाग्य आज आपका पूरा साथ देगा। यात्रा के योग बन रहे हैं। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति पहले से बेहतर है। व्यापार भी अच्छा चलेगा। लाल वस्तु पास रखें।

Indian Army Internship 2025: भारतीय सेना में हाई-टेक इंटर्नशिप का सुनहरा मौका, रोज 1,000 रुपये स्टाइपेंड

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अगर आप इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी के छात्र हैं और देश सेवा के साथ अत्याधुनिक तकनीकों पर काम करने का सपना देखते हैं, तो भारतीय सेना आपके लिए शानदार अवसर लेकर आई है। सेना ने हाई-टेक इंटर्नशिप प्रोग्राम 2025 (Indian Army Internship Programme – IAIP) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

यह इंटर्नशिप युवाओं को न सिर्फ सेना के अनुशासन और कार्यसंस्कृति से रूबरू कराएगी, बल्कि उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मिलिट्री-ग्रेड सॉफ्टवेयर और उन्नत डिजिटल सिस्टम्स पर काम करने का वास्तविक अनुभव भी देगी।

21 दिसंबर तक करें आवेदन

इस इंटर्नशिप के लिए रजिस्ट्रेशन 12 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुका है। इच्छुक उम्मीदवार 21 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
भारतीय सेना ने बताया है कि यह एक पायलट प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य युवाओं को तकनीक के जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ना है।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस हाई-टेक इंटर्नशिप के लिए सेना ने कड़े शैक्षणिक मानदंड तय किए हैं। आवेदन के लिए पात्र उम्मीदवारों में शामिल हैं-

  • BE / B.Tech (अंतिम वर्ष के छात्र या डिग्री धारक)
  • Computer Science
  • Data Science
  • Information Technology (IT)
  • Electronics & Communication (ECE)
  • M.Tech (AI, Machine Learning, Software Engineering)

  • PhD स्कॉलर (AI, Big Data, DevSecOps जैसे क्षेत्रों में रिसर्च कर रहे)

रोज 1,000 रुपये स्टाइपेंड

यह इंटर्नशिप अनुभव के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी आकर्षक है। चयनित उम्मीदवारों को रोजाना 1,000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। यह प्रोग्राम 75 दिनों का होगा, जो 12 जनवरी 2026 से 27 मार्च 2026 तक चलेगा।

यह भी पढ़े:- एक्सप्रेसवे पर 60 की रफ्तार में चलेंगी गाड़ियां, नियम तोड़ा तो भारी जुर्माना

इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को नई दिल्ली और बेंगलुरु जैसे प्रमुख सैन्य तकनीकी केंद्रों में सेना के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में काम करने का मौका मिलेगा।

भविष्य की टेक्नोलॉजी पर मिलेगा हाथों-हाथ अनुभव

इस इंटर्नशिप का सबसे बड़ा आकर्षण इसका तकनीकी दायरा है। चयनित ट्रेनी को इन क्षेत्रों में प्रैक्टिकल अनुभव मिलेगा-

  • Large Language Models (LLMs)
  • Autonomous Systems
  • Cloud Computing
  • Cyber Security
  • Military-grade Software Development

इसके साथ ही React, Python, Java और Rust जैसी प्रोग्रामिंग लैंग्वेज और फ्रेमवर्क्स पर भी काम करने का अवसर मिलेगा।

करियर और देश सेवा—दोनों का मौका

भारतीय सेना के साथ यह इंटर्नशिप किसी भी सामान्य प्राइवेट इंटर्नशिप से कहीं ज्यादा मूल्यवान मानी जा रही है। इंटर्नशिप पूरी करने पर मिलने वाला आधिकारिक सर्टिफिकेट भविष्य में करियर के कई दरवाजे खोल सकता है और रिज्यूमे को मजबूत बना सकता है।

अगर आप भी इस गौरवपूर्ण और चुनौतीपूर्ण सफर का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो समय रहते भारतीय सेना के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करें। अंतिम तारीख का इंतजार न करें, ताकि तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।

एक्सप्रेसवे पर 60 की रफ्तार में चलेंगी गाड़ियां, नियम तोड़ा तो भारी जुर्माना; मथुरा हादसे के बाद योगी सरकार सख्त

न्यूज़/सर्वोदय न्यूज़:- मथुरा में हुए भीषण सड़क हादसे में 19 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार ने आगरा और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहनों की स्पीड लिमिट घटाने का फैसला किया है, जो अगले दो महीने तक लागू रहेगी।

छोटे और बड़े वाहनों की नई स्पीड लिमिट

अब तक एक्सप्रेसवे पर कार और जीप जैसे छोटे वाहनों को 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति थी, जिसे घटाकर 80 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है।
वहीं बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों की अधिकतम गति 100 किमी प्रति घंटा से घटाकर 60 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। नई गति सीमा का उल्लंघन करने पर 2 हजार से 4 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

दो महीने तक लागू रहेंगी पाबंदियां

सरकार के मुताबिक, यह व्यवस्था फिलहाल दो महीनों के लिए लागू की गई है। जल्द ही प्रदेश सरकार इस संबंध में विस्तृत गाइडलाइंस जारी करेगी, ताकि सभी वाहन चालक नियमों से अवगत हो सकें।

कोहरे में वाहनों की आवाजाही पर रोक

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, अगर विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर के बीच रही तो वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।

यह भी पढ़े:- कैमरे पर नजर, फिर छिपकर कश! लोकसभा में TMC सांसद का वीडियो वायरल

ऐसी स्थिति में गाड़ियों को एक्सप्रेसवे पर बने फैसिलिटी सेंटर पर रोका जाएगा। दृश्यता सामान्य होने के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।

सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम

एक्सप्रेसवे पर यूपीडा के कर्मचारी जगह-जगह तैनात रहेंगे। उनके साथ क्रेन, एम्बुलेंस,और आपातकालीन सहायता दल मौजूद रहेंगे।

टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर के जरिए चालकों को कोहरे की स्थिति और नई गाइडलाइंस की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पुलिसकर्मी भी वाहन चालकों को सतर्क और जागरूक करेंगे।

सरकार का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कोहरे के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए उठाया गया है।

कैमरे पर नजर, फिर छिपकर कश! लोकसभा में TMC सांसद का वीडियो वायरल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- लोकसभा के भीतर कथित तौर पर ई-सिगरेट पीने को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद विवादों में घिर गए हैं। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित शिकायत दिए जाने के बाद अब भाजपा ने सदन के अंदर का एक वीडियो सार्वजनिक किया है, जिसने सियासी हलचल तेज कर दी है।

BJP ने शेयर किया 35 सेकंड का वीडियो

भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर करीब 35 सेकंड का वीडियो साझा किया। वीडियो में TMC सांसद कीर्ति आजाद कथित तौर पर छिपकर ई-सिगरेट की कश लेते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो में देखा जा सकता है कि सांसद पहले कई बार कैमरे की ओर देखते हैं, फिर कुछ सेकंड बाद हाथ को मुंह के पास ले जाकर दोबारा नीचे कर लेते हैं। हालांकि, वीडियो में न तो साफ तौर पर ई-सिगरेट दिख रही है और न ही धुआं नजर आता है।
नोट- यह विडियो अमित मालवीय के एक्स पूर्व ट्विटर पर अपलोड किया गया है | इसकी पुष्टि सर्वोदय न्यूज़ द्वारा नहीं किया जा रहा है |

अमित मालवीय का TMC पर हमला

वीडियो साझा करते हुए अमित मालवीय ने लिखा, “सदन के भीतर वेपिंग करने का आरोप जिस तृणमूल सांसद पर लगा है, वह कोई और नहीं बल्कि कीर्ति आजाद हैं। ऐसे लोगों के लिए नियम-कानून का कोई महत्व नहीं रह जाता। संसद के अंदर हथेली में ई-सिगरेट छिपाने की हिम्मत—यह बेहद गंभीर मामला है।”

यह भी पढ़े:- यूपी में SIR को लेकर सपा की आपत्ति, गलत वोटर लिस्ट अपलोड होने का आरोप; 

उन्होंने आगे कहा, “धूम्रपान भले ही कानूनन अपराध न हो, लेकिन संसद के भीतर इसका इस्तेमाल किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपने सांसद की इस हरकत पर जवाब देना चाहिए।”

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदन की कार्यवाही उस वक्त बाधित हो गई थी, जब भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया था कि एक TMC सांसद कई दिनों से संसद के अंदर ई-सिगरेट पी रहे हैं।
हालांकि, उस समय अनुराग ठाकुर ने किसी सांसद का नाम नहीं लिया था, लेकिन उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए जांच की मांग जरूर की थी। अब सामने आए वीडियो के बाद यह मामला और गरमा गया है और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

यूपी में SIR को लेकर सपा की आपत्ति, गलत वोटर लिस्ट अपलोड होने का आरोप; चुनाव आयोग से की शिकायत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। पार्टी का आरोप है कि कई मतदेय स्थलों पर गलत मतदाता सूची अपलोड की गई है, साथ ही अनुपस्थित, विस्थापित और मृत (ASD) मतदाताओं की सूचियों में भी भारी गड़बड़ी सामने आई है।

सपा ने इन मुद्दों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी से औपचारिक शिकायत की है और मांग की है कि सभी आपत्तियों का तत्काल निपटारा कराया जाए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों के मतदाता आसानी से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सपा नेताओं केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इन गड़बड़ियों पर तुरंत कार्रवाई जरूरी है।

मैनपुरी और अयोध्या में गलत सूची का आरोप

सपा के अनुसार, मैनपुरी जिले के करहल विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थल संख्या 218, 219, 220, 221, 222, 225 और 228 पर 2003 की पुरानी और गलत मतदाता सूची अपलोड कर दी गई है। इससे बीएलओ को मैपिंग में परेशानी हो रही है और सूची में दूसरे मतदेय स्थलों के मतदाताओं का विवरण दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़े:- यूपी में ठंड का असर: इस जिले में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 20 दिसंबर तक बंद

पार्टी का कहना है कि इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
इसी तरह अयोध्या सदर विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 54 पर भी गलत मतदाता सूची अपलोड होने का आरोप लगाया गया है।

ASD सूची को लेकर भी उठाए सवाल

सपा ने बस्ती जिले में ASD सूची की गहन जांच के बाद ही उसे अपलोड करने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने कहा कि प्रयागराज की तर्ज पर सभी जिलों में ASD सूची कारण सहित जारी की जाए, ताकि उसमें नामों की खोज संभव हो सके।

सपा ने यह भी मांग की है कि ASD सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे SIR की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बन सके।

बड़ी संख्या में ‘C श्रेणी’ में जमा हो रहे फॉर्म

सपा का आरोप है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के फॉर्म C श्रेणी में डाले जा रहे हैं। इससे मतदाताओं को अनावश्यक नोटिस भेजे जाएंगे और उनसे दस्तावेज मांगे जाएंगे, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ेगी।

पार्टी ने कहा कि निर्वाचन अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा मतदाताओं को भुगतना पड़ रहा है। सपा ने इस प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।