न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गुरुवार को हुई बैठक में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीश के पदों पर नियुक्ति के लिए पांच वरिष्ठ न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। ये पद सेवानिवृत्ति और स्थानांतरण के कारण आने वाले समय में खाली होने वाले हैं। हालांकि, कॉलेजियम की इन सिफारिशों पर केंद्र सरकार की स्वीकृति अभी लंबित है।
कॉलेजियम के फैसले के मुताबिक, इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की गई है। यह पद मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त होगा।
इसके अलावा, बॉम्बे हाईकोर्ट की न्यायाधीश जस्टिस रेवती पी. मोहिते डेरे को मेघालय हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया है। यह सिफारिश वहां के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश के संभावित स्थानांतरण को देखते हुए की गई है।
कॉलेजियम ने बॉम्बे हाईकोर्ट के ही एक अन्य न्यायाधीश जस्टिस एम.एस. सोनक को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। झारखंड हाईकोर्ट में यह पद मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के 8 जनवरी 2026 को रिटायर होने के बाद खाली होगा।
यह भी पढ़े:- उत्तराखंड में एंट्री पर लगेगा ग्रीन सेस, 80 से 700 रुपये तक चुकाने होंगे शुल्क; पूरी डिटेल यहां
इसी तरह, केरल हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस ए. मुहम्मद मुस्ताक को सिक्किम हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, उड़ीसा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संगम कुमार साहू को पटना हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है।
इसके साथ ही कॉलेजियम ने मेघालय हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सौमेन सेन को केरल हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की भी अनुशंसा की है। यह स्थानांतरण केरल हाईकोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगा।
अब इन सभी सिफारिशों पर अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही लागू हो सकेगा।



