Home Blog Page 161

यूपी में ठंड का असर: इस जिले में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 20 दिसंबर तक बंद, लखनऊ-बाराबंकी में बदला समय

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर अब स्कूली बच्चों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बरेली में अत्यधिक ठंड को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 20 दिसंबर तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि ठंड और कोहरे के कारण जिले में संचालित सभी बोर्डों के कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में 20 दिसंबर तक अवकाश रहेगा।

लखनऊ और बाराबंकी में बदला स्कूलों का समय

बरेली के अलावा सीतापुर, बदायूं और शाहजहांपुर के बाद अब राजधानी लखनऊ और बाराबंकी में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।

  • लखनऊ: जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार अब कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल सुबह 9 बजे से संचालित होंगे। यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी, सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा।

यह भी पढ़े:- पूर्व DGP प्रशांत कुमार बने UP शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष, 3 साल होगा कार्यकाल

  • बाराबंकी: ठंड को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है।

अभिभावकों को मिली राहत

लखनऊ में लगातार बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों को सुबह जल्दी स्कूल जाने में परेशानी हो रही थी। इसे लेकर अभिभावक लंबे समय से स्कूलों का समय बदलने की मांग कर रहे थे। प्रशासन के इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।

जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को इस आदेश का सख्ती से पालन करना होगा

पहले भी बदले जा चुके हैं स्कूलों के समय

इससे पहले बदायूं और सीतापुर में भी कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों का समय बदला जा चुका है। बदायूं में सभी परिषदीय, माध्यमिक और सहायता प्राप्त स्कूल अब सुबह 10 बजे से 3 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। सीतापुर में भी इसी समय सारिणी के तहत स्कूलों का संचालन हो रहा है।

पूर्व DGP प्रशांत कुमार बने UP शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष, 3 साल होगा कार्यकाल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार को आयोग की कमान सौंपी गई है। वे 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं और प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं।

जानकारी के अनुसार, शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष के रूप में प्रशांत कुमार का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा। सरकार के इस फैसले को चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ

प्रशांत कुमार ने उत्तर प्रदेश पुलिस में अपने लंबे सेवाकाल के दौरान कई अहम और संवेदनशील पदों पर काम किया है। कानून-व्यवस्था से लेकर प्रशासनिक प्रबंधन तक उनका अनुभव काफी व्यापक रहा है। ऐसे में आयोग के कामकाज में प्रशासनिक मजबूती और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

सरकार का बड़ा फैसला

प्रदेश सरकार का मानना है कि एक अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति से शिक्षा सेवा चयन आयोग की कार्यप्रणाली और अधिक सशक्त होगी।

यह भी पढ़े:- IND vs SA चौथा T20 रद्द होने की कगार पर? सामने आई कट-ऑफ टाइमिंग

आयोग से जुड़े लंबित मामलों के निपटारे और चयन प्रक्रिया में सुधार की दिशा में यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है।

पवन सिंह चौहान बने लोक लेखा समिति के सदस्य

इसी क्रम में सीतापुर से विधान परिषद सदस्य (MLC) पवन सिंह चौहान को राज्य विधानमंडल की लोक लेखा समिति (PAC) का सदस्य नामित किया गया है। लोक लेखा समिति राज्य की सबसे महत्वपूर्ण वित्तीय समितियों में से एक मानी जाती है।

वित्तीय अनुशासन की अहम जिम्मेदारी

लोक लेखा समिति का काम राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा किए गए खर्च, सार्वजनिक धन के उपयोग और नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) की ऑडिट रिपोर्टों की समीक्षा करना होता है। इसका उद्देश्य वित्तीय पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

समिति का सदस्य बनाए जाने पर एमएलसी पवन सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के प्रति आभार व्यक्त किया है।

IND vs SA चौथा T20 रद्द होने की कगार पर? सामने आई कट-ऑफ टाइमिंग, इतने बजे तक शुरू होना जरूरी

0

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत और साउथ अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। घने कोहरे (धुंध) के चलते अब तक टॉस नहीं हो सका है, जिससे मैच के रद्द होने की आशंका बढ़ गई है।

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दृश्यता बेहद कम है। खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंपायर लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

टॉस और मैच में लगातार देरी

भारतीय समयानुसार मुकाबले का टॉस शाम 6:30 बजे होना था, जबकि मैच की शुरुआत 7 बजे निर्धारित थी। लेकिन धुंध के कारण टॉस में ही देरी हो गई। मैच अधिकारियों ने हालात का जायजा लेने के लिए कई बार निरीक्षण का समय तय किया—

  • पहला निरीक्षण: 6:50 PM
  • दूसरा निरीक्षण: 7:30 PM
  • इसके बाद: 8:00 PM, 8:30 PM
  • ताजा निरीक्षण: 9:00 PM

स्थिति में सुधार न होने से फैंस के बीच यह डर बढ़ गया है कि कहीं यह मुकाबला रद्द न हो जाए।

यह भी पढ़े:- UP में कैबिनेट विस्तार की आहट, मिल सकता है तीसरा डिप्टी सीएम; इन नामों पर चल रही चर्चा

इतने बजे तक शुरू हुआ तो ही होगा मैच

नियमों के मुताबिक, अगर रात 9:46 बजे तक पहली गेंद नहीं डाली जाती, तो IND vs SA चौथा टी20 मैच रद्द घोषित कर दिया जाएगा। अगर ठीक 9:46 PM पर खेल शुरू होता है, तो मुकाबला 5-5 ओवर प्रति टीम का होगा।

सीरीज में भारत को बढ़त

पांच मैचों की टी20 सीरीज के अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया 2-1 से आगे है।

  • पहला टी20 (कटक): भारत ने 101 रन से जीत दर्ज की
  • दूसरा टी20 (न्यू चंडीगढ़): साउथ अफ्रीका ने 51 रन से जीत हासिल की
  • तीसरा टी20 (धर्मशाला): भारत ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया

भारत की नजरें इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बनाने पर थीं, जबकि साउथ अफ्रीका बराबरी के इरादे से मैदान में उतरने वाला था। हालांकि, मौसम ने दोनों टीमों की योजना बिगाड़ दी है।

UP में कैबिनेट विस्तार की आहट, मिल सकता है तीसरा डिप्टी सीएम; इन नामों पर चल रही चर्चा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने के बाद अब योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल में जल्द बड़ा फेरबदल हो सकता है और इस दौरान तीसरे उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति भी संभव मानी जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि इस अहम पद के लिए पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैबिनेट विस्तार में छह तक नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। फिलहाल योगी सरकार में 54 मंत्री हैं, जबकि मंत्रिमंडल की अधिकतम स्वीकृत संख्या 60 है।

कुछ मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी

बताया जा रहा है कि इस विस्तार के दौरान कुछ मौजूदा मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी से बगावत कर चुके नेताओं को भी सरकार में जगह मिलने की चर्चा है। ऐसे दो से तीन नेताओं को मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इन नामों पर चल रहा मंथन

पार्टी सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और नोएडा से विधायक पंकज सिंह को मंत्री बनाए जाने पर गंभीरता से विचार हो रहा है। वहीं, वर्तमान यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को भी एक बार फिर मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

समाजवादी पार्टी के बागी नेताओं में पूजा पाल, मनोज पांडेय और महेंद्र सिंह के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा सहयोगी दलों राष्ट्रीय लोक दल (RLD) और अपना दल को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावना है।

भूपेंद्र चौधरी की कैबिनेट में वापसी तय?

पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब सियासी निगाहें भूपेंद्र चौधरी पर टिकी हैं, जो पश्चिमी यूपी में एक प्रभावशाली जाट नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। इससे पहले वे योगी सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

यह भी पढ़े:पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने CM नीतीश को दी धमकी, कहा–नीतीश माफी मांग लें वरना…,

एक वरिष्ठ बीजेपी नेता के अनुसार, “पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को मंत्रिमंडल में शामिल करना पश्चिमी यूपी के जाट समुदाय को साधने के लिहाज से राजनीतिक रूप से अहम कदम हो सकता है। यह इलाका चुनावी दृष्टि से काफी संवेदनशील है।”

गौरतलब है कि अगस्त 2022 में संगठन में प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले भूपेंद्र चौधरी योगी कैबिनेट में पंचायती राज मंत्री थे।

SC समुदाय से तीसरे डिप्टी CM की अटकलें

नए नियुक्त बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी OBC समुदाय से आते हैं। ऐसे में पार्टी सरकार और संगठन के बीच सामाजिक संतुलन बनाने के लिए अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से किसी बड़े चेहरे को अहम जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है।

फिलहाल योगी सरकार में दो उपमुख्यमंत्री हैं- केशव प्रसाद मौर्य (OBC), बृजेश पाठक (ब्राह्मण) ऐसी अटकलें तेज हैं कि इस संतुलन को मजबूत करने के लिए SC समुदाय से तीसरे डिप्टी सीएम की नियुक्ति की जा सकती है।

पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने CM नीतीश को दी धमकी, कहा–नीतीश माफी मांग लें वरना…,

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद ने अब अंतरराष्ट्रीय मोड़ ले लिया है। इस मामले में पाकिस्तान का कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी भी कूद पड़ा है। उसने एक वीडियो जारी कर सीएम नीतीश कुमार को खुली धमकी दी है और कहा है कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी, तो आगे की जिम्मेदारी उनकी होगी।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, सोमवार को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान यह विवाद सामने आया। मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में आयोजित इस कार्यक्रम में एक हजार से ज्यादा नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे थे।

इसी दौरान जब नवनियुक्त महिला चिकित्सक नुसरत परवीन नियुक्ति पत्र लेने मंच पर पहुंचीं, तो उन्होंने चेहरे पर हिजाब पहन रखा था। इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “ये क्या है?” और कथित तौर पर उनके चेहरे से हिजाब हटा दिया।

वीडियो हुआ वायरल, मचा सियासी बवाल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। महिला चिकित्सक इस घटना से असहज नजर आईं, जिसके बाद वहां मौजूद अधिकारियों ने उन्हें तुरंत मंच से अलग कर दिया।

यह भी पढ़े:- IND vs SA T20: आज इतिहास रच सकती है टीम इंडिया, या फिर 19 दिसंबर तक टलेगा फैसला

इस दौरान मुख्यमंत्री के पास खड़े उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उन्हें रोकने की कोशिश करते नजर आए। मामला सामने आने के बाद विपक्ष ने सरकार पर सवाल खड़े किए।

पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की धमकी

इसी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उसने कहा,
“सबने देखा है कि बिहार में क्या हुआ। एक बड़े पद पर बैठा शख्स एक मुस्लिम महिला के साथ कैसा व्यवहार करता है। बाद में मुझ पर आरोप लगाए जाते हैं। उस व्यक्ति के पास अब भी मौका है कि वह उस महिला और बच्ची से माफी मांगे। अगर आज माफी नहीं मांगी गई, तो जिम्मेदार संस्थानों को कार्रवाई करनी चाहिए। फिर ये मत कहना कि चेतावनी नहीं दी गई थी।”

कौन है शहजाद भट्टी?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहजाद भट्टी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का रहने वाला है और उस पर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगते रहे हैं। सोशल मीडिया पर वह खुद को इस्लाम और पाकिस्तान का सिपाही बताता है और कई बार विवादित बयान देता रहा है।

IND vs SA T20: आज इतिहास रच सकती है टीम इंडिया, या फिर 19 दिसंबर तक टलेगा फैसला

0

IND vs SA 4th T20 Match Preview: टीम इंडिया आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ नया कीर्तिमान रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार, 17 दिसंबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में भारत के पास सीरीज अपने नाम करने का सुनहरा मौका है।

सीरीज जीत से सिर्फ एक कदम दूर भारत

भारतीय टीम इस समय सीरीज में 2-1 से बढ़त बनाए हुए है। अगर टीम इंडिया लखनऊ में यह मुकाबला जीत लेती है, तो न सिर्फ सीरीज 3-1 से अपने नाम करेगी, बल्कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक नया इतिहास भी रच देगी। ऐसा इसलिए क्योंकि अफ्रीकी टीम ने अब तक कभी पांच मैचों की टी20 सीरीज नहीं हारी है।

साउथ अफ्रीका पर पहली बार सीरीज हार का खतरा

दरअसल, साउथ अफ्रीका ने अपने टी20 इंटरनेशनल इतिहास में अब तक केवल दो बार पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने 3-2 से सीरीज जीती थी , भारत के खिलाफ एक सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी |

यह भी पढ़े:- 12वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का दबदबा, रिकॉर्डतोड़ कमाई से इंडस्ट्री हैरान

लेकिन अब पहली बार साउथ अफ्रीका पर पूरी सीरीज हारने का खतरा मंडरा रहा है। अगर भारत लखनऊ या फिर 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला आखिरी टी20 जीतता है, तो यह अफ्रीकी टीम के लिए नया नकारात्मक रिकॉर्ड होगा।

घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरी टी20 सीरीज जीत की दहलीज पर भारत

अगर टीम इंडिया चौथा या पांचवां टी20 जीतने में सफल रहती है, तो यह घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की दूसरी टी20 सीरीज जीत होगी। इससे पहले भारत ने 2022-23 में अफ्रीकी टीम के खिलाफ एक टी20 सीरीज अपने नाम की थी। उससे पहले भारत घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक भी टी20 सीरीज नहीं जीत पाया था।

कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास इतिहास बनाने का मौका

कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया के पास एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करने का मौका है। वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम भी सीरीज में बने रहने के लिए पूरी ताकत लगाएगी, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

हालांकि, लखनऊ की पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद देती है, ऐसे में यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने की संभावना कम मानी जा रही है।

12वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का दबदबा, रिकॉर्डतोड़ कमाई से इंडस्ट्री हैरान

Dhruandhar Box Office Collection Day 12: 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। रिलीज के 12वें दिन भी फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी इस फिल्म ने अब वर्ल्डवाइड कलेक्शन से सभी को चौंका दिया है।

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का परचम

‘धुरंधर’ ने भले ही ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 32 करोड़ की ओपनिंग ली हो, लेकिन कुछ ही दिनों में फिल्म ने 100, 300 और 600 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। खास बात यह है कि वर्किंग डे होने के बावजूद मंगलवार को फिल्म ने शानदार कमाई दर्ज की, जिससे ट्रेड एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं।

यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 17 December: इन 5 राशियों को मिलेगी खुशखबरी, कारोबार में 

सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने मंगलवार को दुनियाभर में 35 करोड़ रुपये की कमाई की। आमतौर पर वीकडेज पर इतनी बड़ी कमाई कर पाना किसी भी हिंदी फिल्म के लिए आसान नहीं होता। इसके साथ ही ‘धुरंधर’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 623.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

12 दिनों में बदला बॉक्स ऑफिस का गणित

अक्सर देखा जाता है कि बड़ी फिल्में भी कुछ हफ्तों बाद बॉक्स ऑफिस पर कमजोर पड़ने लगती हैं, लेकिन ‘धुरंधर’ की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। फिल्म न सिर्फ भारत में, बल्कि ओवरसीज मार्केट में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है।

फिल्म की जबरदस्त सफलता के पीछे सबसे बड़ा कारण इसका लगातार बना हुआ बज और विवादों में बनी चर्चा मानी जा रही है। जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ रही है, दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है, जिसका सीधा असर इसकी कमाई पर दिख रहा है।

इंडिया और ओवरसीज में अब तक का कलेक्शन

  • भारत में नेट कलेक्शन: 411 करोड़
  • भारत में ग्रॉस कलेक्शन: 493.5 करोड़
  • ओवरसीज कलेक्शन: 130 करोड़
  • वर्ल्डवाइड कुल कमाई: 623.5 करोड़

‘धुरंधर’ के आगे बॉक्स ऑफिस पर ‘अखंडा 2’, ‘किस किसको प्यार करूं 2’ और ‘शोले: द फाइनल कट’ जैसी फिल्मों की हालत कमजोर नजर आ रही है।

Aaj Ka Rashifal 17 December: इन 5 राशियों को मिलेगी खुशखबरी, कारोबार में होगा जबरदस्त मुनाफा

Aaj Ka Rashifal 17 December 2025: दैनिक राशिफल की गणना ग्रह-नक्षत्रों की चाल और पंचांग के विश्लेषण के आधार पर की जाती है। बुधवार, 17 दिसंबर को कैसा रहेगा आपका दिन? जानिए मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का विस्तृत भविष्यफल, जिसमें करियर, बिजनेस, धन, प्रेम और पारिवारिक जीवन से जुड़े संकेत दिए गए हैं।

मेष राशि (Aries)

आज आपको किसी भी तरह के जोखिम भरे कार्य से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। प्रेम जीवन में उतार-चढ़ाव रह सकता है, जिससे मन थोड़ा विचलित रहेगा। वाणी पर नियंत्रण रखें और संयम से काम लें। शेयर मार्केट या निवेश से लाभ मिलने के संकेत हैं। कोई पुरानी गलती आपको सीख दे सकती है। सम्मान या उपलब्धि मिलने से मन प्रसन्न रहेगा।

वृषभ राशि (Taurus)

आज आय और खर्च के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। कुछ अनचाहे खर्च सामने आ सकते हैं। वाहन चलाते समय सावधानी रखें, क्योंकि खराबी के कारण अतिरिक्त खर्च हो सकता है। ससुराल पक्ष के सहयोग से किया गया कार्य लाभ देगा। किसी मित्र से मतभेद होने की आशंका है।

मिथुन राशि (Gemini)

दिन सामान्य से बेहतर रहेगा। लंबे समय से अटके काम निपटाने का प्रयास करें। प्रेम संबंधों में भविष्य को लेकर बातचीत हो सकती है। बिजनेस में फिलहाल बदलाव करने से बचें। आय में वृद्धि से खुशी मिलेगी। विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बन सकते हैं और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए समय अनुकूल है।

कर्क राशि (Cancer)

आज का दिन मिला-जुला परिणाम देने वाला रहेगा। किसी भी तरह का जोखिम उठाने से बचें। घर के बुजुर्गों का सहयोग मिलेगा। खोई हुई कोई प्रिय वस्तु मिलने की संभावना है। जीवनसाथी की ओर से कोई सरप्राइज मिल सकता है। खर्च बढ़ने से परेशानी हो सकती है, इसलिए बजट का ध्यान रखें।

सिंह राशि (Leo)

मान-सम्मान में वृद्धि के योग हैं और भाग्य आपका साथ देगा। सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहेंगे। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है। बिजनेस में नई तकनीक या उपकरण जोड़ सकते हैं। दोस्तों का सहयोग मिलेगा और घूमने-फिरने का प्लान बन सकता है।

कन्या राशि (Virgo)

आर्थिक मामलों में दिन बेहद अनुकूल रहेगा। उम्मीद से अधिक लाभ मिलने के योग हैं। पुराने कर्ज को चुकाने में सफलता मिलेगी।  वैवाहिक जीवन की समस्याओं को सुलझाने के लिए संवाद जरूरी होगा। खानपान में लापरवाही से स्वास्थ्य बिगड़ सकता है।

तुला राशि (Libra)

आज का दिन आनंददायक रहेगा, हालांकि भागदौड़ के कारण थकान हो सकती है। परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। धन-धान्य में वृद्धि से प्रसन्नता रहेगी। घर में मेहमानों के आगमन से माहौल खुशनुमा रहेगा। पारिवारिक मामलों में समझदारी दिखाना जरूरी है।

वृश्चिक राशि (Scorpio)

ऊर्जा से भरपूर दिन रहेगा। दान-पुण्य और सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। घर में किसी शुभ या मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। भावनाओं में बहकर निर्णय लेने से बचें और दूसरों के मामलों में हस्तक्षेप न करें। पुरानी गलती से सीख लेने का समय है।

धनु राशि (Sagittarius)

आज सूझबूझ से काम लेना जरूरी होगा। पिता की सलाह लाभकारी साबित हो सकती है। परिवार में किसी सदस्य की सेहत को लेकर चिंता रह सकती है। धार्मिक कार्यों में मन लगेगा। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। बिजनेस में बिना सोचे-समझे निवेश न करें।

मकर राशि (Capricorn)

दिन मिश्रित फल देने वाला रहेगा। कारोबार में उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन समझदारी से काम लेने पर स्थिति संभल जाएगी। पुराना रुका हुआ धन वापस मिलने से राहत मिलेगी। परिवार का पूरा सहयोग मिलेगा और किसी सदस्य को नौकरी से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है।

कुंभ राशि (Aquarius)

आज मानसिक तनाव महसूस हो सकता है। किसी उलझन को समय रहते सुलझाने की कोशिश करें। पारिवारिक मामलों में सतर्कता जरूरी है। आय-व्यय में संतुलन रखें। प्रॉपर्टी से जुड़े कामों में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही निर्णय लें।

मीन राशि (Pisces)

दिन शुभ और सकारात्मक रहेगा। धार्मिक यात्रा की योजना बन सकती है। परिवार और जीवनसाथी के साथ समय बिताने से रिश्ते मजबूत होंगे। सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। करियर में तरक्की के संकेत हैं। नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिल सकती है।

काल बना कुहासा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 5 बसों समेत कई वाहन भिड़े, 10 लोगों की मौत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- घने कोहरे ने मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर कहर बरपा दिया। आगरा से मथुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर माइलस्टोन 127 के पास सुबह करीब 4:30 बजे एक के बाद एक 5 प्राइवेट बसें और कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के तुरंत बाद वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अब भी जले हुए वाहनों के भीतर फंसे हो सकते हैं।

आग इतनी भयानक कि जलकर खाक हो गए वाहन

हादसे के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें दूर तक दिखाई दीं। कई शव पूरी तरह झुलस गए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए गठरी में बांधकर भेजा गया। आग के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से मथुरा की ओर का यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

राहत-बचाव कार्य में जुटा प्रशासन

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले ही अन्य वाहनों को रोक दिया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन के अनुसार, घायलों में से 38 लोगों को जिला अस्पताल, जबकि 9 लोगों को सीएचसी बलदेव में भर्ती कराया गया है। बसों के भीतर किसी के फंसे होने की जांच की जा रही है।

कानपुर से दिल्ली जा रही थीं बसें

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बसें कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही थीं। घना कोहरा हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान

इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है और तत्काल राहत कार्य के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

इसके अलावा, रोडवेज प्रशासन ने भी मुआवजे का ऐलान किया है। रोडवेज बस में सफर कर रहे मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

Aaj Ka Rashifal 16 December 2025: आज इन राशियों को धन–व्यापार में लाभ, भावनाओं में बहकर निर्णय लेने से बचें

Aaj Ka Rashifal 16 December 2025: ग्रहों और नक्षत्रों की चाल के आधार पर दैनिक राशिफल का आकलन किया जाता है। मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को सूर्य का धनु राशि में प्रवेश हो रहा है, जिसे धनु संक्रांति कहा जाता है। ज्योतिषाचार्य नरेंद्र उपाध्याय के अनुसार आज ग्रहों की स्थिति कुछ इस प्रकार है—गुरु मिथुन में, केतु सिंह में, चंद्रमा तुला में, बुध वृश्चिक में, मंगल धनु में, राहु कुंभ में और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। ऐसे में आज का दिन आपकी राशि के लिए क्या संकेत दे रहा है, आइए जानते हैं—

मेष राशि

आज आप प्रसन्नचित्त रहेंगे और दिन आनंद में बीतेगा। नौकरी और कार्यक्षेत्र में स्थिति मजबूत रहेगी। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार सभी पक्ष अनुकूल हैं। काली मां को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सतर्कता जरूरी है। प्रेम जीवन और संतान पक्ष संतोषजनक रहेगा। व्यापार में अच्छा लाभ मिल सकता है। हरे रंग की वस्तु साथ रखना लाभकारी होगा।

मिथुन राशि

विद्यार्थियों के लिए दिन सकारात्मक है, अध्ययन और लेखन कार्य में सफलता मिलेगी। मानसिक चंचलता पर नियंत्रण रखें और भावनाओं में आकर कोई बड़ा फैसला न लें। प्रेम, संतान और व्यापार की स्थिति मजबूत है। काली मां की पूजा शुभ फल देगी।

कर्क राशि

परिवार में मतभेद या तनाव की स्थिति बन सकती है। हालांकि भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि के योग हैं। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान का पक्ष सामान्य रहेगा, जबकि व्यापार अच्छा चलेगा। लाल वस्तु पास रखें।

सिंह राशि

आज आपका साहस और पराक्रम बढ़ा रहेगा, जिसका लाभ आपको व्यवसाय में मिलेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार में संतुलन बना रहेगा। परिवार और अपनों का सहयोग मिलेगा। सफेद वस्तु का दान शुभ रहेगा।

कन्या राशि

धन लाभ के प्रबल योग बन रहे हैं। परिवार में खुशखबरी या विस्तार संभव है। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान का सहयोग मिलेगा। व्यापार में भी लाभ की स्थिति रहेगी। सफेद वस्तु साथ रखना शुभ होगा।

तुला राशि

आज आप आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और हर जगह आपकी सराहना होगी। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार तीनों ही क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। शनिदेव को प्रणाम करना लाभकारी रहेगा।

वृश्चिक राशि

मन कुछ उदास रह सकता है और खर्च बढ़ सकते हैं। आंखों से जुड़ी समस्या या थकान महसूस हो सकती है। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी रखें। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार की स्थिति अच्छी बनी रहेगी। पीली वस्तु पास रखें।

धनु राशि

यात्रा से लाभ मिलने के योग हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और व्यापार में अच्छा मुनाफा होगा। प्रेम और संतान का सहयोग मिलेगा। कुल मिलाकर दिन प्रगति और समृद्धि की ओर ले जाने वाला रहेगा। लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि

कानूनी मामलों या कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है। व्यवसाय में उन्नति के योग हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार सभी पक्ष मजबूत हैं। काली मां को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

कुंभ राशि

भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। रोजगार और करियर में तरक्की के संकेत हैं। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम, संतान और व्यापार में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। काली मां की आराधना शुभ रहेगी।

मीन राशि

आज परिस्थितियां थोड़ी प्रतिकूल रह सकती हैं। चोट लगने या किसी परेशानी में फंसने की आशंका है। सावधानी बरतें। प्रेम और संतान का पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार में स्थिति औसत रहेगी। सफेद वस्तु किसी काली मंदिर में अर्पित करना शुभ होगा।