Home Blog Page 140

ईरान की चेतावनियों से बढ़ा तनाव, मिडिल ईस्ट के सैन्य ठिकानों से अमेरिकी सेना की वापसी शुरू

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्य पूर्व में एक बार फिर युद्ध की आशंका गहराने लगी है। ईरान की ओर से लगातार मिल रही कड़ी धमकियों और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर संभावित हमलों की चेतावनी के बीच अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिका अपने प्रमुख मिडिल ईस्ट बेस से सैनिकों और अन्य कर्मियों को वापस बुला रहा है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिका ने अपने सैन्य और गैर-सैन्य कर्मियों की तैनाती कम करने का फैसला किया है। यह जानकारी उस समय सामने आई, जब एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स से बातचीत में खुलासा किया कि तेहरान ने अमेरिकी सैनिकों की मेजबानी करने वाले पड़ोसी देशों को सख्त चेतावनी दी है।

ईरान का साफ संदेश: हमला हुआ तो जवाबी कार्रवाई

ईरानी अधिकारी के अनुसार, ईरान ने साफ कर दिया है कि यदि अमेरिका ने उस पर हमला किया, तो वह पड़ोसी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा। इस चेतावनी में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और तुर्की जैसे क्षेत्रीय देश भी शामिल हैं।

ईरान पर कई मोर्चों से दबाव

इस समय ईरान अंदरूनी और बाहरी दोनों तरह के संकटों से जूझ रहा है। एक ओर पिछले दो हफ्तों से देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी हैं, तो दूसरी ओर अमेरिका की ओर से लगातार सैन्य कार्रवाई की धमकियां मिल रही हैं। अमेरिकी हमले की आशंका के बीच ईरान ने क्षेत्रीय देशों को पहले ही सतर्क कर दिया है।

प्रदर्शनकारियों पर सख्ती के संकेत

इसी बीच ईरान की न्यायपालिका ने देश में जारी प्रदर्शनों को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। ईरानी न्यायपालिका प्रमुख गुलामहुसैन मोहसेनी-एजेई ने एक वीडियो संदेश में गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों के मामलों में तेज सुनवाई और कड़ी सजा की बात कही है।

ईरानी सरकारी टीवी द्वारा जारी वीडियो में मोहसेनी-एजेई कहते नजर आए कि अगर कोई कार्रवाई करनी है तो उसे तुरंत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो-तीन महीने की देरी का असर नहीं होगा और फैसले समय पर होने चाहिए।

ट्रंप की चेतावनी के बाद बढ़ी तल्खी

ईरानी न्यायपालिका प्रमुख की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक साक्षात्कार में ईरान को चेतावनी दी थी। ट्रंप ने कहा था कि यदि ईरान फांसी जैसी कार्रवाइयों को अंजाम देता है, तो अमेरिका सख्त जवाब देगा।

इन बयानों के बाद दोनों देशों के बीच बयानबाजी और सैन्य तनाव और तेज हो गया है। ऐसे में मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैनिकों की वापसी को संभावित संघर्ष से पहले एहतियाती कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

12वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, 40 साल तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- Rajasthan Government Vacancy 2026 को लेकर 12वीं पास युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजस्थान सरकार ने विभिन्न विभागों में 10,644 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती प्रक्रिया का आयोजन राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) द्वारा किया जाएगा।

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत

नए साल की शुरुआत में राजस्थान के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर आया है। RSSB ने ऐसी भर्तियां निकाली हैं, जिनके लिए उच्च शैक्षणिक डिग्री की आवश्यकता नहीं है। 12वीं पास अभ्यर्थी इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

6 विभागों में होगी 10,644 पदों पर भर्ती

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने लिपिक ग्रेड-II और कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती निकाली है। यह भर्ती प्रदेश के छह विभागों में की जाएगी। कुल 10,644 पदों में सामान्य वर्ग के साथ-साथ आरक्षित वर्गों के लिए भी पद शामिल हैं।

आवेदन की तारीख और संभावित परीक्षा

RSSB के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार 15 जनवरी से 13 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फिलहाल परीक्षा तिथि की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन संभावना है कि 5 और 6 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित की जा सकती है।

क्या है शैक्षणिक योग्यता

इन पदों के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से सीनियर सेकेंडरी (12वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास कंप्यूटर से संबंधित योग्यता भी होनी चाहिए।

यह भी पढ़े:- ‘ये फिल्म यूपी में मत करना…’ सीएम योगी ने फिर ली रवि किशन की चुटकी, मंच पर गूंजे ठहाके

40 साल तक के उम्मीदवार भी पात्र

उम्र सीमा की बात करें तो इन भर्तियों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।

क्यों खास है यह भर्ती

  • 12वीं पास के लिए सीधी सरकारी नौकरी
  • बड़ी संख्या में पद
  • उम्र सीमा 40 वर्ष तक
  • कई विभागों में नियुक्ति का मौका

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बेहतरीन अवसर साबित हो सकती है।

‘ये फिल्म यूपी में मत करना…’ सीएम योगी ने फिर ली रवि किशन की चुटकी, मंच पर गूंजे ठहाके

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर से सांसद व अभिनेता रवि किशन जब भी एक मंच पर नजर आते हैं, माहौल हल्का-फुल्का और खुशनुमा हो ही जाता है। मंगलवार को गोरखपुर महोत्सव के समापन समारोह के दौरान भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने एक बार फिर रवि किशन की मजाकिया अंदाज में चुटकी ली।

सीएम योगी ने मंच से कहा कि रवि किशन और कालीबाड़ी के बाबा की एक नई फिल्म आने वाली है। शूटिंग कहां होगी, यह उन्हें नहीं पता, लेकिन उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि वे चाहेंगे कि यह फिल्म उत्तर प्रदेश में न होकर यूपी के बाहर शूट की जाए। मुख्यमंत्री की इस बात पर पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।

कालीबाड़ी के बाबा पर भी ली चुटकी

मुख्यमंत्री ने हंसी-ठिठोली का सिलसिला यहीं नहीं रोका। उन्होंने कालीबाड़ी के बाबा पर भी मजाक करते हुए कहा कि वे लखनऊ जाकर कुछ ही घंटों में गोरखपुर वापस लौट आते हैं और उन्हें इसकी जानकारी तब मिलती है, जब सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आती हैं। सीएम ने कहा कि तब समझ आता है कि बाबा पूरी ‘जजमानी’ निपटाकर लौट आए हैं। इस टिप्पणी पर खुद रवि किशन और कालीबाड़ी के बाबा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

मोबाइल और तेज रफ्तार पर जताई चिंता

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्मार्टफोन के फायदे गिनाने के साथ-साथ उसके दुष्परिणामों पर भी बात की। उन्होंने सड़क हादसों में बढ़ोतरी के लिए तेज रफ्तार और मोबाइल फोन के इस्तेमाल को जिम्मेदार बताया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से कहा कि वे सांसद रवि किशन की नकल न करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने मजाक में कहा कि यदि जनप्रतिनिधि ही नियम तोड़ेंगे, तो आम लोग क्या सोचेंगे।

कलाकारों और प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच बना गोरखपुर महोत्सव

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव अब कलाकारों और प्रतिभाशाली लोगों के लिए एक बड़ा मंच बन चुका है। खेल, शिक्षा, कला, समाजसेवा और कृषि क्षेत्र से जुड़े जिले की छह विभूतियों को सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

2017 के बाद गोरखपुर में दिखा बड़ा बदलाव

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर माफिया राज, बीमारी और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था। उन्होंने कहा कि मच्छर और माफिया एक-दूसरे के पूरक बन गए थे। न व्यापार सुरक्षित था और न ही आम नागरिक। लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।

विकास की दौड़ में गोरखपुर

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि आज यहां एम्स, खाद कारखाना, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, फोरलेन और सिक्सलेन जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। गोरखपुर से लखनऊ की दूरी अब साढ़े तीन घंटे में तय हो रही है, जबकि अयोध्या अब महज डेढ़ घंटे में पहुंचा जा सकता है।

यह भी पढ़े:- ‘सत्य बोलना, अन्याय का विरोध…’ ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद पीएन पाठक के ट्वीट से 

उन्होंने बताया कि चारों ओर फोरलेन कनेक्टिविटी, बेहतर एयर कनेक्शन और हजारों करोड़ का निवेश हुआ है। बीते आठ वर्षों में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। गोरखपुर में चार विश्वविद्यालय, स्किल डेवलपमेंट सेंटर और अटल आवासीय विद्यालय जैसे संस्थान युवाओं के भविष्य को मजबूत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवर्तन ही खुशहाली का आधार है और आज गोरखपुर न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के विकास की दौड़ में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

‘सत्य बोलना, अन्याय का विरोध…’ ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद पीएन पाठक के ट्वीट से बढ़ी सियासी हलचल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण विधायकों की बैठक बुलाकर सुर्खियों में आए भाजपा विधायक पीएन पाठक एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार वजह उनकी कोई बैठक नहीं, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर किया गया एक ट्वीट है, जिसे सियासी हलकों में अलग-अलग संकेतों के रूप में देखा जा रहा है।

संस्कृत श्लोक और उसके बाद लिखे गए शब्दों ने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। पाठक के इस डिजिटल संदेश को उनके हालिया कदमों से जोड़कर देखा जा रहा है।

संस्कृत श्लोक से की शुरुआत

पीएन पाठक ने अपने ट्वीट की शुरुआत एक संस्कृत श्लोक से की—
“नाऽहं कामये राज्यं, न स्वर्गं, न च पुनर्भवम्।
कामये दुःखतप्तानां, प्राणिनाम् आर्तिनाशनम्।।”

अर्थात, उन्हें न सत्ता की इच्छा है, न स्वर्ग और न मोक्ष की। उनका उद्देश्य केवल पीड़ित और दुखी लोगों के कष्टों का निवारण करना है। इस श्लोक के जरिए पाठक ने यह संदेश देने की कोशिश की कि उनका फोकस व्यक्तिगत लाभ या पद पर नहीं, बल्कि जनकल्याण पर है।

‘अन्याय का प्रतिकार’ पर जोर

ट्वीट के अगले हिस्से में विधायक ने लिखा कि ब्राह्मण का कर्तव्य सत्ता या स्वार्थ नहीं, बल्कि समाज को दिशा देना है। सत्य बोलना, अन्याय के खिलाफ खड़ा होना और लोकहित के लिए निर्भीक रहना ही ब्राह्मणत्व का सार है। उन्होंने इसे सनातन परंपरा का मूल संदेश बताया।

यह भी पढ़े :- अधिकारी के घर के पेड़ से अमरूद तोड़ना पड़ा भारी, सिपाही को मिला नोटिस; जवाब सुन

यही पंक्तियां राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

राजनीतिक संकेतों की तलाश

पीएन पाठक के इस संदेश को हाल ही में हुई ब्राह्मण विधायकों की बैठक से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्वीट उस बैठक को एक वैचारिक आधार देने की कोशिश हो सकता है।

कुछ लोगों का यह भी कहना है कि यह पार्टी नेतृत्व को यह संकेत देने का प्रयास है कि ब्राह्मण समाज और उसके प्रतिनिधि अपनी उपेक्षा को लेकर अब खुलकर बात करना चाहते हैं।

पहले ही बढ़ चुकी है सियासी तपिश

गौरतलब है कि पिछले महीने पीएन पाठक ने करीब एक दर्जन ब्राह्मण विधायकों के साथ बैठक की थी। हालांकि इसे औपचारिक मुलाकात बताया गया था, लेकिन सत्ता के गलियारों में इसे ब्राह्मण लॉबी की सक्रियता के तौर पर देखा गया। इस बैठक को लेकर पार्टी के शीर्ष स्तर से नाराजगी भी सामने आई थी और जातिगत आधार पर इस तरह की गतिविधियों से बचने की नसीहत दी गई थी।

ट्वीट से बढ़ा दबा असंतोष?

अब पाठक के इस ट्वीट को उसी घटनाक्रम की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। ‘निर्भीक होकर अन्याय का प्रतिकार’ जैसे शब्दों को पार्टी के भीतर मौजूद असंतोष की अभिव्यक्ति माना जा रहा है।

कुशीनगर से भाजपा विधायक पीएन पाठक के इस संदेश ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश भाजपा के भीतर ब्राह्मणों की भूमिका, हिस्सेदारी और सम्मान का मुद्दा और मुखर हो सकता है।

अधिकारी के घर के पेड़ से अमरूद तोड़ना पड़ा भारी, सिपाही को मिला नोटिस; जवाब सुन अफसर भी रह गए निरुत्तर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आमतौर पर जब एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) का नाम लिया जाता है तो बाढ़, भूकंप और बड़े हादसों में लोगों की जान बचाते बहादुर जवानों की तस्वीर सामने आती है। लेकिन लखनऊ स्थित एसडीआरएफ की पहली बटालियन इन दिनों किसी रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं, बल्कि एक अमरूद को लेकर सुर्खियों में है।

यहां ड्यूटी के दौरान एक सिपाही द्वारा अधिकारी के आवास में लगे अमरूद के पेड़ से फल तोड़कर खाने का मामला सामने आया, जिसे विभाग ने अनुशासनहीनता मानते हुए सिपाही को लिखित स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर दिया। हालांकि, सिपाही का जवाब ऐसा रहा कि पूरा मामला चर्चा का विषय बन गया।

जनवरी के पहले हफ्ते की है घटना

जानकारी के मुताबिक, जनवरी के पहले सप्ताह में लखनऊ स्थित एसडीआरएफ कार्यालय परिसर में बने कमांडेंट आवास पर एक सिपाही की पहरा ड्यूटी लगी थी। उसी परिसर में अमरूद का एक पेड़ भी मौजूद है। सर्द मौसम और लंबी ड्यूटी के दौरान सिपाही ने पेड़ से एक अमरूद तोड़कर खा लिया।

बताया जा रहा है कि किसी अधिकारी की नजर इस पर पड़ गई, जिसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। यह तय किया गया कि ड्यूटी के दौरान इस तरह फल तोड़कर खाना अनुशासन के दायरे में नहीं आता। इसके बाद पहली बटालियन में तैनात सूबेदार सैन्य नायक की ओर से सिपाही को औपचारिक रूप से नोटिस जारी कर दिया गया।

नोटिस देख सिपाही भी हुआ हैरान

नोटिस मिलने के बाद सिपाही खुद भी चौंक गया। आमतौर पर ऐसे नोटिस गंभीर मामलों—जैसे ड्यूटी से गैरहाजिरी या आदेशों की अवहेलना—में दिए जाते हैं। लेकिन यहां मामला केवल अमरूद खाने का था। फिर भी उससे लिखित जवाब मांगा गया।

पेट दर्द, यूट्यूब और घरेलू नुस्खा

इस पूरे प्रकरण में सबसे दिलचस्प हिस्सा सिपाही का जवाब रहा। उसने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि उस दिन उसे तेज पेट दर्द हो रहा था। छुट्टियां बंद होने के कारण मेडिकल अवकाश लेना संभव नहीं था और ड्यूटी छोड़कर जाना भी मुमकिन नहीं था।

दर्द से राहत पाने के लिए उसने मोबाइल पर यूट्यूब देखा, जहां उसे जानकारी मिली कि अमरूद खाने से पेट दर्द में आराम मिल सकता है। इसी घरेलू उपाय पर भरोसा कर उसने परिसर में लगे पेड़ से अमरूद तोड़कर खा लिया। सिपाही ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका किसी भी तरह से अनुशासन भंग करने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। जवाब के अंत में उसने विनम्रता से माफी मांगते हुए क्षमा का अनुरोध किया।

वरिष्ठ अधिकारी भी पड़े सोच में

जब सिपाही का जवाब अधिकारियों के सामने पहुंचा तो वे भी कुछ समय के लिए असमंजस में पड़ गए। एक ओर नियम और अनुशासन, तो दूसरी ओर एक जवान की मजबूरी और ईमानदार स्वीकारोक्ति। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ स्तर पर विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि मामले को अधिक तूल नहीं दिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, सिपाही को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की हिदायत दी गई और उसे छोड़ दिया गया। इस तरह अमरूद से शुरू हुआ यह मामला अंततः सिपाही के लिए राहत में बदल गया।

‘पहले मैं बाथरूम जाऊंगा…’ मामूली विवाद बना खूनी, सौतेले भाई ने भाई और मां की कर दी हत्या

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़े कभी-कभी खौफनाक अंजाम तक पहुंच जाते हैं। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बाथरूम जाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने सौतेले भाई और मां की निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पहले बाथरूम जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना मड़िहान थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव की है। यहां रहने वाले राहुल गुप्ता और उसका सौतेला भाई आयुष गुप्ता एक ही मकान में रहते थे। मंगलवार तड़के करीब चार बजे दोनों एक साथ उठे और पहले बाथरूम जाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया।

गुस्से में राहुल गुप्ता कमरे के अंदर गया और सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया। इसके बाद उसने अपने सौतेले भाई आयुष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बचाने आई मां को भी नहीं बख्शा

भाई की चीख-पुकार सुनकर 55 वर्षीय सौतेली मां उषा गुप्ता बीच-बचाव के लिए दौड़ीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में मां और बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सबूत मिटाने की कोशिश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपराध छुपाने की कोशिश की। उसने मां के शव को घर के पास स्थित नहर में फेंक दिया, जबकि भाई के शव को सड़क किनारे छोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भाई के शव को कब्जे में ले लिया। नहर में मां के शव की तलाश की गई।

संपत्ति विवाद की भी बात आई सामने

पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार के बीच पहले से ही पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक आयुष गुप्ता अपने परिवार और मां के साथ मकान की निचली मंजिल पर रहता था, जबकि आरोपी राहुल गुप्ता ऊपर की मंजिल पर अकेला रहता था। उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़ चुकी थी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Aaj Ka Rashifal 13 January 2026: जानिए सभी 12 राशियों का हाल, कैसा रहेगा आज का दिन

Aaj Ka Rashifal 13 January 2026:– आज के दिन ग्रह-नक्षत्रों की बात करें तो गुरु मिथुन राशि में विराजमान हैं। केतु का गोचर सिंह राशि में है। चंद्रमा तुला राशि में संचार कर रहे हैं। वहीं बुध और मंगल धनु राशि में स्थित हैं। शुक्र मकर राशि में, राहु कुंभ राशि में और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। आइए जानते हैं आज सभी राशियों का दैनिक राशिफल—
मेष राशि
आज जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। हालांकि दोपहर के बाद परिस्थितियां थोड़ी प्रतिकूल हो सकती हैं। चोट लगने या किसी परेशानी में फंसने की आशंका है, इसलिए सतर्क रहें। प्रेम और संतान से जुड़ी स्थितियां अनुकूल हैं। व्यापार भी अच्छा रहेगा। काली माता का स्मरण करना शुभ फल देगा।
वृषभ राशि
आज का दिन आनंद से भरा रहेगा। स्वास्थ्य में पहले से बेहतर सुधार होगा। प्रेम और संतान पक्ष थोड़ा सामान्य रह सकता है, लेकिन व्यापार के लिहाज से दिन अच्छा है। शनिदेव की पूजा लाभकारी रहेगी।
मिथुन राशि
आज का समय थोड़ा तनावपूर्ण हो सकता है। स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव रहेगा। हालांकि प्रेम जीवन, संतान और व्यापार की स्थिति मजबूत बनी रहेगी। हरे रंग की वस्तु अपने पास रखें।
कर्क राशि
आज भावनाओं पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। गुस्से से बचें। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और व्यापार में लाभ के योग हैं। लाल रंग की वस्तु शुभ रहेगी।
सिंह राशि
घर-परिवार में मतभेद या कलह के संकेत मिल सकते हैं। संयम से काम लें। प्रेम, संतान और व्यापार की स्थिति संतोषजनक है। पीली वस्तु पास रखना लाभकारी होगा।
कन्या राशि
आज आपके साहस और मेहनत का फल मिलेगा। व्यापार में सफलता के योग हैं। नौकरी और रोजगार में उन्नति होगी। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार तीनों ही पक्ष मजबूत रहेंगे। लाल वस्तु का दान करें।
तुला राशि
आज का दिन मिला-जुला लेकिन अनुकूल रहेगा। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार में संतुलन बना रहेगा। धन लाभ के योग हैं और परिवार में खुशखबरी मिल सकती है। लाल वस्तु का दान शुभ रहेगा।
वृश्चिक राशि
शाम के बाद परिस्थितियां आपके पक्ष में होने लगेंगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा। भाग्य का साथ मिलेगा। प्रेम, संतान और व्यापार सभी क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। लाल वस्तु अपने पास रखें।
धनु राशि
आज खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे मन थोड़ा परेशान रहेगा। अनजाना भय भी सताएगा। हालांकि प्रेम, संतान और व्यापार की स्थिति अच्छी बनी रहेगी। लाल रंग की वस्तु शुभ रहेगी।
मकर राशि
आज आय में वृद्धि के संकेत हैं। यात्रा के योग बन सकते हैं। कोई शुभ समाचार मिल सकता है। जीवन आनंदमय रहेगा। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार बेहद अच्छा रहेगा। काली माता का आशीर्वाद लें।
कुंभ राशि
आज कोर्ट-कचहरी या कानूनी मामलों में सफलता मिल सकती है। राजनीति से जुड़े लोगों को लाभ होगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम, संतान और व्यापार में भी अच्छे परिणाम मिलेंगे। हरी वस्तु पास रखें।
मीन राशि
शाम के बाद हालात आपके अनुकूल होने लगेंगे। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान से जुड़ी चिंताएं दूर होंगी। व्यापार में भी लाभ के योग हैं। लाल वस्तु शुभ फल देगी।

60 साल के शख्स से शादी कर ट्रोल हुई 22 साल की इन्फ्लुएंसर, ‘गोल्ड डिगर’ कहे जाने पर दिया करारा जवाब

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सोशल मीडिया पर ‘गोल्ड डिगर’ शब्द अक्सर अपमानजनक संदर्भ में इस्तेमाल किया जाता है। जब किसी महिला के रिश्ते को प्यार की बजाय पैसे से जोड़ दिया जाता है, तो उसे इस टैग के जरिए निशाना बनाया जाता है। हाल ही में इटली की एक युवा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को इसी वजह से भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है।

दरअसल, 22 साल की इटालियन इन्फ्लुएंसर मिनिया पाग्नी ने हाल ही में 60 साल के मास्सिमो से शादी की है। शादी के बाद जैसे ही उनकी तस्वीरें और पोस्ट्स इंस्टाग्राम पर वायरल हुईं, सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ‘गोल्ड डिगर’ कहकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।

हाई स्कूल टीचर से शुरू हुई थी कहानी

मिनिया के अनुसार, उनकी और मास्सिमो की पहली मुलाकात करीब पांच साल पहले हुई थी, जब मास्सिमो उनके हाई स्कूल टीचर थे। उस समय मिनिया को अपने शिक्षक पर क्रश जरूर था, लेकिन दोनों के बीच कोई रिश्ता नहीं था। स्कूल की पढ़ाई पूरी होने के बाद दोनों का संपर्क भी खत्म हो गया।

यह भी पढ़े:- खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी, BSF में खेल कोटे से 549 पदों पर भर्ती; जल्द करें आवेदन

करीब दो साल पहले, एक बुकस्टोर में अचानक दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। बातचीत शुरू हुई, दोस्ती बढ़ी और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया, जो अब शादी तक पहुंच गया।

क्यों पसंद आए मास्सिमो?

मिनिया का कहना है कि वह मास्सिमो की बुद्धिमत्ता, सोच, जीवन मूल्यों और सीखने की जिज्ञासा से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि मास्सिमो की सकारात्मक सोच और बिना किसी पूर्वाग्रह के दुनिया को देखने का नजरिया उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है।

माता-पिता को थी चिंता, बाद में किया समर्थन

मिनिया ने स्वीकार किया कि शुरुआत में उनके माता-पिता को इस रिश्ते को लेकर संदेह था, क्योंकि उम्र का अंतर काफी ज्यादा है। हालांकि, जब उन्होंने देखा कि उनकी बेटी इस रिश्ते में खुश है और खुद को सुरक्षित महसूस करती है, तो उन्होंने इस शादी को स्वीकार कर लिया।

‘गोल्ड डिगर’ कहे जाने पर भड़की इन्फ्लुएंसर

लगातार हो रही ट्रोलिंग पर मिनिया पाग्नी ने खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी महिला के फैसलों को केवल पैसों से जोड़ना समाज की सबसे पुरानी और गलत सोच में से एक है
मिनिया ने कहा कि उनके अपने विचार हैं, अपने लक्ष्य हैं और वह पूरी तरह स्वतंत्र इंसान हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता था कि हर कोई उनके रिश्ते को समझ नहीं पाएगा, लेकिन इतनी तीखी और नकारात्मक प्रतिक्रियाओं की उन्हें उम्मीद नहीं थी। उनके मुताबिक, इस तरह की आलोचना उनके प्यार से ज्यादा समाज की मानसिकता और डर को दर्शाती है

नोट:- यह न्यूज़ गूगल न्यूज़ के आधार अपर लिखी गई गई |

खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी, BSF में खेल कोटे से 549 पदों पर भर्ती; जल्द करें आवेदन

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश के लिए खेल के मैदान में परचम लहराने वाले युवाओं को अब सीमा पर देश की रक्षा करने का भी मौका मिल रहा है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने खेल कोटे के तहत कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के 549 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती उन खिलाड़ियों के लिए है, जिन्होंने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर की मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया हो या पदक जीता हो।

बीएसएफ द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ये नियुक्तियां अस्थायी आधार पर की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इच्छुक उम्मीदवार 15 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट rectt.bsf.gov.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

किन खेलों के लिए कितने पद?

इस भर्ती में कई खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • एथलेटिक्स – 103 पद
  • बॉक्सिंग – 30
  • कुश्ती (फ्री स्टाइल) – 31
  • कुश्ती (ग्रेको रोमन) – 20
  • स्वीमिंग – 31
  • वॉलीबॉल – 29
  • वेटलिफ्टिंग – 24
  • जूडो – 21
  • फुटबॉल – 21
  • क्रॉस कंट्री – 21
  • साइक्लिंग – 16
  • कराटे – 15
  • वुशु – 15
  • हैंडबॉल – 15
  • ताइक्वांडो – 14
  • जिम्नास्टिक – 12
  • हॉकी – 10
  • योगा – 10

पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए पदों का अलग-अलग निर्धारण किया गया है।

योग्यता और खेल उपलब्धियां

इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही, अभ्यर्थी ने ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप, राष्ट्रीय या जूनियर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो या पदक हासिल किया हो।

यह भी पढ़े:- IAF Agniveervayu Recruitment 2027: देश सेवा का सुनहरा मौका, अग्निवीर वायु भर्ती 

बीएसएफ ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी खिलाड़ी ने एक ही प्रतियोगिता में एक से अधिक पदक जीते हैं, तो सर्वोच्च पदक के आधार पर ही मूल्यांकन किया जाएगा।

आयु सीमा और वेतनमान

  • न्यूनतम आयु: 18 वर्ष
  • अधिकतम आयु: 23 वर्ष से कम
  • आयु की गणना: 01 अगस्त 2025 के आधार पर

आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी—

  • SC/ST: 5 वर्ष
  • OBC (नॉन-क्रीमी लेयर): 3 वर्ष

चयनित उम्मीदवारों को ₹21,700 से ₹69,100 तक मासिक वेतन मिलेगा।

चयन प्रक्रिया और शारीरिक मानक

चयन प्रक्रिया में निम्न चरण शामिल होंगे—

  1. शारीरिक मानक परीक्षण (PST)
  2. खेल कौशल परीक्षण
  3. दस्तावेज सत्यापन
  4. चिकित्सा परीक्षण

शारीरिक मानकों के अनुसार—

  • पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई: 170 सेमी
  • महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई: 157 सेमी
  • पुरुषों के लिए सीना: 80 सेमी (5 सेमी फुलाव सहित)

बीएसएफ ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थायी टैटू मान्य नहीं होंगे, हालांकि कुछ विशेष परिस्थितियों में हाथ के अंदर की ओर बने टैटू स्वीकार किए जा सकते हैं।

आवेदन शुल्क और आवेदन प्रक्रिया

  • आवेदन शुल्क: ₹159
  • SC/ST और महिला उम्मीदवारों के लिए: कोई शुल्क नहीं

उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ना होगा। इसके बाद Apply Here लिंक से आवेदन फॉर्म भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और फॉर्म सब्मिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।

कुल मिलाकर, यह भर्ती उन खिलाड़ियों के लिए शानदार अवसर है, जो खेल के साथ-साथ देशसेवा के अपने सपने को भी साकार करना चाहते हैं।

IAF Agniveervayu Recruitment 2027: देश सेवा का सुनहरा मौका, अग्निवीर वायु भर्ती के लिए आवेदन शुरू

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश की सेवा का जज़्बा रखने वाले युवाओं के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) एक बार फिर बड़ा अवसर लेकर आई है। वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत Agniveervayu Intake 01/2027 के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए अविवाहित भारतीय पुरुष और महिला उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 12 जनवरी 2026 सुबह 11 बजे से शुरू होकर 1 फरवरी 2026 रात 11 बजे तक चलेगा। इच्छुक उम्मीदवार केवल वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट iafrecruitment.edcil.co.in के माध्यम से ही आवेदन कर सकेंगे। वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

आयु सीमा और वैवाहिक स्थिति

इस भर्ती में वही उम्मीदवार पात्र होंगे जिनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 2006 से 1 जुलाई 2009 के बीच है। आवेदन के समय अधिकतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में केवल अविवाहित उम्मीदवारों को ही शामिल किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को चार साल की सेवा अवधि के दौरान अविवाहित रहना अनिवार्य होगा। महिला उम्मीदवारों को यह लिखित घोषणा भी देनी होगी कि वे इस अवधि में गर्भवती नहीं होंगी।

शैक्षणिक योग्यता

  • विज्ञान वर्ग (Science) से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा में भौतिकी, गणित और अंग्रेजी विषयों के साथ कुल न्यूनतम 50% अंक और अंग्रेजी में भी 50% अंक होने चाहिए।
  • इंजीनियरिंग डिप्लोमा या निर्धारित वोकेशनल कोर्स करने वाले अभ्यर्थी भी पात्र हैं।
  • गैर-विज्ञान वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 12वीं या समकक्ष परीक्षा में न्यूनतम अंकों की वही शर्त लागू होगी।

तीन चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

IAF Agniveervayu भर्ती 2027 की चयन प्रक्रिया कुल तीन चरणों में पूरी की जाएगी—

  1. ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव परीक्षा (संभावित तिथि: 30 और 31 मार्च 2026)
  2. शारीरिक दक्षता और अनुकूलन परीक्षण
  3. चिकित्सा परीक्षण

ऑनलाइन परीक्षा में प्राप्त नॉर्मलाइज्ड अंकों के आधार पर राज्यवार शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी।

वेतन और सेवा निधि पैकेज

चयनित अग्निवीर वायु को शुरुआत में 30,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा, जिसमें हर वर्ष वृद्धि होगी। चार साल की सेवा पूरी होने पर लगभग 10.04 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज प्रदान किया जाएगा।

यह भी पढ़े:- समंदर में भारत की ताकत कई गुना बढ़ेगी, AIP से लैस पनडुब्बियां भारत के दुश्मनों के

इसके अलावा, वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि हर बैच से अधिकतम 25 प्रतिशत Agniveervayu को उनके प्रदर्शन और संगठन की आवश्यकता के आधार पर स्थायी कैडर में शामिल होने का अवसर मिल सकता है।

दलालों से सावधान रहने की अपील

भारतीय वायुसेना ने उम्मीदवारों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की सख्त चेतावनी दी है। वायुसेना के अनुसार, पूरी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित है। किसी भी एजेंट या बिचौलिए की आवश्यकता नहीं है।

वायुसेना ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें। यह भर्ती युवाओं के लिए न सिर्फ नौकरी, बल्कि अनुशासन, सम्मान और देशसेवा का मजबूत अवसर है।