Home Blog Page 139

नौकरी चोर’ से लेकर ‘वीजा स्कैमर’ तक: अमेरिका में भारतीय बने निशाना, ट्रंप की नीतियों से बिगड़ा माहौल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति के तहत वीजा नियमों में किए गए बदलावों का असर अब भारतीय समुदाय पर साफ तौर पर दिखने लगा है। खासतौर पर H-1B वीजा से जुड़े नए प्रावधानों के बाद अमेरिका में भारतीय प्रोफेशनल्स और भारतीय मूल के उद्यमियों के खिलाफ नफरत और भेदभाव का माहौल बनने की बात सामने आ रही है।

हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, कुशल विदेशी कामगारों के लिए लागू किए गए सख्त नियमों ने भारतीयों को सीधे तौर पर निशाने पर ला दिया है। वीजा नीति में बदलाव के बाद सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भारतीयों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों और आरोपों में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है।

H-1B वीजा नियमों में सख्ती

ट्रंप प्रशासन ने H-1B वीजा के तहत आवेदन शुल्क बढ़ाकर करीब 1 लाख डॉलर कर दिया है। इसके साथ ही चयन की प्रक्रिया को वेतन आधारित बना दिया गया है, जिसमें अधिक सैलरी वाली नौकरियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन का दावा है कि ये कदम अमेरिकी नागरिकों के रोजगार की सुरक्षा के लिए उठाए गए हैं।

इसके अलावा फरवरी से नियम और ज्यादा सख्त होने वाले हैं। अमेरिकी अधिकारी सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले लेवल-4 H-1B आवेदकों को प्राथमिकता देंगे। इससे बड़ी संख्या में विदेशी, खासकर भारतीय कुशल पेशेवरों के लिए अमेरिका में काम करना और मुश्किल हो सकता है।

बड़ी कंपनियां भी रडार पर

फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन नीतिगत बदलावों के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। फेडएक्स, वॉलमार्ट और वेरिजोन जैसी बड़ी अमेरिकी कंपनियों को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है। इन पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि वे गैरकानूनी तरीके से भारतीयों को नौकरियां “बेच” रही हैं।

‘नौकरी चोर’ और ‘वीजा स्कैमर’ जैसे आरोप

एडवोकेसी ग्रुप स्टॉप AAPI हेट और काउंटर टेररिज्म फर्म मूनशॉट के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल नवंबर में दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ हिंसा की धमकियों में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वहीं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर गाली-गलौज और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल में 69 प्रतिशत तक इजाफा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़े:- RBI Vacancy 2026: आरबीआई में 10वीं पास के लिए ऑफिस अटेंडेंट के 572 पदों पर भर्ती

दिसंबर में एक भारतीय कंपनी और उसके शीर्ष अधिकारी को भी सोशल मीडिया पर जमकर निशाना बनाया गया। फेडएक्स के एक क्षतिग्रस्त ट्रक का वीडियो वायरल होने के बाद कंपनी के भारतीय मूल के सीईओ राज सुब्रमणियम पर हमले शुरू हो गए। पोस्ट्स में ‘अमेरिकी कंपनियों पर भारतीय कब्जा रोकने’ जैसी टिप्पणियां की गईं। हालांकि फेडएक्स ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया।

संगठित हमलों की आशंका

इस मुद्दे पर सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ऑर्गनाइज्ड हेट के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राकिब नाइक ने कहा कि कई घटनाएं संगठित कैंपेन का हिस्सा लगती हैं। उनके मुताबिक, खासकर वे भारतीय-अमेरिकी कारोबारी निशाने पर हैं जिन्होंने सरकारी स्मॉल बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन से लोन लिया है।

नाइक ने चेतावनी दी कि अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ भेदभाव तेजी से बढ़ रहा है और उन्हें खुले तौर पर ‘नौकरी चोर’ और ‘वीजा स्कैमर’ जैसे टैग दिए जा रहे हैं। इस माहौल का असर यह भी है कि कई कंपनियों ने समावेशी और विविधता से जुड़ी नीतियों को फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया है।

कुल मिलाकर, ट्रंप प्रशासन की सख्त वीजा नीतियों ने अमेरिका में भारतीय समुदाय के लिए चुनौतियां बढ़ा दी हैं और सामाजिक स्तर पर भी तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।

RBI Vacancy 2026: आरबीआई में 10वीं पास के लिए ऑफिस अटेंडेंट के 572 पदों पर भर्ती, ग्रेजुएट नहीं कर सकेंगे आवेदन

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने ऑफिस अटेंडेंट के कुल 572 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती में 10वीं पास उम्मीदवारों को मौका दिया गया है, जबकि ग्रेजुएट या उससे अधिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे। इच्छुक उम्मीदवार 15 जनवरी 2026 से आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट opportunities.rbi.org.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन 28 फरवरी से 1 मार्च 2026 के बीच प्रस्तावित है। कुल पदों में से 291 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं, जबकि 83 ओबीसी, 51 ईडब्ल्यूएस, 58 एसटी और 89 एससी वर्ग के लिए आरक्षित रखे गए हैं।

आयु सीमा

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है। यानी अभ्यर्थी का जन्म 2 फरवरी 1996 से पहले और 1 फरवरी 2003 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को अधिकतम आयु में 5 वर्ष तथा ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष की छूट मिलेगी।

शैक्षणिक योग्यता

  • उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य है।
  • 1 जनवरी 2026 तक अभ्यर्थी अंडरग्रेजुएट होना चाहिए।
  • ग्रेजुएट या उससे अधिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार इस भर्ती में आवेदन नहीं कर सकते।

राज्यवार पदों का विवरण

  • अहमदाबाद – 29
  • बेंगलुरु – 16
  • भोपाल – 4
  • भुवनेश्वर – 36
  • चंडीगढ़ – 2
  • चेन्नई – 9
  • गुवाहाटी – 52
  • हैदराबाद – 36
  • जयपुर – 42

नोटीफ़िकेशन यहाँ देखे 

  • कानपुर एवं लखनऊ – 125
  • कोलकाता – 90
  • मुंबई – 33
  • नई दिल्ली – 61
  • पटना – 37

वेतनमान

चयनित उम्मीदवारों को ₹24,250/- प्रति माह का प्रारंभिक मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा समय-समय पर लागू होने वाले अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे। वर्तमान में ऑफिस अटेंडेंट पद के लिए मासिक सकल वेतन (HRA के बिना) लगभग ₹46,029/- है।

आवेदन के लिए यहाँ क्लिक करें 

यदि उम्मीदवार बैंक के आवास में नहीं रहते हैं, तो उन्हें वेतन का 15 प्रतिशत हाउस रेंट अलाउंस (HRA) अतिरिक्त रूप से मिलेगा।

चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया में ऑनलाइन लिखित परीक्षा और रीजनल लैंग्वेज टेस्ट शामिल होगा। ऑनलाइन परीक्षा में रीजनिंग, जनरल इंग्लिश, जनरल अवेयरनेस और न्यूमेरिकल एबिलिटी से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे।

यह भी पढ़े:- विराट कोहली की ODI नंबर-1 कुर्सी खतरे में, रोहित नहीं बल्कि यह खिलाड़ी बना सबसे बड़ा दावेदार

कुल 120 प्रश्नों की यह परीक्षा 120 अंकों की होगी और इसके लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को रीजनल लैंग्वेज टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।

आवेदन शुल्क

  • सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए: ₹450
  • एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए: ₹50

जो उम्मीदवार आरबीआई में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं, उनके लिए यह एक अच्छा अवसर है। आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।

विराट कोहली की ODI नंबर-1 कुर्सी खतरे में, रोहित नहीं बल्कि यह खिलाड़ी बना सबसे बड़ा दावेदार

0

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आईसीसी द्वारा बुधवार, 14 जनवरी को जारी की गई ताजा वनडे रैंकिंग में विराट कोहली ने एक बार फिर नंबर-1 बल्लेबाज का ताज हासिल किया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में खेली गई 93 रन की शानदार पारी के दम पर कोहली शीर्ष पर पहुंचे थे। लेकिन महज 24 घंटे के भीतर ही इस ताज पर खतरा मंडराने लगा है।

दरअसल, न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिशेल ने कोहली को कड़ी टक्कर देते हुए नंबर-1 रैंकिंग की मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। पहले वनडे में भारत के खिलाफ 84 रन बनाने वाले मिशेल भी रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़े थे। इस दौरान कोहली और मिशेल दोनों ने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए टॉप-2 में जगह बनाई थी।

रैंकिंग में बेहद कम अंतर

मौजूदा आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग की बात करें तो विराट कोहली 785 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि डेरिल मिशेल 784 अंकों के साथ ठीक उनके पीछे दूसरे नंबर पर काबिज हैं। वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 775 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

दूसरे वनडे में मिशेल का धमाका

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे में डेरिल मिशेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 131 रन जड़ दिए। उनकी इस तूफानी पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से मात दी। इस शतकनुमा पारी के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले हफ्ते जारी होने वाली आईसीसी रैंकिंग में मिशेल, विराट कोहली से नंबर-1 का ताज छीन सकते हैं।

तीसरे वनडे में बदलेगा खेल?

हालांकि भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और आखिरी वनडे रविवार, 18 जनवरी को खेला जाना है। अगर इस मुकाबले में विराट कोहली, डेरिल मिशेल से बेहतर प्रदर्शन करते हैं तो रैंकिंग समीकरण एक बार फिर बदल सकता है।

रोहित शर्मा और शुभमन गिल के पास भी मौका

पहले दो मैचों में अपेक्षाकृत साधारण प्रदर्शन करने वाले रोहित शर्मा के लिए तीसरा वनडे अहम रहेगा। अगर रोहित इस मैच में बड़ी पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाते हैं, तो उन्हें भी रैंकिंग में फायदा हो सकता है।

यह भी पढ़े:- ब्राह्मणों की उम्मीदें होंगी पूरी, क्षत्रिय-यादव समाज के हित का भी वादा, जन्मदिन पर मायावती

वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल फिलहाल 725 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। दूसरे वनडे में गिल ने 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी, जिसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ सकता है। अगर तीसरे वनडे में भी वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो टॉप-4 या टॉप-3 में जगह बना सकते हैं।

अन्य बल्लेबाजों की स्थिति

अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान 764 रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर बने हुए हैं।

केएल राहुल की टॉप-10 में एंट्री संभव

आईसीसी वनडे रैंकिंग में श्रेयस अय्यर फिलहाल 10वें और केएल राहुल 11वें स्थान पर हैं। दूसरे वनडे में राहुल ने शानदार शतक जड़ा था, हालांकि टीम को जीत नहीं दिला सके। इसके बावजूद उनके इस प्रदर्शन का फायदा रैंकिंग में मिल सकता है और वह टॉप-10 बल्लेबाजों में शामिल हो सकते हैं। वहीं श्रेयस अय्यर को अपनी टॉप-10 की जगह बरकरार रखने के लिए तीसरे वनडे में अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी होगा।

ब्राह्मणों की उम्मीदें होंगी पूरी, क्षत्रिय-यादव समाज के हित का भी वादा, जन्मदिन पर मायावती का सियासी दांव

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने 70वें जन्मदिन के मौके पर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नई रणनीति का संकेत देते हुए “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” के नारे को फिर से केंद्र में रखा। इस दौरान उन्होंने ब्राह्मण, क्षत्रिय और यादव समाज को साधने की खुली कोशिश की।

मायावती ने कहा कि यदि बसपा एक बार फिर सत्ता में आती है तो वर्ष 2007 की तरह सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख वोट बैंक माने जाने वाले यादव समाज के कल्याण की भी बात कही।

ब्राह्मण-क्षत्रिय समाज को साधने की कोशिश

मायावती ने हाल ही में हुए शीतकालीन सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज के जनप्रतिनिधियों ने उपेक्षा और उत्पीड़न को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी, कांग्रेस और सपा ब्राह्मण समाज को केवल दिखावटी आयोजनों से बहलाती हैं, जबकि वास्तविक सम्मान बसपा में ही मिलता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बसपा की सरकार बनने पर ब्राह्मण समाज की अपेक्षाएं पूरी होंगी और क्षत्रिय व वैश्य समाज के उत्थान के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

ईवीएम पर फिर जताया अविश्वास

मायावती ने एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर सवाल खड़े किए और कहा कि उन्हें इस व्यवस्था पर भरोसा नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने की अपील की।
इस अवसर पर उन्होंने अपनी आत्मकथा के 21वें संस्करण ‘ब्लू बुक’ का भी विमोचन किया और कहा कि यह पुस्तक पार्टी के संघर्ष और अनुभवों का दस्तावेज है, जो कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक बनेगी।

सपा के ‘PDA’ पर तीखा हमला

मायावती ने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) फार्मूले को दिखावा करार दिया। उन्होंने 1995 के गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि सपा शासन में उन पर जानलेवा हमला कराया गया था।

यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 15 January 2026: ग्रहों की चाल बताएगी आपका भविष्य, जानिए मेष से

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान दलितों पर सबसे अधिक अत्याचार हुए और बसपा संस्थापक कांशीराम के निधन पर भी राजकीय शोक घोषित नहीं किया गया। मायावती ने यह भी कहा कि सपा केवल यादव समाज के एक सीमित वर्ग तक ही सिमट कर रह गई है।

जाट समाज और गन्ना किसानों को भी साधा

पश्चिमी यूपी पर नजर रखते हुए मायावती ने जाट समुदाय और गन्ना किसानों के हितों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के दौरान शिक्षित जाट युवाओं को पुलिस भर्ती में बड़े पैमाने पर अवसर दिए गए थे। सत्ता में लौटने पर जाट समाज और गन्ना किसानों के हितों को फिर प्राथमिकता दी जाएगी।

अन्य प्रमुख दावे

  • मौजूदा सरकारों पर बसपा की पुरानी योजनाओं को नए नाम से लागू करने का आरोप
  • दलितों और पिछड़ों के अधिकारों के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष का संकल्प
  • दलित-पिछड़े महापुरुषों को स्मारक और प्रतिमाओं के जरिए सम्मान देने का दावा

कुल मिलाकर, जन्मदिन के मंच से मायावती ने साफ संकेत दिया कि 2027 के चुनाव में बसपा एक बार फिर सर्वजन राजनीति के सहारे मैदान में उतरने की तैयारी में है।

Aaj Ka Rashifal 15 January 2026: ग्रहों की चाल बताएगी आपका भविष्य, जानिए मेष से मीन तक सभी राशियों का हाल

Aaj Ka Rashifal 15 January 2026: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति हमारे दैनिक जीवन पर प्रभाव डालती है। आज 15 जनवरी, गुरुवार का दिन है। आज के दिन गुरु मिथुन राशि में, केतु सिंह में, चंद्रमा वृश्चिक में विराजमान हैं। वहीं बुध और मंगल धनु राशि में, सूर्य और शुक्र मकर में, राहु कुंभ में तथा शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। इन ग्रहों की चाल से आज का दिन आपकी राशि के लिए कैसा रहेगा, आइए जानते हैं।

मेष राशि

आज परिस्थितियां थोड़ी चुनौतीपूर्ण रह सकती हैं। सेहत को लेकर सतर्क रहें। प्रेम और संतान से जुड़ी बातें सुखद रहेंगी। व्यापार में लाभ के संकेत हैं, लेकिन किसी भी प्रकार का जोखिम लेने से फिलहाल बचें। शनिदेव की आराधना लाभकारी होगी।

वृषभ राशि

आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। जीवनसाथी का साथ मिलेगा और प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ सकती हैं। हालांकि छोटी-सी बात पर विवाद से बचें। व्यापार सामान्य से अच्छा रहेगा। लाल वस्तु का दान शुभ रहेगा।

मिथुन राशि

स्वास्थ्य में सुधार होगा, हालांकि हल्की-फुल्की दिक्कत बनी रह सकती है। प्रेम जीवन और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार में भी स्थिति अनुकूल है। काली मां को प्रणाम करें।

कर्क राशि

प्रेम संबंधों में मतभेद की स्थिति बन सकती है। भावनाओं में बहकर कोई बड़ा फैसला न लें। व्यापार ठीक-ठाक रहेगा। स्वास्थ्य औसत रहेगा। अपने पास लाल वस्तु रखें।

सिंह राशि

परिवार में तनाव के संकेत हैं, लेकिन भूमि, भवन या वाहन की खरीद का योग बन सकता है। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति अच्छी रहेगी। सूर्य को जल अर्पित करना शुभ रहेगा।

कन्या राशि

आज आपका साहस और पराक्रम रंग लाएगा। नौकरी और व्यवसाय में उन्नति के योग हैं। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष भी मजबूत है। व्यापार से विशेष लाभ होगा। लाल वस्तु का दान करें।

तुला राशि

आज धन लाभ के संकेत हैं। परिवार में खुशखबरी मिल सकती है, लेकिन फिलहाल निवेश करने से बचें। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार तीनों ही पक्ष अनुकूल हैं। बजरंगबली की पूजा लाभकारी रहेगी।

वृश्चिक राशि

आज भाग्य आपका पूरा साथ देगा। जरूरी वस्तुएं आसानी से उपलब्ध होंगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। स्वास्थ्य पहले से बेहतर रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार सभी में सफलता मिलेगी। लाल वस्तु पास रखें।

धनु राशि

मन थोड़ा अशांत रह सकता है। खर्चों में वृद्धि होने से चिंता हो सकती है। स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव रहेगा। प्रेम और संतान से सुख मिलेगा। व्यापार की स्थिति अच्छी बनी रहेगी। लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि

आज आय के नए स्रोत बन सकते हैं। पुराने निवेश से भी लाभ मिलने के संकेत हैं। यात्रा के योग हैं। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार तीनों ही क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। काली मां को प्रणाम करें।

कुंभ राशि

कानूनी मामलों में सफलता मिल सकती है। व्यवसाय में उन्नति होगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष भी मजबूत रहेगा। लाल वस्तु का दान शुभ फल देगा।

मीन राशि

भाग्य आपके पक्ष में रहेगा। यात्रा के योग बन रहे हैं। धार्मिक और सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ेगी। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार सभी में अनुकूलता रहेगी। लाल वस्तु पास रखना लाभकारी होगा।

डिस्क्लेमर: यह राशिफल ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। किसी भी बड़े निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

आरएसएस दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार, BJP स्वदेशी करते-करते परदेसी हुई

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वदेशी करते-करते परदेसी बन गई है। चीन से आयात का विरोध करने वाली भाजपा अब चीन के प्रतिनिधि मंडल का स्वागत कर रही है।

अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आरएसएस दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार है। लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना जरूरी है।”

यह भी पढ़े:- हजारीबाग में बम विस्फोट से सनसनी, पति-पत्नी समेत 3 की मौत

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से झूठ बोलती है, वादों को पूरा नहीं करती और मतदाताओं को गुमराह करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ मजबूत करने, वोट बचाने और फार्म-6 के जरिए छूटे मतदाताओं को जोड़ने का निर्देश दिया।

अखिलेश ने भाजपा के वैचारिक नेताओं पर भी तंज कसा। कहा कि चीन के प्रतिनिधि मंडल से उनकी मुलाकात लंबे समय से योजना बनाई गई थी और भाजपा के समर्थकों को बहिष्कार का नाटक दिखाया गया।

कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने पार्टी की आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की और 2027 के चुनाव में कोई चूक न होने की चेतावनी दी। वहीं, जम्मू-कश्मीर और वाराणसी से आए कार्यकर्ताओं ने उन्हें शाल, मफलर और प्रसाद भेंट किया।

हजारीबाग में बम विस्फोट से सनसनी, पति-पत्नी समेत 3 की मौत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- हजारीबाग (झारखंड) हजारीबाग शहर के बड़ा बाजार इलाके में बुधवार शाम एक भयावह बम विस्फोट हुआ। झाड़ी साफ करने के दौरान जमीन में दबा बम फट गया, जिससे पति-पत्नी और एक अन्य महिला की मौत हो गई। यह हादसा साढ़े चार बजे के करीब हुआ।

जमीन में दबा बम फटा कैसे?
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सद्दाम हुसैन अपनी जमीन पर झाड़ी साफ कर रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी नन्ही परवीन और रशीदा परवीन भी मौजूद थीं। जैसे ही कुदाल जमीन पर लगी, दबे बम में जोरदार धमाका हुआ।

यह भी पढ़े:- योगी सरकार का बड़ा कदम: आयुष्मान कार्ड के लिए 90 दिन का विशेष अभियान, अब इन

धमाके में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान

  • मोहम्मद सद्दाम (40), पिता: मोहम्मद यूनुस
  • नन्ही परवीन (32), पति: मोहम्मद सद्दाम
  • रशीदा परवीन (45), पति: मोहम्मद मुश्ताक

पुराना हादसा भी याद दिलाया
हबीबीनगर इलाका पहले भी बम विस्फोट की घटनाओं के लिए जाना जाता है। अप्रैल 2016 में बम बनाते समय हुए विस्फोट में छह लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र को सील कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि बम जमीन में कब और किस उद्देश्य से रखा गया था।

अधिकारियों ने क्या कहा
सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि बड़ा बाजार ओपी पुलिस और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि दूर-दूर तक आवाज सुनाई दी। अधिकारियों ने इलाके में पुलिस बल तैनात कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

योगी सरकार का बड़ा कदम: आयुष्मान कार्ड के लिए 90 दिन का विशेष अभियान, अब इन परिवारों को भी मिलेगा लाभ

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत वंचित रह गए परिवारों और पात्र सदस्यों को जोड़ने के लिए 90 दिन का विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में शत-प्रतिशत पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाना है। इसके साथ ही नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी यूजर आईडी सक्रिय रहें और उनके माध्यम से कार्ड निर्माण का कार्य सुचारू रूप से हो।

बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में कई अहम मुद्दों पर दिशा-निर्देश जारी किए गए।

ई-ऑफिस को लेकर सख्ती, लापरवाही पर हो सकती है कार्रवाई

ई-ऑफिस की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि यह प्रणाली शासन को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई जिलों में ई-ऑफिस लागू होने के बावजूद इसका पूरा उपयोग नहीं हो रहा है। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी कार्यालयों में मैन्युअल व्यवस्था के बजाय ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइलें स्वीकार की जाएं। जरूरत के अनुसार कर्मचारियों को प्रशिक्षण और पुनः प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।

लापरवाह कर्मचारियों का वेतन रोके जाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सभी तहसीलों को एक माह के भीतर ई-ऑफिस से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस को सभी मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) की वार्षिक गोपनीय आख्या में शामिल किया जाएगा। यानी विकास से जुड़े सभी कार्यालयों में इसका अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। ई-ऑफिस का नियमित उपयोग न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन रोका जा सकता है, जबकि अब तक लॉग-इन न करने वाले कर्मियों का वेतन जारी न करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में मुफ्त इलाज

सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए “कैशलेस उपचार योजना” की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि हादसे के बाद के गोल्डन ऑवर में पीड़ितों को समय पर और नि:शुल्क इलाज मिलना बेहद जरूरी है। सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं और प्रशिक्षण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़े:- प्रयागराज माघ मेले में सतुआ बाबा की लग्जरी एंट्री, करोड़ों की Porsche बनी आकर्षण

आपको बतादेंकि  योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए परिवहन विभाग, पुलिस, अस्पतालों और राज्य स्वास्थ्य एजेंसियों के बीच समन्वय पर जोर दिया गया। यह सुविधा आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध होगी।

जिलों और ब्लॉकों में बनेंगे स्थायी हेलीपैड

मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों, तहसील मुख्यालयों और विकास खंड मुख्यालयों पर स्थायी हेलीपैड बनाए जाने का प्रस्ताव है। जहां हेलीपैड उपलब्ध नहीं हैं, वहां एक सप्ताह के भीतर लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। स्थल चयन में उड्डयन मानकों और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

फार्मर आईडी पर जोर, 31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारियों को किसानों की फार्मर आईडी बनाने का काम तेज करने के निर्देश दिए गए। कहा गया कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य है। पीएम किसान योजना के सभी लाभार्थियों की फार्मर आईडी 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से बनवाने के निर्देश दिए गए हैं।

भर्ती परीक्षाओं और यूपी दिवस को लेकर भी निर्देश

मुख्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा उपनिरीक्षक, आरक्षी और होमगार्ड के पदों पर भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। परीक्षा केंद्रों से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां एक सप्ताह के भीतर बोर्ड को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, यूपी दिवस के आयोजन को लेकर उन्होंने कहा कि सभी जिलों में इसका भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाए। जिला स्तरीय समितियां दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारियां करें। कार्यक्रमों में जिले के विकास कार्यों पर आधारित फिल्म दिखाने के साथ-साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

प्रयागराज माघ मेले में सतुआ बाबा की लग्जरी एंट्री, करोड़ों की Porsche बनी आकर्षण

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में आस्था और अध्यात्म के बीच संतों की भव्य जीवनशैली भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हर दिन हजारों श्रद्धालु संगम में स्नान कर रहे हैं, वहीं देशभर से आए साधु-संत भी अपने-अपने अंदाज में लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इसी क्रम में संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा एक बार फिर सुर्खियों में हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सतुआ बाबा के पास लग्जरी गाड़ियों का पूरा काफिला है। लैंड रोवर डिफेंडर समेत कई महंगी गाड़ियों के बाद अब उनके काफिले में एक नई Porsche कार भी शामिल हो गई है, जिसकी कीमत तीन करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। माघ मेला क्षेत्र में इस कार का विधि-विधान से पूजन किया गया, जिसमें कई साधु-संत मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने बाबा का सम्मान भी किया। मेला परिसर में यह कार आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कार पूजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर पहले भी चर्चा में रहे हैं सतुआ बाबा

सतुआ बाबा, जिनका वास्तविक नाम संतोष दास है, जगतगुरु महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर हैं। वे महंगे ब्रांड्स और लग्जरी साधनों के उपयोग के लिए जाने जाते हैं। बताया जाता है कि वे Ray-Ban कंपनी का चश्मा पहनते हैं और डिफेंडर जैसी महंगी गाड़ियों में सफर करते हैं।

लग्जरी पर सवालों का दिया जवाब

न्यूज़ 18 को दिए एक इंटरव्यू में संतों की लग्जरी जीवनशैली पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए सतुआ बाबा ने कहा कि जो लोग इस पर आपत्ति जताते हैं, उन्हें पहले अपने आसपास झांकना चाहिए।

यह भी पढ़े:- ‘हिंदुओं का गला काटने से मिलेगी आज़ादी…’ आतंकी अबू मूसा कश्मीरी का वीडियो वायरल

उन्होंने कहा कि देश में विकास हर क्षेत्र में हो रहा है, चाहे वह समाज हो या आध्यात्मिक जगत। उनके अनुसार, आध्यात्मिक आयोजनों में आधुनिक और उन्नत साधनों का उपयोग भी एक संदेश देता है।

महाकुंभ और माघ मेले में दिख रहा संतों का रईसी अंदाज

जनवरी 2025 में प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ से पहले भी संतों की लग्जरी गाड़ियों को लेकर खूब चर्चा हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य स्वामी वासुदेवानंद के पास दो रोल्स रॉयस कारें हैं, जिनकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जाती है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Sarvoday News (@sarvodaynews)

वहीं, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के पास एक वैनिटी वैन है, जो उन्हें एक उद्योगपति द्वारा भेंट की गई थी। तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य भी महाकुंभ में करीब 50 लाख रुपये की ऑडी कार से पहुंचे थे।

माघ मेले और महाकुंभ में संतों की यह भव्य जीवनशैली अब आस्था के साथ-साथ सार्वजनिक चर्चा का विषय बनती जा रही है।

‘हिंदुओं का गला काटने से मिलेगी आज़ादी…’ आतंकी अबू मूसा कश्मीरी का वीडियो वायरल, जानें कौन है वह

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पड़ोसी देश पाकिस्तान एक बार फिर आतंकवाद को लेकर बेनकाब हुआ है। भारत की बार-बार चेतावनियों के बावजूद पाकिस्तान न सिर्फ आतंकियों को पनाह दे रहा है, बल्कि उन्हें खुलकर भारत के खिलाफ जहर उगलने का मौका भी मिल रहा है। ताजा मामले में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े आतंकी अबू मूसा कश्मीरी का एक भड़काऊ वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुलेआम हिंदुओं की हत्या की धमकी देता नजर आ रहा है।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसमें दिए गए बयान बेहद गंभीर और उकसाने वाले हैं।

PoK से दिया गया भड़काऊ भाषण

बताया जा रहा है कि यह बयान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में दिया गया है। वीडियो में अबू मूसा यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कश्मीर मुद्दे का समाधान बातचीत या भीख से नहीं, बल्कि आतंकवाद और जिहाद से होगा। वह कहता है कि “आजादी हिंदुओं की गर्दन काटने से मिलेगी” और जिहाद का झंडा उठाने की बात करता है।

वीडियो में आतंकी यह भी दावा करता है कि वह इस तरह की बातें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सामने भी कह चुका है।

आतंकी की पहुंच पाक सत्ता तक?

सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, अबू मूसा ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और वरिष्ठ मंत्रियों के समक्ष भी कश्मीर को “जिहाद के जरिए” हल करने की बात कही है। यदि यह दावा सही है, तो यह आतंकियों और पाकिस्तान की सत्ता-व्यवस्था के बीच गहरे संबंधों की ओर इशारा करता है।

हालांकि, हिन्दुस्तान लाइव इस वीडियो या दावों की पुष्टि नहीं करता, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं।

कौन है आतंकी अबू मूसा कश्मीरी?

अबू मूसा कश्मीरी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा एक कुख्यात आतंकी है। वह LeT के सहयोगी संगठन जम्मू-कश्मीर यूनाइटेड मूवमेंट (JKUM) का सीनियर कमांडर बताया जाता है।

यह भी पढ़े:- ईरान की चेतावनियों से बढ़ा तनाव, मिडिल ईस्ट के सैन्य ठिकानों से अमेरिकी सेना की

उसका नाम अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले से भी जोड़ा गया था। सूत्रों के मुताबिक, हमले के दौरान वह आतंकियों को निर्देश दे रहा था। माना जा रहा है कि पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड भी वही था। वह लश्कर के बड़े आतंकी सैफुल्लाह कसूरी का करीबी बताया जाता है।

पाकिस्तानी नेताओं पर भी हमला

अपने भाषण में अबू मूसा ने पाकिस्तानी नेताओं पर भी निशाना साधा। उसने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के नेता इस्लामी सिद्धांतों से भटक चुके हैं और जो जिहाद के लिए प्रतिबद्ध नहीं है, उसे सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। उसने दावा किया कि ऐसे बयान वह पहले भी मुजफ्फराबाद में एक बैठक के दौरान दे चुका है।

भारत की एजेंसियां अलर्ट

इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब हाल ही में LeT के शीर्ष कमांडर अबू कताल की पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

अबू कताल, आतंकी संगठन के संस्थापक हाफिज सईद का करीबी था और जम्मू-कश्मीर में कई बड़े आतंकी हमलों की साजिशों में शामिल रहा है। NIA ने भी राजौरी के ढांगरी गांव में हुए आतंकी हमले की चार्जशीट में उसका नाम शामिल किया है, जिसमें सात निर्दोष लोगों की जान गई थी।

यह पूरा घटनाक्रम एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करता है कि पाकिस्तान की धरती से भारत के खिलाफ आतंक फैलाने की कोशिशें लगातार जारी हैं।