न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश की सेवा का जज़्बा रखने वाले युवाओं के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) एक बार फिर बड़ा अवसर लेकर आई है। वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत Agniveervayu Intake 01/2027 के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए अविवाहित भारतीय पुरुष और महिला उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 12 जनवरी 2026 सुबह 11 बजे से शुरू होकर 1 फरवरी 2026 रात 11 बजे तक चलेगा। इच्छुक उम्मीदवार केवल वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट iafrecruitment.edcil.co.in के माध्यम से ही आवेदन कर सकेंगे। वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आयु सीमा और वैवाहिक स्थिति
इस भर्ती में वही उम्मीदवार पात्र होंगे जिनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 2006 से 1 जुलाई 2009 के बीच है। आवेदन के समय अधिकतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में केवल अविवाहित उम्मीदवारों को ही शामिल किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को चार साल की सेवा अवधि के दौरान अविवाहित रहना अनिवार्य होगा। महिला उम्मीदवारों को यह लिखित घोषणा भी देनी होगी कि वे इस अवधि में गर्भवती नहीं होंगी।
शैक्षणिक योग्यता
- विज्ञान वर्ग (Science) से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा में भौतिकी, गणित और अंग्रेजी विषयों के साथ कुल न्यूनतम 50% अंक और अंग्रेजी में भी 50% अंक होने चाहिए।
- इंजीनियरिंग डिप्लोमा या निर्धारित वोकेशनल कोर्स करने वाले अभ्यर्थी भी पात्र हैं।
- गैर-विज्ञान वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 12वीं या समकक्ष परीक्षा में न्यूनतम अंकों की वही शर्त लागू होगी।
तीन चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
IAF Agniveervayu भर्ती 2027 की चयन प्रक्रिया कुल तीन चरणों में पूरी की जाएगी—
- ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव परीक्षा (संभावित तिथि: 30 और 31 मार्च 2026)
- शारीरिक दक्षता और अनुकूलन परीक्षण
- चिकित्सा परीक्षण
ऑनलाइन परीक्षा में प्राप्त नॉर्मलाइज्ड अंकों के आधार पर राज्यवार शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी।
वेतन और सेवा निधि पैकेज
चयनित अग्निवीर वायु को शुरुआत में 30,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा, जिसमें हर वर्ष वृद्धि होगी। चार साल की सेवा पूरी होने पर लगभग 10.04 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज प्रदान किया जाएगा।
यह भी पढ़े:- समंदर में भारत की ताकत कई गुना बढ़ेगी, AIP से लैस पनडुब्बियां भारत के दुश्मनों के
इसके अलावा, वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि हर बैच से अधिकतम 25 प्रतिशत Agniveervayu को उनके प्रदर्शन और संगठन की आवश्यकता के आधार पर स्थायी कैडर में शामिल होने का अवसर मिल सकता है।
दलालों से सावधान रहने की अपील
भारतीय वायुसेना ने उम्मीदवारों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की सख्त चेतावनी दी है। वायुसेना के अनुसार, पूरी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित है। किसी भी एजेंट या बिचौलिए की आवश्यकता नहीं है।
वायुसेना ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें। यह भर्ती युवाओं के लिए न सिर्फ नौकरी, बल्कि अनुशासन, सम्मान और देशसेवा का मजबूत अवसर है।



