Home Blog Page 100

Aaj Ka Rashifal 2 March 2026: जानिए आज का दिन किस राशि के लिए रहेगा शुभ, किसे बरतनी होगी सावधानी

Aaj Ka Rashifal 2 March 2026- सोमवार का दिन ग्रह-नक्षत्रों की खास स्थिति लेकर आया है। आज गुरु मिथुन राशि में विराजमान हैं। सूर्योदय के समय चंद्रमा कर्क राशि में रहेंगे और बाद में सिंह राशि में प्रवेश कर केतु के साथ युति करेंगे, जिससे दिन का समय थोड़ा मिश्रित प्रभाव वाला रहेगा। सूर्य, बुध, मंगल और राहु कुंभ राशि में स्थित हैं। वहीं शुक्र मीन राशि में उच्च के होकर शनि के साथ संयोग बना रहे हैं, जो दांपत्य जीवन, प्रेम संबंधों और सुख-सुविधाओं के लिए सकारात्मक संकेत दे रहा है। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का हाल—

मेष राशि

मेष राशि के जातकों को आज भावनाओं में बहकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचना चाहिए। विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति रह सकती है। प्रेम संबंधों में तकरार के संकेत हैं। बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। फैशन या दिखावे पर अधिक खर्च से आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। दिन थोड़ा अशांत रह सकता है। मां काली की पूजा करना शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

स्वास्थ्य में सुधार के संकेत हैं। आय के नए स्रोत बन सकते हैं और यात्रा के योग भी बन रहे हैं, जो सुखद रहेंगे। हालांकि घरेलू विवाद या भूमि-भवन-वाहन से जुड़े मामलों में मतभेद संभव है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। भगवान गणेश की आराधना लाभदायक होगी।

मिथुन राशि

नाक, कान और गले से जुड़ी समस्या हो सकती है। व्यापारिक स्थिति में पहले से सुधार है। प्रेम और संतान पक्ष बेहतर रहेगा। शुक्र के राशि परिवर्तन का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। मां काली की उपासना शुभ रहेगी।

कर्क राशि

धन हानि के संकेत हैं, इसलिए आज निवेश करने से बचें। मुख या दांत संबंधी समस्या हो सकती है। दांपत्य जीवन में सुधार रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष पहले से बेहतर है। व्यापार सामान्य रहेगा। भगवान शिव का जलाभिषेक करना लाभकारी होगा।

सिंह राशि

स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। खर्चों में वृद्धि और मानसिक चिंता परेशान कर सकती है। दांपत्य जीवन में सावधानी रखें और रिश्तों में भ्रम से बचें। पेट संबंधी दिक्कत संभव है। शनि देव की पूजा करना शुभ रहेगा।

कन्या राशि

आय के नए अवसर मिलेंगे, हालांकि कुछ व्यवधान भी बने रह सकते हैं। यात्रा से लाभ होगा। प्रेम और संतान पक्ष बेहतर है। व्यापार सामान्य रहेगा। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। हरी वस्तु पास रखना शुभ माना गया है।

तुला राशि

तुला राशि के लिए दिन मिलाजुला लेकिन लाभकारी रहेगा। कोर्ट-कचहरी के मामलों में राहत मिल सकती है। यात्रा में विवाद या भ्रम की स्थिति बन सकती है। आय में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन अंततः लाभ होगा। स्वास्थ्य और प्रेम पक्ष सामान्य है। शनि देव की आराधना शुभ फल देगी।

वृश्चिक राशि

न्यायालय से जुड़े मामलों से दूरी बनाकर रखें। पिता के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। व्यापार में कुछ व्यवधान रहेगा, लेकिन परिणाम सकारात्मक रहेंगे। प्रेम और संतान पक्ष में सुधार है। पीली वस्तु पास रखना लाभकारी होगा।

धनु राशि

परिस्थितियां अनुकूल होती नजर आ रही हैं। पुराने विवाद सुलझने की दिशा में बढ़ेंगे। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम, संतान और व्यापार के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। बजरंग बली की पूजा करना शुभ रहेगा।

मकर राशि

सावधानी बरतने की आवश्यकता है। चोट या किसी आकस्मिक परेशानी की आशंका है। परिस्थितियां अस्थायी रूप से प्रतिकूल हो सकती हैं। प्रेम और संतान पक्ष में सुधार रहेगा, व्यापार भी ठीक रहेगा। मां काली की उपासना लाभकारी होगी।

कुंभ राशि

मानसिक बेचैनी और घबराहट के बीच धन लाभ के योग बन रहे हैं। दांपत्य जीवन में सुधार होगा और मन प्रसन्न रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार पक्ष सामान्य है। सूर्य को जल अर्पित करना शुभ रहेगा।

मीन राशि

आज सतर्कता जरूरी है। शत्रु पक्ष सक्रिय रह सकता है। कार्यक्षेत्र में दबदबा बना रहेगा, लेकिन व्यवधान अधिक रहेंगे। प्रेम और संतान पक्ष मध्यम रहेगा। व्यापार में भी सामान्य स्थिति रहेगी। मां काली को सफेद वस्तु अर्पित करना शुभ माना गया है।

दुबई–अबू धाबी पर हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात की कड़ी चेतावनी, बढ़ेगा टकराव?

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुबई और अबू धाबी समेत खाड़ी क्षेत्र में हुए हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने ईरान को खुली चेतावनी दी है। क्षेत्र में हालात उस समय और बिगड़ गए जब अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खामेनेई की मौत की घोषणा करते हुए ईरान में सत्ता परिवर्तन की अपील की। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, साथ ही खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

दुबई, दोहा और मनामा में धमाके

रविवार को दुबई, दोहा और मनामा में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाम जुमेराह और बुर्ज अल अरब जैसे प्रतिष्ठित स्थलों को भी नुकसान पहुंचा।

यूएई की ईरान को चेतावनी

यूएई के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार अनवर गरगाश ने कहा कि ईरान की आक्रामक कार्रवाई “गलत अनुमान” साबित हुई है और इससे वह और अधिक अलग-थलग पड़ सकता है। उन्होंने ईरान से अपील की कि वह अपने पड़ोसियों को निशाना न बनाए और समझदारी से काम ले।

गरगाश ने कहा, “आपका युद्ध अपने पड़ोसियों के साथ नहीं है। तनाव बढ़ाने से पहले तर्क और जिम्मेदारी की ओर लौटें।”

क्यों बढ़ा टकराव?

शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त अभियान में तेहरान सहित कई रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेना के अनुसार हमलों में Islamic Revolutionary Guard Corps के कमांड सेंटर, हवाई रक्षा प्रणाली, मिसाइल और ड्रोन लॉन्च साइट्स तथा सैन्य हवाई अड्डे शामिल थे।

हमले ऐसे समय हुए जब तेहरान और वॉशिंगटन के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर वार्ता जारी थी। इसके बाद ईरान ने बहरीन, कुवैत, कतर और यूएई में अमेरिकी ठिकानों पर पलटवार किया।

क्षेत्रीय युद्ध का खतरा

लगातार दूसरे दिन खाड़ी देशों में विस्फोटों की खबरों से आशंका जताई जा रही है कि यह संघर्ष लंबा खिंच सकता है। एयरस्पेस बंद होने और रणनीतिक ठिकानों पर हमलों ने पूरे मिडिल ईस्ट को अस्थिर कर दिया है।

विश्लेषकों का मानना है कि यदि कूटनीतिक प्रयास तेज नहीं हुए तो यह टकराव व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है।

बेसिक सैलरी में 50% डीए का मर्जर? 8वें वेतन आयोग पर बड़ा अपडेट

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की सिफारिशों के लागू होने का इंतजार जारी है। हालांकि आयोग की रिपोर्ट सरकार को सौंपने में अभी 18–20 महीने लग सकते हैं, लेकिन कर्मचारियों और उनके संगठनों ने अंतरिम राहत की मांग कर दी है।

FNPO ने भेजा पत्र

फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशन (FNPO) ने चेयरपर्सन जस्टिस रंजना प्रकाश देसई को पत्र लिखकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को 50% महंगाई भत्ता (DA) का बेसिक सैलरी और पेंशन में विलय करने की मांग की है।

FNPO के महासचिव शिवाजी वासिरेड्डी के अनुसार लगातार बढ़ती महंगाई और वास्तविक वेतन में गिरावट को देखते हुए यह कदम बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि DA का सीधे जीवन-यापन लागत से संबंध है और इसका विलय कर्मचारियों को तुरंत आर्थिक राहत देगा।

महंगाई और DA का महत्व

वासिरेड्डी ने पत्र में बताया कि बीते वर्षों में महंगाई के कारण DA में लगातार बढ़ोतरी हुई है। आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में वृद्धि ने कर्मचारियों के घरेलू बजट पर दबाव डाला है। उन्होंने कहा कि 50% DA का बेसिक सैलरी में विलय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहतकारी साबित होगा।

8वें वेतन आयोग की स्थिति

  • जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग का गठन किया गया।
  • फरवरी 2026 में आयोग की वेबसाइट लॉन्च की गई, जहां हितधारकों से सुझाव मांगे जा रहे हैं।
  • रिपोर्ट सरकार को लगभग 18 महीने में सौंपने की संभावना है।
  • आयोग की सिफारिशें लागू होने के बाद सरकार तय करेगी कि उन्हें अक्षरश: लागू करना है या नहीं।

कर्मचारी संगठन का कहना है कि आयोग की अंतिम सिफारिशों के लागू होने में समय लगेगा, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई के मद्देनजर 50% DA का बेसिक में मर्जर अंतरिम राहत के रूप में तुरंत लागू किया जाना चाहिए।

इजरायल-ईरान जंग के बीच पीएम मोदी ने बुलाई CCS बैठक,मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मिडिल ईस्ट में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग पूरे क्षेत्र में फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसी स्थिति के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में कैबिनेट सुरक्षा समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी अपने दो दिवसीय दौरे के बाद रात में दिल्ली पहुंचेंगे और बैठक में मुख्य रूप से इजरायल, ईरान और अमेरिका के बीच हालिया घटनाक्रम और मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर चर्चा करेंगे।

ईरान और अन्य देशों में फंसे भारतीय

ईरान में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र और आम लोग मौजूद हैं। वर्तमान में पूरे क्षेत्र का एयर स्पेस बंद है, जिसके कारण हजारों भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने नागरिकों के लिए नई एडवायजरी जारी की है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार ईरान में लगभग 10,000 भारतीय और मिडिल ईस्ट के अन्य देशों में करीब 96 लाख भारतीय रहते हैं।

पीएम मोदी की हालिया इजरायल यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी 25-26 जनवरी को इजरायल की यात्रा पर गए थे। इस दौरान उन्होंने इजरायली कैबिनेट को संबोधित किया और भारत-इजरायल के 16 समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें एआई, डिफेंस, कृषि, ऊर्जा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान शामिल हैं। मोदी को इजरायली संसद में स्टैंडिंग ओवेशन भी मिला।

भारत का रुख और कूटनीतिक प्रयास

भारत ने हालिया घटनाक्रम पर गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और इजरायल के विदेश मंत्री गिदेओन से बातचीत की। उन्होंने तनाव कम करने के लिए संवाद और कूटनीति पर जोर दिया और सभी पक्षों से संयम बरतने का आह्वान किया।

सीएम योगी ने दिया होली पर्व पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- प्रदेश में होली पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत 2 से 4 मार्च तक पूरे प्रदेश की ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता और सैनिटाइजेशन अभियान चलेगा। सीएम योगी ने अफसरों को त्योहार को लेकर सफाई व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत सभी डीएम और सीडीओ मॉनिटरिंग करेंगे।

सफाई के साथ फॉगिंग व एंटी लार्वा छिड़काव भी

इस अभियान के तहत ग्रामीण इलाकों में कार्यक्रम स्थलों, घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और स्नान स्थलों की सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और अपशिष्ट निस्तारण जैसे कार्य किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि होलिकोत्सव से पहले और बाद दोनों अवधि में कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए।

जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की जाएगी सुनिश्चित

पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने कहा है कि कार्यक्रम सम्पन्न होने के उपरांत सभी अपशिष्ट पदार्थों का समुचित निपटान किया जाए। ग्राम पंचायतों में निर्मित रूरल रिसोर्स सेंटर पर समस्त कचरा एकत्र किया जाए। जलभराव वाले स्थलों की पहचान कर स्थायी उपायों के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव हो सके।

स्थानीय ग्राम पंचायतों को सौंपी गई जिम्मेदारी

सभी जिला पंचायतीराज अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नदी-तालाबों या सरोवरों के घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुरक्षा इंतजाम की जिम्मेदारी भी स्थानीय ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। इस पूरे अभियान की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।

नरेंद्र मोदी को हटाना और केजरीवाल को सत्ता में लाना भी देशभक्ति; जंतर-मंतर से मनीष सिसोदिया का पीएम पर हमला

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- दिल्ली शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को आरोपमुक्त किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में जंतर-मंतर पर आयोजित सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।

सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम “काजल की कोठरी से बेदाग बाहर निकली है” और इसी साहस को सलाम करने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक जंतर-मंतर पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश अब केजरीवाल और आप को “कट्टर ईमानदार” मानता है।

प्रधानमंत्री पर सीधा निशाना

अपने संबोधन में सिसोदिया ने कहा कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री नहीं चाहिए जो जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर सत्ता में बने रहने की कोशिश करे। उन्होंने विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।

उन्होंने मंच से अपील करते हुए कहा कि “नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना देशभक्ति है और ईमानदार अरविंद केजरीवाल को सत्ता में लाना भी देशभक्ति है।”

‘देशभक्ति का नया अर्थ’

सिसोदिया ने कहा कि देश को एक शिक्षित, ईमानदार और दूरदर्शी नेतृत्व की जरूरत है, जो स्कूल, अस्पताल, रोजगार और व्यापार की बात करे। उन्होंने कहा कि अब हर देशभक्त का सपना होना चाहिए कि केजरीवाल को राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व का मौका मिले।

निजी पृष्ठभूमि का जिक्र

अपने संबोधन में सिसोदिया ने अपने पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि उनके दादा फौज में थे, पिता शिक्षक और नाना स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने कहा कि उनके भीतर देशभक्ति की भावना बचपन से रही है और केजरीवाल ने उस भावना को दिशा दी।

उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और युवाओं को रोजगार देना ही सच्ची देशभक्ति है, लेकिन अब समय आ गया है कि “देश को नरेंद्र मोदी से मुक्त कराना भी देशभक्ति का हिस्सा है।” सभा के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

होली के मौके पर करोड़ों लोगों के लिए है बड़ा तोहफा, फ्री में एलपीजी सिलेंडर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- होली के अवसर पर उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को बड़ा तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के रूप में 1,500 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस राशि से लाभार्थी होली से पहले या बाद में अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।

राज्य सरकार ने रिफिल सब्सिडी योजना की शुरुआत 2022 में की थी। इसके तहत होली और दिवाली पर पात्र परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है।

उज्ज्वला योजना क्या है?

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) की शुरुआत मई 2016 में की गई थी। इस योजना का उद्देश्य देशभर के गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को बिना सुरक्षा जमा के एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना है।

देश में अब तक लगभग 10.50 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरकार ने 25 लाख अतिरिक्त एलपीजी कनेक्शन को मंजूरी दी है।

एलपीजी को अधिक किफायती बनाने के लिए मई 2022 में प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी शुरू की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

उज्ज्वला योजना में नामांकन के लिए निम्न दस्तावेज आवश्यक हैं:

  • आधार कार्ड
  • राशन कार्ड
  • पता प्रमाण
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • बैंक खाता विवरण

आवेदन प्रक्रिया में ऑनलाइन फॉर्म भरकर तेल कंपनी का चयन करना होता है, जैसे:

  • इंडेन
  • भारतगैस
  • एचपी गैस

इसके बाद राज्य, जिला, वितरक, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी विवरण भरकर आवेदन सबमिट किया जाता है।

एलपीजी सिलेंडर के ताजा दाम

होली से पहले 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत 1,768.50 रुपये हो गई है, जो मार्च 2025 के बाद का उच्चतम स्तर है।

हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 8 अप्रैल 2025 के बाद से कोई बदलाव नहीं हुआ है। वर्तमान में कीमतें इस प्रकार हैं:

  • दिल्ली – ₹853
  • कोलकाता – ₹879
  • मुंबई – ₹852.50
  • चेन्नई – ₹868.50

सरकार की इस पहल से प्रदेश के करोड़ों परिवारों को त्योहार पर राहत मिलने की उम्मीद है।

अयोध्या में सेवा और संस्कार को समर्पित प्रेरक आयोजन, सुशील चतुर्वेदी ने मनाया अनोखा जन्मदिवस

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:– धर्मनगरी अयोध्या में समाजसेवी सुशील चतुर्वेदी ने अपना जन्मदिवस सेवा और संस्कार को समर्पित करते हुए एक प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर जरूरतमंद बच्चों को पुस्तकें, कॉपियां और वस्त्र वितरित किए गए। बच्चों की मुस्कान और अभिभावकों की भावुक प्रतिक्रियाओं ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुशील चतुर्वेदी ने कहा, “जन्मदिन तभी सार्थक है जब वह किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए। शिक्षा और संस्कार ही समाज की असली ताकत हैं।” उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने का संदेश दिया।

मीडिया व अतिथियों का सम्मान

कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों और अतिथियों को भगवान श्रीराम दरबार की पावन तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि अयोध्या मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन भूमि है और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

गणमान्य लोगों की उपस्थिति

कार्यक्रम में अरविंद पाठक, संजय, राहुल यादव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सुशील चतुर्वेदी की पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

निरंतर सेवा का अभियान

सुशील चतुर्वेदी लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और युवाओं में राष्ट्रभावना जागरण जैसे अभियान संचालित होते रहे हैं।

उन्हें उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए “नेशनल समाजसेवी अवार्ड” से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वे राष्ट्रीय रक्षा हिंदू परिषद के प्रदेश धर्म प्रचारक प्रभारी (उत्तर प्रदेश) तथा ब्रेन कुंडली संस्थान के प्रदेश मैनेजर (उत्तर प्रदेश) के रूप में दायित्व निभा रहे हैं।

समाज के नाम संदेश

अपने जन्मदिवस पर उन्होंने कहा, “मेरा जन्मदिन उत्सव नहीं, सेवा का संकल्प है। जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति खुशहाल नहीं होगा, हमारा प्रयास जारी रहेगा।” उन्होंने युवाओं से राष्ट्र सेवा, नशामुक्ति, सामाजिक एकता और संस्कृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके दीर्घायु और निरंतर समाजसेवा की कामना की। अयोध्या में आयोजित यह आयोजन सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।

अयोध्या में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज़, सुरेश यादव ने किया उद्घाटन

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अयोध्या के प्रसिद्ध राजा दशरथ समाधि स्थल पर आज एक भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी संस्थान अयोध्या धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इससे पहले सुरेश यादव ने समाधि स्थल स्थित मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थल पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र में भाईचारे और एकता को बढ़ावा देता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजकों और सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

पहले मुकाबले में अयोध्या और पूरा बाजार की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया। आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी संदीपदास जी महाराज और सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार मांझी ने सुरेश यादव का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

इस अवसर पर अर्जुन, राम सिंह, सोमई निषाद, दुर्गेश मांझी, उत्तम मांझी, विनय मांझी, पंकज सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

तेहरान में सिलसिलेवार धमाके, इजरायल बोला– ‘शहर के केंद्र को बना रहे निशाना’

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- ईरान की राजधानी तेहरान में रविवार को एक के बाद एक कई धमाके हुए। इजरायल ने दावा किया है कि वह राजधानी के केंद्रीय हिस्सों में मौजूद रणनीतिक ठिकानों को निशाना बना रहा है। यह घटनाक्रम ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हवाई हमले में मौत की खबरों के बाद तेजी से बदला है।

इजरायली सेना Israel Defense Forces (IDF) ने बयान जारी कर कहा कि उसकी कार्रवाई “तेहरान के बीचों-बीच ईरानी शासन से जुड़े ठिकानों” पर केंद्रित है। सेना के अनुसार, पिछले 24 घंटों में इजरायली एयर फोर्स ने हवाई बढ़त हासिल करने और तेहरान तक ऑपरेशनल पहुंच बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर हमले किए।

खाड़ी देशों तक तनाव की आंच

इससे पहले ईरान ने खामेनेई की हत्या का बदला लेने की कसम खाते हुए इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल हमले किए। बहरीन, कतर और अबू धाबी, दुबई समेत कई स्थानों पर मिसाइल दागे जाने की खबरें सामने आईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हमलों के बाद आसमान में धुएं के गुबार दिखाई दिए।

वहीं तेहरान में हुए ताजा धमाकों के बाद भी शहर के कई हिस्सों में घना धुआं देखा गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हमला उस इलाके के आसपास हुआ जहां देश का पुलिस मुख्यालय और सरकारी टेलीविजन केंद्र स्थित है, हालांकि आधिकारिक तौर पर टारगेट की पुष्टि नहीं हुई है।

ट्रंप की चेतावनी

इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संभावित जवाबी कार्रवाई को लेकर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यदि तनाव बढ़ाया गया तो अमेरिका अभूतपूर्व ताकत से जवाब देगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालिया एयरस्ट्राइक में ईरान की डिफेंस काउंसिल की बैठक को भी निशाना बनाया गया, जिसमें सेना प्रमुख, रक्षा मंत्री और Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) के प्रमुख सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मारे जाने की बात कही जा रही है।

नेतृत्व पर संवैधानिक प्रक्रिया

ईरान के वरिष्ठ नेता अली लारीजानी ने कहा है कि खामेनेई की ‘शहादत’ के बाद देश संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 110 के तहत, स्थायी उत्तराधिकारी चुने जाने तक राष्ट्रपति, न्यायपालिका प्रमुख और एक्सपीडिएंसी डिस्कर्नमेंट काउंसिल द्वारा नामित एक सदस्य अंतरिम रूप से नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।

लारीजानी ने यह भी कहा कि अंतरिम नेतृत्व परिषद के गठन की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी गई है।

मध्य पूर्व में तेजी से बदलते हालात के बीच क्षेत्रीय तनाव चरम पर पहुंच गया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब संभावित अगले कदमों पर टिकी हैं।