यूपी के यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के 9 ठिकानों पर ईडी की रेड, लग्जरी कारें जब्त; करोड़ों की संपत्ति की जांच

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के चर्चित यूट्यूबर और फैंटेसी क्रिकेट एक्सपर्ट अनुराग द्विवेदी के खिलाफ अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने सोमवार को दिल्ली, मुंबई, सूरत, लखनऊ और वाराणसी में उनके 9 ठिकानों पर छापेमारी की और दो महंगी लग्जरी कारें — लैंड रोवर डिफेंडर और बीएमडब्ल्यू जेड-4 — जब्त की।

ईडी के अनुसार, इससे पहले दिसंबर के तीसरे सप्ताह में हुई कार्रवाई में लेम्बॉर्गिनी उरुस, मर्सिडीज, फोर्ड एंडेवर और महिंद्रा थार समेत चार और लग्जरी गाड़ियां और 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।

अनुराग द्विवेदी फिलहाल दुबई में रह रहे हैं और कई समन जारी होने के बावजूद जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए हैं। यह मामला पश्चिम बंगाल पुलिस की एफआईआर पर आधारित है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध सट्टेबाजी के आरोप लगाए गए हैं।

जांच के दौरान यह सामने आया है कि द्विवेदी ने सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) से संचालित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म का प्रचार किया और हवाला व म्यूल खातों के जरिए अपराध की कमाई हासिल की। ईडी का दावा है कि इसी पैसे से उन्होंने दुबई में अचल संपत्ति खरीदी। छापेमारी के दौरान दुबई में रियल एस्टेट निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए।

यह भी पढ़े:- निकोलस मादुरो मैनहट्टन कोर्ट में पेश, कैदियों वाला जंपसूट पहन लंगड़ाते नजर आए

ईडी ने अब तक करीब तीन करोड़ रुपये की एफडी, बीमा पॉलिसियां और बैंक जमा भी जब्त की हैं। इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अगस्त 2025 में कोलकाता की विशेष पीएमएलए अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई थी। ईडी पहले ही 27 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज और अटैच कर चुकी है।

छोटे गांव से दिल्ली तक की चमकी किस्मत

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनुराग द्विवेदी का बचपन उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के एक छोटे गांव में बीता। पढ़ाई-लिखाई में दिलचस्पी न होने के बावजूद क्रिकेट और फैंटेसी क्रिकेट में उनकी पकड़ अच्छी रही। उन्होंने दिल्ली में अपने करियर की शुरुआत की और बड़े पैमाने पर दौलत और शोहरत कमाई।

उनकी दुबई में भव्य शादी और लग्जरी लाइफस्टाइल चर्चा में रही। रिश्तेदारों को दुबई घुमाने जैसी गतिविधियों ने उनकी प्रसिद्धि और भी बढ़ा दी। लेकिन ईडी की कार्रवाई ने इस चमक के पीछे की अवैध कमाई और सट्टेबाजी से जुड़े विवाद को उजागर कर दिया है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles