न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को संबोधित करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया। इस संदेश में उन्होंने युद्ध से प्रभावित यूक्रेनी नागरिकों का हौसला बढ़ाया और सभी से एकजुट रहने की अपील की। राष्ट्रपति ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए शांति और एकता पर जोर दिया।
हालांकि, जेलेंस्की का यह वीडियो संदेश अपने भावनात्मक अंदाज के साथ-साथ एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर सांता क्लॉज से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नाश की इच्छा जताई।
क्रिसमस की पूर्व संध्या पर पोस्ट किए गए वीडियो में जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन को गहरे जख्म दिए हैं, लेकिन वह उन मूल्यों को खत्म नहीं कर सका है जो सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेनियों के दिल, आपसी विश्वास और राष्ट्रीय एकता पर कब्जा नहीं कर सकता।
Merry Christmas! pic.twitter.com/okj9Yr1bFe
— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) December 24, 2025
रूसी राष्ट्रपति का नाम सीधे तौर पर लिए बिना जेलेंस्की ने कहा, “आज हम सभी एक ही सपना देखते हैं और एक ही इच्छा रखते हैं—‘उसका अंत हो’। यह भावना हर किसी के मन में हो सकती है। लेकिन जब हम ईश्वर की ओर देखते हैं, तो हम उससे कुछ बड़ा मांगते हैं—यूक्रेन के लिए शांति।” उन्होंने कहा कि यूक्रेन इस शांति के लिए संघर्ष भी कर रहा है और प्रार्थना भी।
युद्ध खत्म करने की योजना पर भी बोले जेलेंस्की
इससे पहले जेलेंस्की ने पत्रकारों के साथ बातचीत में अमेरिका के सहयोग से तैयार की गई 20-सूत्रीय शांति योजना का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत यूक्रेन अपने पूर्वी क्षेत्रों से सैनिकों को वापस बुलाने को तैयार है, लेकिन यह कदम तभी उठाया जाएगा जब रूस भी अपनी सेनाएं पीछे हटाएगा।
यह भी पढ़े:- मायावती के भतीजे आकाश आनंद के घर गूंजी किलकारी, बसपा सुप्रीमो ने दी खुशखबरी
गौरतलब है कि यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर जेलेंस्की के बयान अक्सर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनते रहे हैं, और क्रिसमस पर जारी यह संदेश भी उसी कड़ी में देखा जा रहा है।



