न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम लखनऊ स्थित जनभवन पहुंचकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राज्य में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार अब बेहद करीब माना जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि रविवार या सोमवार को नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार योगी मंत्रिमंडल में करीब छह नए चेहरों को शामिल किए जाने की तैयारी है। जिनमेपूजा पाल, मनोज पांडेय, सुरेंद्र दिलेर और भूपेंद्र चौधरी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, कृष्णा पासवान, संतोष सिंह, हंसराज विश्वकर्मा और आशा मौर्य हैं | हालांकि अभी तक किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई नेताओं के नाम चर्चा में बने हुए हैं।
माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी के तहत कुछ नए चेहरों को सरकार में शामिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़े: लखनऊ में पल्लवी पटेल ने इंजन पर चढ़कर रोकी ट्रेन; UGC नियम लागू करने की मांग तेज
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि चुनाव नजदीक होने के कारण पार्टी फिलहाल बड़े बदलाव से बचना चाहती है। इसलिए किसी मौजूदा मंत्री को हटाने या विभागों में बड़े फेरबदल की संभावना कम मानी जा रही है।
भाजपा नेतृत्व का फोकस फिलहाल संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर है, ताकि चुनाव से पहले कोई नाराजगी सामने न आए।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल की मुलाकात के बाद राजधानी लखनऊ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई संभावित नेताओं के लखनऊ पहुंचने की भी चर्चा है। अब सभी की नजरें मंत्रिमंडल विस्तार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।


