न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चल रही अटकलों के बीच वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। हालांकि इस भेंट को औपचारिक और पहले से निर्धारित बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे बदलते समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया जा सकता है। इस पद की दौड़ में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई नाम चर्चा में हैं।
हाल ही में भाजपा ने प्रांतीय परिषद के सदस्यों की सूची जारी की थी, जिसके बाद से संगठनात्मक बदलावों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि भूपेंद्र चौधरी ने पीएम मोदी से मुलाकात में प्रदेश की संगठनात्मक स्थिति और हालिया गतिविधियों की जानकारी साझा की।
कौन होंगे वोटर?
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए अब केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल के कार्यक्रम का इंतजार है। तय प्रक्रिया के अनुसार प्रांतीय परिषद सदस्य, भाजपा के कुल विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की संख्या का 10% तथा यूपी से चुने गए लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की संख्या का 10% इस चुनाव में वोटर होंगे।
यह भी पढ़े:- अभिनेता राव रणविजय के निर्देशन में भोजपुरी फिल्म ‘हालात’ की शूटिंग शुरू
वर्तमान में भाजपा के पास यूपी में 258 विधायक, 79 एमएलसी, 33 लोकसभा सांसद और 24 राज्यसभा सांसद हैं।
OBC चेहरे पर भाजपा का फोकस
सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस बार प्रदेश अध्यक्ष पद पर ओबीसी समुदाय के चेहरे को आगे करने पर विचार कर रही है। पार्टी इसे विपक्ष के पीडीए (PDA) फार्मूले के जवाब के रूप में देख रही है।
दावेदारों में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और धर्मपाल सिंह के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद भी चर्चा में शामिल हैं।
सूत्र यह भी बताते हैं कि पार्टी का एक प्रमुख नेता अपने वर्तमान पद पर रहते हुए ही प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के लिए इच्छुक है।



