लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश से फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त रुख में नजर आए हैं। उन्होंने राज्य के सभी जिलाधिकारियों (DM) को तुरंत फील्ड में उतरकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और किसानों को समय पर राहत पहुंचाने के लिए तेजी से काम करने को कहा है।
नुकसान का जल्द आकलन करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में बारिश से हुई फसल क्षति का त्वरित सर्वे कराया जाए और वास्तविक स्थिति का आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि-राजस्व विभाग,कृषि विभाग एवं बीमा कंपनियां मिलकर संयुक्त सर्वे करें, ताकि किसानों को जल्द मुआवजा मिल सके।
मुआवजा देने में न हो देरी
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फसल नुकसान का आकलन होते ही मुआवजा प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भुगतान समयबद्ध तरीके से किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साथ ही प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को फील्ड अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
“किसानों के साथ खड़ी है सरकार”
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
फसल नुकसान की सूचना के लिए हेल्पलाइन
सरकार ने किसानों के लिए फसल नुकसान की जानकारी देने हेतु टोल-फ्री नंबर भी जारी किया है—
- 14447 (KRPH)
- व्हाट्सएप: 7065514447
- Crop Insurance App
- आधिकारिक वेबसाइट: pmfby.gov.in
इन माध्यमों से किसान तुरंत अपनी फसल क्षति की जानकारी दर्ज करा सकते हैं और बीमा योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



