न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) में पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन की बेटी की शादी के न्योते को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है। दिग्गज नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी और आपसी आरोप-प्रत्यारोप के बाद पार्टी ने सख्त रुख अपनाया है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक मामला पहुंचने के बाद ही संगठन स्तर पर फटकार लगाई गई, जिसके बाद जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने कड़ा बयान जारी किया।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं, चुनाव पर फोकस करें नेता
सपा जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आपसी बयानबाजी छोड़कर आगामी विधानसभा चुनाव और एसआईआर जैसे अहम संगठनात्मक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करें। साथ ही अधिक से अधिक वोटर जोड़ने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का निर्देश दिया।
सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप पर चेतावनी
जयवीर यादव ने कहा कि फेसबुक, व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी नेताओं द्वारा सस्ती लोकप्रियता के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगाना, अभद्र भाषा का प्रयोग करना पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है और यह गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई शिकायत है तो उसे संगठन के माध्यम से जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष या राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचाया जाए। अन्यथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टर, बैनर और फ्लैक्सी को लेकर भी जारी हुई गाइडलाइन
पार्टी जिलाध्यक्ष ने जिले में लगाए जाने वाले पोस्टर, बैनर, फ्लैक्सी और अन्य प्रचार सामग्री को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रचार से जुड़ी किसी भी सामग्री में जनपद के सांसद और विधायक का फोटो लगाना अनिवार्य होगा। बिना तय मानकों के लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग्स पर कार्रवाई की जा सकती है।
डॉ. एसटी हसन का जवाब – मुझसे मोहब्बत करने वाले जरूर पहुंचे
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि उन्होंने बेटी की शादी में सभी राजनीतिक दलों के लोगों को आमंत्रित किया था। उन्होंने साफ किया कि उनसे प्रेम और सम्मान रखने वाले लोग बेटी को आशीर्वाद देने जरूर पहुंचे।
यह भी पढ़े:- 300+ रन चेज कर भारत ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली बनी दुनिया की पहली टीम
डॉ. हसन ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी निमंत्रण भेजा गया था, जिसका उत्तर पत्र के माध्यम से प्राप्त हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में उनके एकमात्र नेता अखिलेश यादव हैं।
भाजपा नेताओं को बुलाने पर उठे थे सवाल
गौरतलब है कि मुरादाबाद सपा सांसद रुचिवीरा ने डॉ. एसटी हसन की बेटी की शादी में भाजपा नेताओं को बुलाने और उन्हें आमंत्रित न किए जाने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इसे पूर्व सांसद की राजनीतिक सोच से जोड़ते हुए तीखी टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।



