न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई को एक और बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई टीम ने मुजफ्फरनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली-दून हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा से आरोपी राजकुमार सिंह को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी हरिद्वार से अपने परिवार के साथ लौट रहा था।
कोर्ट में पेशी के बाद दिल्ली रवाना हुई CBI टीम
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम आरोपी को छपार थाने लेकर पहुंची, जहां उससे कई घंटों तक पूछताछ की गई। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सीबीआई टीम आरोपी को अपने साथ दिल्ली ले गई।
यह भी पढ़े: देश की पहली बुलेट ट्रेन की नई झलक आई सामने, रेल मंत्रालय में लगाई गई तस्वीर से बढ़ा उत्साह
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी राजकुमार सिंह बलिया जिले के रातोपुर चिलकाहार क्षेत्र का रहने वाला है। कार्रवाई का नेतृत्व सीबीआई के डीएसपी राजेश कुमार सिंह कर रहे थे। आरोपी के साथ मौजूद परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
छह मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद छह मई को शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बाद में जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी गई।
इस मामले में जांच एजेंसी अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को भी हिरासत में लिया जा चुका है। यूपी और बिहार से अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अयोध्या से भी पकड़ा गया था एक आरोपी
करीब एक सप्ताह पहले इस मामले में बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया था। पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ ने अयोध्या पुलिस की मदद से यह कार्रवाई की थी। बताया गया था कि आरोपी अपनी मां के साथ राम मंदिर दर्शन के लिए अयोध्या आया था। दर्शन के बाद लौटते समय संयुक्त पुलिस टीम ने उसे हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया था।



