न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों और महिलाओं को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली राशि को बढ़ाकर 9,000 रुपये सालाना कर दिया जाएगा। अभी इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं।
किसानों के लिए बड़ा वादा
बनगांव में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर किसानों की आर्थिक मदद को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर किसानों को अतिरिक्त राहत दी जाएगी।
महिलाओं के लिए योजनाओं की घोषणा
प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए ‘लखपति दीदी’ अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बंगाल की लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, ताकि वे सालाना एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर सकें।
यह भी पढ़े:राघव चड्ढा समेत सभी 7 की जाएगी सांसदी; किन आधार पर संजय सिंह ने किया ऐसा दावा?
इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए 20 लाख रुपये तक का मुद्रा लोन दिया जाएगा। बैंक गारंटी की समस्या को देखते हुए सरकार खुद इसकी जिम्मेदारी लेने की बात भी कही गई।
आर्थिक सहायता और अन्य लाभ
पीएम मोदी ने बताया कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 36,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो पांच साल में कुल 1.8 लाख रुपये तक पहुंचेगी। वहीं बेटियों की शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की मदद देने का भी वादा किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का घर बनाने के लिए करीब 1.5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसमें घर महिलाओं के नाम पर होगा।
बिजली और स्वास्थ्य पर भी फोकस
प्रधानमंत्री ने बिजली बिल कम करने के लिए हर परिवार को सोलर प्लांट लगाने पर 80,000 रुपये की मदद देने की बात कही। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी, जिससे लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सकेगा।
चुनावी रैली में किए गए इन वादों को भाजपा ने राज्य में विकास और कल्याण की दिशा में बड़ा कदम बताया है।



