न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब Pawan Hans का एक हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के तुरंत बाद समुद्र में गिर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक हेलिकॉप्टर ने निर्धारित हेलीपैड से टेकऑफ किया था, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के बीच संतुलन बिगड़ गया और वह समुद्र में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, तटरक्षक बल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया और सभी सातों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह भी पढ़े:- यौन शोषण केस: एफआईआर और कोर्ट आदेश में सबूतों का उल्लेख नहीं, बोले अविमुक्तेश्वरानंद के
अधिकारियों ने बताया कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि एहतियात के तौर पर सभी को मेडिकल जांच के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हेलिकॉप्टर किस कारण समुद्र में गिरा, इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और संबंधित एजेंसियां तकनीकी पहलुओं की जांच करेंगी।
फिलहाल हादसे के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन ने कहा है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।



