उत्तर रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में किया शानदार कार्य

सर्वोदय/नई दिल्ली:-  उत्तर रेलवे के निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान आधारभूत ढाँचे के विकास में शानदार प्रगति दिखाई है। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि इस वर्ष कुल 92.551 किलोमीटर नई रेल लाइनें चालू की गईं। इनमें USBRL प्रोजेक्ट के अहम हिस्से शामिल हैं।

इस परियोजना के तहत 46 किलोमीटर लंबा संगलदान-रियासी सेक्शन का निरीक्षण 1 जुलाई 2024 को रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा किया गया। इसके साथ ही 17 किलोमीटर लंबा katda सेक्शन का निरीक्षण 7 और 8 जनवरी 2025 को हुआ। देवबन्द–रुड़की लाइन (29.551 किलोमीटर) का CRS निरीक्षण 29 मार्च 2025 को सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

डबलिंग कार्यों में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई, जहाँ 129.865 किलोमीटर में काम पूरा हुआ। इसमें से 19 किलोमीटर का निर्माण और 110.865 किलोमीटर का कमीशनिंग हुआ। प्रमुख उपलब्धियों में राजपुरा–बठिण्डा रूट पर 31.23 किलोमीटर का कमीशनिंग (मई 2024) और जंघई–फाफा मऊ प्रोजेक्ट शामिल हैं। लुधियाना–बद्दोवाल और लुधियाना–गिल्ल के बीच स्पीड ट्रायल भी नवंबर 2024 और मार्च 2025 में सफलतापूर्वक किए गए। मार्च 2025 में जंघई–प्रतापगढ़–अमेठी डबलिंग के 23.715 किलोमीटर का कार्य पूरा हुआ।

महाप्रबंधक ने बताया कि वर्ष 2024-25 में कुल 26 नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य पूरे किए गए। इनसे नई लाइनों, डबलिंग और ट्रैफिक सुविधाओं में सुधार हुआ। कई स्टेशनों पर अतिरिक्त दिशा वाली और लंबी लूप लाइनें, अयोध्या कैंट और रोजा यार्ड का पुनः निर्माण तथा जम्मू, शाहगंज, पलवल और रुड़की में नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य किए गए।

सड़क यातायात को बेहतर बनाने के लिए 17 रोड ओवर ब्रिज (ROB) और 50 लिमिटेड हाइट सबवे (LHS)/रोड अंडर ब्रिज (RUB) पूरे किए गए। ट्रैक नवीनीकरण के तहत उतरेटिया–आलमनगर बाईपास पर 17 किलोमीटर का थ्रू फिटिंग ट्रैक रिन्यूअल (TFTR) पूरा हुआ।

रेलवे वर्कशॉप्स में भी विकास हुआ। रायबरेली में 26 कोच वॉशिंग और सिक्स लाइन सुविधाएँ पूरी की गईं। कालका में ब्रॉड गेज वॉशिंग लाइन का विस्तार किया गया। साथ ही, नई दिल्ली के तिलक ब्रिज पर ऑफिसर्स रेस्ट हाउस में दो ब्लॉक और लखनऊ में लोको पायलटों और गार्ड्स के लिए एक नया रनिंग रूम बनाया गया, जिसमें 125 दो-बिस्तरों वाले कमरे हैं।

ये सभी उपलब्धियाँ उत्तर रेलवे की आधारभूत ढाँचे को मज़बूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उक्त जानकरी हिमांशु शेखर उपाध्याय मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे नई दिल्ली ने दी |

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles