Ram Navami पर UP में हाई अलर्ट: संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से होगी निगरानी; चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

सर्वोदय/लखनऊ:- रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी जिलों में अलर्ट किया गया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने यातायात प्रबंधों को लेकर भी विस्तृत निर्देश दिए हैं। अयोध्या में अत्यधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के साथ ही भीड़ प्रबंधन व पार्किंग व्यवस्था को लेकर पूरी मुस्तैदी बरते जाने का निर्देश गये हैं।

अयोध्या के अलावा अन्य जिलों में प्रसिद्ध देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को  देखते हुए प्रवेश द्वार पर भीड़ नियंत्रण व चेकिंग की व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया गया है। सभी संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी भी की जाएगी।

मंदिरों में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगी। डीजीपी ने कहा है कि जुलूस व शोभा यात्रा के साथ बॉक्स फार्मेट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।

डीजीपी ने कहा है कि बीते वर्षो में हुए विवादों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। शांति समितियों, कार्यक्रम आयोजकों व धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।वरिष्ठ अधिकारी भ्रमणशील रहें और महत्वपूर्ण मंदिरों, मेला स्थलों, जुलूस व शोभा यात्रा के मार्गों का खुद भ्रमण करें। यूपी 112 के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशील स्थलों पर राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में गश्त व पेट्रोलिंग कराने का निर्देश भी दिया।

नदी व जलाशयों में श्रद्धालुओं के स्नान के दृष्टिगत घाटों पर समुचित पुलिस प्रबंध, नाव व गोताखोरों की व्यवस्था भी की जाए। अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चिकित्सा विभाग की टीम भी मुस्तैद रहे। डीजीपी ने शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखे जाने के साथ ही इंटरनेट मीडिया की निरंतर निगरानी का निर्देश भी दिया। कहा कि किसी भी भ्रामक पोस्ट का तत्काल खंडन किया जाए और ऐसा करने वाले के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles