Saturday, June 6, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

पत्नी और बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सके पिता, 11 दिन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

महोबा/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी कस्बे से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति अपनी पत्नी और बेटे की मौत के गम को सहन नहीं कर पाया और उनकी कब्रों से लिपटी अवस्था में मृत पाया गया। महज 11 दिनों के भीतर एक ही परिवार में तीन मौतों ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के हरपालपुर निवासी 40 वर्षीय सुभान अहमद अपनी ससुराल चरखारी में रह रहे थे। बीते 25 मई को भीषण गर्मी और लू के चलते उनके 6 वर्षीय बेटे हसनैन की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत का सदमा उसकी मां रजिया खातून बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उन्होंने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पत्नी और बेटे के निधन के बाद सुभान गहरे मानसिक आघात में थे। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर दोनों को याद कर भावुक हो जाते थे और उनकी कब्रों पर जाकर घंटों बैठे रहते थे।

कब्रिस्तान में मिला शव

शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे सुभान घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में कब्रिस्तान पहुंचे। वहां उन्होंने सुभान को अपनी पत्नी और बेटे की कब्रों के बीच अचेत अवस्था में पाया।

बताया जा रहा है कि उनका एक हाथ बेटे की कब्र पर और दूसरा पत्नी की कब्र पर था। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत के कारणों की जांच जारी

परिजनों का कहना है कि सुभान के पैर पर किसी कीड़े या जहरीले जीव के काटने जैसा निशान मिला है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत किसी जहरीले जीव के काटने से हुई हो सकती है। हालांकि कुछ लोग गहरे सदमे और मानसिक तनाव को भी मौत की संभावित वजह मान रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

तीन बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार के तीन बच्चे—17 वर्षीय सैफ, 14 वर्षीय रोशनी और 11 वर्षीय आलिया—अनाथ हो गए हैं। एक ही परिवार में 11 दिनों के भीतर तीन मौतों से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग और परिजन अब बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं तथा प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं।

11 दिनों में उजड़ गए इस परिवार की कहानी सुनकर हर किसी की आंखें नम हैं। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles