नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़: बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने जेन जी (Gen Z) को लेकर अपने पुराने बयान से अलग रुख अपनाया है। पहले युवाओं को “गटर जनरेशन” कहकर विवादों में घिरीं कंगना ने अब उन्हें देश की सबसे बड़ी ताकत और धरोहर बताया है। उनका यह बयान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी के बाद सामने आया है।
संसद के बाहर क्या बोलीं कंगना?
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कहा कि जेन जी भारत की ताकत है और देश के भविष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। उन्होंने कहा कि आज के युवा तेजी से भारतीय संस्कृति और पहचान के वाहक बन रहे हैं। साथ ही उन्होंने मोहन भागवत के विचारों की भी सराहना की।
‘गटर जनरेशन’ वाले बयान पर हुआ था विवाद
इससे पहले कंगना रनौत ने कुछ प्रदर्शनकारी युवाओं की आलोचना करते हुए “गटर जनरेशन” शब्द का इस्तेमाल किया था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी।
VIDEO | Parliament Monsoon Session: BJP MP Kangana Ranaut, on RSS chief Mohan Bhagwat’s interaction with Gen Z and Gen Alpha, says, “Gen Z is the strength of our country and, in a way, a great asset to our nation. We are very happy that our young people are increasingly emerging… pic.twitter.com/G3YYYDxI1S
— Press Trust of India (@PTI_News) August 7, 2026
विवाद बढ़ने पर कंगना ने सफाई देते हुए कहा था कि कुछ लोगों के व्यवहार के आधार पर पूरी जेन जी को नहीं आंका जाना चाहिए। उन्होंने कई युवा भारतीयों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा था कि यही युवा देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं।
मोहन भागवत ने क्या कहा?
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन एक वैध प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि यदि जेन जी अपनी बात रख रही है तो उसे राष्ट्रविरोधी नहीं कहा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, नई पीढ़ी सवाल पूछती है और यही लोकतंत्र की ताकत है।
भागवत ने यह भी कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा ईमानदारी और देशभक्ति के मामले में किसी भी पिछली पीढ़ी से कम नहीं हैं।
फिर चर्चा में आया पुराना विवाद
कंगना के ताजा बयान के बाद उनका पुराना “गटर जनरेशन” वाला विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर लोग उनके पुराने और नए बयानों की तुलना कर रहे हैं। हालांकि, कंगना अब लगातार युवाओं को भारत के भविष्य और देश की सबसे बड़ी ताकत बता रही हैं।



