न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने से हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विमान में कथित तौर पर धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार सुबह कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे विमान में सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला था। इसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए विमान को दूसरे विमानों से अलग कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
विमान में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि उड़ान भरने से पहले विमान में एक धमकी भरा नोट मिला था। कथित तौर पर इस नोट में विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी। नोट मिलने के बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू कर दी। एयरपोर्ट पर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत जरूरी कदम उठाए गए। अधिकारियों की ओर से विमान में मिले नोट और उसमें लिखी धमकी की आधिकारिक पुष्टि तथा विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान में धमकी भरा नोट किसने रखा था और इसके पीछे किसका हाथ है।


