न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय रेलवे में कंफर्म टिकट हासिल करना अक्सर यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। खासतौर पर त्योहारों, गर्मियों की छुट्टियों या लंबी वीकेंड यात्रा के दौरान तत्काल टिकट कुछ ही सेकेंड में खत्म हो जाते हैं। ऐसे में कई लोग मजबूरी में एजेंटों का सहारा लेते हैं और अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ते हैं। हालांकि, IRCTC का एक खास फीचर आपकी टिकट बुकिंग को पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान बना सकता है।
दरअसल, टिकट बुकिंग के दौरान सबसे ज्यादा समय यात्रियों की जानकारी भरने में खर्च होता है। कई बार जब तक नाम, उम्र और आईडी डिटेल्स दर्ज की जाती हैं, तब तक सीटें वेटिंग में पहुंच जाती हैं। इसी परेशानी को दूर करने के लिए IRCTC ने ‘मास्टर लिस्ट’ फीचर दिया है, जो तत्काल टिकट बुकिंग के समय काफी मददगार साबित हो सकता है।
क्या है IRCTC का मास्टर लिस्ट फीचर?
IRCTC का ‘मास्टर लिस्ट’ फीचर यात्रियों की जानकारी पहले से सेव करने की सुविधा देता है। इसमें यूजर अपने परिवार, दोस्तों या खुद की डिटेल्स पहले ही दर्ज कर सकते हैं। इसमें नाम, उम्र, जेंडर, बर्थ प्रेफरेंस और पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी सेव की जाती है।
जब तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होती है, तब यात्रियों की डिटेल्स दोबारा टाइप करने की जरूरत नहीं पड़ती। यूजर सिर्फ सेव किए गए नामों को चुनकर आगे बढ़ सकता है, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया काफी तेज हो जाती है।
ऐसे तैयार करें अपनी मास्टर लिस्ट
1. IRCTC ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करें
सबसे पहले IRCTC Rail Connect ऐप या आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और अपने यूजर आईडी व पासवर्ड से लॉगिन करें।
2. My Account सेक्शन खोलें
होम पेज या मेन्यू में मौजूद ‘My Account’ विकल्प पर क्लिक करें।
3. My Master List पर जाएं
यहां आपको ‘My Master List’ का ऑप्शन दिखाई देगा। उस पर क्लिक करें।
4. यात्री की जानकारी जोड़ें
‘Add Passenger’ विकल्प चुनें और यात्री का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, बर्थ पसंद जैसी जानकारी भरें।
5. पहचान पत्र की डिटेल्स दर्ज करें
आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य वैध आईडी की जानकारी भरकर सबमिट कर दें।
बुकिंग के समय कैसे करेगा मदद?
मास्टर लिस्ट तैयार होने के बाद टिकट बुकिंग के दौरान आपको सिर्फ ‘Select from Master List’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद सेव किए गए यात्रियों की जानकारी अपने आप भर जाएगी और आप सीधे पेमेंट पेज पर पहुंच जाएंगे।
इस तरीके से समय की बचत होती है और तत्काल टिकट कंफर्म होने की संभावना भी बढ़ जाती है। खासकर उन लोगों के लिए यह फीचर बेहद उपयोगी है जो अक्सर ट्रेन से यात्रा करते हैं।



