न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देशभर में अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां महीने की शुरुआत में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ था, वहीं अब गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में बढ़ेगा तापमान, 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, बाराबंकी और बहराइच समेत कई इलाकों में पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण दिन के समय हालात और ज्यादा खराब हो सकते हैं। मौसम विभाग ने दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
दिल्ली में भी नहीं मिलेगी राहत
नई दिल्ली में भी गर्मी का असर जारी रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20-21 डिग्री के आसपास रहेगा। हल्के बादल छाए रहने से उमस बढ़ सकती है, जिससे लोगों को और ज्यादा परेशानी महसूस होगी।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में लू का असर
राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। कई शहरों में तापमान 42-44 डिग्री तक पहुंच चुका है। मध्य प्रदेश के उमरिया, छिंदवाड़ा और रतलाम में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
कुछ राज्यों में बारिश की संभावना
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर भी है। बिहार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों—असम, मेघालय, सिक्किम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बिहार में तेज हवाओं का अलर्ट
बिहार में अगले तीन दिनों तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, बंगाल से सटे कुछ इलाकों में हल्की बारिश राहत दे सकती है, लेकिन अधिकांश जिलों में गर्मी बनी रहेगी।
पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गर्मी चरम पर
हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। रोहतक 42.3°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि बठिंडा में 41.3°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में भी गर्मी का असर दिख रहा है।
पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश
जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इससे मैदानी इलाकों के मुकाबले यहां राहत महसूस की जा रही है।
जरूरी सलाह
- दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें



