न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अक्सर लोग छुट्टी के लिए अलग-अलग वजहें बताते हैं — कोई बीमार पड़ जाता है, तो कोई शादी या पारिवारिक कार्यक्रम का हवाला देता है।लेकिन गुरुग्राम (Gurugram) से सामने आई एक घटना ने सोशल मीडिया पर सभी का ध्यान खींच लिया है।
यहां एक कर्मचारी ने छुट्टी लेने की वजह ‘ब्रेकअप’ बताई। उसने अपने बॉस को मेल लिखकर कहा —“हाल ही में मेरा ब्रेकअप हुआ है। इस वजह से मैं काम पर फोकस नहीं कर पा रहा हूं, इसलिए कुछ दिन की छुट्टी चाहिए।”
सीईओ ने शेयर किया ‘सबसे ईमानदार लीव एप्लिकेशन’
यह मामला नॉट डेटिंग (Knot Dating) नामक कंपनी का है। कंपनी के सीईओ और को-फाउंडर जसवीर सिंह ने कर्मचारी का यह ई-मेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किया। उन्होंने लिखा —“कल मुझे अब तक का सबसे ईमानदार लीव अप्लिकेशन मिला। जेन जेड फिल्टर नहीं करता।”
Got the most honest leave application yesterday. Gen Z doesn’t do filters! pic.twitter.com/H0J27L5EsE
— Jasveer Singh (@jasveer10) October 28, 2025
जसवीर ने बताया कि ईमेल में कर्मचारी ने साफ लिखा था कि वह वर्क फ्रॉम होम कर रहा है, लेकिन ब्रेकअप के कारण मानसिक रूप से अस्थिर महसूस कर रहा है, इसलिए उसे 28 से 8 तारीख तक की छुट्टी चाहिए।
सोशल मीडिया पर मिले मजेदार रिएक्शन
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर कमेंट्स किए। कई लोगों ने कर्मचारी की ईमानदारी की तारीफ की, तो कुछ ने मजाक में लिखा — “कुछ लोग तो शादी के लिए भी इतनी छुट्टियां नहीं लेते।”
इस पर सीईओ जसवीर सिंह ने भी मजेदार जवाब दिया — “मुझे लगता है कि ब्रेकअप के लिए शादी से कहीं ज्यादा छुट्टियों की जरूरत पड़ती है।”
‘जेन जेड’ कर्मचारियों की ईमानदारी पर चर्चा
इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है — क्या ऑफिस में भावनात्मक ईमानदारी (Emotional Honesty) को भी प्रोफेशनलिज्म का हिस्सा माना जाना चाहिए?
कई यूजर्स ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत संकट के समय ‘ईमानदार छुट्टी मांगना’ एक अच्छी शुरुआत है।



