न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए काम कर रही पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (I-PAC) पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद सियासी और कानूनी घमासान तेज हो गया है। गुरुवार को हुई छापेमारी के बाद I-PAC ने न सिर्फ ईडी पर चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, बल्कि छापेमारी पर रोक लगाने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया है।
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई ईडी की तलाशी कार्रवाई करीब नौ घंटे तक चली। जांच एजेंसी ने कोलकाता के लाउडन स्ट्रीट स्थित I-PAC प्रमुख प्रतीक जैन के आवास और सॉल्ट लेक स्थित फर्म के कार्यालय में छापेमारी की। कार्रवाई दोपहर करीब 3 बजे समाप्त हुई।
ईडी पर दस्तावेज चोरी का आरोप
ईडी की टीम के जाने के तुरंत बाद प्रतीक जैन की पत्नी ने शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि छापेमारी के दौरान उनके घर से महत्वपूर्ण और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए।
यह भी पढ़े :- प्रेमानंद महाराज ने बताया गलती और पाप का फर्क, जानिए सही प्रायश्चित का तरीका
एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि ईडी के खिलाफ चोरी की औपचारिक शिकायत मिली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत छापेमारी
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने यह छापेमारी कथित मल्टी-करोड़ रुपये के कोयला चोरी घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की है। कोलकाता के अलावा दिल्ली में भी चार परिसरों समेत कुल करीब 10 ठिकानों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया गया।
प्रतीक जैन के घर और दफ्तर पहुंचीं ममता बनर्जी
छापेमारी की खबर मिलते ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद पहले प्रतीक जैन के आवास और फिर सॉल्ट लेक स्थित I-PAC कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, टीएमसी से जुड़े आंतरिक दस्तावेज, हार्ड डिस्क और चुनावी रणनीति से संबंधित संवेदनशील डेटा जब्त करने की कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि I-PAC न केवल टीएमसी को पॉलिटिकल कंसल्टेंसी देती है, बल्कि पार्टी के आईटी और मीडिया मैनेजमेंट का भी काम संभालती है। ऐसे में छापेमारी को लेकर सियासी तापमान और बढ़ गया है, खासकर तब जब राज्य में विधानसभा चुनाव इस साल की पहली छमाही में प्रस्तावित हैं।



