नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के चलते पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके शनिवार सुबह विदेश से दिल्ली पहुंचे, जिसके बाद वे प्रदर्शन से संबंधित औपचारिकताओं के लिए रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने अपने समर्थकों और छात्रों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।
दिल्ली पुलिस ने निर्धारित समय के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी है। कार्यक्रम को देखते हुए क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रदर्शन स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की गई है तथा पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
प्रदर्शन स्थल पर बढ़ी भीड़
दिन चढ़ने के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की संख्या लगातार बढ़ती दिखाई दी। पुलिस द्वारा सुरक्षा जांच के बाद ही लोगों को प्रदर्शन स्थल तक जाने की अनुमति दी जा रही है। वहीं, आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से निगरानी कर रही है।
पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करती रही। साथ ही प्रदर्शनकारियों को पेड़ों, दीवारों और अन्य संरचनाओं पर न चढ़ने की भी सलाह दी गई।
अलग-अलग अंदाज में पहुंचे समर्थक
प्रदर्शन में शामिल होने आए कई समर्थक विभिन्न प्रकार की वेशभूषा और प्रतीकात्मक सामग्री के साथ नजर आए। कुछ लोगों ने विशेष मास्क पहन रखे थे, जबकि कई प्रदर्शनकारी शांति और अहिंसा का संदेश देने के लिए हाथों में गुलाब के फूल लिए हुए दिखाई दिए।
प्रशासन पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रखा गया है।



