Home Blog Page 73

CEC ज्ञानेश कुमार से बहस के बाद चर्चा में IAS अनुराग यादव: कौन हैं ये अधिकारी और क्या है पूरा मामला?

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- पश्चिम बंगाल चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई एक समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उत्तर प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी अनुराग यादव के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अनुराग यादव को चुनाव पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है।

मीटिंग में कैसे हुआ विवाद?

जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग की ओर से पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर वर्चुअल रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई थी। इसमें सभी पर्यवेक्षकों से उनके क्षेत्र से जुड़ी बेसिक जानकारी ली जा रही थी।

जब अनुराग यादव की बारी आई, तो वे अपने क्षेत्र में पोलिंग बूथों की संख्या बताने में कुछ देर कर गए। इसी दौरान ज्ञानेश कुमार ने टिप्पणी की, जिस पर अनुराग यादव ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उनसे इस तरह बात नहीं की जा सकती।

उन्होंने अपने 25 साल के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारी होने के नाते उनसे सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। इस दौरान कुछ समय के लिए बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हटाए जाने पर क्या कहा गया?

सूत्रों के अनुसार, अनुराग यादव को कूच बिहार (पश्चिम बंगाल) में चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया था, लेकिन अब उन्हें इस जिम्मेदारी से हटा दिया गया है।

हालांकि आयोग के एक अधिकारी का कहना है कि उन्हें बहस के कारण नहीं, बल्कि कार्य में अपेक्षित दक्षता नहीं दिखाने के चलते हटाया गया। बताया गया कि पोलिंग बूथ जैसी बुनियादी जानकारी में देरी चिंता का विषय मानी गई।

यूपी में क्या है वर्तमान पद?

अनुराग यादव फिलहाल उत्तर प्रदेश सरकार में प्रधान सचिव स्तर के अधिकारी हैं। हाल ही में उन्हें सोशल वेलफेयर और सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे आईटी विभाग में भी अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं।

पर्यवेक्षक की भूमिका क्यों अहम?

चुनाव प्रक्रिया में पर्यवेक्षक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ये अधिकारी चुनाव आयोग के “आंख और कान” माने जाते हैं और जमीनी स्तर पर चुनाव की निगरानी करते हैं। ऐसे में बुनियादी जानकारी में भी चूक को गंभीरता से लिया जाता है।

शिक्षामित्र मानदेय पर सियासत तेज: अखिलेश यादव का हमला, भाजपा पर साधा निशाना

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: उत्तर प्रदेश में शिक्षामित्रों के बढ़े मानदेय को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे चुनावी कदम बताया है।

हाल ही में राज्य सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रति माह करने का ऐलान किया है, जो अप्रैल 2026 से लागू होगा। इस फैसले से लाखों शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को राहत मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन विपक्ष इसे अपर्याप्त बता रहा है।

अखिलेश यादव का खुला पत्र, सरकार पर आरोप

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए एक खुला पत्र जारी किया। उन्होंने लिखा कि उनकी सरकार के समय शिक्षामित्रों को करीब 40,000 रुपये तक मानदेय मिलता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 9 साल बाद “डर के कारण” यह बढ़ोतरी की है और इसे एहसान के रूप में पेश किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षामित्रों को हर महीने लगभग 22,000 रुपये का नुकसान हुआ है और सरकार को पिछले वर्षों का बकाया भी देना चाहिए।

“हर सीट पर भाजपा का SIR कर देंगे शिक्षामित्र”

अपने बयान में अखिलेश यादव ने सियासी हमला तेज करते हुए कहा कि हर विधानसभा में शिक्षामित्र भाजपा के वोट घटाने का काम करेंगे। उन्होंने “SIR” का मतलब “शिक्षामित्र” बताते हुए दावा किया कि इससे भाजपा को चुनाव में नुकसान होगा।

सरकार का फैसला और लाभार्थी

योगी आदित्यनाथ सरकार के फैसले के तहत:

  • शिक्षामित्रों का मानदेय: 10,000 → 18,000 रुपये
  • अनुदेशकों का मानदेय: 9,000 → 17,000 रुपये
  • लाभार्थी: करीब 1.43 लाख शिक्षामित्र और 25 हजार अनुदेशक
  • सरकार पर अतिरिक्त भार: 1475 करोड़ रुपये से अधिक

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के अनुसार, बढ़ा हुआ मानदेय 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा और मई में मिलने वाले भुगतान में यह शामिल रहेगा।

यूपी में रूह कंपा देने वाली वारदात, गुजरात से लाकर महिला की हत्या, मासूम बेटे का जलाया शव

झांसी (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके मासूम बेटे की हत्या कर शवों को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। पुलिस जांच में इस वारदात का खुलासा हुआ है।

सड़क किनारे मिला था महिला का शव

घटना 5 अप्रैल की है, जब लहचूरा क्षेत्र में सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय ग्राम प्रधान रामप्रसाद की जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले की गहराई से पड़ताल की।

गुजरात से लाकर की गई हत्या

जांच में सामने आया कि आरोपी चतुर्भुज के गुजरात की रहने वाली नीलू नाम की महिला से संबंध थे। वह उसे पत्नी की तरह रख रहा था और उसके साथ एक करीब तीन साल का बेटा भी था। बताया गया कि आरोपी करीब छह महीने पहले दोनों को अपने गांव लेकर आया था।

विवाद के बाद की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, किसी विवाद के चलते आरोपी ने महिला की हत्या कर दी। इसके बाद मासूम बच्चे को भी जान से मारकर शव को भूसे में छिपाकर जलाने की कोशिश की गई। जांच के दौरान बच्चे के अवशेष बरामद किए गए।

शवों को छिपाने की कोशिश

आरोपी ने महिला के शव को सड़क किनारे फेंक दिया, जबकि बच्चे के शव को भूसे के ढेर में छिपाकर जला दिया। मामले में पुलिस को शक होने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है। इसके बाद स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें एक पुलिस अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच जारी

घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस जघन्य वारदात में आरोपी के साथ और कौन लोग शामिल थे।

Aaj Ka Rashifal 9 April 2026: ग्रहों की चाल मिलीजुली, सावधानी और संयम बरतने की सलाह

Aaj Ka Rashifal 9 April 2026: आज का दिन ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार मिश्रित फल देने वाला है। इस समय शुक्र मेष में, गुरु मिथुन में और केतु सिंह राशि में स्थित हैं। चंद्रमा धनु राशि में मूल नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। वहीं बुध और राहु कुंभ में हैं, जबकि सूर्य, मंगल और शनि मीन राशि में मौजूद हैं। कुल मिलाकर ग्रहों की चाल में फिलहाल बड़ा सकारात्मक बदलाव नहीं दिख रहा है, इसलिए संयम और सतर्कता बरतना जरूरी है।

आइए जानते हैं सभी राशियों का आज का हाल—

मेष राशि

मेष राशि वालों के स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार दिखेगा, लेकिन प्रेम संबंधों में दूरी महसूस हो सकती है। संतान को लेकर चिंता बनी रह सकती है। व्यापार की स्थिति धीरे-धीरे बेहतर होगी। वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

वृषभ राशि

आज का दिन थोड़ा संभलकर बिताने की जरूरत है। स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है और मानसिक तनाव भी बढ़ सकता है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा, जबकि व्यापार ठीक-ठाक चलेगा।

मिथुन राशि

मिथुन राशि वालों के लिए दिन अच्छा है। नौकरी और व्यवसाय में प्रगति होगी। जीवनसाथी का साथ मिलेगा और विवाह के योग बन सकते हैं। बस स्वास्थ्य पर ध्यान दें।

कर्क राशि

स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव रहेगा। प्रेम संबंधों में दूरी या उदासी बनी रह सकती है। व्यापार सामान्य रहेगा और नए काम की शुरुआत टालना बेहतर होगा। सीखने का समय है, भविष्य में इसका लाभ मिलेगा।

सिंह राशि

भावनाओं में बहकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचें। स्वास्थ्य और संबंध दोनों मध्यम रहेंगे। व्यापार ठीक रहेगा, लेकिन धैर्य बनाए रखना जरूरी है।

कन्या राशि

भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी, लेकिन पारिवारिक तनाव भी बढ़ सकता है। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रहेगा। दांपत्य जीवन में विवाद से बचें।

तुला राशि

व्यापार के लिए दिन अच्छा है और विरोधियों पर बढ़त मिलेगी। हालांकि चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन संतुलित रहेगा।

वृश्चिक राशि

आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और धन में वृद्धि के संकेत हैं। स्वास्थ्य और संबंध सामान्य रहेंगे। निवेश करने से बचें और वाणी पर नियंत्रण रखें।

धनु राशि

सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। स्वास्थ्य पहले से बेहतर होगा। वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा और नौकरीपेशा लोगों को संतोष मिलेगा।

मकर राशि

स्थिति आपके पक्ष में रहेगी, लेकिन खर्च अधिक हो सकते हैं। कुछ मानसिक चिंता या भय बना रह सकता है। स्वास्थ्य ठीक रहेगा और कामकाज अच्छा चलेगा।

कुंभ राशि

आय के नए स्रोत बनेंगे और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रेम संबंधों में हल्की नकारात्मकता संभव है। यात्रा के योग भी बन सकते हैं।

मीन राशि

व्यवसाय और कानूनी मामलों में सफलता मिलेगी। संतान पक्ष अच्छा प्रदर्शन करेगा। हालांकि स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।

‘भाजपा हटाओ, गौमाता बचाओ’: हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर भड़के अखिलेश यादव, सियासी घमासान तेज

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले Himanta Biswa Sarma के गोमांस को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। उनके बयान के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि गोमांस खाने पर पूरी तरह रोक नहीं है, लेकिन इसे निजी स्थानों तक सीमित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जगहों या मंदिरों के 5 किलोमीटर के दायरे में इसका सेवन नहीं होना चाहिए।

बयान से बढ़ा सियासी विवाद

सरमा के इस बयान के बाद विपक्ष ने भाजपा पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए नारा दिया—“भाजपा हटाओ, गौमाता बचाओ” और भाजपा को निशाने पर लिया।

पुराने बयान से उलट रुख

गौरतलब है कि इससे पहले सरमा ने एक चुनावी रैली में गोमांस खाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि सार्वजनिक रूप से गोमांस खाने पर तीन साल तक की सजा हो सकती है और ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

विपक्ष का हमला

Aam Aadmi Party ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘गाय माता’ का मुद्दा सिर्फ चुनावी फायदे के लिए इस्तेमाल किया जाता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि अलग-अलग राज्यों में भाजपा नेताओं के बयान एक-दूसरे से विरोधाभासी हैं।

क्या कहता है कानून

असम में लागू पशु संरक्षण कानून के तहत गोमांस पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों, होटलों और सामुदायिक आयोजनों में इसके सेवन पर रोक है। निजी स्थानों पर गोमांस खाने की अनुमति दी गई है।

हाल ही में राज्य सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर इस नियम को और सख्ती से लागू करने का फैसला भी लिया है।

UP News: ग्राम विकास अधिकारी से रिश्वत लेते प्रभारी DPRO गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बिजनौर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय में सतर्कता अधिष्ठान बरेली की टीम ने छापेमारी कर प्रभारी डीपीआरओ रिजवान अहमद को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद विकास भवन परिसर में हड़कंप मच गया।

25 हजार से घटकर 20 हजार पर हुई डील

जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने एक ग्राम विकास अधिकारी से पुराने विकास कार्यों की जांच रिपोर्ट को निपटाने के बदले 25 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद यह रकम 20 हजार रुपये तय हुई।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

पीड़ित ग्राम विकास अधिकारी ने इस मामले की शिकायत Vigilance Establishment Bareilly से की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया।

बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 20 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

 तीन घंटे तक चली पूछताछ

कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम करीब तीन घंटे तक कार्यालय में मौजूद रही और आरोपी से पूछताछ करती रही। इसके बाद उसे अपने साथ ले जाया गया।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सीजफायर के बाद ट्रंप का टैरिफ वार, ईरान को हथियार देने वाले देशों पर 50% टैक्स की चेतावनी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसी बीच Donald Trump ने एक बड़ा बयान देकर वैश्विक व्यापार और कूटनीति में हलचल मचा दी है।

ट्रंप ने चेतावनी दी है कि जो भी देश ईरान को सैन्य हथियारों की आपूर्ति करेगा, उस देश से अमेरिका को होने वाले सभी निर्यात पर 50% टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यह शुल्क तुरंत प्रभाव से लागू होगा और इसमें किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।

टैरिफ से बढ़ सकता है वैश्विक तनाव

ट्रंप के इस ऐलान को वैश्विक स्तर पर एक नए “टैरिफ वार” की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और कूटनीतिक संबंधों पर बड़ा असर पड़ सकता है।

यूरेनियम पर भी बड़ा दावा

इससे पहले ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका, ईरान के साथ मिलकर जमीन में दबे संवर्धित यूरेनियम को निकालने की योजना बना रहा है। यह यूरेनियम पिछले साल अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों के दौरान दब गया था।

हालांकि, ईरान की ओर से इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है।

39 दिन के युद्ध के बाद सीजफायर

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच करीब 39 दिनों तक चले संघर्ष के बाद दो सप्ताह के लिए युद्धविराम लागू किया गया है। ट्रंप ने इसे “विश्व शांति के लिए बड़ा दिन” बताया। इस युद्धविराम की जानकारी Shehbaz Sharif ने भी साझा की, जिन्होंने वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभाई।

ईरान का 10-सूत्रीय प्रस्ताव

ईरानी सरकारी मीडिया ने समझौते के लिए एक 10-सूत्रीय प्रस्ताव का विवरण दिया है, जो आगामी वार्ता का आधार बनेगा- अमेरिका ईरान के खिलाफ आगे कोई सैन्य आक्रमण नहीं होगा, होर्मुज पर ईरान का नियंत्रण बना रहेगा, यूरेनियम संवर्धन के ईरान के अधिकार को स्वीकार किया जाएगा, ईरान पर अमेरिका के सभी प्राथमिक और माध्यमिक प्रतिबंध हटाए जाएंगे, ईरान के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सभी प्रस्तावों को समाप्त किया जाएगा, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के प्रस्तावों को रद्द किया जाएगा, युद्ध से हुए नुकसान के लिए ईरान को मुआवजे का भुगतान किया जाएगा, क्षेत्र से अमेरिकी लड़ाकू बलों की वापसी होगी, क्षेत्र में ईरान समर्थित समूहों पर हमले बंद किए जाएंगे।

Iran-US Ceasefire: 7 साल बाद ईरान से कच्चा तेल खरीद रहा भारत, कब तक पहुंचेगा जहाज?

Iran-US Ceasefire: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत ने सात साल बाद फिर से ईरान से कच्चे तेल का आयात शुरू कर दिया है। अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम के चलते लगे प्रतिबंधों में ढील मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह के अंत तक ईरान से कच्चा तेल लेकर एक बड़ा टैंकर भारत के पूर्वी तट पर पहुंच सकता है। दरअसल, अमेरिका ने ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों में एक महीने की छूट दी है, जिसके बाद भारत ने यह कदम उठाया। इससे पहले भारत ने मई 2019 के बाद से ईरान से तेल आयात बंद कर दिया था।

शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने यह कार्गो खरीदा है। ‘जया’ नाम का क्रूड कैरियर फिलहाल भारत की ओर बढ़ रहा है और जल्द ही तट पर पहुंचने की संभावना है।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि एक और जहाज ‘जॉर्डन’ भारत को अपनी डिलीवरी डेस्टिनेशन के रूप में दिखा रहा है, जिससे संकेत मिलता है कि आने वाले समय में सप्लाई और बढ़ सकती है।

तेल मंत्रालय के अनुसार, मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट में सप्लाई बाधित होने के कारण रिफाइनरों ने ईरानी तेल खरीदने का फैसला लिया। यह स्ट्रेट दुनिया की लगभग 20% तेल आपूर्ति के लिए अहम माना जाता है। अधिकारियों का कहना है कि भुगतान को लेकर भी फिलहाल कोई समस्या नहीं है।

कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट

अमेरिका-ईरान युद्धविराम की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कच्चे तेल का वायदा भाव करीब 18% गिरकर 8,775 रुपये प्रति बैरल पर आ गया। इससे पहले यह 10,990 रुपये प्रति बैरल के उच्च स्तर तक पहुंच गया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि युद्धविराम से सप्लाई की चिंता कम हुई है, जिसके चलते कीमतों में यह गिरावट आई है।

Aaj Ka Rashifal 8 April 2026: मेष राशि के लिए दान शुभ, मिथुन वालों को करियर में नए मौके, पढ़ें सभी राशियों का हाल

Aaj Ka Rashifal 8 April 2026: राशिफल के अनुसार आज ग्रहों की स्थिति कुछ विशेष योग बना रही है। शुक्र मेष राशि में, गुरु मिथुन राशि में, केतु सिंह राशि में और चंद्रमा धनु राशि में स्थित हैं। वहीं बुध और राहु कुंभ राशि में हैं, जबकि सूर्य, मंगल और शनि मीन राशि में एक साथ होने से कुछ कुयोग की स्थिति बन रही है। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का हाल—

मेष राशि

आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा। सेहत में सुधार होगा। प्रेम और संतान पक्ष मध्यम रहेगा, जबकि व्यापार धीरे-धीरे प्रगति करेगा। हरी वस्तु का दान करना और लाल वस्तु अपने पास रखना शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

आज सावधानी बरतने की जरूरत है। चोट या किसी परेशानी की आशंका है। सेहत प्रभावित रह सकती है। प्रेम और संतान की स्थिति सामान्य रहेगी। व्यापार ठीक-ठाक चलेगा। पीली वस्तु का दान करना लाभकारी रहेगा।

मिथुन राशि

जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरी और करियर में नए अवसर सामने आ सकते हैं। सेहत सामान्य रहेगी, जबकि प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार के लिए भी समय अनुकूल है। काली माता का आशीर्वाद लें।

कर्क राशि

शत्रुओं पर आपका प्रभाव बना रहेगा। वाहन सुख मिलने के योग हैं और बड़ों का सहयोग मिलेगा। हालांकि सेहत थोड़ी कमजोर रह सकती है। प्रेम और व्यापार सामान्य रहेंगे। लाल वस्तु पास रखना शुभ रहेगा।

सिंह राशि

स्वास्थ्य के मामले में दिन थोड़ा कमजोर रह सकता है। पेट से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। रिश्तों में हल्की खटास आ सकती है। व्यापार में धीरे-धीरे सुधार होगा। पीली वस्तु रखें और बजरंगबली का स्मरण करें।

कन्या राशि

दांपत्य जीवन में तनाव की स्थिति बन सकती है। जीवनसाथी के साथ मतभेद संभव हैं। सेहत और प्रेम पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार ठीक रहेगा, लेकिन नौकरी में जोखिम लेने से बचें। शनि देव की पूजा लाभ देगी।

तुला राशि

आपकी मेहनत रंग लाएगी। करियर में तरक्की के संकेत हैं। सेहत पहले से बेहतर होगी। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार में भी सफलता के योग हैं। पीली वस्तु का दान शुभ रहेगा।

वृश्चिक राशि

आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। परिवार में वृद्धि के संकेत हैं। हालांकि सेहत पर ध्यान देने की जरूरत है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। व्यापार अच्छा चलेगा। लाल वस्तु रखें और शनि से जुड़ी चीजों का दान करें।

धनु राशि

ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे। सेहत में सुधार होगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, जिससे तरक्की के अवसर बनेंगे। प्रेम संबंधों में थोड़ी निराशा हो सकती है। व्यापार सामान्य रहेगा। लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि

मन में चिंता और बेचैनी बनी रह सकती है। सेहत हल्की प्रभावित हो सकती है। हालांकि प्रेम, संतान और व्यापार के मामले में स्थिति अच्छी रहेगी। काली माता की पूजा करें।

कुंभ राशि

आय के नए स्रोत बनेंगे और पुराने स्रोतों से भी लाभ मिलेगा। सेहत सामान्य रहेगी। प्रेम और संतान पक्ष में हल्की नकारात्मकता के बावजूद स्थिति ठीक रहेगी। व्यापार अच्छा चलेगा। काली माता का आशीर्वाद लें।

मीन राशि

व्यापार में सफलता मिलेगी। कानूनी मामलों में जीत के संकेत हैं। सेहत, प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। पीली वस्तु अपने पास रखना शुभ रहेगा।

आज रात एक पूरी सभ्यता का हो सकता है नष्ट; ट्रंप की ईरान को खुली धमकी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को लेकर बेहद सख्त और विवादित बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि हालात नहीं सुधरे तो “आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है।”

ट्रंप का तीखा बयान

ट्रंप ने कहा कि स्थिति बेहद गंभीर है और अगर समाधान नहीं निकला तो इसके परिणाम ऐतिहासिक और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसा नहीं चाहते, लेकिन हालात उसी दिशा में बढ़ रहे हैं।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर डेडलाइन

अमेरिका ने Strait of Hormuz को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने इस अहम समुद्री मार्ग को खोलने या समझौते के लिए एक तय समयसीमा दी है।

यह जलमार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, और यहां तनाव बढ़ने से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

ईरान की प्रतिक्रिया

Iran ने ट्रंप के बयान को खारिज करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी पक्ष ने इसे अपनी हजारों साल पुरानी सभ्यता पर हमला बताया और अमेरिका को चेतावनी दी कि वह स्थिति को गलत तरीके से न आंके।

सोशल मीडिया पर भी दी चेतावनी

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज की रात इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक हो सकती है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले कुछ घंटे बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं।