UP News: ग्राम विकास अधिकारी से रिश्वत लेते प्रभारी DPRO गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बिजनौर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय में सतर्कता अधिष्ठान बरेली की टीम ने छापेमारी कर प्रभारी डीपीआरओ रिजवान अहमद को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद विकास भवन परिसर में हड़कंप मच गया।

25 हजार से घटकर 20 हजार पर हुई डील

जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने एक ग्राम विकास अधिकारी से पुराने विकास कार्यों की जांच रिपोर्ट को निपटाने के बदले 25 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद यह रकम 20 हजार रुपये तय हुई।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

पीड़ित ग्राम विकास अधिकारी ने इस मामले की शिकायत Vigilance Establishment Bareilly से की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया।

बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 20 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

 तीन घंटे तक चली पूछताछ

कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम करीब तीन घंटे तक कार्यालय में मौजूद रही और आरोपी से पूछताछ करती रही। इसके बाद उसे अपने साथ ले जाया गया।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles