Home Blog Page 54

कमाल का करोड़पति चपरासी! तीन पत्नियों,साली-सास और महिला मित्रों को भेज दी करोड़ों की सरकारी रकम

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय से जुड़े एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर आरोप है कि उसने फर्जी तरीके से सरकारी धन को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर करोड़ों रुपये का गबन किया।

8 करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर, 5.50 करोड़ फ्रीज

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इल्हाम शम्सी उर्फ रहमान ने कथित रूप से करीब 8 करोड़ 15 लाख रुपये अलग-अलग खातों में भेजे। इनमें से 5 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की रकम को फ्रीज करा लिया गया है।
जांच के दौरान 53 संदिग्ध बैंक खातों की पहचान भी की गई है।

7 महिलाएं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने 7 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें आरोपी की पत्नियां, साली, सास, सलहज और दो महिला मित्र शामिल हैं। आरोप है कि सरकारी रकम इन खातों में ट्रांसफर की गई और बाद में उसे निकालकर संपत्ति समेत अन्य निवेशों में लगाया गया।

2018 से चल रहा था खेल?

जांच में यह भी सामने आया है कि यह कथित घोटाला कई वर्षों से चल रहा था। सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि इतने लंबे समय तक विभागीय स्तर पर इसकी भनक क्यों नहीं लगी।

यह भी पढ़े: “आपकी सरकार में गरीब यादव भी गरीब ही थे”- ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

कैसे हुआ खुलासा

मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंकिंग स्तर पर वेतन खातों में गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया और DIOS की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया।

इस पूरे मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने जांच तेज कर दी है और सभी संबंधित खातों और लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।

क्या बोले अधिकारी

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में फर्जी बेनिफिशियरी आईडी और ट्रेजरी टोकन जनरेशन के जरिए पैसे ट्रांसफर किए जाने के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कौन है मुख्य आरोपी

आरोपी इल्हाम शम्सी बीसलपुर क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर तैनात था और बाद में DIOS कार्यालय से जुड़ गया। आरोप है कि उसने सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया।

“आपकी सरकार में गरीब यादव भी गरीब ही थे”- ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को “इतिहास समझने” की नसीहत दी।

बहुजन इतिहास को लेकर उठाए सवाल

राजभर ने अपने पोस्ट में कहा कि बहुजन समाज का इतिहास केवल किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। उन्होंने लिखा कि “यादवों का इतिहास ही बहुजन समाज का इतिहास नहीं है।”
उन्होंने बहुजन समाज के महान नेताओं का उल्लेख करते हुए महाराजा सुहेलदेव, अवंती बाई लोधी, बिरसा मुंडा, झलकारी बाई, ऊदा देवी, भीमराव अंबेडकर और कांशीराम जैसे व्यक्तित्वों को असली प्रेरणा बताया।

“गरीब यादव भी गरीब ही थे”

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार के दौरान भी गरीब यादवों की स्थिति में खास बदलाव नहीं आया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि “सच कड़वा होता है” और बहुजन समाज को समझने से पहले इतिहास को सही तरीके से जानना जरूरी है।

जमींदारों को लेकर भी उठाया सवाल

राजभर ने अपने बयान में यह भी कहा कि बड़े-बड़े जमींदार खुद को वंचित और बहुजन बताने लगे हैं, जो वास्तविकता से दूर है। उन्होंने सवाल उठाया कि “हजारों बीघा जमीन रखने वाले लोग खुद को वंचित कैसे कह सकते हैं?”

यह भी पढ़े: Video: कभी NDA में पढ़ाते थे, अब मंदिर में गुजार रहे जीवन: वायरल वीडियो ने दिखाया वक्त का सच

“जाग चुका है बहुजन समाज”

उन्होंने दावा किया कि अब बहुजन और गैर-यादव पिछड़ा समाज जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए खड़ा हो रहा है। उनके मुताबिक आने वाला समय इसी वर्ग के उत्थान का होगा, जहां उन्हें सम्मान और भागीदारी दोनों मिलेगी।

अखिलेश यादव पर एक और आरोप

राजभर ने हाल ही में हरदोई की एक घटना को लेकर भी अखिलेश यादव की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पीड़ित परिवार से मिलने के दौरान अखिलेश यादव का व्यवहार गंभीर स्थिति के अनुरूप नहीं था। इस मामले से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।

Video: कभी NDA में पढ़ाते थे, अब मंदिर में गुजार रहे जीवन: वायरल वीडियो ने दिखाया वक्त का सच

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सोशल मीडिया पर एक भावुक कर देने वाली कहानी बहुत तेजी से वायरल हो रही है। यह कहानी एक ऐसे शख्स की है, जिन्होंने कभी देश के प्रतिष्ठित संस्थान नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) में पढ़ाया, लेकिन आज उनका जीवन एक मंदिर में गुजर रहा है।

इस पूरी घटना ने “वक्त” की ताकत और उसके बदलते स्वरूप को एक बार फिर सामने ला दिया है।

वायरल वीडियो में सामने आई कहानी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर यह वीडियो अजय मिश्रा ने शेयर किया है, जो खुद को जीएसटी विभाग में एडिशनल कमिश्नर बताते हैं। वीडियो में वे एक बुजुर्ग व्यक्ति से बातचीत करते नजर आते हैं, जिनका नाम संतोष गोयल बताया जा रहा है।

NDA के शिक्षक रहे संतोष गोयल

संतोष गोयल के अनुसार, उन्होंने अंग्रेजी विषय में पीएचडी की है और वर्ष 1971 में NDA में कैडेट्स को पढ़ाया था। उस समय वह एक सम्मानजनक और स्थिर जीवन जी रहे थे।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Sarvoday News (@sarvodaynews)

लेकिन किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया कि आंखों की रोशनी चले जाने के कारण उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी। उनका कहना है कि यदि वह कुछ साल और नौकरी कर पाते, तो आज उन्हें अच्छी-खासी पेंशन मिल रही होती।

अब मंदिर में गुजर रही जिंदगी

यह भी पढ़े: बिना कारण बताए गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट सख्त, यूपी सरकार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना

वर्तमान में संतोष गोयल एक मंदिर में रहकर अपना जीवन गुजार रहे हैं, जहां उन्हें भोजन और रहने की व्यवस्था मिल जाती है। उनकी स्थिति देखकर लोग भावुक हो रहे हैं और इसे समय के उतार-चढ़ाव का उदाहरण बता रहे हैं।

सोशल मीडिया पर भावुक हुए लोग

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने संतोष गोयल की मदद की अपील की है, वहीं कुछ ने वीडियो साझा करने वाले अजय मिश्रा की सराहना की।

लोगों का कहना है कि यह घटना एक सीख देती है कि जीवन में कभी घमंड नहीं करना चाहिए, क्योंकि समय कब किसका साथ छोड़ दे, यह कोई नहीं जानता।

बिना कारण बताए गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट सख्त, यूपी सरकार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने बिना ठोस कारण बताए एक व्यक्ति की गिरफ्तारी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने इसे अवैध मानते हुए राज्य सरकार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और पीड़ित को चार सप्ताह के भीतर मुआवजा देने का आदेश दिया है।
न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार इस राशि की वसूली संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से कर सकती है। साथ ही, हिरासत में लिए गए व्यक्ति को तुरंत रिहा करने के निर्देश दिए गए हैं।

खंडपीठ ने सुनाया फैसला

यह आदेश न्यायमूर्ति अब्दुल मोईन और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने सुनाया। मामला मनोज कुमार की ओर से उनके पुत्र मुदित कुमार द्वारा दाखिल बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका से जुड़ा था।

अदालत की सख्त टिप्पणी

सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार के गृह विभाग पर भी नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि अपर मुख्य सचिव (गृह) अपने शपथ पत्र में यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि व्यक्ति को तीन महीने तक अवैध हिरासत में क्यों रखा गया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि जब शीर्ष अधिकारी ही स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं, तो अन्य अधिकारियों की कार्यशैली का अंदाजा लगाया जा सकता है।

यह भी पढ़े: 41 साल की महिला ने पुलिस से लगाई गुहार, बोली- घरवाले नहीं करा रहे शादी, मामला सुनकर हैरान रह गई पुलिस

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार को 27 जनवरी 2026 को उन्नाव जिले के आसीवन थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। याचिका में आरोप लगाया गया कि गिरफ्तारी के समय उन्हें कारण नहीं बताया गया, जो संविधान के अनुच्छेद 21 और 22(1) का उल्लंघन है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला

अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि गिरफ्तारी के कारणों को लिखित रूप में बताना अनिवार्य है। यह नागरिक के मौलिक अधिकारों का हिस्सा है।

अवैध ठहराई गिरफ्तारी

हाईकोर्ट ने पाया कि गिरफ्तारी प्रक्रिया में गंभीर खामियां थीं। इसी कारण मजिस्ट्रेट द्वारा दिया गया रिमांड आदेश भी अवैध आधार पर टिका हुआ था। अदालत ने कहा कि व्यक्ति को तीन महीने से अधिक समय तक जेल में रखना व्यक्तिगत स्वतंत्रता का गंभीर उल्लंघन है।

41 साल की महिला ने पुलिस से लगाई गुहार, बोली- घरवाले नहीं करा रहे शादी, मामला सुनकर हैरान रह गई पुलिस

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 41 वर्षीय महिला अपनी शादी को लेकर थाने पहुंच गई। महिला की शिकायत सुनकर पुलिसकर्मी भी चौंक गए।
बताया जा रहा है कि महिला ने आरोप लगाया है कि उसके परिवार वाले जानबूझकर उसकी शादी नहीं करवा रहे हैं। इस मामले से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हो पाई है।

परिवार पर गंभीर आरोप

महिला का कहना है कि वह शादी करना चाहती है, लेकिन उसके माता-पिता और अन्य परिजन हर बार रिश्तों को ठुकरा देते हैं। उसने आरोप लगाया कि शादी में खर्च से बचने के लिए परिवार ऐसा कर रहा है।
मामला प्रयागराज के इनायत थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार ने उसकी संपत्ति अपने नाम करा ली है, लेकिन उसकी जिम्मेदारियों से बच रहा है।

मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का आरोप

महिला ने परिवार पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि घर में उसके साथ गाली-गलौज और हिंसा की जाती है। एक बार परिवार के लोगों ने कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट भी की।

यह भी पढ़े:- दो स्टूल जोड़ने से कुर्सी नहीं बनती: यूपी के दोनों डिप्टी CM केशव और बृजेश के वीडियो पर अखिलेश यादव का तंज

महिला ने यह भी बताया कि वह खुद छोटे-मोटे काम करके जीवनयापन कर रही है, जबकि परिवार उसकी आर्थिक मदद नहीं करता।

पुलिस से की मदद की अपील

महिला ने पुलिस से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि उसकी शादी किसी अच्छे व्यक्ति से कराई जाए, ताकि वह सम्मानजनक जीवन जी सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले में पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। इसे पारिवारिक विवाद मानते हुए सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

दो स्टूल जोड़ने से कुर्सी नहीं बनती: यूपी के दोनों डिप्टी CM केशव और बृजेश के वीडियो पर अखिलेश यादव का तंज

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के एक वीडियो को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती।”
दरअसल, शुक्रवार को दोनों उपमुख्यमंत्री बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कुशीनगर पहुंचे थे, जहां उन्होंने महापरिनिर्वाण मंदिर में पूजा-अर्चना की और चीवर अर्पित कर विश्व शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने भगवान बुद्ध के संदेशों पर आधारित एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसका कैप्शन था— “बुद्धं शरणं गच्छामि।”
इस वीडियो को रीपोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी की, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई।

केशव मौर्य का जवाब

अखिलेश के बयान पर पलटवार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी और ब्रजेश पाठक की जोड़ी “हिट” है और विपक्ष को इससे परेशानी हो रही है। उन्होंने सपा प्रमुख के बयान को बचकाना बताते हुए कहा कि “2027 ही नहीं, 2047 तक भी वे सत्ता से दूर रहेंगे।”

सोशल मीडिया पर जारी है सियासी जंग

गौरतलब है कि हाल के दिनों में भाजपा और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। इससे पहले ब्रजेश पाठक ने सपा पर तीखा हमला बोला था, जिसका जवाब अखिलेश यादव ने दिया था। अब “दो स्टूल” वाले बयान ने इस बहस को और गर्म कर दिया है।

बुद्ध पूर्णिमा पर दिया शांति का संदेश

कुशीनगर में कार्यक्रम के दौरान केशव मौर्य ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश आज भी विश्व के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि दुनिया युद्ध जैसी स्थितियों से जूझ रही है और शांति का रास्ता बुद्ध के सत्य, अहिंसा और करुणा के सिद्धांतों में ही निहित है।

देखे विडियो:

उन्होंने सम्राट अशोक के समय बुद्ध के संदेश के वैश्विक प्रसार का उल्लेख किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन को भी दोहराया— “आपने युद्ध दिया है, भारत ने बुद्ध दिया है।”

लखनऊ में सपा का कार्यक्रम

इधर, लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में भी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बौद्ध धर्मगुरु शामिल हुए। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार जीवन में संतुलन और शांति लाने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव से निपटने के लिए बुद्ध के सिद्धांत बेहद महत्वपूर्ण हैं।

Aaj Ka Rashifal 2 May 2026: मेष, मिथुन और सिंह राशि वालों के लिए दिन शुभ, वृश्चिक और मीन राशि वालों को बरतनी होगी सावधानी

Aaj Ka Rashifal 2 May 2026:आज का दिन ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार कई राशियों के लिए सकारात्मक संकेत लेकर आया है, जबकि कुछ राशियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार सूर्य और बुध मेष राशि में विराजमान हैं, शुक्र वृषभ में, गुरु मिथुन में, केतु सिंह में और चंद्रमा तुला राशि में स्थित हैं। चंद्रमा विशाखा नक्षत्र में होने के कारण संबंधों में स्थिरता और परिपक्वता का प्रभाव देखने को मिलेगा। वहीं राहु कुंभ में और मंगल-शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं।

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए दिन काफी अनुकूल रहेगा। दांपत्य जीवन में सामंजस्य बढ़ेगा और रिश्तों में मधुरता आएगी। प्रेम संबंध मजबूत होंगे और संतान पक्ष से सुखद समाचार मिल सकता है। व्यापार और नौकरी में प्रगति के संकेत हैं।

वृषभ राशि

वृषभ राशि के जातकों का दिन सामान्य से बेहतर रहेगा। स्वास्थ्य थोड़ा प्रभावित हो सकता है, लेकिन मानसिक स्थिति सकारात्मक बनी रहेगी। बुजुर्गों का सहयोग मिलेगा और ज्ञान में वृद्धि होगी। प्रेम संबंधों में थोड़ी दूरी महसूस हो सकती है।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के लिए दिन शुभ रहेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में लाभ के योग हैं। हालांकि, भावनात्मक फैसले लेने से बचने की सलाह दी गई है।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के घर में मांगलिक कार्य हो सकते हैं, लेकिन घरेलू विवाद की संभावना भी बनी रहेगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा और व्यापार में लाभ के संकेत हैं।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए व्यापारिक दृष्टि से दिन बेहद अच्छा रहेगा। नए अवसर मिल सकते हैं और काम में उन्नति होगी। पारिवारिक जीवन भी संतुलित रहेगा।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आय के नए स्रोत बन सकते हैं। मित्रों और परिवार का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है।

तुला राशि

तुला राशि के जातक आज आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी और सरकारी कार्यों में सफलता मिल सकती है। व्यापार में लाभ के योग हैं।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों को आज मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है। खर्च बढ़ सकते हैं और स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है। हालांकि व्यापार सामान्य रहेगा।

धनु राशि

धनु राशि वालों के लिए आय के नए अवसर बनेंगे। यात्रा के योग हैं और कोई शुभ समाचार मिल सकता है। दिन कुल मिलाकर सकारात्मक रहेगा।

मकर राशि

मकर राशि वालों को कार्यक्षेत्र में लाभ मिलेगा। उच्च अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और करियर में प्रगति होगी। पारिवारिक जीवन भी अच्छा रहेगा।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों का भाग्य साथ देगा। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी और यात्रा के योग बनेंगे। स्वास्थ्य और व्यापार दोनों अच्छे रहेंगे।

मीन राशि

मीन राशि वालों को आज सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है और दुर्घटना की आशंका भी है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें। व्यापार सामान्य रहेगा।

जबलपुर क्रूज हादसा: ‘4-5 घंटे पानी में फंसा रहा…’, चश्मदीद ने सुनाई दिल दहला देने वाली आपबीती

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया है। इस हादसे में बचकर निकले एक चश्मदीद ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए बताया कि किस तरह कुछ ही मिनटों में सब कुछ खत्म हो गया।
पीड़ित सैयद हुसैन ने बताया कि हादसे के दौरान वह करीब 4-5 घंटे तक पानी में फंसे रहे। उन्होंने कहा कि अचानक आई तेज आंधी-तूफान के बाद नाव पलट गई और कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए।
उन्होंने बताया, “मैं ऊपर की तरफ फंस गया था, जबकि नीचे मौजूद लोग डूब गए। जो लोग समय रहते कूद गए, वही बच पाए। पांच मिनट के भीतर सब खत्म हो गया।” इस हादसे में उनकी पत्नी समेत परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।

लापरवाही के आरोप

हादसे में बचे अन्य लोगों ने भी गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लाइफ जैकेट समय पर उपलब्ध नहीं कराई गईं और जब नाव में पानी भरने लगा, तभी उन्हें बांटा गया। कुछ यात्रियों ने यह भी दावा किया कि खराब मौसम को देखते हुए नाव को किनारे लगाने की अपील की गई थी, लेकिन चालक दल तक यह बात नहीं पहुंची।

बरगी बांध में हुआ हादसा

यह हादसा जबलपुर के बरगी बांध में हुआ, जहां गुरुवार शाम तेज तूफान के कारण क्रूज नाव पलट गई। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 28-29 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

सरकार का एक्शन

घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और राज्य में फिलहाल क्रूज संचालन पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत एवं बचाव कार्य में जुटे लोगों की सराहना की।

यह भी पढ़े:- ₹10 लाख तक का बिना ब्याज लोन देगी योगी सरकार, युवाओं के लिए बड़ा मौका

वहीं नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि इस दुर्घटना की जांच पर्यटन विभाग करेगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने कहा कि बचाव दलों ने साहस का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचाई। इसके अलावा उन्होंने बताया कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, प्रमुख सचिव संजय दुबे, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए थे।
उन्होंने कहा, हमारी राहत एवं बचाव टीम ने करीब 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। बचाव अभियान जारी है और अब तक नौ शव बरामद किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि पर्यटन मंत्री ने राज्य में क्रूज के संचालन पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

₹10 लाख तक का बिना ब्याज लोन देगी योगी सरकार, युवाओं के लिए बड़ा मौका

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ी योजना लेकर आई है। 1 मई 2026 को ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया है, जिसके तहत अब 18 साल के युवा भी ₹10 लाख तक का ब्याज-मुक्त लोन ले सकेंगे।
सरकार ने इस योजना के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में ₹1,000 करोड़ का प्रावधान किया है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

क्या है नया प्रस्ताव?

राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए ₹1,000 करोड़ का प्रावधान किया है। प्रस्ताव के अनुसार न्यूनतम आयु सीमा 21 से घटाकर 18 वर्ष एवं अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष ही रहेगी| इसके अलावा लोन की सीमा ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख की जाएगी  साथ दूसरे चरण में ₹15 लाख तक का लोन मिल सकेगा|

अभी क्या है व्यवस्था?

फिलहाल योजना के तहत:
  • ₹5 लाख तक का लोन मिलता है
  • आयु सीमा 21 से 40 वर्ष है

पात्रता की शर्तें

  • आयु: 18 से 40 वर्ष (प्रस्तावित)
  • शिक्षा: न्यूनतम 8वीं पास
  • निवास: उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी
  • प्राथमिकता: 12वीं पास और ODOP व विश्वकर्मा योजनाओं से प्रशिक्षित युवाओं को

मार्जिन मनी और सब्सिडी

इस योजना में लाभार्थियों को प्रोजेक्ट लागत का एक हिस्सा जमा करना होता है, जिस पर सरकार सब्सिडी देती है:
  • सामान्य वर्ग: 15%
  • ओबीसी: 12.5%
  • एससी/एसटी/दिव्यांग: 10%
  • सब्सिडी: अधिकतम ₹50,000 (10% तक)

दो चरणों में मिलेगा लाभ

पहला चरण:

  • ₹5 लाख तक का लोन
  • 6 महीने की मोरेटोरियम अवधि
  • 4 साल में चुकाना होगा

दूसरा चरण:

  • पहला लोन चुकाने के बाद
  • ₹15 लाख तक का लोन
  • 50% ब्याज सब्सिडी

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

यह भी पढ़े:- यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में भर्ती

  • आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • निवास प्रमाण पत्र
  • बैंक पासबुक
  • शैक्षिक प्रमाण पत्र
  • प्रोजेक्ट रिपोर्ट

कैसे करें आवेदन?

  1. आधिकारिक पोर्टल पर जाएं: https://msme.cmyuva.org.in/home
  2. मोबाइल नंबर और नाम दर्ज करें
  3. उम्र, जेंडर और शहर का चयन करें
  4. अपने बिजनेस सेक्टर और इंडस्ट्री चुनें
  5. फॉर्म सबमिट करें

योजना का प्रभाव

वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 3.86 लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 1.38 लाख को लोन दिया जा चुका है। 10,000 से ज्यादा नए उद्यम स्थापित हुए हैं, जो इस योजना की सफलता को दर्शाता है।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में भर्ती

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह एक कांग्रेस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।
स्थिति को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें आनन-फानन में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
अजय राय के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचने लगे हैं। फिलहाल उनकी हालत को लेकर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन का इंतजार किया जा रहा है।