Home Blog Page 295

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटी में नशे की हालत में युवक ने किया खौफनाक स्टंट, 25वीं मंजिल के किनारे पर बैठा, मची अफरा-तफरी | देखें वीडियो

नोएडा/सर्वोदय न्यूज़:-यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र की एक हाईराइज सोसाइटी से सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जहां नशे की हालत में एक युवक 25वीं मंजिल के बालकनी के छज्जे पर जा बैठा। बताया जा रहा है कि युवक नशे में था और मूड खराब होने पर उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया। इस दृश्य को देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

वीडियो हुआ वायरल, सोशल मीडिया पर मची हलचल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक बालकनी की रेलिंग के बाहर बैठे हुए बेहद खतरनाक स्थिति में नजर आ रहा है। लोग नीचे से उसे चिल्लाकर वापस अंदर आने के लिए कह रहे हैं, लेकिन युवक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा।

वीडियो लिए लिंक पर क्लिक करें-https://x.com/sarvodaynews/status/1929949115833589915?t=ZHKGdhf9YKxjbhfy285xpg&s=19

फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई सूचना
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गईं। कई घंटे की मशक्कत और बातचीत के बाद युवक को सुरक्षित अंदर लाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ की जा रही है।

पड़ोसियों ने बताया — अक्सर रहता था नशे में
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह युवक अक्सर नशे की हालत में देखा जाता था और मानसिक तनाव में रहता था। सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों ने भी पुष्टि की है कि वह पहले भी कई बार ऊपरी मंजिलों पर जाकर इस तरह के खतरनाक स्टंट कर चुका है।

कोलकाता हाईकोर्ट से शर्मिष्ठा पनोली को नहीं मिली राहत, जमानत याचिका खारिज

कोलकाता, पश्चिम बंगाल /सर्वोदय न्यूज़:- चर्चित मामले में गिरफ्तार शर्मिष्ठा पनोली को कलकत्ता हाईकोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। अदालत ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए याचिका को खारिज कर दिया और साफ शब्दों में कहा कि “देश के एक वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है, और यह अभिव्यक्ति की आज़ादी के दायरे में नहीं आता।”

शर्मिष्ठा के वकील एडवोकेट डी.पी. सिंह ने अदालत में उनका पक्ष मजबूती से रखा, लेकिन कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा —“इस ऊर्जा को बचाकर रखें, किसी और केस में काम आएगी।”

अदालत ने इस दौरान यह भी कहा,“हमें बोलने की आज़ादी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुँचाई जाए। भारत विविधताओं से भरा देश है, और यहां हर वर्ग की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।”

इस टिप्पणी से कोर्ट ने साफ संकेत दिया है कि डिजिटल या सार्वजनिक मंचों पर दिए गए बयानों के सामाजिक प्रभाव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अब क्या आगे?
कोर्ट ने राज्य सरकार को केस डायरी दाखिल करने के लिए समय दिया है और अब इस मामले की अगली सुनवाई 5 जून 2025 को निर्धारित की गई है।इसका मतलब यह है कि शर्मिष्ठा पनोली को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।

यह मामला अब न सिर्फ कानूनी रूप से बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है। हाईकोर्ट की टिप्पणी ने स्पष्ट कर दिया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर समाज के किसी वर्ग की धार्मिक, सामाजिक या भावनात्मक आस्था को आहत करना स्वीकार्य नहीं है।

मां बेल्हा देवी धाम में श्री गंगा दशहरा महोत्सव की तैयारियां चरम पर, 5 जून को होगी 21,000 दीपों से भव्य महाआरती

प्रतापगढ़ /सर्वोदय न्यूज़ :-प्रतापगढ़ के प्रसिद्ध मां बेल्हा देवी घाट पर इस वर्ष का 20वां श्री गंगा दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 5 जून को होने वाले इस पावन आयोजन की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। मंदिर परिसर और घाटों की सजावट, सफाई और रोशनी की व्यवस्था युद्धस्तर पर चल रही है। महोत्सव की भव्यता को लेकर श्रद्धालुओं और समिति में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

गंगा दशहरा की शाम को काशी से पधारे विद्वान पुरोहितों द्वारा मां सई गंगा की महाआरती की जाएगी। विशेष बात यह है कि इस आरती के दौरान पूरे घाट और मंदिर परिसर को 21,000 दीपों से प्रकाशमय किया जाएगा। शंख, घंटा और घड़ियाल की ध्वनि के बीच होने वाली यह आरती भक्तों के लिए आध्यात्मिक अनुभूति से भरपूर होगी।

महोत्सव के दिन मां गंगा के अवतरण को दर्शाती धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही, स्थानीय कलाकारों और भक्तों द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा, जो देर रात तक चलेगा। इसके पश्चात सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

समिति द्वारा सभी घाटों पर सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है, जिसकी निगरानी नगर पालिका के अधिकारी संतोष सिंह कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद से भीड़ पर निगरानी रखी जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। इस बार नए घाटों पर भी रोशनी और सजावट की व्यवस्था की जा रही है।

समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह (मुन्ना भैया) और संयोजक समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों से पांच दीपकों की थाली लेकर महाआरती में शामिल हों और इस पावन दीपोत्सव में अपना योगदान दें।

समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह (मुन्ना भैया)  ने बताया कि “मां बेल्हा देवी की कृपा से ही यह आयोजन संभव हो रहा है। हम सभी सिर्फ माध्यम हैं, व्यवस्थाएं मां स्वयं देखती हैं।”

इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य जगदंबा प्रसाद (जग्गू पंडा), मंगला प्रसाद (रघ्घु पंडा), सुरेश मास्टर, आदर्श कुमार, विवेक कुमार, आलोक, अरविंद, प्रदीप, मनोज पंडा, मनीष, गोलू, राजू, पवन पटवा, बाबा सिंह, मुकेश  सहित अन्य लोग  पूरे समर्पण से जुटे हुए हैं।

राहुल गांधी के ‘लंगड़ा घोड़ा’ बयान पर मचा सियासी घमासान: किस पर था निशाना?

मध्य प्रदेश/सर्वोदय न्यूज़:-  मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के नेताओं पर तीखा हमला बोला है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन ‘लंगड़ा घोड़ा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर उन्होंने कांग्रेस के अंदर चल रही गुटबाजी और नेतृत्व संकट को उजागर कर दिया। सोशल मीडिया पर अब इस बयान को लेकर खूब चर्चा हो रही है—लोग यह जानना चाह रहे हैं कि आखिर राहुल गांधी का इशारा किसकी तरफ था?

राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कहा: कांग्रेस में पहले बारात का घोड़ा रेस में और रेस का घोड़ा बारात में भेज दिया जाता था। अब ऐसा नहीं होगा। बारात का घोड़ा बारात में जाएगा और रेस का घोड़ा रेस में। लंगड़े घोड़े घर जाएंगे।

किस पर था राहुल गांधी का इशारा?

  • कमलनाथ: मध्य प्रदेश में कांग्रेस की करारी हार के बाद, कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ पर सवाल उठने लगे हैं। पार्टी को प्रदेश में एक भी सीट नहीं मिली, जिससे कमलनाथ की पकड़ पर सवाल उठने लगे हैं।
  • दिग्विजय सिंह: पार्टी के अंदरखाने में यह भी चर्चा है कि दिग्विजय सिंह की रणनीतियों का असर अब कमजोर पड़ चुका है।
  • अन्य वरिष्ठ नेता: राहुल गांधी का बयान उन नेताओं पर भी कटाक्ष माना जा रहा है जो पार्टी के लिए सक्रिय नहीं हैं लेकिन प्रभावशाली पदों पर काबिज हैं।

राहुल गांधी ने बैठक में साफ शब्दों में कहा कि अब पार्टी में अनुशासनहीनता और निष्क्रियता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि: कांग्रेस को अब स्लीपर सेल नहीं चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता चाहिए। जिला अध्यक्षों और विधायकों को स्पष्ट कर दिया गया कि अगर संगठन को मजबूत बनाना है, तो 55 नए नेताओं को तैयार करना ही होगा।

राहुल गांधी के बयान के बाद ट्विटर, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर यूज़र्स ने तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए। कुछ ने इसे कांग्रेस में युवा बनाम बुजुर्ग नेताओं के बीच संघर्ष बताया, तो कुछ ने इसे आने वाले पार्टी संगठन में बड़े फेरबदल का संकेत माना।

राहुल गांधी के ‘लंगड़ा घोड़ा’ वाले बयान ने मध्य प्रदेश की राजनीति और कांग्रेस के आंतरिक हालात को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। नाम भले ही न लिया गया हो, लेकिन संकेत साफ हैं कि अब पार्टी में सिर्फ पद और नाम से राजनीति नहीं चलेगी। कार्यक्षमता, अनुशासन और नतीजे ही तय करेंगे कि कौन रहेगा और कौन घर जाएगा।

पालतू जानवरों (कुत्तों और बिल्लियों) में होने वाले त्वचा संक्रमण

लाइफस्टाइल/सर्वोदय न्यूज़:- पालतू जानवर, विशेष रूप से कुत्ते और बिल्लियाँ, हमारे परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। लेकिन जब इन प्यारे साथियों को त्वचा संबंधी बीमारियाँ होती हैं, तो यह न केवल उनके लिए असहज होता है बल्कि उनके मालिकों के लिए भी चिंता का कारण बनता है। त्वचा संक्रमण (Skin Infections) पालतू जानवरों में बहुत आम हैं और समय पर इलाज न हो तो यह गंभीर रूप ले सकते हैं। इस लेख में हम जानेंगे कि कुत्तों और बिल्लियों में त्वचा संक्रमण क्यों होते हैं, इसके प्रकार क्या हैं, लक्षण क्या होते हैं, और कैसे इनसे बचाव किया जा सकता है।

त्वचा संक्रमण के मुख्य कारण

  1. परजीवी (Parasites)

फ्ली (Fleas), टिक (Ticks), माइट्स जैसे बाहरी परजीवी त्वचा पर खाज, खुजली और लाल चकत्ते का कारण बनते हैं।

डेमोडेक्स और सारकॉप्टिक माइट्स गंभीर खुजली और बाल झड़ने का कारण बनते हैं।

  1. फंगल इन्फेक्शन (Fungal Infections)

रिंगवर्म (Ringworm) एक आम फंगल संक्रमण है जो गोल-गोल बाल झड़ने वाले घावों के रूप में दिखाई देता है। यह संक्रमण संक्रामक होता है और इंसानों में भी फैल सकता है।

  1. बैक्टीरियल इन्फेक्शन (Bacterial Infections)

स्किन पर किसी भी प्रकार की चोट, एलर्जी या फंगल संक्रमण के बाद सेकेंडरी बैक्टीरियल इन्फेक्शन आम बात है। पायोडर्मा (Pyoderma) एक आम बैक्टीरियल स्किन डिज़ीज़ है जिसमें फुंसी, पस, और गंध आ सकती है।

  1. एलर्जी (Allergies)

फूड एलर्जी, डस्ट, पोलन या केमिकल्स के कारण त्वचा पर खुजली और दाने हो सकते हैं।

  1. हार्मोनल गड़बड़ी

थायरॉइड, एड्रिनल या सेक्स हार्मोन्स की असंतुलन से भी त्वचा पर प्रभाव पड़ता हैl

लक्षण (Symptoms)

अत्यधिक खुजली या खुद को चाटना/काटना, लालिमा, सूजन, रैश या फोड़े, बाल झड़ना (Hair loss), त्वचा का मोटा होना या काली पड़ जाना, गंध आना, घाव से पस या खून, व्यवहार में चिड़चिड़ापन या बेचैनी

उपचार (Treatment)

  1. सटीक निदान आवश्यक

स्किन स्क्रैपिंग, फंगल कल्चर, ब्लड टेस्ट या एलर्जी टेस्ट के माध्यम से कारण जानना जरूरी हैl

  1. दवाएं

एंटीबायोटिक्स – बैक्टीरियल इन्फेक्शन के लिए

एंटीफंगल दवाएं – फंगल संक्रमण के लिए

एंटी-पैरासाइटिक ट्रीटमेंट – टिक, फ्ली और माइट्स के लिए

एंटीहिस्टामिन या स्टेरॉयड – एलर्जी के लिए

  1. स्नान और मेडिकेटेड शैम्पू

क्लोरहेक्सिडीन, केटोकोनाज़ोल, या सल्फर युक्त शैम्पू स्किन को साफ करने में मदद करते हैं।

  1. पोषण और इम्युनिटी

संतुलित आहार, ओमेगा फैटी एसिड सप्लीमेंट्स और विटामिन त्वचा को स्वस्थ रखने में सहायक हैं।

बचाव के उपाय (Prevention Tips)

जानवरों की नियमित सफाई और स्नान,फ्ली और टिक कंट्रोल प्रोडक्ट्स का उपयोग,साफ-सुथरा और सूखा वातावरण,नियमित रूप से ब्रशिंग और स्किन चेकअप, समय-समय पर वैक्सीनेशन और डिवॉर्मिंग, किसी भी प्रकार की त्वचा समस्या को नजरअंदाज न करें |

त्वचा संक्रमण पालतू जानवरों में आम समस्या है, लेकिन समय पर पहचान और इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। यदि आपके पालतू में लगातार खुजली, बाल झड़ना या त्वचा पर घाव दिखे, तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। ध्यान रखें कि स्वस्थ त्वचा, पालतू की सेहत का आईना होती है।

डॉ. हेमंत कुमार तिवारी
(पशु चिकित्सक)

UP कैबिनेट का अहम फैसला: पूर्व अग्निवीरों को पुलिस और पीएसी भर्ती में 20% आरक्षण

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोकभवन में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम नीतिगत फैसलों पर मुहर लगी। इन फैसलों में सबसे प्रमुख निर्णय पूर्व अग्निवीरों को यूपी पुलिस और पीएसी में 20% आरक्षण देने का रहा।

पूर्व अग्निवीरों को मिलेगा यूपी पुलिस में 20% आरक्षण

राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि पूर्व अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) में भर्ती के दौरान 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें आयु सीमा में भी विशेष छूट मिलेगी।

यह प्रस्ताव गृह विभाग द्वारा प्रस्तुत किया गया था, जिसे कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। अब भर्ती नियमावली में संशोधन कर इस प्रावधान को लागू किया जाएगा। इससे अग्निपथ योजना के तहत सेवा पूरी करने वाले सैनिकों को राज्य में स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा।

PDS को मिलेगा नया आधार, बनेंगे अन्नपूर्णा भवन

खाद्य एवं रसद विभाग के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और मजबूत करने के लिए अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण को मंजूरी दे दी। इन भवनों से खाद्यान्न भंडारण, वितरण और निगरानी में पारदर्शिता बढ़ेगी।

ODOP नीति 2.0 को मिली स्वीकृति, बढ़ेगी फंडिंग

‘एक जनपद, एक उत्पाद (ODOP)’ योजना की नई नीति 2.0 को भी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। अब इस योजना में:

  • परियोजना लागत को ₹1 करोड़ तक बढ़ाया गया
  • मार्जिन मनी की सीमा में विस्तार
  • नए स्थानीय उत्पादों को जोड़ा जाएगा

यह निर्णय स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और छोटे व्यवसायों के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन माना जा रहा है।

अर्बन ग्रीन पॉलिसीसे शहरी इलाकों में बढ़ेगी हरियाली

शहरी विकास को हरित दिशा देने के लिए सरकार ने ‘Urban Green Policy’ के मसौदे को हरी झंडी दी है। इस नीति के तहत:

  • शहरी क्षेत्रों में हरित बेल्ट और ओपन स्पेस विकसित होंगे
  • पर्यावरण संरक्षण और स्मार्ट सिटी मिशन को मिलेगा समर्थन 

डेटा सेंटर इंडिया को बिजली आपूर्ति की मंजूरी

कैबिनेट ने डेटा सेंटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सुचारू बिजली आपूर्ति की सुविधा देने का प्रस्ताव मंजूर किया है। इससे राज्य में आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी और डिजिटल यूपी की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

नोएडा में हल्दीराम का निवेश, 662 करोड़ की स्नैक्स यूनिट को हरी झंडी

नोएडा में हल्दीराम स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ₹662 करोड़ के निवेश से नया उत्पादन केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस प्रस्ताव को भी मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल गई है। यह परियोजना राज्य में रोजगार सृजन, उद्योगिक विकास और मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने वाली होगी।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

राज्य में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति’ को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत:

  • छोटे होटल और होमस्टे यूनिट्स को बढ़ावा
  • पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती आवास

भीगे हुए मेथी दाने खाने के 7 जबरदस्त फायदे | सेहत के लिए अमृत है ये देसी नुस्खा

लाइफस्टाइल/सर्वोदय न्यूज़:-  मेथी के बीजों को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट खाना आयुर्वेद में बेहद लाभकारी माना गया है। जानिए भीगी हुई मेथी खाने से शरीर को कौन-कौन से फायदे मिलते हैं।

1. पाचन तंत्र को बनाए मजबूत

भीगे मेथी दाने में मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं। यह गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं में राहत दिलाता है।

2. ब्लड शुगर लेवल करे कंट्रोल

डायबिटीज के मरीजों के लिए भीगे हुए मेथी बीज किसी वरदान से कम नहीं हैं। इसमें मौजूद ‘गैलाक्टोमेनन’ नामक फाइबर ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद करता है।

3. वजन घटाने में कारगर

भीगी हुई मेथी मेटाबॉलिज्म को तेज करती है, जिससे फैट तेजी से बर्न होता है। सुबह खाली पेट इसे खाने से भूख भी नियंत्रित रहती है।

4. कोलेस्ट्रॉल को करे कम

मेथी के बीज शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बढ़ाने में मदद करते हैं। यह हृदय रोगों के खतरे को भी कम करता है।

5. बालों और त्वचा के लिए फायदेमंद

भीगे हुए मेथी दाने बालों की जड़ों को मजबूत करते हैं और स्किन को ग्लोइंग बनाते हैं। यह डैंड्रफ और पिंपल्स से राहत दिलाने में असरदार है।

6. हार्मोन बैलेंस और पीरियड्स में राहत

महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन और मासिक धर्म की अनियमितता को नियंत्रित करने में मेथी असरदार है। यह पीसीओडी में भी राहत देती है।

7. इम्युनिटी बढ़ाता है

भीगे हुए मेथी दाने में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और वायरल इंफेक्शन से बचाते हैं।

कैसे करें इस्तेमाल?

  • रातभर एक चम्मच मेथी दानों को पानी में भिगो दें।
  • सुबह खाली पेट पानी के साथ बीजों को चबाकर खाएं।
  • चाहें तो मेथी के पानी को भी पी सकते हैं।
सावधानी:
  • अधिक मात्रा में सेवन से गैस या पेट दर्द हो सकता है।
  • गर्भवती महिलाएं या दवाएं लेने वाले लोग डॉक्टर की सलाह लेकर सेवन करें।

भीगे हुए मेथी दाने न सिर्फ एक आयुर्वेदिक सुपरफूड हैं, बल्कि यह शरीर के कई अंगों के लिए टॉनिक की तरह काम करते हैं। यदि आप स्वस्थ जीवनशैली अपनाना चाहते हैं तो इस घरेलू नुस्खे को जरूर अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

आज का राशिफल: 3 जून 2025 | जानिए आपकी राशि के अनुसार कैसा रहेगा आज का दिन

आज का राशिफल: 3 जून 2025/सर्वोदय न्यूज़:- राशियों के अनुसार जानिए कैसा रहेगा मंगलवार का दिन – करियर, धन, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन से जुड़ी जरूरी भविष्यवाणियाँ।

मेष राशि (Aries)

आज का दिन करियर के लिए शुभ संकेत दे रहा है। कार्यस्थल पर सहयोग मिलेगा और पदोन्नति के योग बन रहे हैं। वैवाहिक जीवन में मधुरता आएगी। धार्मिक कार्यों या तीर्थ यात्रा की योजना बन सकती है। माता की सेहत पर विशेष ध्यान दें।

वृषभ राशि (Taurus)

धन से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतें। आज अजनबियों पर विश्वास न करें। पारिवारिक रिश्तों को सुधारने का मौका है, खासकर मां के साथ संबंध बेहतर होंगे। विवाद से दूरी बनाएं।

मिथुन राशि (Gemini)

व्यापार में नए मौके मिल सकते हैं। आपकी क्रिएटिव सोच आज आपको लाभ दिला सकती है। किसी रिश्तेदार से अप्रत्याशित समाचार मिल सकता है। पुराने मुद्दे फिर से सामने आ सकते हैं, संयम रखें।

कर्क राशि (Cancer)

आज सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि के योग हैं। बच्चों की उपलब्धियों से गर्व महसूस होगा। कार्य को योजनाबद्ध तरीके से करें। भावनाओं में बहकर निर्णय न लें।

सिंह राशि (Leo)

खोई चीज़ मिलने की संभावना है या कोई संपत्ति से जुड़ा प्रस्ताव मिल सकता है। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा और उनकी सलाह लाभदायक रहेगी। व्यापार में स्थिरता बनाकर रखें।

कन्या राशि (Virgo)

आज ऊर्जा से भरपूर रहेंगे और कामकाज में बढ़िया प्रदर्शन करेंगे। संतान से सुखद समाचार मिलेगा। वाहन खरीदने की सोच सकते हैं। बीते समय की गलतियों से सबक लेना जरूरी है।

तुला राशि (Libra)

मिश्रित अनुभवों वाला दिन है। वाणी पर नियंत्रण रखें और खानपान को लेकर सजग रहें। प्रॉपर्टी से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें।

वृश्चिक राशि (Scorpio)

आज का दिन मस्ती और मनोरंजन में बीतेगा, लेकिन सेहत पर मौसम का असर हो सकता है। राजनीतिक और सरकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं। पिताजी की आंखों का ख्याल रखें।

धनु राशि (Sagittarius)

बॉस के साथ संबंधों में सुधार जरूरी है। नौकरी बदलने का प्रस्ताव मिल सकता है। घरेलू जिम्मेदारियों पर ध्यान दें और अनावश्यक खर्चों से बचें।

मकर राशि (Capricorn)

खर्चों पर नियंत्रण जरूरी है। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। बिजनेस में पार्टनरशिप से फिलहाल बचें। पारिवारिक संवाद भावनात्मक रहेगा।

कुंभ राशि (Aquarius)

आज कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। कोई भी वादा सोच-समझकर करें। यात्रा में लाभ की संभावना है लेकिन सावधानी रखें। घरेलू मामलों को घर के अंदर ही निपटाना बेहतर रहेगा।

मीन राशि (Pisces)

घर में मेहमानों के आगमन से रौनक रहेगी। किसी कानूनी सलाह की आवश्यकता पड़ सकती है। आय के नए स्रोत बन सकते हैं और विवाह प्रस्ताव पर सहमति मिलने की संभावना है।

लखनऊ: रेलवे बोर्ड के सदस्य हितेंद्र मल्होत्रा ने किया उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशनों का निरीक्षण, कार्यों में तेजी के निर्देश

लखनऊ(उत्तर रेलवे मंडल)/सर्वोदय न्यूज़:– रेलवे बोर्ड के सदस्य (ऑपरेशन एंड बिजनेस डेवलपमेंट) हितेंद्र मल्होत्रा ने शनिवार को लखनऊ मंडल के उतरेटिया से ट्रांसपोर्ट नगर रेलखंड का निरीक्षण किया। उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रेलवे बोर्ड के सदस्य हितेंद्र ने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के जरिए रेलखंड की संरक्षा और संचालन व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उतरेटिया और ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।

अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत जारी उतरेटिया रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण कार्यों की रेलवे बोर्ड के मेंबर हितेंद्र मल्होत्रा ने ली जानकरी

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा

उतरेटिया रेलवे स्टेशन पर हितेंद्र मल्होत्रा ने “अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत जारी आधुनिकीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि—

  • कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
  • निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
  • यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन पर तेज़ी लाने के निर्देश

इसके पश्चात वे ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन पहुंचे, जहाँ उन्होंने निर्माण गतिविधियों की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को—सभी कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने, और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उक्त जानकारी कुलदीप तिवारी,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक, उत्तर रेलवे, लखनऊ द्वारा दी गई|

नवनियुक्त UP डीजीपी राजीव कृष्ण की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस – यूपी पुलिस को नई दिशा देने वाले 10 बड़े ऐलान

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:-  उत्तर प्रदेश के नव नियुक्त पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राज्य की पुलिस व्यवस्था को लेकर बड़ा विज़न पेश किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि “दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है और मैं इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाऊंगा।”

राजीव कृष्ण ने साफ किया कि उनका फोकस सिर्फ कानून व्यवस्था पर नहीं, बल्कि आधुनिक पुलिसिंग, जनविश्वास, साइबर सुरक्षा और पुलिस कल्याण पर भी रहेगा। उन्होंने अपने रोडमैप में 10 प्रमुख बिंदुओं को स्पष्ट किया, जो आने वाले वर्षों में यूपी पुलिस की कार्यशैली को नया आकार देंगे।

1. अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस पॉलिसी

अपराध/अपराधियों के खिलाफ जीरो सहिष्णुता की नीति हम अपराध और अपराधियों के खिलाफ एक अडिग रुख बनाए रखेंगे, संगठित अपराध के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। यह नीति हमारी कानून प्रवर्तन (law enforcement) रणनीति की आधारशिला होगी, जिसका उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाना है।

2. महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण

महिलाओं का सशक्तिकरण और संरक्षण- सभी रूपों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम और समाधान पर विशेष जोर दिया जाएगा। हमारी पहल महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा और संरक्षा की भावना को बढ़ाने की दिशा में होगी।

3. जन शिकायतों का संवेदनशील निवारण

जन शिकायत निवारण जन शिकायतों का सफल समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। हम हर स्तर पर सभी शिकायतों से निपटने में बहुत सहानुभूतिपूर्ण और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएंगे, यह सुनिश्चित करते हुए कि नागरिकों की आवाज सुनी जाए और उसका तुरंत समाधान किया जाए।

4. कानून व्यवस्था में कोई समझौता नहीं

कानून और व्यवस्था बनाए रखना कानून और व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के प्रति बिल्कुल भी सहनशीलता नहीं बरती जाएगी। हम हर कीमत पर कानून के शासन को बनाए रखेंगे, राज्य के हर हिस्से में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

5. साइबर क्राइम पर आक्रामक रुख

साइबर अपराध का मुकाबला करना- हाल के वर्षों में विशेष कर कोविड के बाद से साइबर अपराध नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण खतरे के रूप में उभरा है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इसकी रोखथाम और पता लगाने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करके जवाब दिया है। साइबर खतरों से आगे रहने के लिए उन्नत तकनीकों का लाभ उठाते हुए इसे समय के साथ और मजबूत किया जाएगा।

6. पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार

बेहतर पुलिस सेवाएँ- उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दी जाने वाली पुलिस सेवाओं के दायरे और वितरण में और सुधार किया जाएगा। हम सुनिश्चित करें कि हमारी सेवाएँ नागरिकों की जरूरतों के हिसाब से सुलभकुशल और उत्तरदायी हो।

7. पुलिस कल्याण पर विशेष फोकस

पुलिस कल्याण पर ध्यान- दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल के रूप में, हमारे कर्मियों के काम को प्रभावित करने वाले प्रशासनिक और कल्याणकारी मुद्दों पर विशेष जोर दिया जाएगा। हम पुलिस कल्याण को प्राथमिकता देंगे, यह सुनिश्चित करते हुए कि हमारे कर्मी अपने कार्यों को सम्पादित करने में motivated रहे।

8. पुलिस प्रतिभाओं का सर्वोत्तम उपयोग

प्रतिभा और विशेषज्ञता का उपयोग पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्राप्त कई प्रतिभाशाली पुलिस अधिकारी व कर्मी है। उनके कौशल और ज्ञान की पहचान की जाएगी और उपरोक्त सभी लक्ष्यों को बेहतर बनाने के लिए उनका उपयोग किया जाएगा, जिससे बल के भीतर उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

 9. AI और टेक्नोलॉजी आधारित स्मार्ट पुलिसिंग

प्रौद्योगिकी और एआई का लाभ उठाना- हमारे संचालन की दक्षता (Efficiency) और प्रभावशीलता को बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का व्यापक उपयोग किया जाएगा। AI हमारे उद्देश्यों को लागू करने में एक गेम चेंजर साबित होगा, जिससे हम डेटा. संचालित उचित निर्णय लेने और अपने संसाधनों का optimized उपयोग करने में सक्षम होंगे।

10. सेवाकालीन प्रशिक्षण को मिलेगा सर्वोच्च स्थान

निरंतर प्रशिक्षण ही एकमात्र आधार है, जिस पर किसी भी संगठन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। दिन प्रतिदिन की चुनौतियों का सामना करने में, इस महत्वपूर्ण पहलू को अक्सर इसका उचित महत्व नहीं दिया जाता है। मेरा प्रयास होगा कि सेवाकालीन प्रशिक्षण को उच्च प्राथमिकता बाला क्षेत्र बनाया जाए ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।

उपरोक्त 10 बिंदु उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए एक प्रकाश स्तंभ के रूप में कार्य करेंगे, और मुझे विश्वास है कि बल के सभी सदस्य इनमें से प्रत्येक को प्राप्त करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।

डीजीपी राजीव कृष्ण का यह दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से दिखाता है कि उत्तर प्रदेश पुलिस आने वाले समय में न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि विश्वस्तरीय स्मार्ट पुलिसिंग की ओर बढ़ेगी।

“हम कानून के शासन को मजबूत करते हुए नागरिकों की सेवा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस हर चुनौती के लिए तैयार है।” – डीजीपी राजीव कृष्ण