लखनऊ(उत्तर रेलवे मंडल)/सर्वोदय न्यूज़:– रेलवे बोर्ड के सदस्य (ऑपरेशन एंड बिजनेस डेवलपमेंट) हितेंद्र मल्होत्रा ने शनिवार को लखनऊ मंडल के उतरेटिया से ट्रांसपोर्ट नगर रेलखंड का निरीक्षण किया। उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रेलवे बोर्ड के सदस्य हितेंद्र ने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के जरिए रेलखंड की संरक्षा और संचालन व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उतरेटिया और ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा
उतरेटिया रेलवे स्टेशन पर हितेंद्र मल्होत्रा ने “अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत जारी आधुनिकीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि—
- कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
- निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
- यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन पर तेज़ी लाने के निर्देश
इसके पश्चात वे ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन पहुंचे, जहाँ उन्होंने निर्माण गतिविधियों की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को—सभी कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने, और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उक्त जानकारी कुलदीप तिवारी,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक, उत्तर रेलवे, लखनऊ द्वारा दी गई|



