Home Blog Page 27

Aaj Ka Rashifal 18 June 2026: जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आपका दिन

Aaj Ka Rashifal 18 June 2026: आज 18 जून 2026, गुरुवार का दिन ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार कई राशियों के लिए नई संभावनाएं लेकर आया है। कुछ जातकों को करियर और कारोबार में लाभ मिल सकता है, जबकि कुछ को स्वास्थ्य और खर्चों को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता होगी। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का आज का राशिफल।

मेष राशि

आज का दिन मेष राशि वाले जातको के लिए आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। किसी पुराने मित्र से मुलाकात संभव है। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। परिवार का सहयोग मिलेगा।

शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 9

वृषभ राशि

आज का दिन वृषभ राशि वाले जातको के लिए व्यापार से जुड़े लोगों को लाभ के संकेत हैं। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। निवेश करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

शुभ रंग: सफेद
शुभ अंक: 6

मिथुन राशि

आज का दिन मिथुन राशि वाले जातको को अपनी वाणी पर नियंत्रण रखने की जरूरत है। पारिवारिक मामलों में धैर्य से काम लें। छात्रों के लिए दिन अच्छा रहेगा। किसी महत्वपूर्ण कार्य में सफलता मिल सकती है।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

कर्क राशि

आज का दिन कर्क राशि वाले जातको को करियर के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

शुभ रंग: चांदी
शुभ अंक: 2

सिंह राशि

आज का दिन सिंह राशि वाले जातको का उत्साहजनक रहेगा। कार्यक्षेत्र में प्रशंसा मिल सकती है। आर्थिक मामलों में लाभ होगा। किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात भविष्य में फायदेमंद साबित हो सकती है।

शुभ रंग: सुनहरा
शुभ अंक: 1

कन्या राशि

आज का दिन कन्या राशि वाले जातको का कामकाज में व्यस्तता बनी रहेगी। पुराने अटके हुए कार्य पूरे होने की संभावना है। खर्चों पर नियंत्रण रखें। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल रहेगा।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 7

तुला राशि

आज का दिन तुला राशि वाले जातको को संतुलित निर्णय लेने की आवश्यकता है। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। व्यापार में नए अवसर मिल सकते हैं। यात्रा के योग बन रहे हैं।

शुभ रंग: गुलाबी
शुभ अंक: 6

वृश्चिक राशि

आज का दिन वृश्चिक राशि वाले जातको को किसी महत्वपूर्ण कार्य में सफलता मिल सकती है। नौकरी में पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। आर्थिक लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

शुभ रंग: मैरून
शुभ अंक: 8

धनु राशि

आज के दिन धनु राशि वाले जातको को भाग्य का साथ मिलेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ सकती है। नौकरी और व्यापार में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

मकर राशि

आज के दिन मकर राशि वाले जातको को आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत है। अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं। कार्यक्षेत्र में मेहनत का फल मिलेगा। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें।

शुभ रंग: नीला
शुभ अंक: 8

कुंभ राशि

आज के दिन कुंभ राशि वाले जातको को साझेदारी के कार्यों में लाभ मिलने की संभावना है। नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। परिवार का सहयोग मिलेगा।

शुभ रंग: आसमानी
शुभ अंक: 4

मीन राशि

आज का दिन मीन राशि वाले जातको को मिश्रित फल देने वाला रहेगा। कार्यक्षेत्र में चुनौतियां आ सकती हैं, लेकिन धैर्य और समझदारी से सफलता प्राप्त होगी। स्वास्थ्य और खानपान का विशेष ध्यान रखें।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 7

जी-7 समिट में पीएम मोदी को देखते ही गले मिलने पहुंचे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, वीडियो हुआ वायरल

डिजिटल डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के बीच गर्मजोशी भरी मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। सम्मेलन में आयोजित ग्रुप फोटो सेशन के दौरान स्टार्मर प्रधानमंत्री मोदी को देखते ही उनके पास पहुंचे और गले लगाकर उनका स्वागत किया।

दोनों नेताओं की इस आत्मीय मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंटरनेट यूजर्स इसे भारत और ब्रिटेन के मजबूत होते रिश्तों का प्रतीक बता रहे हैं। फोटो सेशन के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत और सहजता ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया, हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत की। पिछले करीब 16 महीनों में दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, जी-7 सम्मेलन के इतर मोदी और ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें व्यापार, रक्षा सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर भी बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-अमेरिका संबंधों के साथ-साथ भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए भी यह सम्मेलन महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। जी-7 मंच पर विश्व नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय मौजूदगी वैश्विक कूटनीति में भारत की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती है।

राम मंदिर चढ़ावा मामले की SIT जांच तेज, कई कर्मचारियों से नकदी और संपत्ति मिलने के दावे

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे और दान राशि से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जांच तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अयोध्या पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। जांच टीम ने मंदिर ट्रस्ट कार्यालय में दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा कई जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ कर्मचारियों और उनसे जुड़े लोगों के पास से नकदी, आभूषण और अन्य संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच एजेंसियां आय के स्रोतों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि जांच के दायरे में ट्रस्ट से जुड़े कुछ कर्मचारी और सहयोगी भी शामिल हैं। टीम ने कई स्थानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों से संबंधित जानकारी जुटाई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

SIT ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी नेटवर्क और कैश काउंटिंग प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया है। जांच टीम को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपनी है।

इस बीच, मामले को लेकर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अधिकारियों के मुताबिक जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

राम मंदिर चोरी मामले पर राजर्षि एकनाथ महाराज का बड़ा बयान, चमत्कारी दावों पर उठाए सवाल

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- राम मंदिर के दानपात्रों से जुड़े कथित चोरी और गबन मामले को लेकर तापसी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य के उत्तराधिकारी राजर्षि एकनाथ महाराज ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने विभिन्न धामों और स्वयंभू संतों द्वारा किए जाने वाले चमत्कारी दावों को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास वास्तव में कोई दिव्य शक्ति है तो उन्हें चोरी करने वालों की पहचान सार्वजनिक करनी चाहिए।

राजर्षि एकनाथ महाराज ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी प्रकरण को लेकर चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पर्ची और चमत्कार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का दावा करने वाले संत इस विषय पर मौन हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी बाबा या धाम के पास अलौकिक शक्ति है तो उसे इस मामले में सामने आकर चोरों के नाम बताने चाहिए।

उन्होंने कहा, “जो लोग पर्चा निकालकर लोगों के बारे में जानकारी देने का दावा करते हैं, वे राम मंदिर चोरी प्रकरण में भी पर्चा निकालकर दोषियों का नाम बताएं। तभी उनकी कथित शक्तियों पर विश्वास किया जा सकता है।”

राजर्षि एकनाथ महाराज ने अंधविश्वास और पाखंड के खिलाफ आवाज उठाते हुए कहा कि समाज को भ्रमित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए। उनके अनुसार चमत्कार और पर्ची के नाम पर लोगों की भावनाओं को प्रभावित किया जा रहा है, जिसकी वास्तविकता जनता के सामने आनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर किए जाने वाले दावों की निष्पक्ष जांच और सत्यापन आवश्यक है, ताकि लोगों को सही और गलत के बीच अंतर समझ में आ सके।

राजर्षि एकनाथ महाराज के इस बयान के बाद संत समाज और धार्मिक जगत में नई बहस शुरू हो गई है। राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी प्रकरण के बीच उनके द्वारा उठाए गए सवालों ने चमत्कार और दिव्य शक्तियों के दावों को लेकर चर्चा को और तेज कर दिया है।

“यूपी में IIT बननी चाहिए थी, लेकिन SIT बन रही है”: अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास और रोजगार के बजाय जांच एजेंसियों और विशेष जांच टीमों (SIT) का दौर चल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आईआईटी (IIT) बननी चाहिए थी, लेकिन यहां एसआईटी (SIT) बनाई जा रही है।

सोमवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

“भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा”

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जिम्मेदारी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और विफलताओं को उजागर करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर स्तर पर घोटालों में लिप्त है और आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।

सपा प्रमुख ने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) समाज भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर पीडीए वर्ग के साथ अन्याय किया है।

कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

किसानों और युवाओं को लेकर सरकार पर आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और युवाओं की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। किसानों को खाद, बीज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि डीजल की बढ़ती कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी है।

युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षित युवक बेरोजगार हैं। भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने में विफल रही है।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम में सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, राजेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

NEET UG Re-Exam 2026: पेपर लीक रोकने के लिए Telegram पर अस्थायी रोक, 22 जून तक नहीं होगा एक्सेस

नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले केंद्र सरकार ने परीक्षा की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने भारत में Telegram के उपयोग पर 22 जून तक अस्थायी रोक लगाने का निर्देश जारी किया है। इसके साथ ही 30 जून तक प्लेटफॉर्म के मैसेज एडिटिंग फीचर को भी बंद करने को कहा गया है।

NTA के अनुसार, 21 जून को होने वाली NEET UG पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। एजेंसी का कहना है कि हाल के दिनों में Telegram पर कई ऐसे चैनल सक्रिय पाए गए, जो परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झूठा दावा कर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे।

क्यों लिया गया यह फैसला?

NTA ने बताया कि Telegram के मैसेज एडिटिंग फीचर का दुरुपयोग कर फर्जी पेपर लीक के सबूत तैयार किए जा रहे थे। कुछ चैनल एडमिन पहले सामान्य संदेश पोस्ट करते थे और परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्हें वास्तविक प्रश्नपत्र या PDF से बदल देते थे। चूंकि संदेश का मूल टाइमस्टैम्प नहीं बदलता था, इसलिए इसे पेपर लीक के कथित प्रमाण के रूप में पेश किया जाता था।

एजेंसी का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां छात्रों को भ्रमित करने के साथ-साथ परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं।

Telegram चैनलों के जरिए ठगी का खुलासा

NTA के अनुसार, Telegram पर “PAPER LEAKED NEET”, “Re-NEET 2026” और “Private Mafia” जैसे नामों से कई चैनल संचालित किए जा रहे थे। इन चैनलों के माध्यम से अभ्यर्थियों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की मांग की जा रही थी और दावा किया जा रहा था कि उनके पास परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध है।

हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का कोई भी प्रश्नपत्र सुरक्षित परीक्षा प्रणाली के बाहर उपलब्ध नहीं था और यह पूरी तरह से धोखाधड़ी का मामला है।

अहमदाबाद पुलिस की कार्रवाई

हाल ही में अहमदाबाद पुलिस ने राजस्थान के कोटा और जयपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने Telegram चैनलों के माध्यम से NEET UG पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर छात्रों से ठगी की।

पुलिस जांच में आरोपियों के बैंक खातों से करीब 1.5 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है। वहीं बिहार के गया निवासी एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर करीब 150 उम्मीदवारों के पासवर्ड हैक कर परीक्षा शुल्क वापसी की राशि हड़पने का आरोप है।

NTA ने अभ्यर्थियों को दी सलाह

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों पर भरोसा न करें। परीक्षा से संबंधित सभी जानकारी केवल NTA के आधिकारिक प्लेटफॉर्म और वेबसाइट से ही प्राप्त करें।

शिकायत कहां करें?

यदि कोई व्यक्ति परीक्षा से संबंधित फर्जी दावा करता है या ठगी का प्रयास करता है, तो अभ्यर्थी निम्न माध्यमों से शिकायत दर्ज करा सकते हैं—

नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930

NTA हेल्पलाइन: 011-40759000, 011-69227700

साइबर क्राइम पोर्टल: cybercrime.gov.in

NTA ईमेल: neetug@nta.ac.in

RMLIMS का तृतीय दीक्षांत समारोह संपन्न: 26 मेधावी छात्रों को मिले पदक, संस्थान ने गिनाईं स्वास्थ्य सेवाओं और शोध की उपलब्धियां

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) का तृतीय दीक्षांत समारोह सोमवार को शैक्षणिक शोभायात्रा के साथ भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान संस्थान प्रशासन ने चिकित्सा शिक्षा, शोध, रोगी सेवाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को भी साझा किया।

समारोह का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों के स्वागत और चंदन के पौधे भेंट कर किया गया। इसके बाद संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने दीक्षांत समारोह की औपचारिक घोषणा करते हुए विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

“ज्ञान के साथ संवेदना भी जरूरी”

अपने संबोधन में प्रो. सी.एम. सिंह ने कहा कि चिकित्सा केवल उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को उनके ज्ञान से अधिक उनके व्यवहार के लिए याद रखा जाता है।

चिकित्सा शिक्षा में लगातार विस्तार

संस्थान ने अपनी प्रगति रिपोर्ट में बताया कि वर्तमान में यहां प्रतिवर्ष 200 एमबीबीएस, 107 एमडी-एमएस, 36 डीएम-एमसीएच, 40 बीएससी नर्सिंग, 76 पैरामेडिकल डिप्लोमा और 35 पीएचडी शोधार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। संस्थान के 34 विभागों में विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं।

शोध और नवाचार में भी बढ़त

वर्ष 2025-26 के दौरान संस्थान में 148 नई अनुसंधान परियोजनाएं शुरू की गईं, जबकि 20 क्लीनिकल ट्रायल भी प्रारंभ हुए। इसके अलावा तीन पेटेंट दर्ज किए गए हैं। संस्थान ने नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अपना इन्क्यूबेशन सेंटर “RMLIMS Foundation” भी स्थापित किया है।

एक साल में 9 लाख से अधिक मरीजों का उपचार

रोगी सेवाओं के क्षेत्र में भी संस्थान ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले एक वर्ष में 9 लाख से अधिक मरीजों को ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं, जबकि 78 हजार से अधिक मरीज भर्ती कर उपचारित किए गए। इसी अवधि में 1.71 लाख मरीजों को आपातकालीन सेवाएं और 39 हजार से अधिक सर्जरी की गईं। लगभग 7 हजार सुरक्षित प्रसव भी कराए गए।

मरीजों के लिए कई नई सुविधाएं

संस्थान ने कई रोगी-केंद्रित पहल शुरू की हैं, जिनमें—

  • उसी दिन सीटी स्कैन, एमआरआई, ईको और अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा।
  • भर्ती मरीजों को सीधे बेड तक दवाइयों की उपलब्धता।
  • गंभीर मरीजों के लिए पोर्टर सिस्टम के माध्यम से त्वरित सहायता।
  • 24×7 ग्रीन ओपीडी सेवा।
  • दूरस्थ मरीजों के लिए टेली-फॉलो-अप सुविधा।
  • क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली।

ट्रांसप्लांट और रोबोटिक सर्जरी में नई उपलब्धियां

संस्थान ने अब तक 200 से अधिक किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए हैं। वहीं 350 से अधिक रोबोटिक सर्जरी भी संपन्न की जा चुकी हैं। जल्द ही बोन मैरो, लिवर और कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेवाएं शुरू करने की तैयारी चल रही है।

न्यूरो साइंस सेंटर में बड़ी उपलब्धि

RMLIMS में पहली बार पार्किंसन रोग के मरीज पर डीप ब्रेन स्टिमुलेशन सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश का पहला गामा नाइफ सिस्टम भी जल्द शुरू किया जाएगा।

1010 बेड के नए अस्पताल को मंजूरी

संस्थान परिसर में 1010 बेड क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण को प्रदेश सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। इसके साथ ही 100 बेड के क्रिटिकल केयर सेंटर, 888 बेड छात्रावास, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 350 बेड के लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर की परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं।

राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री ने दिया संदेश

समारोह को ऑनलाइन संबोधित करते हुए राज्यपाल एवं कुलाध्यक्षा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में सेवा और समर्पण ही सबसे बड़ा धर्म है। वहीं उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और युवा डॉक्टरों के साथ हर कदम पर खड़ी है।

26 मेधावियों को मिले पदक

दीक्षांत समारोह के दौरान एमबीबीएस, एमडी, एमएस, डीएम, एमसीएच, बीएससी नर्सिंग और एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। चांसलर मेडल और डायरेक्टर मेडल समेत कुल 26 पदक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. राजन भटनागर को “उत्कृष्ट अध्यापक सम्मान” से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

समारोह में एमबीबीएस विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नाट्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित कर किट वितरित की गईं और विद्यार्थियों के बीच पुस्तकों का वितरण किया गया।

Aaj Ka Rashifal 16 June 2026: सिंह समेत कई राशियों पर मेहरबान रहेंगे सितारे, आय के नए अवसर बनेंगे

Aaj Ka Rashifal 16 June 2026: आज ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति कई राशियों के लिए शुभ संकेत दे रही है। मंगल अपनी स्वराशि मेष में स्थित हैं, जबकि सूर्य, बुध और चंद्रमा मिथुन राशि में विराजमान हैं। चंद्रमा आर्द्रा नक्षत्र के तीसरे चरण में गोचर कर रहे हैं, जो राहु का नक्षत्र माना जाता है। इस कारण साहस, निर्णय क्षमता और व्यापारिक समझ में वृद्धि के संकेत हैं। हालांकि नाक, कान और गले से जुड़ी समस्याएं कुछ लोगों को परेशान कर सकती हैं। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का आज का राशिफल।

मेष राशि

आज आपकी व्यापारिक समझ मजबूत होगी और बाजार से जुड़े निर्णय लेने में लाभ मिलेगा। निवेश के लिए समय अनुकूल है। प्रेम और संतान पक्ष में कुछ उतार-चढ़ाव रह सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन नाक, कान और गले का विशेष ध्यान रखें। भूमि, भवन और वाहन से जुड़े सुख प्राप्त होने के योग हैं। पीले रंग की वस्तु शुभ रहेगी।

वृषभ राशि

मुख संबंधी समस्याएं परेशान कर सकती हैं, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। ऊर्जा में कमी महसूस हो सकती है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। फिलहाल निवेश से दूरी बनाना बेहतर रहेगा। व्यापारिक गतिविधियों में लाभ के संकेत हैं। पीली वस्तु का दान करना शुभ रहेगा।

मिथुन राशि

आज ऊर्जा का स्तर थोड़ा कमजोर रह सकता है और स्वास्थ्य सामान्य से कमतर महसूस होगा। हालांकि प्रेम, दांपत्य और संतान पक्ष बेहद अच्छा रहेगा। निवेश के लिए समय अनुकूल है और आर्थिक योजनाओं में सफलता मिल सकती है। मां काली की पूजा लाभकारी रहेगी।

कर्क राशि

सिरदर्द और आंखों से जुड़ी परेशानी हो सकती है। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें। प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार में लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। फिलहाल निवेश को टालना बेहतर रहेगा। लाल रंग की वस्तु साथ रखना शुभ रहेगा।

सिंह राशि

आज आय के नए स्रोत बनने की संभावना है। पुराने निवेश और कार्यों से भी आर्थिक लाभ मिल सकता है। यात्रा के योग बन रहे हैं और भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। व्यापार और निवेश दोनों के लिए समय अनुकूल है। हरे रंग की वस्तु का दान शुभ फल देगा।

कन्या राशि

व्यापार और करियर के क्षेत्र में सफलता मिलने के संकेत हैं। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में राहत मिल सकती है। स्वास्थ्य, प्रेम और पारिवारिक जीवन संतोषजनक रहेगा। निवेश करने से पहले अच्छी तरह विश्लेषण कर लें। मां काली की आराधना लाभदायक रहेगी।

तुला राशि

स्वास्थ्य में सुधार होगा और व्यापारिक गतिविधियां गति पकड़ेंगी। वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। निवेश के लिए समय काफी अनुकूल माना जा रहा है। धातु और केमिकल सेक्टर में निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। शनिदेव की पूजा शुभ फल देगी।

वृश्चिक राशि

आज थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। चोट लगने या किसी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी और नए रिश्तों की शुरुआत के योग हैं। व्यापार में भी अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। निवेश के लिए समय अनुकूल रहेगा। पीली वस्तु साथ रखें।

धनु राशि

जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, लेकिन स्वयं और साथी दोनों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी होगा। प्रेम संबंधों में सकारात्मकता बनी रहेगी। व्यापारिक स्थिति मजबूत रहेगी। नए प्रेम संबंधों की शुरुआत के अवसर मिल सकते हैं, हालांकि भावनाओं और क्रोध पर नियंत्रण रखना आवश्यक होगा। निवेश सोच-समझकर करें। काली वस्तु का दान शुभ रहेगा।

मकर राशि

शत्रुओं पर आपका प्रभाव बना रहेगा, लेकिन मानसिक तनाव महसूस हो सकता है। स्वास्थ्य में कुछ उतार-चढ़ाव रह सकते हैं। प्रेम, वैवाहिक जीवन और व्यापार के क्षेत्र में अच्छे परिणाम मिलेंगे। जीवनसाथी के साथ समय सुखद रहेगा। मां काली की पूजा लाभकारी रहेगी।

कुंभ राशि

आज किसी भी निर्णय को भावनाओं में बहकर लेने से बचें। प्रेम संबंधों में छोटी-मोटी कहासुनी हो सकती है। व्यापार में लाभ के संकेत हैं और निवेश के लिए समय अच्छा रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। हरे रंग की वस्तु शुभ रहेगी।

मीन राशि

पारिवारिक मामलों में तनाव की स्थिति बन सकती है। भूमि, भवन और वाहन से जुड़े कार्यों में कुछ बाधाएं आ सकती हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन सीने से संबंधित समस्या परेशान कर सकती है। व्यापारिक क्षेत्र में लाभ के अवसर मिलेंगे। निवेश के लिए समय अनुकूल माना जा रहा है। लाल रंग की वस्तु साथ रखना शुभ रहेगा।

दो-तिहाई बहुमत की तलाश में NDA, TMC और उद्धव गुट में संभावित टूट से कितना बदलेगा संसद का गणित?

नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- संसद में परिसीमन, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ और महिला आरक्षण जैसे बड़े संवैधानिक बदलावों को लागू करने के लिए केंद्र सरकार को दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) लगातार अपने संख्याबल को मजबूत करने की कोशिशों में जुटा हुआ है।

अप्रैल 2026 में लोकसभा में पेश 131वां संविधान संशोधन विधेयक आवश्यक समर्थन नहीं जुटा पाने के कारण पारित नहीं हो सका था। इसके बाद से सत्तापक्ष संसद में अपना आंकड़ा बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है।

संविधान संशोधन के लिए कितना चाहिए समर्थन?

संविधान संशोधन पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन के साथ-साथ सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत भी जरूरी होता है।

लोकसभा की मौजूदा प्रभावी संख्या 540 सदस्यों की है, जबकि तीन सीटें रिक्त हैं। ऐसे में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा लगभग 360 सदस्यों के आसपास माना जा रहा है। वर्तमान में NDA के पास 292 सांसदों का समर्थन है।

TMC में संभावित टूट से बदल सकता है समीकरण

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कुछ सांसद पार्टी लाइन से अलग रुख अपना सकते हैं। दावों के मुताबिक यदि 20 सांसद अलग गुट बनाकर NDA को समर्थन देते हैं तो लोकसभा में गठबंधन की संख्या बढ़कर 312 तक पहुंच सकती है।

हालांकि इन दावों पर अभी तक संबंधित पक्षों की ओर से कोई अंतिम आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। यदि ऐसा होता है तो भी NDA दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से काफी दूर रहेगा।

संभावित गणित

  • NDA की वर्तमान ताकत: 292
  • संभावित TMC समर्थन: 20
  • कुल संख्या: 312

महाराष्ट्र में भी नजरें ‘ऑपरेशन टाइगर’ पर

महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल तेज है। चर्चाएं हैं कि उद्धव ठाकरे गुट (शिवसेना-UBT) के कुछ सांसद सत्तापक्ष के संपर्क में हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने टूट की खबरों को खारिज किया है।

यदि भविष्य में शिवसेना (UBT) के 7 सांसद NDA का समर्थन करते हैं, तो गठबंधन की संख्या बढ़कर 319 तक पहुंच सकती है।

  • TMC समर्थन के बाद संख्या: 312
  • संभावित शिवसेना (UBT) समर्थन: 7
  • कुल संभावित संख्या: 319

क्या इससे मिल जाएगा दो-तिहाई बहुमत?

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार जवाब फिलहाल ‘नहीं’ है। दोनों संभावित घटनाक्रमों के बावजूद NDA का आंकड़ा 360 से काफी नीचे रहेगा। ऐसे में गठबंधन को अभी भी करीब 41 अतिरिक्त सांसदों के समर्थन की आवश्यकता पड़ सकती है।

राज्यसभा में भी चुनौती बरकरार

उच्च सदन में भी NDA अभी लक्ष्य से पीछे है। राज्यसभा में गठबंधन की ताकत करीब 149 सदस्यों की बताई जा रही है, जबकि दो-तिहाई बहुमत के लिए लगभग 164 सदस्यों का समर्थन जरूरी है।

यानी राज्यसभा में भी NDA को करीब 15 अतिरिक्त सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी।

सरकार के एजेंडे में शामिल हैं बड़े सुधार

संसद में पर्याप्त संख्या बल जुटाना सरकार के लिए इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कई बड़े विधायी और संवैधानिक प्रस्ताव इसी पर निर्भर हैं।

1. परिसीमन विधेयक

जनगणना के बाद लोकसभा सीटों के नए सिरे से निर्धारण का प्रस्ताव सरकार के प्रमुख एजेंडों में शामिल है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि भविष्य में लोकसभा सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।

2. वन नेशन, वन इलेक्शन

लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के लिए संविधान के कई अनुच्छेदों में संशोधन की आवश्यकता होगी, जिसके लिए विशेष बहुमत जरूरी है।

3. महिला आरक्षण का क्रियान्वयन

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रभावी लागू होने की प्रक्रिया भी परिसीमन और नई जनगणना से जुड़ी हुई है।

कांग्रेस का भाजपा पर हमला

विपक्षी दल इन राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए विपक्षी दलों में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार विपक्षी दलों को कमजोर कर अपनी संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अप्रैल 2026 में संविधान संशोधन विधेयक पारित न हो पाने के बाद सत्तापक्ष लगातार नए समीकरण बनाने में जुटा हुआ है।

हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

मानसून सत्र पर रहेगी नजर

आने वाले संसद के मानसून सत्र में संख्या बल का यह पूरा गणित बेहद अहम रहने वाला है। राजनीतिक दलों की रणनीति, संभावित गठबंधन और सांसदों के रुख पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या NDA अपने बड़े विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक समर्थन जुटा पाता है या नहीं।

असम के जोरहाट एयरबेस पर IAF का AN-32 विमान हादसे का शिकार, लैंडिंग के बाद लगी आग

IAF Plane Crash: असम के जोरहाट एयरबेस पर शनिवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, विमान ने एयरबेस पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर ली थी, लेकिन रनवे पर उतरने के कुछ ही क्षण बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते विमान से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे एयरबेस परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

आपातकालीन टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही वायुसेना की फायर और रेस्क्यू यूनिट तुरंत सक्रिय हो गई। एयरबेस पर मौजूद दमकल वाहनों और त्वरित प्रतिक्रिया दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और विमान में मौजूद चालक दल व अन्य कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। फिलहाल विमान में सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

वायुसेना ने जारी किया बयान

हादसे के बाद भारतीय वायुसेना ने संक्षिप्त बयान जारी करते हुए कहा, “आज जोरहाट में IAF के एक AN-32 विमान से जुड़ी दुर्घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।” अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

भारतीय वायुसेना की रीढ़ माना जाता है AN-32

एंटोनोव AN-32 भारतीय वायुसेना के सबसे भरोसेमंद परिवहन विमानों में गिना जाता है। दो इंजन वाले इस विमान को विशेष रूप से भारत की भौगोलिक और मौसम संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया था। इसे वायुसेना का “वर्कहॉर्स” भी कहा जाता है।

वर्तमान में भारतीय वायुसेना के बेड़े में करीब 100 AN-32 विमान शामिल हैं। यह विमान ऊंचे पर्वतीय इलाकों, कठिन हवाई पट्टियों और गर्म मौसम में भी प्रभावी संचालन के लिए जाना जाता है। इसकी क्षमता लगभग 7.5 टन सामान, 50 यात्रियों या 42 पैराट्रूपर्स को ले जाने की है।

कुछ महीनों में दूसरा बड़ा हादसा

जोरहाट में हुआ यह हादसा असम में हाल के महीनों के दौरान वायुसेना की दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई थी।

वह विमान भी जोरहाट एयरबेस से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था और उड़ान के दौरान उसका ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया था। बाद में उसका मलबा कार्बी आंगलोंग के पहाड़ी क्षेत्र में मिला था।

सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं की होगी जांच

AN-32 हादसे के बाद वायुसेना ने तकनीकी खामियों, रखरखाव व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

(नोट: हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।)