Home Blog Page 231

क्या तनाव से कमजोर हो रही याददाश्त और झड़ने लगे हैं बाल? जानिए रोजमेरी (गुलमेहंदी) के चमत्कारी फायदे

लाइफस्टाइल/सर्वोदय न्यूज़:- भागदौड़ भरी जिंदगी, काम का तनाव, नींद की कमी और खानपान की लापरवाही — ये सभी हमारे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं। खासकर याददाश्त कमजोर होना, बालों का झड़ना और तनाव आज आम समस्या बन चुकी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन समस्याओं का समाधान एक ही जड़ी-बूटी में छिपा हो सकता है?

हम बात कर रहे हैं रोजमेरी (Rosemary) की, जिसे भारत में गुलमेहंदी के नाम से भी जाना जाता है। यह बैंगनी फूलों वाला एक सुगंधित और औषधीय गुणों से भरपूर पौधा है, जो सदियों से आयुर्वेद में इस्तेमाल होता आ रहा है।

1. याददाश्त बढ़ाए और मानसिक थकान करे दूर

रोजमेरी से निकलने वाली सुगंध मस्तिष्क की तंत्रिका गतिविधियों को उत्तेजित करती है। हेल्थलाइन के अनुसार, रोजमेरी की खुशबू मस्तिष्क में एसेटाइलकोलाइन नामक न्यूरोट्रांसमीटर के ब्रेकडाउन को रोकती है, जिससे स्मृति, ध्यान और फोकस में सुधार होता है।

कैसे करें उपयोग: रोजमेरी एसेंशियल ऑयल को डिफ्यूज़र में डालें या इसकी कुछ पत्तियां पानी में उबालकर उसकी भाप लें।

2. तनाव, चिंता और मानसिक अशांति से दिलाए राहत

रोजमेरी की सुगंध मूड को शांत करती है और दिमाग को रिलैक्स महसूस कराती है। यह एंग्जायटी और डिप्रेशन के लक्षणों को कम करने में भी मददगार हो सकती है।

उपयोग तरीका: रोजमेरी ऑयल की कुछ बूंदों से सिर या गर्दन की मसाज करें, या बाथ वाटर में मिलाएं।

3. बालों को झड़ने से रोके और हेयर ग्रोथ में मदद करे

रोजमेरी तेल में पाए जाने वाले एंटीऑक्सिडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण स्कैल्प के ब्लड सर्कुलेशन को सुधारते हैं, जिससे बालों के रोमछिद्र मजबूत होते हैं और बालों का झड़ना कम होता है।

उपयोग तरीका: रोजमेरी ऑयल को नारियल या अरंडी के तेल में मिलाकर सप्ताह में 2-3 बार स्कैल्प पर मसाज करें।

4. इम्यूनिटी को बनाए मजबूत

रोजमेरी में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं, जिससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और वायरल संक्रमण से सुरक्षा मिलती है।

कैसे करें सेवन: इसकी सूखी पत्तियों को चाय या काढ़े के रूप में लिया जा सकता है।

5. शारीरिक दर्द से राहत दिलाए

रोजमेरी तेल में कुछ ऐसे सक्रिय यौगिक होते हैं जो दर्द निवारक दवाओं की तरह कार्य करते हैं। यह गठिया, मांसपेशियों के दर्द और सिरदर्द में उपयोगी साबित हो सकता है।

उपयोग तरीका: प्रभावित जगह पर रोजमेरी ऑयल से हल्की मालिश करें।

6. त्वचा को निखारे और उम्र के असर को कम करे

रोजमेरी का तेल एंटी-बैक्टीरियल और एंटीऑक्सिडेंट गुणों से भरपूर होता है, जिससे मुंहासे, झुर्रियां और डल स्किन की समस्या दूर होती है।

उपयोग तरीका: रोजमेरी ऑयल को एलोवेरा जेल में मिलाकर चेहरे पर लगाएं।

7. सूजन कम करे, हृदय और कैंसर से सुरक्षा दे

रोजमेरी में कैरनोजिक एसिड जैसे यौगिक होते हैं जो शरीर में सूजन को कम करते हैं। यह हार्ट डिजीज और कैंसर जैसी बीमारियों की जोखिम को घटाने में मदद कर सकता है।

रोजमेरी इस्तेमाल में रखें सावधानी

रोजमेरी का तेल डायरेक्ट स्किन पर लगाने से पहले कैरियर ऑयल (जैसे नारियल या जैतून का तेल) में मिलाएं। प्रेग्नेंट महिलाएं और बच्चों को इसके उपयोग से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। ज्यादा मात्रा में सेवन करने से एलर्जी या पेट खराब हो सकता है।

रोजमेरी न केवल एक खुशबूदार हर्ब है, बल्कि यह आपकी याददाश्त सुधारने, तनाव कम करने, बालों को मजबूत बनाने और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा सकती है। अगर आप भी इन समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो इस प्राकृतिक औषधि को अपनी दिनचर्या में शामिल करके फर्क महसूस कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर:

इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य जागरूकता और शिक्षात्मक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। रोजमेरी या किसी अन्य हर्बल उपाय को इस्तेमाल करने से पहले, विशेष रूप से यदि आप किसी बीमारी से ग्रस्त हैं, दवाएं ले रहे हैं या गर्भवती हैं, तो कृपया अपने चिकित्सक या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।

यूपी से एक हैरान कर देने वाला मामला: युवक के पेट से निकले 29 चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 पेन

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक हैरान कर देने वाला चिकित्सा मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ डॉक्टरों को चौंकाया बल्कि सोशल मीडिया पर भी सनसनी फैला दी है। बुलंदशहर निवासी एक युवक, जो नशे की लत से जूझ रहा था, ने नशे की हालत में 29 चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 पेन निगल लिए। युवक के पेट में तेज दर्द की शिकायत पर जब अस्पताल में जांच की गई, तब यह अजीबो-गरीब मामला सामने आया।

कैसे खुला राज?

यह मामला देवनंदनी अस्पताल, हापुड़ का है। बुलंदशहर निवासी सचिन (परिवर्तित नाम) को परिजनों ने गाजियाबाद के एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। बीते दिनों उसके पेट में असहनीय दर्द हुआ, जिसके बाद परिजन उसे हापुड़ स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल के डॉ. श्याम कुमार और डॉ. संजय राय के नेतृत्व में एक्सरे व स्कैनिंग की गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया।

ऑपरेशन में निकलीं हैरतअंगेज चीजें

डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान मरीज के पेट से जो चीजें निकालीं, वह चौंकाने वाली थीं:29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश साथ ही 2 बॉल पेन निकले | डॉक्टरों ने बताया कि यह उनके करियर का “सबसे अजीब ऑपरेशन” था।

क्यों निगल गया ये सब?

परिजनों और डॉक्टरों के अनुसार, सचिन मानसिक रूप से तनाव में था और नशामुक्ति केंद्र में “पेट भर खाना नहीं मिलने” और “गुस्से में खुद को नुकसान पहुंचाने” के कारण वह टूथब्रश, चम्मच आदि निगलता रहा।

डॉक्टरों के मुताबिक, युवक को OCD (Obsessive Compulsive Disorder) और साइकोसिस जैसी मानसिक बीमारियों से पीड़ित माना जा रहा है, जो उसे यह सब करने के लिए प्रेरित करते रहे।

विशेषज्ञ क्या कहते हैं?

मेरठ स्थित न्यूरोसाइकेट्रिस्ट डॉ. रवि राणा ने बताया:”तनाव से शुरू होने वाला यह व्यवहार धीरे-धीरे मानसिक रोगों की ओर ले जाता है, जिसमें व्यक्ति बाल, धातु, प्लास्टिक, यहां तक कि ब्लेड जैसी चीजें भी निगलने लगता है। यह एक गंभीर मनोविकार है जिसे समय रहते उपचार की जरूरत होती है।”

युवक की हालत अब स्थिर

डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और मरीज की हालत अब स्थिर है। फिलहाल उसे निगरानी में रखा गया है और मनोवैज्ञानिक चिकित्सा दी जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

तीन साल की बच्ची को भेड़िया उठाकर ले गया, एक हाथ खा गया;जबड़े से छीनी बेटी फिर भी…

बहराइच/न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक बार फिर भेड़िए का आतंक देखने को मिला है। महसी तहसील के मंझारा तौकली गांव में बुधवार दोपहर एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची को भेड़िया उठा ले गया। बच्ची को ग्रामीणों ने जबड़े से छुड़ाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। भेड़िया उसका एक हाथ खा चुका था, और इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह घटना जिले में भेड़िए द्वारा बच्चों पर हमला करने की छठी वारदात है। अब तक तीन बच्चों की जान जा चुकी है, जबकि एक अब भी लापता है।

बच्ची को जबड़े में दबोचकर भागा भेड़िया

गांव बाबा पटाव बंगला निवासी बाबूलाल की बेटी सोनी (3 वर्ष) बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। अचानक एक भेड़िया घर में घुस आया और सोनी को जबड़े में दबोचकर गन्ने के खेत की ओर भाग गया।बाबूलाल के शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पीछे दौड़े। लगभग 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में बच्ची घायल अवस्था में मिली। उसका एक हाथ पूरी तरह खा चुका था।

घटना के बाद ग्रामीण तुरंत फखरपुर सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन बच्ची की जान नहीं बच सकी। मौत की पुष्टि होते ही गांव में मातम पसर गया।

इलाके में भेड़िए का आतंक, वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, मंझारा तौकली और आस-पास के गांवों में भेड़िए की दहशत पिछले कई हफ्तों से बनी हुई है। नौ सितंबर के बाद से कैसरगंज, महसी और बौंडी क्षेत्र में तीन बच्चों की मौत, एक का अपहरण और कई घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने वन विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन भेड़िया आज तक पकड़ा नहीं गया।

डर से मचान पर रहने को मजबूर ग्रामीण

भेड़िए के हमलों के चलते अब गांव के लोग मचान बनाकर उस पर बच्चों को सुला रहे हैं। जिनके घरों में दरवाजे नहीं हैं, वे बच्चों को रिश्तेदारों के घर भेज रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में भेड़िए ही नहीं, बल्कि तेंदुए की भी मौजूदगी है। कुछ गांवों में भेड़ियों की मांद (बिल) भी देखी गई है।

इंतजार खत्म! बिहार की 75 लाख महिलाओं को कल मिलेंगे 10-10 हजार रुपये, मोदी-नीतीश करेंगे ट्रांसफर

बिहार- न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार सरकार की बहुप्रतीक्षित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत शुक्रवार, 26 सितंबर 2025 को राज्य की लगभग 75 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इस योजना की पहली किस्त के रूप में 7500 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों को दी जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संयुक्त रूप से इस राशि को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जारी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

बिहार सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य सिर्फ रोजगार देना नहीं, बल्कि महिलाओं को रोजगार उत्पन्न करने वाला बनाना है। 10,000 रुपये की प्रारंभिक सहायता मिलने के बाद महिलाएं कोई छोटा व्यवसाय या स्व-रोजगार की पहल कर सकेंगी। 6 महीने के बाद उनके कार्य का मूल्यांकन किया जाएगा और योग्य महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।

यह भी पढ़े:- सोशल मीडिया पर झगड़ रहा राजा भैया का परिवार: पत्नी भानवी और बेटे शिवराज आमने-सामने

आपको बतादे कि यह योजना आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकलुभावन घोषणाओं का एक हिस्सा है। पिछले महीने ही सीएम ने इस योजना का ऐलान किया था और बीते 7 सितंबर को इसके आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अब तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की 1 करोड़ से अधिक महिलाएं इस योजना के लिए आवेदन कर चुकी हैं, इनमें से 75 लाख लाभार्थियों को 10000 रुपये शुक्रवार को मिल जाएंगे। शेष महिलाओं को आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से राशि दी जाएगी।

राज्य में अगले कुछ महीनों में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 होने हैं। ऐसे में यह योजना नीतीश सरकार की बड़ी लोकलुभावन पहल के रूप में देखी जा रही है। हालांकि, सरकार का कहना है कि यह कोई रेवड़ी योजना नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजना है।

जानकारी के अनुसार पटना समेत राज्य के सभी जिलों में शुक्रवार को इस योजना के तहत राशि वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।बतादें कि पहले यह कार्यक्रम 22 सितंबर को होना था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे 26 सितंबर तक के लिए टाल दिया गया।

सोशल मीडिया पर झगड़ रहा राजा भैया का परिवार: पत्नी भानवी और बेटे शिवराज आमने-सामने

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की कुंडा सीट से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है।बतादें कि  कोर्ट में लड़ी जा रही लड़ाई अब सोशल मीडिया पर भी लड़ी जाने लगी है। राजा भैया ने तो पूरे मामले पर कभी कोई बयान नहीं दिया लेकिन चचेरे भाई एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह जरूर पलटवार करते रहे।

बतादें कि अब राजा भैया और भानवी सिंह के बेटे शिवराज प्रताप सिंह ने अपनी ही मां के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भानवी के वीडियो-फोटो से किए गए हमलों का जवाब बेटे शिवराज ने वीडियो और फोटो से ही दिया है। मां-बेटे में वार-पलटवार दूध के कर्ज, पूत-कपूत और ‘जूतेबाज़’ मां तक पहुंच गई है।

दरअसल कुछ समय पहले कुछ दिन पहले भानवी सिंह ने राजा भैया पर घरेलू हिंसा, अवैध संबंधों और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर कई वीडियो और फोटो पोस्ट किए। इस विवाद में शिवराज प्रताप सिंह (राजा भैया व भानवी का बेटा) ने पहली बार चुप्पी तोड़ी और अपनी मां पर जवाबी हमले किए।
उन्होंने कहा: “मां को समझाया गया, रोका गया, लेकिन वो घर छोड़कर चली गईं। कोर्ट में उन्होंने 100 करोड़ रुपए और हर महीने 25 लाख रुपए की मांग की है।”

भानवी का पलटवार: “मैं मजबूर हूं, जवाब देना पड़ेगा”

बेटे के आरोपों से तिलमिलाई भानवी सिंह ने न केवल नए वीडियो पोस्ट किए, बल्कि बेटे को “कपूत” तक कह डाला।
उन्होंने लिखा: “मुझे भरोसा नहीं हो रहा कि मेरा बेटा ऐसा भी हो सकता है। लेकिन मैं जानती हूं कि उसे मजबूर किया गया है।”

उन्होंने दावा किया कि: “मैंने घर स्वेच्छा से नहीं छोड़ा, मुझे गोली मारने की धमकी देकर निकाला गया। मेरे पास सबूत हैं, जिनमें मेरे पिता भी गवाही दे रहे हैं।”

नए वीडियो और नए आरोप

बुधवार को शिवराज ने फिर सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया और आरोप लगाया कि:“मेरी मां अपने पिता की संपत्ति अकेले हथियाना चाहती हैं और हिंसक हो चुकी हैं। कई बार नाना-नानी पर हमला कर चुकी हैं।”

इसके जवाब में भानवी ने एक नया वीडियो शेयर कर कहा: “तुम्हें मेरी मजबूरी समझनी चाहिए। तुम भी मेरे साथ सड़क पर थे। तुम अब मजबूरी में ये सब कर रहे हो।”

बेहूदगी की सारी हदें पार हो जाएं तो…

मां की तरफ से नए वीडियो और नए आरोपों के बाद एक बार फिर बुधवार को शिवराज प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए ही हमले किए। इस बार एक वीडियो भी पोस्ट किया। लिखा कि जब बेहूदगी की सारी हदें पार हो जायें तो जवाब देना तो बनता है। मां पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी करतूत का एक और नमूमा देखिये, मेरे नाना की चार बेटियां हैं और वे अपनी संपत्ति चारों में बराबर बांटना चाह रहे हैं, जो की उचित ही है, लोकिन ये नाना-नानी की पूरी संपत्ति अकेले हथियाना चाहती हैं, जिसे लेकर मुकदमे भी चल रहे हैं, लेकिन सिर्फ मुकदमों से हमारी मम्मा का मन नहीं भरता है, इसलिए कई बार ये हिंसक होकर उन पर हमला भी कर चुकी हैं। इसके अलावा भी कई आरोप लगा दिए।

“मारकर भगाया जाएगा तो अयोध्या छोड़ना ही पड़ेगा”- विनय कटियार के बयान पर बोले इकबाल अंसारी

न्यूज़ डेस्क/अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने भाजपा नेता विनय कटियार के बयान पर कड़ा जवाब दिया है। अंसारी ने कहा, “अगर हमें मारकर अयोध्या से भगाया जाएगा तो फिर हमें भागना ही पड़ेगा।” साथ ही उन्होंने धन्नीपुर में मस्जिद निर्माण को लेकर चल रहे विवाद पर भी स्पष्ट रुख अपनाया। अंसारी ने उप सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड पर निशाना साधते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा प्रस्तुत नक्शा ‘म्यूजियम’ जैसा है और मुस्लिम समुदाय को वह स्वीकार्य नहीं। उनका कहना था कि बाबरी मस्जिद तो पहले भी मौजूद नहीं थी, इसलिए कहीं और मस्जिद बनाना अर्थहीन होगा।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद विनय कटियार के बयान के बाद गुरुवार को इकबाल अंसारी ने जवाब दिया है। उन्होंने रौनाही के धन्नीपुर गांव में मिली जमीन पर मस्जिद बनाने के बजाय वहां खेती करने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि खेत में उगाए गए अनाज को हिंदू और मुस्लिम गरीब परिवारों में बांट दिया जाना चाहिए। इकबाल अंसारी ने कहा कि वे ऐसी मस्जिद कतई नहीं चाहते जो धार्मिक भावनाओं का सम्मान न करे। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन का सामाजिक और आर्थिक उपयोग ही बेहतर विकल्प है, जिससे स्थानीय जरूरतमंदों को लाभ पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड का प्रस्ताव समुदाय की वास्तविक अपेक्षाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता।

आपको बतादें कि इससे पहले विनय कटियार ने बुधवार को अयोध्या स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत में बड़ा बयान दिया था। कटियार ने कहा कि जिन्हें मस्जिद चाहिए, उन्हें अयोध्या छोड़कर सरयू नदी के पार चले जाना चाहिए। धन्नीपुर में प्रस्तावित मस्जिद का नक्शा खारिज किए जाने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि मुसलमानों को अयोध्या के भीतर मस्जिद बनाने की जरूरत ही नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग बार-बार मस्जिद निर्माण की बातें कर रहे हैं, उन्हें “तनख्वाहिया” घोषित कर देना चाहिए। वह उनकी महाजिद थी लेकिन अब राम मंदिर बन चुका है तो उन्हें अयोध्या छोड़ देना चाहिए अयोध्या नगरी के अंदर उनका क्या काम है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मथुरा दौरे पर, बांके बिहारी मंदिर में किए दर्शन – श्रद्धालुओं की एंट्री रही बंद

मथुरा(न्यूज़ डेस्क)/सर्वोदय न्यूज़:- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को अपने एक दिवसीय मथुरा दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। हालांकि, राष्ट्रपति के आगमन से पहले ही श्रद्धालुओं को मंदिर और उसके मार्गों पर जाने से रोक दिया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास की गलियां पूरी तरह खाली रहीं और वहां सिर्फ सुरक्षाकर्मी ही तैनात थे।

भव्य सजावट और सुरक्षा के बीच पहुंचे राष्ट्रपति

सुबह करीब 10:25 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं। मंदिर को इस मौके पर भव्य रूप से सजाया गया था। राष्ट्रपति ने विधि-विधान से ठाकुरजी के दर्शन किए और राष्ट्र तथा समाज की समृद्धि की कामना की। उनके स्वागत में सेवायतों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की, वहीं मंदिर परिसर ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।

रेलवे स्टेशन पर हुआ गर्मजोशी से स्वागत

इससे पहले राष्ट्रपति सुबह 10 बजे वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी समेत कई गणमान्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। जैसे ही राष्ट्रपति की स्पेशल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, नफीरी की धुन पर श्रीवृंदावन बिहारी की ध्वनि गूंज उठी।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर स्कूली बच्चों का स्वागत

राष्ट्रपति मुर्मु के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचने पर स्कूल बैंड और एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर केआर इंटर कॉलेज और श्रीकृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने प्रस्तुति दी।

भारी सुरक्षा और श्रद्धालुओं का उत्साह

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की एंट्री पूरी तरह रोक दी गई थी, हालांकि राष्ट्रपति के दर्शन से स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।

ब्रजभूमि के लिए गौरव का क्षण

लोगों ने राष्ट्रपति के आगमन को ब्रजभूमि के लिए ऐतिहासिक और गर्व का विषय बताया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ठाकुर बांके बिहारी मंदिर दर्शन धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी एक अविस्मरणीय क्षण बन गया।

धन्नीपुर में नहीं चाहिए मस्जिद: विनय कटियार के बयान के बाद इकबाल अंसारी ने रखी खेती की मांग

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अयोध्या के धन्नीपुर में प्रस्तावित मस्जिद एक बार फिर सुर्खियों में है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद विनय कटियार द्वारा मुस्लिम समाज को “अयोध्या से बाहर जाने” की नसीहत के बाद, बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने पलटवार करते हुए कहा कि धन्नीपुर की ज़मीन पर मस्जिद की ज़रूरत नहीं, बल्कि वहां खेती होनी चाहिए और उपजा अनाज समाज में बांटा जाना चाहिए।

विनय कटियार बोले – मस्जिद की ज़िद अब छोड़े मुस्लिम समाज

अयोध्या स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए विनय कटियार ने कहा: “अब जब राम मंदिर बन चुका है, तो मस्जिद की बात को महा जिद मान लेना चाहिए। सरयू नदी के पार कहीं और जाएं। अयोध्या में अब मस्जिद का कोई स्थान नहीं है।”

विनय कटियार ने यह भी कहा कि मस्जिद बनाने की कोशिश करने वालों को वह “तनख्वाहिया” कहकर पुकारेंगे और यह कोशिशें व्यर्थ साबित होंगी।

इकबाल अंसारी का पलटवार – मस्जिद नहीं, खेती चाहिए

कटियार के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इकबाल अंसारी ने कहा कि: “धन्नीपुर में पहले से ही कई मस्जिदें हैं। वहां नई मस्जिद की ज़रूरत नहीं है। मैं चाहता हूं कि उस ज़मीन पर खेती की जाए और जो अनाज पैदा हो, उसे समाज में बांटा जाए।”

उन्होंने यह भी कहा कि मजहब की जगह इंसानियत की बात होनी चाहिए, और भूख मिटाने की दिशा में काम करना आज की असली ज़रूरत है।

मंदिर-मस्जिद विवाद 

2019 में सुप्रीम कोर्ट ने बहुचर्चित अयोध्या विवाद पर फैसला सुनाते हुए राम मंदिर के पक्ष में निर्णय दिया था। मुस्लिम पक्ष को मस्जिद निर्माण के लिए अयोध्या के धन्नीपुर क्षेत्र में 5 एकड़ ज़मीन दी गई थी।

22 जनवरी 2024 को राम मंदिर में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा हो चुकी है, जबकि धन्नीपुर में मस्जिद का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।

Asia Cup 2025: सूर्यकुमार यादव के बयान पर बवाल, PCB ने की शिकायत दर्ज, क्या लग सकता है बैन?

0

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- एशिया कप (Asia Cup)2025 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की बड़ी जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने उनके बयान को लेकर आईसीसी (ICC) में औपचारिक शिकायत दर्ज कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, PCB ने आरोप लगाया है कि सूर्यकुमार के मैच बाद की टिप्पणी से खेल की गरिमा को ठेस पहुंची है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सूर्यकुमार यादव को एशिया कप 2025 के फाइनल से बाहर कर दिया जाएगा या फिर उन पर जुर्माना लगाया जाएगा?

क्या है पूरा मामला?

14 सितंबर 2025 को हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले में जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन और प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कुछ ऐसी बातें कहीं जो पाकिस्तान बोर्ड को नागवार गुजरीं।

जानकारी के अनुसार, उन्होंने कहा था:”यह जीत हमारे देश के शहीदों और जवानों को समर्पित है। साथ ही, सरकार और बीसीसीआई के निर्देशानुसार हमने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया।”

PCB ने इस बयान को राजनीतिक और भड़काऊ बताते हुए ICC में शिकायत दी। इस पर ICC मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने भारतीय टीम प्रबंधन को ई-मेल भेजकर स्थिति स्पष्ट की है।

क्या सूर्यकुमार यादव पर बैन लग सकता है?

ICC के आचार संहिता के मुताबिक, यह मामला संभवतः Level 1 Offence के अंतर्गत आएगा। Level 1 उल्लंघन में अधिकतम सजा मैच फीस का जुर्माना होती है। बैन केवल Level 2, 3 या 4 के गंभीर मामलों (जैसे गाली, धमकी, बॉल टेंपरिंग) में लगता है। इसलिए, सूर्यकुमार यादव के बैन होने की संभावना बेहद कम है, हालांकि आर्थिक दंड की आशंका बनी हुई है।

Aaj Ka Rashifal 25 September 2025:तुला राशि के लिए चमकने का दिन, जानिए सभी 12 राशियों का हाल

0

Aaj Ka Rashifal 25 September 2025: ग्रहों की चाल: ग्रहों की वर्तमान स्थिति के अनुसार, गुरु मिथुन में, शुक्र और केतु सिंह राशि में, सूर्य और बुध कन्या राशि में स्थित हैं। मंगल और चंद्रमा तुला राशि में गोचर कर रहे हैं, जबकि राहु कुंभ और शनि मीन राशि में विराजमान हैं। आइए जानते हैं, इस ज्योतिषीय स्थिति का आपकी राशि पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

मेष राशि:

आज जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा और नौकरी में स्थितियाँ मजबूत होंगी। हालांकि प्रेम और संतान को लेकर कुछ सावधानी बरतनी होगी। व्यापार में लाभ के संकेत हैं। सुबह सूर्य को जल अर्पित करें।

वृषभ राशि:

विरोधियों पर हावी रहेंगे और बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। प्रेम और संतान से जुड़ी परिस्थितियाँ अनुकूल रहेंगी। व्यवसाय में प्रगति संभव है, लेकिन स्वास्थ्य पर थोड़ा ध्यान दें। आज लाल रंग से जुड़ी वस्तु का दान करना लाभकारी रहेगा।

मिथुन राशि:

भावनाओं और गुस्से में आकर कोई निर्णय न लें। आज का दिन अध्ययन या लेखन में समय बिताने के लिए उत्तम है। व्यापारिक दृष्टि से दिन ठीक रहेगा, लेकिन प्रेम-संतान को लेकर स्थिति थोड़ी सामान्य है। हरी वस्तु पास रखें।

कर्क राशि:

भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी के योग बन रहे हैं। भौतिक सुखों में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। पारिवारिक और प्रेम संबंध मजबूत होंगे। व्यापार में भी उन्नति होगी। किसी भी प्रकार की कलह से बचें और लाल वस्तु पास रखें।

सिंह राशि:

आज आपका आत्मविश्वास और साहस रंग लाएगा। नौकरी और व्यवसाय में तरक्की संभव है। कोई नया काम शुरू करने के लिए शुभ समय है। सेहत और निजी संबंधों में संतुलन बना रहेगा। लाल वस्तु अपने पास रखें।

कन्या राशि:

आज धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। परिवार में भी खुशियों की बढ़ोतरी होगी। सेहत उत्तम रहेगी और संतान से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। व्यावसायिक दृष्टिकोण से दिन शानदार रहेगा। निवेश करते समय सतर्क रहें। लाल वस्तु साथ रखें।

तुला राशि:

आज आप आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे और सितारों की तरह चमकेंगे। जीवन में संतुलन बना रहेगा और ज़रूरत की सभी चीजें समय पर प्राप्त होंगी। प्रेम-संतान की स्थिति थोड़ी सामान्य रह सकती है, लेकिन व्यापार में बढ़िया परिणाम मिलेंगे। शनिदेव को नमन करें।

वृश्चिक राशि:

आज खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे मन अशांत रहेगा। सिरदर्द या आंखों से जुड़ी समस्या परेशान कर सकती है। प्रेम और संतान को लेकर थोड़ा संयम रखें। व्यवसाय अच्छा चलेगा। पीली वस्तु पास में रखें।

धनु राशि:

नई आय के स्रोत बनेंगे और पुराने स्रोत से भी लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, प्रेम संबंध मजबूत होंगे और व्यापार में अच्छी प्रगति होगी। शुभ समाचार मिलने की संभावना है। लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि:

व्यवसाय में मजबूती आएगी और कानूनी मामलों में जीत के संकेत हैं। सेहत, प्रेम और कारोबार सभी क्षेत्रों में आज का दिन आपके पक्ष में रहेगा। मां काली को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

कुंभ राशि:

भाग्य आपका साथ देगा और यात्रा के योग बन सकते हैं। रुके हुए काम पूरे होंगे और सेहत में सुधार होगा। प्रेम-संबंधों में मजबूती आएगी और व्यापार में सफलता मिलेगी। हरी वस्तु पास रखें।

मीन राशि:

आज का दिन सावधानी से बिताएं। स्थितियाँ अनुकूल नहीं हैं और कोई जोखिम लेने से बचें। सेहत पर विशेष ध्यान दें। प्रेम और संतान को लेकर दिन थोड़ा सामान्य रहेगा, वहीं व्यापार औसत रहेगा। शिवजी का जलाभिषेक करें।

नोट:
यह राशिफल ज्योतिषीय आकलन पर आधारित है। किसी भी निर्णय को लेने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।