Home Blog Page 193

‘इंडियन स्टेट’ बयान पर राहुल गांधी को बड़ी राहत, संभल की एमपी-एमएलए कोर्ट ने खारिज की याचिका

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को ‘इंडियन स्टेट’ बयान मामले में बड़ी राहत मिली है। संभल की एमपी-एमएलए कोर्ट ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए उनके खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया।

यह मामला हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता द्वारा दाखिल किया गया था, जिन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी का बयान समाज में वैमनस्य और अस्थिरता फैलाने वाला है।

क्या था मामला?

23 जनवरी 2025 को सिमरन गुप्ता ने एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दाखिल कर कहा था कि राहुल गांधी ने 15 जनवरी 2025 को नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के उद्घाटन समारोह में कहा था —“हमारी लड़ाई भाजपा या आरएसएस से नहीं, बल्कि इंडियन स्टेट से है।”

याचिकाकर्ता का आरोप था कि यह बयान लोकतांत्रिक ढांचे और सरकारी संस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाता है और जनमानस की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।

कई सुनवाइयों के बाद आया फैसला

सिमरन गुप्ता की याचिका को पहले एमपी-एमएलए कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने पुनरीक्षण याचिका (revision petition) दाखिल की। एडीजे-द्वितीय निर्भय नारायण सिंह की कोर्ट ने 20 मार्च को राहुल गांधी को नोटिस जारी किया था।

यह भी पढ़े:- फोन पर धमकी दी और…’ सलमान खान पर उनकी एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली के गंभीर

28 अक्तूबर को चंदौसी स्थित जिला न्यायालय परिसर में एडीजे आरती फौजदार की अदालत में अंतिम सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया था। 7 नवंबर (शुक्रवार) को अदालत ने फैसला सुनाते हुए याचिका को खारिज कर दिया।

दोनों पक्षों की दलीलें

राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद सगीर सैफी, और याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सचिन गोयल ने पक्ष रखा।राहुल गांधी के वकील ने तर्क दिया कि यह पुनरीक्षण याचिका सुनवाई योग्य नहीं है, जबकि याचिकाकर्ता ने कहा कि बयान से जनभावनाएं आहत हुई हैं। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद अदालत ने राहुल गांधी के पक्ष में फैसला दिया।

अब हाई कोर्ट जाएंगे याचिकाकर्ता

फैसले के बाद राहुल गांधी के अधिवक्ता सगीर सैफी ने कहा —“अदालत ने विस्तृत बहस के बाद याचिका को खारिज कर दिया है।” वहीं याचिकाकर्ता सिमरन गुप्ता ने कहा —“हम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हैं, लेकिन अब हाई कोर्ट में अपील करेंगे।”

फोन पर धमकी दी और…’ सलमान खान पर उनकी एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली के गंभीर आरोप,कहा…

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस सोमी अली एक बार फिर चर्चा में हैं।
सोमी अली ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए सलमान खान पर बुली करने, धमकी देने और पेशेवर नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

सोमी ने दावा किया है कि सलमान उन्हें 2025 में भी परेशान कर रहे हैं और उनके एनजीओ ‘No More Tears’ को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

सोमी अली का दावा — ‘सलमान मेरी जिंदगी के पीछे पड़े हैं’

अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में सोमी अली ने कहा —“सलमान खान मेरी जिंदगी के पीछे पड़े हैं, वो मुझे अकेला नहीं छोड़ रहे।

यह भी पढ़े:- वाराणसी में PM मोदी का भव्य स्वागत, बजे ढोल-नगाड़े; चार 

उन्होंने मुझे अनजान नंबर से फोन कर धमकी दी है।” सोमी ने बताया कि सलमान खान ने उनके एनजीओ और उनके काम को डिफेम करने की कोशिश की है।

‘मुझे बॉलीवुड से बॉयकॉट कराया’ — सोमी अली

सोमी ने आगे आरोप लगाया —“सलमान ने मुझे धमकाते हुए कहा था कि अगर मैंने उनके बारे में कुछ बोला तो वो मुझे बर्बाद कर देंगे। उन्होंने ऐसा किया भी। उन्होंने मुझे बॉलीवुड से बॉयकॉट करवा दिया। अब वो हॉलीवुड में भी मेरी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।” सोमी ने कहा कि अब इंडस्ट्री में उनके पुराने दोस्त भी उनसे दूरी बना चुके हैं।

‘सलमान ने मुझे धोखा दिया’

वीडियो में सोमी ने बताया कि उन्होंने 1998 में सलमान से रिश्ता खत्म किया, क्योंकि उन्हें धोखा मिला था। उन्होंने कहा —“वो अब भी मुझे हैरेस कर रहे हैं। दुबई में मेरी सौतेली बहन और भांजे से मिल रहे हैं, सिर्फ मुझे मानसिक रूप से परेशान करने के लिए।”

सोमी ने यह भी कहा कि सलमान ने मुंबई में उनके कैरेक्टर पर सवाल उठाए थे और अब विदेश में भी उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

सोमी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कई यूजर्स जहां सोमी का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ ने सलमान खान का बचाव किया है। अब देखना होगा कि सलमान खान या उनकी टीम की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी जाती है या नहीं।

वाराणसी में PM मोदी का भव्य स्वागत, बजे ढोल-नगाड़े; चार वंदे भारत ट्रेनों की देंगे सौगात

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
जैसे ही उनका काफिला बाबतपुर एयरपोर्ट से शहर की ओर बढ़ा, लोगों ने फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों की थाप और “हर हर महादेव” के नारों से उनका स्वागत किया।

सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला समूहों और स्कूली बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। “मोदी-मोदी” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

दो दिवसीय वाराणसी दौरा शुरू

प्रधानमंत्री मोदी अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर हैं। शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे वह लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग से बरेका (Banaras Locomotive Works) का रुख किया, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।

यह भी पढ़े:- दिल्ली एयरपोर्ट पर ठप हुआ एयर ट्रैफिक सिस्टम, 700 उड़ानें लेट – साइबर अटैक

शनिवार, 8 नवंबर की सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर, प्रधानमंत्री मोदी बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

चार नई वंदे भारत ट्रेनें चलेंगी इन रूट्स पर

अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री जिन चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना करेंगे, वे निम्नलिखित मार्गों पर चलेंगी-

  1. बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
  2. लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
  3. फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
  4. एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस

इनमें से बनारस-खजुराहो वंदे भारत देश के कई प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों जैसे वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट को जोड़ेगी।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए वाराणसी पुलिस, प्रशासन और रेलवे विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। हजारों लोगों के स्वागत को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक रूट डायवर्जन और सेक्योरिटी जोन बनाए गए हैं।

इसके बाद बिहार जाएंगे पीएम मोदी

वाराणसी में कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सुबह 9:15 बजे हेलीकॉप्टर से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से दरभंगा (बिहार) के लिए रवाना होंगे, जहां वे अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

दिल्ली एयरपोर्ट पर ठप हुआ एयर ट्रैफिक सिस्टम, 700 उड़ानें लेट – साइबर अटैक की आशंका पर IT मंत्रालय का बयान

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़- देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शुमार दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGIA) पर शुक्रवार को बड़ा तकनीकी संकट देखने को मिला।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में टेक्निकल गड़बड़ी के कारण लगभग 700 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट पर इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर सहित सभी प्रमुख एयरलाइंस की सेवाएं प्रभावित हुईं।

क्या था असली कारण?

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (IT Ministry) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “यह तकनीकी गड़बड़ी सिस्टम अपग्रेड के दौरान हुई, न कि किसी साइबर हमले के कारण।”

नाम न बताने की शर्त पर अधिकारी ने कहा कि “फ्लाइट प्लान का ऑटोमैटिक अपडेट सिस्टम (Automatic Message Switching System – AMSS) काम करना बंद कर गया, जिससे उड़ानों की क्लियरेंस प्रक्रिया बाधित हुई।” उन्होंने साफ किया कि यह “साइबर अटैक नहीं बल्कि सॉफ्टवेयर अपग्रेड एरर” है।

IT मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की जांच

आईटी मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह इस मामले की जांच शुरू की और संभावित साइबर अटैक की संभावना को खारिज कर दिया।

यह भी पढ़े:- रवि किशन के साथ दिखे तेज प्रताप यादव, भोजपुरी स्टार बोले– “भाजपा 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Civil Aviation Ministry) ने भी आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई तकनीकी खामी का साइबर सुरक्षा से कोई संबंध नहीं है।”

एएआई का बयान

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने कहा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी ‘ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS)’ में आई तकनीकी दिक्कत की वजह से हुई है। यह सिस्टम एयर ट्रैफिक कंट्रोल डेटा को प्रोसेस करता है।”

दिल्ली एयरपोर्ट हर दिन 1,500 से अधिक उड़ानों का संचालन करता है, जिससे यह गड़बड़ी देश के हवाई नेटवर्क पर व्यापक असर डाल गई।

यात्रियों को भारी परेशानी

सैकड़ों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर देरी और असुविधा को लेकर एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्राधिकरण से नाराज़गी जताई।

फिलहाल एटीसी तकनीकी टीमों द्वारा समस्या को ठीक कर संचालन धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।

रवि किशन के साथ दिखे तेज प्रताप यादव, भोजपुरी स्टार बोले– “भाजपा का सीना खुला है”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  बिहार विधानसभा चुनाव के बीच शुक्रवार को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के साथ देखा गया।

दोनों नेता पटना एयरपोर्ट पर एक साथ निकलते हुए नजर आए, जिसके बाद बिहार की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गईं। कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या तेज प्रताप यादव एनडीए में शामिल होने की तैयारी में हैं?

तेज प्रताप बोले– “हम दोनों भोलेनाथ के भक्त हैं”

तेज प्रताप यादव से जब एनडीए में जाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “पहली बार रवि किशन जी से मुलाकात हुई है। ये भगवान के भक्त हैं, और हम भी महादेव के भक्त हैं। हम दोनों की मुलाकात हो गई।”

उन्होंने आगे कहा, “जो बेरोजगारी मिटाएगा, हम उसी के साथ रहेंगे। हम भी टीका लगाते हैं, ये भी लगाते हैं — फिर प्रशंसा क्यों नहीं करेंगे?”

बता दें कि लालू यादव ने कुछ महीने पहले तेज प्रताप को आरजेडी और परिवार दोनों से बेदखल कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल (JJD) नाम से नई पार्टी बनाई और बिहार की कई सीटों पर प्रत्याशी उतारे।

रवि किशन ने कहा– “भाजपा का सीना खुला है”

भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा सांसद रवि किशन ने तेज प्रताप यादव की तारीफ करते हुए कहा, “तेज प्रताप के हृदय को सब लोग बहुत प्रेम करते हैं। वह दिल से बोलते हैं, दिमाग से नहीं। ये भोलेनाथ के सच्चे भक्त हैं।”

एनडीए में तेज प्रताप की एंट्री के सवाल पर रवि किशन ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भोलेनाथ के भक्त हैं। जो लोग निस्वार्थ सेवा करते हैं, भाजपा उनका स्वागत करती है। भाजपा का सीना खुला है — यह किसी से छिपा नहीं।”

बिहार चुनाव में बढ़ी हलचल

तेज प्रताप यादव इन दिनों वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनावी मैदान में हैं। रवि किशन के साथ उनकी मुलाकात को बिहार की राजनीति में संभावित गठजोड़ की नई हलचल के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि दोनों नेताओं ने इसे “सिर्फ एक संयोग” बताया, लेकिन सियासी गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।

सब कुछ सह लिया तो अब कैसे छोड़ दूं? अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद आजम खान ने बयां किया अपना दर्द

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता मो. आजम खान ने शुक्रवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपना दर्द साझा किया। अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ वह लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित अखिलेश यादव के आवास पहुंचे। मुलाकात करीब 30 से 35 मिनट तक चली, जिसमें दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत मुद्दों पर चर्चा हुई।

“50 सालों का रिश्ता कमजोर नहीं होता” — आजम खान

अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद बाहर निकलते हुए आजम खान ने भावुक अंदाज में कहा, “मेरा उस घर से 50 सालों का रिश्ता है। इसे कमजोर होने में वर्षों लगेंगे और टूटने में सदियां। जब सब कुछ सह लिया तो अब उन्हें (अखिलेश) क्यों छोड़ दूं। हालात जरूर बदलेंगे।”

यह भी पढ़े:- सपा नेता आजम खान को कोर्ट से बड़ी राहत, इस केस में हुए बरी

आजम खान ने कहा कि उनका समाजवादी परिवार से संबंध सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि पीढ़ियों से जुड़ा रिश्ता है। उन्होंने कहा,“रिश्तों में अगर जंग आने लगे, तो मैं खुद ही साफ कर लेता हूं। किसी और की जरूरत नहीं पड़ती।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी बातें कोई “फिल्मी डायलॉग” नहीं हैं, बल्कि उनके दिल की सच्चाई हैं।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर साझा की तस्वीर

इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर आजम खान के साथ अपनी फोटो साझा की और लिखा -“न जाने कितनी यादें संग ले आए, जब वो आज हमारे घर पर आए!

ये जो मेलमिलाप है, यही हमारी साझा विरासत है।” अखिलेश की यह पोस्ट दोनों नेताओं के गहरे और पुराने संबंधों का प्रतीक मानी जा रही है। राजनीतिक हलकों में इसे सपा परिवार में फिर से एकजुटता का संकेत बताया जा रहा है।

बतादें कि आजम खान लंबे समय से कानूनी और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इस मुलाकात को न केवल एक भावनात्मक पुनर्संबंध बल्कि पार्टी के भीतर संवाद बहाल होने की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

सपा नेता आजम खान को कोर्ट से बड़ी राहत, इस केस में हुए बरी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदयं न्यूज़:-  समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए कोर्ट की विशेष न्यायाधीश आलोक वर्मा की अदालत ने उन्हें सरकारी लेटर पैड और मुहर के दुरुपयोग के आरोप से बरी कर दिया है।

आरोप था कि आजम खान ने सरकारी लेटर पैड का उपयोग कर उस पर भाजपा, आरएसएस और शिया धर्मगुरु कल्बे जवाद के खिलाफ टिप्पणी की थी। अदालत ने बुधवार को इस मामले में फैसला सुनाते हुए उन्हें निर्दोष करार दिया।

क्या था मामला

मामला फरवरी 2019 का है, जब वादी अल्लामा जमीर नकवी ने हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि घटना वर्ष 2014 की है, लेकिन तत्कालीन सरकार के प्रभाव के चलते पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद वादी ने अल्पसंख्यक आयोग को शिकायत भेजी, जिसमें आजम खान पर सरकारी पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया था।

वादी का कहना था कि इस कार्य से सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंच सकती थी। अदालत में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं और बचाव पक्ष ने यह साबित किया कि आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत नहीं हैं।

अदालत का फैसला

एमपी-एमएलए कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में आजम खान को आरोपमुक्त (बरी) कर दिया। अदालत के इस फैसले के बाद सपा नेता के समर्थकों ने राहत की सांस ली और अदालत परिसर में खुशी जताई।

कानूनी जानकारों के अनुसार, यह फैसला आजम खान के लिए एक महत्वपूर्ण राहत है, क्योंकि उनके खिलाफ बीते वर्षों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

अन्य केसों की स्थिति

  • यतीमखाना प्रकरण:
    इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को होनी थी, लेकिन बचाव पक्ष का गवाह पेश नहीं हो सका। अब सुनवाई 12 नवंबर 2025 को होगी।
  • क्वालिटी बार केस:
    रामपुर में चल रहे क्वालिटी बार प्रकरण की सुनवाई अब 25 नवंबर 2025 को तय की गई है।

आज का राशिफल 7 नवंबर 2025: धन के मामले में इन दो राशियों की होगी किस्मत चमकदार, जानें सभी राशियों का हाल

आज का राशिफल 7 नवंबर 2025: ग्रहों की चाल: शुक्रवार, 7 नवंबर 2025 को चंद्रमा राशि परिवर्तन कर वृषभ राशि में प्रवेश करेगा। इस समय उच्च के गुरु कर्क राशि में, केतु सिंह राशि में, जबकि नीच का सूर्य तुला राशि में स्थित है। स्वगृही शुक्र भी तुला राशि में है। बुध और मंगल दोनों वृश्चिक राशि में गोचर कर रहे हैं। राहु कुंभ में और शनि मीन राशि में स्थित हैं। शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना गया है। जिनका शुक्र कमजोर है, वे शुक्र से जुड़े उपाय अवश्य करें।

मेष राशि:

बोलचाल में संयम रखें। परिवार में वृद्धि के योग हैं। व्यापार में विस्तार होगा और धन लाभ के संकेत हैं। प्रेम और संतान पक्ष से शुभ समाचार मिल सकता है। आज के दिन काली माता की पूजा करना शुभ रहेगा।

वृषभ राशि:

आज आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सम्मान प्राप्त होगा। हर कार्य में सफलता के योग हैं। प्रेम-संबंधों में सामंजस्य रहेगा और व्यापार लाभदायक रहेगा। दिनभर सौम्यता बनाए रखें। हरी वस्तु अपने पास रखें।

मिथुन राशि:

मन में थोड़ी अशांति रह सकती है। खर्च बढ़ेगा और स्वास्थ्य में सिरदर्द या आंखों की परेशानी संभव है। हालांकि प्रेम और व्यापार सामान्य रहेंगे। आज लाल रंग की वस्तु का दान करना शुभ फल देगा।

कर्क राशि:

यात्रा के योग बन रहे हैं। रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है। नए आर्थिक स्रोत खुलेंगे और शुभ समाचार प्राप्त होंगे। प्रेम और परिवार का साथ मिलेगा। आज लाल वस्तु अपने पास रखें।

सिंह राशि:

राजनीति से जुड़े जातकों को लाभ होगा। उच्चाधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। कोर्ट-कचहरी के मामलों में विजय संभव है। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है, लेकिन व्यापार में प्रगति होगी। पीली वस्तु साथ रखें।

कन्या राशि:

भाग्य आपका साथ देगा। यात्रा और धार्मिक कार्यों में सहभागिता रहेगी। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार — तीनों पक्ष मजबूत रहेंगे। आज सफेद वस्तु साथ रखें।

तुला राशि:

आज सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी तरह का जोखिम न लें। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें और वाहन धीरे चलाएं। प्रेम व संतान पक्ष सामान्य रहेगा। शनिदेव की आराधना करें।

वृश्चिक राशि:

नौकरी और करियर के लिए शुभ समय है। जीवनसाथी और परिवार का सहयोग मिलेगा। प्रेम-संबंध मधुर रहेंगे और व्यापार में भी लाभ होगा। पीली वस्तु अपने पास रखें।

धनु राशि:

शत्रु बाधा डाल सकते हैं लेकिन अंततः विजय आपकी होगी। काम में कुछ रुकावटें आएंगी, फिर भी परिणाम सकारात्मक रहेंगे। स्वास्थ्य पर ध्यान दें। प्रेम संबंधों में दूरी संभव है। लाल वस्तु साथ रखें।

मकर राशि:

कला, लेखन और सिनेमा से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। व्यापार में लाभ की संभावना है, जबकि प्रेम और संतान पक्ष थोड़ा मध्यम रहेगा। काली माता की उपासना लाभकारी होगी।

कुंभ राशि:

भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी के योग बन रहे हैं। घर में उत्सव का माहौल रहेगा, बस विवादों से दूर रहें। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार के लिए दिन अच्छा रहेगा। हरी वस्तु पास रखें।

मीन राशि:

व्यापारिक स्थिति मजबूत होगी। अपनों का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा और प्रेम-संबंधों में मधुरता आएगी। सफेद वस्तु अपने पास रखना आज के लिए शुभ रहेगा।

यूपी पंचायत चुनाव टलने की संभावना, प्रशासनिक स्तर पर चर्चा तेज

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव टलने की संभावना बढ़ गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इसका मुख्य कारण विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) है, जो वर्तमान में प्राथमिकता पर चल रहा है। इसी वजह से पंचायत चुनाव संबंधित सभी तैयारियां फिलहाल रुकी हुई हैं।

सूत्रों का कहना है कि कुछ समय पहले ग्राम स्तर पर भी त्रिस्तरीय चुनाव की तैयारी के तहत मतदाता सूची का पुनरीक्षण शुरू किया गया था। लखनऊ में करीब 95 हजार नए मतदाता नामों को ई-बीएलओ ऐप के जरिए सूची में जोड़ा या संशोधित किया गया, जबकि कुल 678 बीएलओ पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त किए गए हैं

एसआईआर अभियान के दौरान एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक ही समय पर दोनों प्रकार के कार्य कर पाना संभव नहीं है। इससे मतदाताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उदाहरण के तौर पर, एक ही घर में एक दिन बीएलओ विधान सभा या लोकसभा सूची के गणना प्रपत्र लेकर पहुंचता है और अगले दिन दूसरा बीएलओ पंचायत चुनाव की सूची लेकर आता है, जिससे मतदाता असमंजस में पड़ जाते हैं।

यह भी पढ़े:- यूपी में अब एक कॉल पर मिलेंगे माली, मिस्त्री और रसोइया, योगी सरकार शुरू

पिछली बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में हुए थे और पंचायतों का कार्यकाल अगले साल तक है। अधिकारी यह भी बताते हैं कि अगर चुनाव छह माह के लिए आगे बढ़े तो इससे कोई समस्या नहीं होगी।

लखनऊ में SIR अभियान के तहत लगभग 40 लाख मतदाताओं में गणना प्रपत्र बांटना और फिर वापस संकलित करना चुनौतीपूर्ण काम है। बीएलओ को प्रत्येक घर में मतदाता को प्रपत्र समझाने में भी काफी समय लग रहा है।

वहीं ग्राम पंचायतों में प्रत्याशी भी सक्रिय हैं और जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। प्रशासनिक तैयारी अचानक SIR अभियान के चलते ठहर गई है। इसके बावजूद, आगामी पंचायत चुनाव मार्च और अप्रैल में प्रस्तावित हैं।

यूपी में अब एक कॉल पर मिलेंगे माली, मिस्त्री और रसोइया, योगी सरकार शुरू कर रही ‘सेवामित्र’ व्यवस्था

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में अब घर बैठे माली, मिस्त्री, रसोइया और अन्य घरेलू सेवाओं को बुलाना बेहद आसान होने वाला है। योगी सरकार सेवामित्र पोर्टल के जरिए यह सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है।

प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डा. एमके शन्मुगा सुन्दरम ने बताया कि सेवामित्र व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि कौशल प्राप्त अभ्यर्थियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले और नागरिक घर बैठे आवश्यक सेवाएं प्राप्त कर सकें।

इस व्यवस्था के तहत एक कॉल पर आप इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, कारपेंटर, माली, लोहार, रसोइया, राजमिस्त्री जैसी सेवाएं उपलब्ध करवा सकते हैं। इसके अलावा अप्लायंस रिपेयर, एसी सर्विस, आईटी हार्डवेयर सर्विस, आरओ सर्विस जैसी अल्पकालीन सेवाएं भी सेवामित्र पोर्टल से ली जा सकेंगी।

सेवामित्रों की पहचान और प्रमाणीकरण

सेवामित्रों को पहचान सुनिश्चित करने के लिए टीशर्ट और कैप उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बेबीशीटर, इवेंट प्लानर और केयर गिवर जैसी सेवाओं को भी पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

महत्वपूर्ण तारीख:
सरकारी विभागों में सेवामित्र के माध्यम से कार्य करवाने के लिए समेकित वेबपेज 15 नवंबर तक लाइव कर दिया जाएगा।

उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी:
नेहा प्रकाश (निदेशक सेवायोजन), पूजा यादव (सचिव बीओसी बोर्ड), सुशील कुमार (विशेष सचिव न्याय), महेश कुमार भट्ट (विशेष सचिव वित्त), नीलेश कुमार सिंह (विशेष सचिव श्रम), देवेश मिश्र (संयुक्त सचिव कार्मिक), अवनीन्द्र कुमार शुक्ल (संयुक्त सचिव श्रम), पीके पुण्डीर (अपर निदेशक सेवायोजन) और अन्य।