रवि किशन के साथ दिखे तेज प्रताप यादव, भोजपुरी स्टार बोले– “भाजपा का सीना खुला है”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  बिहार विधानसभा चुनाव के बीच शुक्रवार को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के साथ देखा गया।

दोनों नेता पटना एयरपोर्ट पर एक साथ निकलते हुए नजर आए, जिसके बाद बिहार की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गईं। कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या तेज प्रताप यादव एनडीए में शामिल होने की तैयारी में हैं?

तेज प्रताप बोले– “हम दोनों भोलेनाथ के भक्त हैं”

तेज प्रताप यादव से जब एनडीए में जाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “पहली बार रवि किशन जी से मुलाकात हुई है। ये भगवान के भक्त हैं, और हम भी महादेव के भक्त हैं। हम दोनों की मुलाकात हो गई।”

उन्होंने आगे कहा, “जो बेरोजगारी मिटाएगा, हम उसी के साथ रहेंगे। हम भी टीका लगाते हैं, ये भी लगाते हैं — फिर प्रशंसा क्यों नहीं करेंगे?”

बता दें कि लालू यादव ने कुछ महीने पहले तेज प्रताप को आरजेडी और परिवार दोनों से बेदखल कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल (JJD) नाम से नई पार्टी बनाई और बिहार की कई सीटों पर प्रत्याशी उतारे।

रवि किशन ने कहा– “भाजपा का सीना खुला है”

भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा सांसद रवि किशन ने तेज प्रताप यादव की तारीफ करते हुए कहा, “तेज प्रताप के हृदय को सब लोग बहुत प्रेम करते हैं। वह दिल से बोलते हैं, दिमाग से नहीं। ये भोलेनाथ के सच्चे भक्त हैं।”

एनडीए में तेज प्रताप की एंट्री के सवाल पर रवि किशन ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भोलेनाथ के भक्त हैं। जो लोग निस्वार्थ सेवा करते हैं, भाजपा उनका स्वागत करती है। भाजपा का सीना खुला है — यह किसी से छिपा नहीं।”

बिहार चुनाव में बढ़ी हलचल

तेज प्रताप यादव इन दिनों वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनावी मैदान में हैं। रवि किशन के साथ उनकी मुलाकात को बिहार की राजनीति में संभावित गठजोड़ की नई हलचल के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि दोनों नेताओं ने इसे “सिर्फ एक संयोग” बताया, लेकिन सियासी गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles