Home Blog Page 186

किडनी दान पर रोहिणी को गहरा पछतावा, परिवारिक विवाद पर तेजस्वी को भी घेरा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बड़ा धमाका किया है। परिवार और राजनीति से दूरी बनाने की घोषणा के बाद रोहिणी लगातार तेजस्वी यादव और उनके करीबी साथियों पर मोर्चा खोले हुए हैं। रविवार को किए गए दो तीखे ट्वीट्स में उन्होंने पारिवारिक विवाद को पूरी तरह सार्वजनिक कर दिया और पहली बार किडनी दान को लेकर भी सार्वजनिक रूप से पछतावा जताया।

“मेरी किडनी को गंदी कहा गया, करोड़ों और टिकट लेने का आरोप लगा” — रोहिणी

अपने पहले ट्वीट में रोहिणी ने लिखा कि उन्हें ताने दिए गए कि उन्होंने करोड़ों रुपये लेकर और टिकट की लालच में अपने पिता को “गंदी किडनी” दी। उन्होंने कहा कि यह सुनकर उन्हें लगा कि अपने पिता को किडनी देना उनके जीवन का “सबसे बड़ा गुनाह” था।

दूसरे ट्वीट में रोहिणी ने कहा,“कल मुझे गालियां दी गईं और कहा गया कि मैंने अपने पिता को गंदी किडनी लगवाई, करोड़ों लिए, टिकट लिया। मैं सभी शादीशुदा बेटियों से कहूंगी—अपने मायके में अगर भाई या बेटा हो, तो भूलकर भी अपने पिता को किडनी न दें। वही अपने पिता को बचाएं।”

“किडनी देते वक्त न पति से पूछा, न ससुराल से—आज उसी त्याग को गंदा कहा जा रहा”

रोहिणी ने आगे लिखा कि उन्होंने अपने पिता को बचाने के लिए सबकुछ छोड़ दिया, लेकिन इसके बदले उन्हें अपमान झेलना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा,“मैंने अपने तीनों बच्चों, अपने घर-परिवार को पीछे छोड़कर यह फैसला लिया। न पति से अनुमति ली, न ससुराल से। आज उसी त्याग को गंदा कहा जा रहा है। किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी मत हो, जो अपना सबकुछ छोड़ दे और बदले में ताने पाए।”

“चप्पल उठाकर मारने की धमकी दी गई” — पुराना ट्वीट भी आया चर्चा में

रोहिणी ने इससे पहले भी एक ट्वीट में आरोप लगाया था कि उन्हें बेइज्जत किया गया, गालियां दी गईं और यहां तक कि “चप्पल उठाकर मारने” की धमकी तक मिली।
उन्होंने लिखा कि उन्हें मजबूरी में अपने माता-पिता को छोड़ना पड़ा और उन्हें “मायके से अलग” कर दिया गया।

रोहिणी ने तेजस्वी के करीबी पर लगाया परिवार तोड़ने का आरोप

शनिवार को रोहिणी ने तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव और उनके सहयोगी रमीज नेमत पर परिवार में फूट डालने का आरोप लगाते हुए राजनीति और परिवार दोनों छोड़ने का निर्णय घोषित कर दिया था। उनके इस कदम के बाद राजनीतिक और पारिवारिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह बने यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के CEO

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़ :- उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को नवगठित यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। शनिवार को शासन की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया गया।

उल्लेखनीय है कि राज्य योजना आयोग को 10 अक्टूबर को पुनर्गठित करके उत्तर प्रदेश ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का स्वरूप दिया गया था।

राज्य का नीति आयोगहोगा ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन

यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन को राज्य स्तरीय नीति आयोग के रूप में भी जाना जाएगा। 1988 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी मनोज कुमार सिंह 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे। उनके सेवा-विस्तार को लेकर चर्चाएं थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें नई भूमिका में नियुक्त कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे विश्वसनीय अधिकारियों में गिने जाने वाले सिंह का कार्यकाल तीन वर्ष के लिए निर्धारित किया गया है।

अर्थव्यवस्था को गति देने में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका

औद्योगिक उत्पादन आयुक्त के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मनोज कुमार सिंह ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी जैसे बड़े आयोजन सफलतापूर्वक करवाए। इन आयोजनों ने प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया।  यूपी की नौकरशाही में वह एक प्रभावशाली और सक्रिय अधिकारी रहे हैं।

कमीशन में शीर्ष नेतृत्व भी शामिल

यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (अध्यक्ष), उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना  भी सदस्य के रूप में मौजूद रहेंगे।

कमीशन में सलाहकार का पद अभी खाली है। माना जा रहा है कि पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। प्रशांत कुमार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में शामिल हैं। उनकी पत्नी, सेवानिवृत्त IAS डिंपल वर्मा, फिलहाल RERA में सदस्य हैं।

महाराष्ट्र सरकार ने नोएडा पहुंचकर मूर्तिकार राम सुतार को किया सम्मानित

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार को शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार की ओर से ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार प्रदान किया गया। उनकी तबीयत ठीक न होने के कारण उन्हें सम्मानित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार का पूरा प्रतिनिधिमंडल स्वयं नोएडा सेक्टर-19 स्थित उनके आवास पहुंचा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और संस्कृति मंत्री आशीष सैलार ने उनके कमरे में जाकर यह सम्मान सौंपा और कला जगत में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।

राज्य का सर्वोच्च सम्मान घर पर ही भेंट किया गया

मुख्यमंत्री फडणवीस ने 20 मार्च को विधानसभा में घोषणा की थी कि प्रतिष्ठित मूर्तिकार राम सुतार को राज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘महाराष्ट्र भूषण’ दिया जाएगा। इस सम्मान में 25 लाख रुपये की राशि और एक स्मृति चिह्न शामिल है।
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की धरती से निकलकर राम सुतार ने न केवल भारत, बल्कि दुनिया भर में अपने शिल्प से पहचान बनाई है।

स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण बिस्तर पर ही मिला सम्मान

100 वर्षीय राम सुतार इन दिनों अस्वस्थ हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं, इसलिए समारोह उनके कमरे में ही आयोजित किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा भी मौजूद थे। उनके पुत्र और मूर्तिकार अनिल सुतार ने कहा कि सरकार का घर पर आकर सम्मान देना परिवार के लिए भावुक क्षण है।

100 साल के सफर में रचे कई ऐतिहासिक शिल्प

इस वर्ष फरवरी में राम सुतार ने 100 वर्ष पूरे किए। 19 फरवरी 1925 को महाराष्ट्र के गोंडूर गांव में जन्मे सुतार पिछले तीन दशकों से अधिक समय से नोएडा में रह रहे हैं।
उन्हें पद्मश्री और पद्मभूषण सहित कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने महात्मा गांधी की 350 से अधिक मूर्तियां बनाई हैं और अजंता–एलोरा की कई प्राचीन मूर्तियों के जीर्णोद्धार में भी अहम भूमिका निभाई है।

इन प्रतिमाओं ने दिलाई अंतरराष्ट्रीय पहचान

182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ (गुजरात) – दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा
संसद भवन में लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा — कई देशों में भी स्थापित
अयोध्या: 251 मीटर ऊंची प्रस्तावित भगवान श्रीराम प्रतिमा और लता मंगेशकर चौक की वीणा
बेंगलुरु: 153 फीट ऊंची भगवान शिव प्रतिमा
मोशी, पुणे: 100 फीट ऊंची छत्रपति संभाजी महाराज प्रतिमा
पटना: गांधी मैदान में स्थापित गांधी और दो बच्चों की प्रतिमा

बिहार चुनाव रिज़ल्ट के बाद कहां भड़की हिंसा? कैमूर में बसपा समर्थकों का हंगामा, पथराव और आगजनी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार में दो चरणों का मतदान और मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी हो चुकी, लेकिन नतीजे आने के दौरान कैमूर में स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। शुक्रवार देर शाम रामगढ़ विधानसभा सीट की मतगणना के समय बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समर्थकों ने भारी उपद्रव किया। भीड़ ने पत्थरबाजी की, गाड़ियाँ फूंकीं और पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके चलते सुरक्षा बलों के कई कर्मी घायल हो गए।

काउंटिंग सेंटर के बाहर बसपा समर्थकों का बवाल

कैमूर के बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र के बाहर बसपा समर्थक बड़ी संख्या में जुटे थे। जैसे-जैसे नतीजों का उतार-चढ़ाव बढ़ा, माहौल गरमाता गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपित समर्थकों ने नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी की गाड़ी में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। इससे काउंटिंग सेंटर के गेट पर अफरातफरी फैल गई।

राउंड-दर-राउंड मुकाबले में बढ़ा तनाव

रामगढ़ सीट पर मुकाबला बेहद करीबी रहा। शुरुआती 18 राउंड तक बसपा उम्मीदवार सतीश कुमार पिंटू बढ़त बनाए हुए थे। इसके बाद आगे कभी भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह निकल जाते थे तो कभी बसपा उम्मीदवार आगे हो जाते थे।

अंतिम राउंड की गिनती में देरी से नाराज समर्थक काउंटिंग सेंटर के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

गिनती में देरी पर सड़क पर धरना, फिर पथराव

बसपा समर्थकों का आरोप था कि 24वें राउंड के परिणाम शाम 6:30 बजे घोषित कर दिए गए, लेकिन अंतिम यानी 25वें राउंड की घोषणा में देर की जा रही थी।

  • पहले समर्थक दक्षिण सड़क पर धरने पर बैठ गए
  • प्रशासन के खिलाफ नारे लगे
  • अफसरों ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी

स्थिति अनियंत्रित होते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

छह पुलिसकर्मी घायल, दो की हालत गंभीर

चिकित्सा टीम के अनुसार, झड़प में सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर, दो हवलदार, एक जमादार समेत छह पुलिसकर्मी घायल हुए।
घायलों में शामिल—एएसआई राजकुमार मिश्रा, सब-इंस्पेक्टर कृष्णकांत मिश्रा, हवलदार योगेंद्र शर्मा, भीमसेन, संजय कुमार राणा (गोरखा रेजिमेंट), सभी का इलाज जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने मोर्चा संभाला, छोड़े गए आंसू गैस के गोले

उपद्रव बढ़ने पर पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस बल काउंटिंग सेंटर से बाहर निकला और भीड़ को तितर-बितर किया।
स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह भी हेलमेट और सुरक्षा जैकेट पहनकर मौके पर पहुंचे।

दिल्ली धमाके से तीन दिन पहले छोड़ी हाई-प्रोफाइल नौकरी, कौन है डॉ. परवेज? जांच में चौंकाने वाले खुलासे

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- दिल्ली में 10 नवंबर 2025 की शाम लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए डॉ. परवेज अंसारी, उनकी बहन डॉ. शाहीन और उनके सहयोगियों से जुड़े कई नए खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इंटीग्रल विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. परवेज ने धमाके से ठीक तीन दिन पहले अपनी लगभग 1.75 लाख रुपये महीने की नौकरी छोड़ दी थी।

बिना नोटिस छोड़ी नौकरी, धमाके से पहले बढ़ी थी गतिविधियां

सूत्रों के अनुसार, डॉ. परवेज ने 7 नवंबर को अचानक ई-मेल के जरिए अपना इस्तीफा भेजा था। विश्वविद्यालय प्रशासन को न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही कारण बताया गया।
जांच में सामने आया है कि इस्तीफा देने से पहले वह अपनी बहन शाहीन के साथ कथित तौर पर जैश से जुड़े लोगों से मुलाकात कर चुका था। दिल्ली और कानपुर में कई बैठकें भी हुई थीं, जिनमें कानपुर के डॉ. आरिफ मीर, हापुड़ के डॉ. फारुक अहमद और फरीदाबाद के डॉ. मुजम्मिल भी शामिल बताए जा रहे हैं।

जांच टीम के अनुसार, परवेज की एक बैठक उस युवक से भी हुई थी, जिस पर कार में विस्फोटक लगाने का आरोप है, जिसे पहचान उमर के रूप में की गई है।

घर से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बने अहम सुराग

खुफिया एजेंसियों ने परवेज के आवास से कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद किए हैं। शुरुआती विश्लेषण में इनमें से कुछ महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है, जो जांच की कड़ियां जोड़ने में मददगार साबित हो सकते हैं।

बहन शाहीन की भूमिका पर भी जांच तेज

एजेंसियों के अनुसार, डॉ. शाहीन ने ही परवेज को कट्टर विचारधारा की ओर धकेला था। वर्ष 2016 से 2018 के बीच वह यूएई में काम कर रही थीं, उसी दौरान परवेज भी वहां गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसकी मुलाकात कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से कराई गई थी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी जताई चिंता

इंटीग्रल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी का कहना है कि वर्ष 2022 में प्रमोशन मिलने के बाद से परवेज के व्यवहार में काफी बदलाव दिखाई देने लगा था।
उनके मुताबिक,

  • परवेज छात्रों को पढ़ाने में कम रुचि लेता था

  • अलग तरह की किताबें पढ़ता था

  • कई बार छात्रों ने शिकायत की कि उनकी बातचीत सामान्य नहीं लगती

हालांकि उस समय इन बातों को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया गया।

जांच एजेंसियों का फोकस

एजेंसियां अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मीटिंग्स के डिजिटल ट्रेल को जोड़कर पूरे मॉड्यूल की संरचना समझने की कोशिश कर रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

Aaj Ka Rashifal 15 November 2025: जानें आज कैसा रहेगा आपका दिन, पढ़ें सभी 12 राशियों का दैनिक राशिफल

Aaj Ka Rashifal 15 November 2025:15 नवंबर 2025 के दैनिक राशिफल के अनुसार ग्रहों की वर्तमान स्थिति इस प्रकार है— गुरु कर्क में, केतु सिंह में, चंद्रमा कन्या में, जबकि सूर्य और शुक्र तुला राशि में स्थित हैं। बुध और मंगल वृश्चिक में, राहु कुंभ में तथा शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। इन ग्रह स्थितियों का सभी 12 राशियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, जानें आज का पूरा राशिफल—

मेष राशि

आज विरोधियों पर आपका प्रभाव बना रहेगा। बच्चों की सेहत को लेकर थोड़ी सतर्कता आवश्यक है। प्रेम और संतान से जुड़ी स्थितियां संतोषजनक रहेंगी। सेहत सामान्य रहेगी जबकि कारोबार में बेहतर परिणाम मिलने की संभावना है। हरी वस्तु का दान शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

पढ़ाई-लिखाई से जुड़े लोगों के लिए अनुकूल समय है। भावुकता में किसी निर्णय से बचें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष ठीक-ठाक है। व्यापार में स्थिरता बनी रहेगी। साथ में हरी वस्तु रखना लाभकारी होगा।

मिथुन राशि

परिवार के भीतर तनाव की स्थिति बन सकती है, लेकिन प्रॉपर्टी, वाहन या भवन संबंधी लाभ के योग भी मजबूत हैं। सेहत अनुकूल रहेगी। प्रेम और संतान का सहयोग अच्छा मिलेगा। कारोबार में भी सफलता मिलेगी। काली माता को प्रणाम करना शुभफल देगा।

कर्क राशि

आपके साहस और प्रयास रंग लाएँगे। कार्यक्षेत्र में उपलब्धियाँ मिल सकती हैं। परिवार का समर्थन भी मिलेगा। सेहत में सुधार के संकेत हैं। प्रेम और संतान संबंधी स्थितियां बेहतर रहेंगी। व्यापारिक मामलों में भी लाभ की संभावना है। लाल वस्तु पास रखें।

सिंह राशि

आर्थिक लाभ के योग बन रहे हैं। परिवार में वृद्धि या शुभ कार्य की संभावना है। सेहत में हल्की समस्या रह सकती है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। कामकाज अच्छा चलेगा। पीली वस्तु अपने पास रखें।

कन्या राशि

दिन सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान से जुड़ी परिस्थितियाँ अनुकूल रहेंगी। व्यापार में मजबूती रहेगी। शनिदेव को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

तुला राशि

आज मानसिक रूप से दबाव महसूस कर सकते हैं। खर्चों में भी वृद्धि होगी। सिरदर्द या आँखों में तकलीफ रह सकती है। हालांकि प्रेम और संतान का सहयोग मिलता रहेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। हरी वस्तु पास रखना लाभकारी होगा।

वृश्चिक राशि

नए स्रोतों से आय प्राप्त हो सकती है और पुराने स्रोतों से भी धन लाभ के योग हैं। सेहत उत्तम रहेगी। प्रेम और संतान से जुड़ी स्थितियाँ बेहतरीन रहेंगी। व्यापार में भी शानदार प्रगति होगी। हरी वस्तु का दान शुभ फल देगा।

धनु राशि

कानूनी मामलों में जीत मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में सफलता संभव है। पिता का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है। प्रेम और संतान के मामले अच्छे रहेंगे। व्यापार की स्थिति भी अनुकूल रहेगी। पीली वस्तु साथ रखें।

मकर राशि

भाग्य आपका साथ देगा। करियर और रोजगार में उन्नति होगी। स्वास्थ्य में सुधार के संकेत हैं। प्रेम और संतान पक्ष सकारात्मक रहेगा। व्यापार में लाभ की संभावना है। हरी वस्तु साथ रखना शुभ रहेगा।

कुंभ राशि

दिन चुनौतियों भरा हो सकता है। चोट अथवा किसी परेशानी की आशंका है, इसलिए सतर्क रहें। स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। प्रेम और संतान पक्ष संतोषजनक रहेगा। व्यापार भी ठीक चलेगा। हरी वस्तु अपने पास रखें।

मीन राशि

जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरी या कार्यक्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में संतुष्टि मिलेगी। व्यापार में बेहतरीन लाभ संभव है। गणेश जी की आराधना विशेष रूप से शुभ रहेगी।

Bigg Boss 19: बिग बॉस को धमकी देना इस कंटेस्टेंट को पड़ा भारी, रोहित शेट्टी भड़के—‘अपना बैग पैक कर लो’

मनोरंजन डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- ‘बिग बॉस 19’ अपने फिनाले के करीब पहुंच चुका है और शो जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, घर के अंदर ड्रामा और टकराव भी बढ़ता जा रहा है। इस बार का वीकेंड का वार बेहद खास होने वाला है क्योंकि इस हफ्ते मंच संभाल रहे हैं एक्शन डायरेक्टर और होस्ट रोहित शेट्टी।

शो में एंट्री लेते ही रोहित शेट्टी का गुस्सा एक कंटेस्टेंट पर फूट पड़ा और उन्होंने साफ शब्दों में कहा- “हमें क्या धमकी दे रहे थे जाने की? अपना बैग पैक करो और बाहर आ जाओ… गेट खुलवा रहा हूं।”

शहबाज बदेशा पर फूटा रोहित शेट्टी का गुस्सा

पिछले कुछ दिनों से घर के अंदर शहबाज बदेशा बार-बार बिग बॉस को धमकी देते नजर आए कि वह शो छोड़ना चाहते हैं। इसी व्यवहार को लेकर रोहित शेट्टी ने वीकेंड का वार पर उनकी क्लास लगा दी।

यह भी पढ़े:- NDA की डबल सेंचुरी, BJP बनी सबसे बड़ी पार्टी; PM मोदी बोले-

शेट्टी ने कहा कि शो के नियमों को तोड़ना और धमकी देना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी फटकार के बाद घर के माहौल में तनाव बढ़ गया और बाकी कंटेस्टेंट भी हैरान रह गए।

अब घर में बचे ये कंटेस्टेंट

मिड-वीक एविक्शन में मृदुल तिवारी के बाहर होने के बाद घर में अब बचे हैं फरहाना भट्ट,गौरव खन्ना, अशनूर कौर, तान्या मित्तल, अमाल मलिक, IG प्रणित मोरे, कुनिका सदानंद, शहबाज बदेशा,मालती चाहर | इससे पहले नीलम गिरी, अभिषेक बजाज, नतालिया जानोसजेक, नगमा मिराजकर, आवेज दरबार, जीशान कादरी, नेहल चुडासमा और बसीर अली बाहर हो चुके हैं। फिनाले करीब आते-आते मुकाबला अब और रोमांचक हो गया है।

NDA की डबल सेंचुरी, BJP बनी सबसे बड़ी पार्टी; PM मोदी बोले-“गर्दा उड़ा दिया”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़ :- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आते ही सियासी माहौल में सरगर्मी बढ़ गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए डबल सेंचुरी पूरी कर ली है। भाजपा इस चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि जेडीयू ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है।

नतीजों की घोषणा के साथ ही पटना से दिल्ली तक NDA कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेता दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

PM मोदी का पहला बयान: “बिहार ने गर्दा उड़ा दिया, कट्टा सरकार अब कभी नहीं लौटेगी”

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा:“यह जनादेश सुशासन, विकास और स्थिरता की जीत है। बिहार ने गर्दा उड़ा दिया। कट्टा सरकार अब कभी वापस नहीं लौटेगी।”

मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में नया विश्वास पैदा किया है और यह जीत नए युग की शुरुआत है।

NDA बनाम महागठबंधन – सीधी टक्कर

NDA गठबंधन में शामिल:

  • जनता दल यूनाइटेड (JDU)
  • भारतीय जनता पार्टी (BJP)
  • लोक जनशक्ति पार्टी (LJP)
  • हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM)

महागठबंधन में शामिल:

  • राष्ट्रीय जनता दल (RJD)
  • कांग्रेस
  • विकासशील इंसान पार्टी (VIP)
  • वाम दल
  • इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP)

सीधी संघर्ष में एनडीए ने महागठबंधन को करारी शिकस्त दी है।

दोनों चरणों में रिकॉर्ड मतदान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल के मुताबिक, बिहार ने इस चुनाव में मतदान का नया रिकॉर्ड बनाया।

मतदान आंकड़े:

  • पहला चरण (6 नवंबर): 65.08%
  • दूसरा चरण (12 नवंबर): 68.79% — अब तक का सर्वाधिक turnout
  • कुल औसत: 66.90%
    यह आँकड़ा पिछले चुनाव के मुकाबले 9.6% अधिक है। उच्च मतदान दर ने नतीजों को प्रभावित किया और जनता  ने बड़े बदलाव का संकेत दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने 32 गेंदों में जड़ा ‘शतकीय बम’, ठोके 15 छक्के; टी20 में कारनामा करने वाले इकलौते खिलाड़ी बने

0

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  भारत के उभरते क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया है। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में इंडिया ए और यूएई के बीच खेले गए मुकाबले में 14 वर्षीय सूर्यवंशी ने 42 गेंदों पर 144 रन की तूफानी पारी खेली।

वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सूर्यवंशी ने केवल 32 गेंदों में शतक पूरा कर दिया। अपनी पारी में उन्होंने 15 छक्के और 11 चौके जड़कर बॉलर्स की धज्जियां उड़ा दीं।

ग्राउंड पर उनका स्ट्राइक रेट, शॉट सिलेक्शन और पावर—सब कुछ इंटरनेशनल लेवल का नजर आया।

32 गेंदों में शतक—भारत के लिए संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज टी20 शतक

ऋषभ पंत ने 2018 में 32 गेंदों में शतक लगाया था। सबसे तेज टी20 शतक का रिकार्ड उर्विल पटेल (28 गेंद) और अभिषेक शर्मा (28 गेंद) के नाम है।

 टी20 में 35 या उससे कम गेंदों पर दो शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी

बिहार की घरेलू टीम की ओर से खेलने वाले सूर्यवंशी इस उपलब्धि के साथ इतिहास रच चुके हैं। इससे पहले आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 35 गेंदों पर सेंचुरी जड़ी थी। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। उनसे तेज केवल क्रिस गेल हैं, जिन्होंने आरसीबी के लिए 30 गेंदों में शतक जड़ा था।

यह  भी पढ़े:- तेजस्वी हुए ‘फेलस्वी’, अब राजनीति परिवारवाद की नहीं—तेज प्रताप ने PM मोदी और 

वैभव सूर्यवंशी को अब उभरते युवा सितारों में शीर्ष पर रखा जा रहा है और इस प्रदर्शन ने उन्हें विश्व क्रिकेट के बड़े मंच के लिए तैयार खिलाड़ी साबित कर दिया है।

टी20 क्रिकेट में सबसे तेज भारतीय शतक

  • 28 गेंदें – उर्विल पटेल (गुजरात बनाम त्रिपुरा, 2024)
  • 28 गेंदें – अभिषेक शर्मा (पंजाब बनाम मेघालय, 2024)
  • 32 गेंदें – ऋषभ पंत (दिल्ली बनाम हिमाचल, 2018)
  • 32 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी (भारत A बनाम यूएई, 2025)

तेजस्वी हुए ‘फेलस्वी’, अब राजनीति परिवारवाद की नहीं—तेज प्रताप ने PM मोदी और अमित शाह की की खुलकर तारीफ

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद महागठबंधन को भारी नुकसान हुआ है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव जहां राघोपुर में लंबे समय तक पीछे रहे, वहीं उनके भाई और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव महुआ सीट से हार गए। हार के बाद तेज प्रताप ने अपने फेसबुक पोस्ट में तेजस्वी पर खुलकर निशाना साधा और उन्हें “फेलस्वी” कहा।

तेज प्रताप ने लिखा-“हमारी हार में भी जनता की जीत छिपी है। बिहार ने दिखा दिया कि अब राजनीति परिवारवाद की नहीं, सुशासन और शिक्षा की होगी।”

उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि “जयचंदों ने पार्टी को भीतर से खोखला कर दिया है। इसी वजह से आज तेजस्वी ‘फेलस्वी’ हो गया।”

“मैं हारकर भी जीता हूं” – तेज प्रताप

तेज प्रताप ने कहा कि जनता का प्रेम ही उनकी असली पूंजी है। “हार-जीत अलग बात है, लेकिन इरादा और प्रयास ही असली जीत हैं। महुआ की जनता से किए गए वादों पर काम करता रहूंगा, चाहे विधायक बनूं या नहीं।” उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपनी राजनीति बचाने के लिए “घर को आग लगा दी”, इतिहास उन्हें माफ नहीं करेगा।

PM मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार की जमकर तारीफ

अपनी पोस्ट में तेज प्रताप ने एनडीए की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति का परिणाम बताया।

यह भी पढ़े:- बिहार में NDA की जबरदस्त बढ़त, PM मोदी का पहला रिएक्शन—‘सुशासन और 

उन्होंने लिखा-“यह जीत हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, चाणक्य अमित शाह जी और मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जी के परिश्रम का नतीजा है।”

तेज प्रताप ने कहा कि बिहार की जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन को खुले दिल से स्वीकार किया है। साथ ही उन्होंने एनडीए की एकजुटता को जीत का सबसे बड़ा कारण बताया- “एनडीए के ‘पांच पांडव’ एकजुट होकर लड़े और जनता ने इस एकता को विजय में बदल दिया।”

अंत में उन्होंने कहा:“हम जनता की आवाज बनकर और मजबूती से वापस लौटेंगे।”