Home Blog Page 150

रोने लगे बृजभूषण शरण सिंह, ऋतेश्वर महाराज के शब्दों ने भर दी आंखें

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित राष्ट्र कथा महोत्सव के दौरान एक भावुक क्षण देखने को मिला, जब पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मंच पर ही आंसुओं में डूब गए। कार्यक्रम के दूसरे दिन सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज ने बच्चों को राष्ट्र के प्रति संदेश देते हुए बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव और व्यक्तित्व का उल्लेख किया, जिसे सुनकर वह खुद को संभाल नहीं पाए और भावुक हो उठे।

ऋतेश्वर महाराज ने मंच से कहा कि अवध क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश में जब भी ‘दबदबे’ की बात होती है, तो गोंडा में इसका उदाहरण स्वयं मंच पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि “दबदबा था, है और रहेगा” — यह सुनते ही बृजभूषण शरण सिंह की आंखों से आंसू छलक पड़े। कथा के दौरान करीब एक घंटे तक वह भावुक अवस्था में नजर आए।

राष्ट्र कथा में आध्यात्म और संस्कारों पर जोर

राष्ट्र कथा महोत्सव के दूसरे दिन सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज ने अपनी अमृतवाणी से श्रद्धालुओं को राष्ट्रकथा के गहरे अर्थों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि कथा केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और चेतना जागृत करने का माध्यम है। उन्होंने मौजूदा शिक्षा व्यवस्था की कमियों की ओर भी इशारा करते हुए कहा कि ज्ञान, विज्ञान और प्रज्ञा को केवल कर्मकांड तक सीमित कर दिया गया है।

ऋतेश्वर महाराज ने कहा कि सच्चे अर्थों में देश की रक्षा झंडे और डंडे से नहीं, बल्कि संस्कारों से होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को यह संदेश दिया कि देवताओं की पूजा के साथ-साथ उनके आदर्शों को जीवन में उतारना भी जरूरी है।

युवाओं को राष्ट्र चेतना से जोड़ने का संदेश

महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म का मूल भाव ही राष्ट्र की चिंता करना है। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति केवल परंपराएं नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाती है। यदि मानवता भीतर से जागृत हो जाए, तो पूजा-पाठ और गुरु-शिष्य परंपरा स्वतः सार्थक हो जाती है।

यह भी पढ़े:- किसानों की मेहनत का मुनाफा विदेशी कंपनियों को, केंद्र की आर्थिक नीतियों पर अखिलेश

उन्होंने कहा कि निरंतर इंद्रियों के पीछे भागने से जीवन में कभी सच्चा सुख नहीं मिलता। सनातन दर्शन सिखाता है कि आनंद बाहर नहीं, बल्कि भीतर की अवस्था में है। भगवान राम के वन-गमन का उदाहरण देते हुए उन्होंने त्याग और राष्ट्र-प्रेम के महत्व को समझाया।

ऋतेश्वर महाराज ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की सबसे अहम इकाई युवा पीढ़ी है। यदि युवा ऊर्जावान, आनंदित और जागरूक होंगे, तो राष्ट्र स्वतः सशक्त और समृद्ध बनेगा।

किसानों की मेहनत का मुनाफा विदेशी कंपनियों को, केंद्र की आर्थिक नीतियों पर अखिलेश यादव का हमला

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते देश के फल उत्पादक किसानों की आजीविका संकट में पड़ गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की मेहनत का असली फायदा अब विदेशी कंपनियां उठा रही हैं, जबकि देश के किसान लगातार नुकसान झेल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा को ‘व्यापारियों और बिचौलियों की पार्टी’ करार देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार उत्पादन और औद्योगिक विकास के बजाय कमीशनखोरी को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सोच काम करके कमाने की नहीं, बल्कि बीच में रहकर मुनाफा बटोरने की है।

अखिलेश यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कारोबारी तेजी से भारत के घरेलू फल उत्पादन और व्यापार पर कब्जा कर रहे हैं। हाल के रुझानों और विज्ञापनों का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे भारतीय बागवानी क्षेत्र के लिए “विनाश का संकेत” बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में खेती और बागवानी से जुड़े लोगों को धोखा दिया जा रहा है और अब किसानों की मेहनत का फल भी विदेशी कंपनियों की झोली में जा रहा है।

भाजपा ने अर्थव्यवस्था को बनाया बिचौलियों का अड्डा

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बिचौलियों का खेल का मैदान बना दिया है। उनका कहना है कि सरकार का ध्यान सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) और कोर सेक्टर को मजबूत करने के बजाय सुविधा शुल्क और कमीशन वसूली पर केंद्रित है।

यह भी पढ़े:- वेनेजुएला में उलझा रहा अमेरिका, इधर उसके सहयोगी देश सीरिया में एयर स्ट्राइक; फाइटर

अखिलेश यादव ने कहा कि यही ‘बिचौलिया संस्कृति’ महंगाई और बेरोजगारी की बड़ी वजह बन चुकी है। बिचौलियों के कारण उपभोक्ताओं तक पहुंचते-पहुंचते उत्पादों की कीमतें कृत्रिम रूप से बढ़ जाती हैं।

घरेलू उत्पादन घटा, युवाओं के लिए नौकरियां कम

अखिलेश यादव ने कहा कि घरेलू उत्पादन की अनदेखी का सीधा असर रोजगार पर पड़ता है। जब देश में उत्पादन और उद्योग नहीं होंगे तो युवाओं को नौकरी कहां से मिलेगी? उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) संपर्क कार्यक्रम को तेज कर रही है। सपा खुद को केंद्र की कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के खिलाफ किसानों, ग्रामीणों और कृषि क्षेत्र की आवाज बताकर जनता के बीच जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि खेती और बागवानी को तभी बचाया जा सकता है जब भाजपा सत्ता से बाहर होगी।

वेनेजुएला में उलझा रहा अमेरिका, इधर उसके सहयोगी देश सीरिया में एयर स्ट्राइक; फाइटर जेट्स से बरसे बम

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- एक ओर अमेरिका वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को लेकर कूटनीतिक और रणनीतिक दबाव बनाने में व्यस्त रहा, वहीं दूसरी तरफ उसके नए सहयोगी देश सीरिया में हवाई हमले किए गए। हैरानी की बात यह रही कि ये एयर स्ट्राइक अमेरिका ने नहीं, बल्कि नाटो के सदस्य देश ब्रिटेन और फ्रांस ने मिलकर अंजाम दी।

ब्रिटेन और फ्रांस ने शनिवार शाम सीरिया में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के ठिकानों को निशाना बनाते हुए संयुक्त हवाई अभियान चलाया। ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला एक संदिग्ध भूमिगत ठिकाने पर किया गया, जहां हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाए जाने की आशंका थी।

ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स और फ्रांसीसी वायु सेना ने मिलकर उस ठिकाने पर बमबारी की, जिसका इस्तेमाल पहले आईएस द्वारा हथियार भंडारण के लिए किया जा चुका था। यह ठिकाना प्राचीन शहर पल्मायरा से कुछ मील उत्तर पहाड़ी इलाके में स्थित था।

यह भी पढ़े :- चार घंटे थाने में रहीं नेहा सिंह राठौर, बयान नहीं हुआ दर्ज; बोलीं- पीएम मोदी को लेकर 

इस संयुक्त ऑपरेशन में ब्रिटेन ने अपने टाइफून FGR4 लड़ाकू विमानों को तैनात किया, जबकि फ्रांस के फाइटर जेट्स भी मिशन का हिस्सा रहे। हमले के दौरान भूमिगत सुविधा तक जाने वाली कई सुरंगों को निशाना बनाने के लिए पेववे IV गाइडेड बमों का इस्तेमाल किया गया। मंत्रालय ने बताया कि शुरुआती आकलन में लक्ष्य को सफलतापूर्वक तबाह किए जाने के संकेत मिले हैं, हालांकि विस्तृत मूल्यांकन अभी जारी है।

ब्रिटेन के रक्षा सचिव जॉन हीली ने कहा कि यह कार्रवाई मध्य पूर्व में आईएस और उसकी हिंसक विचारधारा के दोबारा उभार को रोकने के लिए सहयोगी देशों के साथ मिलकर उठाया गया एक सख्त कदम है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन अपने सहयोगियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।

सीरिया सरकार की ओर से इन हवाई हमलों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि सीरिया पिछले साल के अंत में आईएस विरोधी अंतरराष्ट्रीय गठबंधन में शामिल हुआ था।

गौरतलब है कि 2019 में सीरिया में आईएस की हार के बावजूद, संगठन के स्लीपर सेल अब भी सीरिया और इराक में सक्रिय हैं और समय-समय पर हमले कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों के मुताबिक, दोनों देशों में आईएस के करीब 5,000 से 7,000 लड़ाके अब भी मौजूद हैं।

बताया जा रहा है कि पिछले महीने ट्रंप प्रशासन ने भी सीरिया में आईएस ठिकानों पर सैन्य हमले शुरू किए थे। ये हमले पल्मायरा के पास हुए एक घातक हमले के जवाब में किए गए थे, जिसमें दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिये की मौत हो गई थी।

चार घंटे थाने में रहीं नेहा सिंह राठौर, बयान नहीं हुआ दर्ज; बोलीं- पीएम मोदी को लेकर अपने बयान पर कायम

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाली लोकगायिका नेहा सिंह राठौर अपने बयान पर अब भी अडिग हैं। उनके खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस नोटिस मिलने के बाद शनिवार शाम नेहा बयान दर्ज कराने थाने पहुंचीं, लेकिन करीब चार घंटे तक मौजूद रहने के बावजूद उनका बयान दर्ज नहीं किया जा सका और उन्हें वापस लौटना पड़ा।

थाने से बाहर आने के बाद नेहा सिंह राठौर ने बयान दर्ज न होने के दो कारण बताए। उन्होंने कहा कि प्रभारी निरीक्षक उस समय मीटिंग में व्यस्त थे और इसके अलावा सूर्यास्त के बाद महिला का बयान दर्ज नहीं किया जाता। नेहा ने स्पष्ट किया कि जिस टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उस पर वह आज भी कायम हैं।

नेहा ने बताया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर इशारों में तंज कसा था, जिसके बाद यह मामला दर्ज हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की आलोचना होनी चाहिए और वह अपने विचारों से पीछे नहीं हटेंगी।

थाने से निकलते वक्त नेहा ने कहा कि हजरतगंज थाने की ओर से उन्हें अब तक दो नोटिस भेजे गए हैं। नोटिस में जांच में सहयोग के लिए बुलाया गया था, इसलिए वह स्वयं थाने पहुंची थीं। देर रात तक रुकने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पहले से थाने में मौजूद थीं और काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

नेहा के साथ उनके पति हिमांशु भी थाने पहुंचे थे। हिमांशु ने बताया कि 15 दिन पहले पहला नोटिस मिला था, लेकिन उस समय नेहा की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई थी। इसके बाद दूसरा नोटिस मिला, जिसमें तीन दिन के भीतर उपस्थित होने को कहा गया था। उन्होंने कहा कि जैसे ही तबीयत ठीक हुई, वे तुरंत थाने पहुंचे।

एफआईआर को लेकर हिमांशु ने कहा कि नेहा ने सोशल मीडिया पर कुछ ट्वीट्स के जरिए प्रधानमंत्री से सवाल पूछे थे, जिससे कुछ लोग नाराज हो गए और मामला दर्ज करा दिया गया। उन्होंने कहा कि देश में एफआईआर दर्ज कराना कितना आसान है, यह इस मामले से साफ हो जाता है।

योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक कदम: वाराणसी, मेरठ और सहारनपुर के RTO बदले, 18 ARTO की नई पोस्टिंग

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। वाराणसी, मेरठ और सहारनपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों (RTO) का तबादला कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में 18 सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों (ARTO) की नई तैनाती भी की गई है। इस संबंध में शनिवार को विशेष सचिव खेमपाल सिंह की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए।

गौरतलब है कि बीते नवंबर में एसटीएफ ने लखनऊ, फतेहपुर, रायबरेली समेत कई जिलों में ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली के मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी।

यह भी पढ़े:2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने दोहराए बड़े वादे, युवाओं को रोजगार और 

इस कार्रवाई के तहत लखनऊ के एआरटीओ सहित तीन एआरटीओ और एक पीटीओ को निलंबित किया गया था। इसके बाद से ही परिवहन विभाग में बड़े प्रशासनिक बदलाव की संभावना जताई जा रही थी।

किस अधिकारी को कहां मिली जिम्मेदारी

विशेष सचिव खेमपाल सिंह के अनुसार, राघवेंद्र सिंह को आरटीओ प्रशासन वाराणसी, मनोज कुमार सिंह को आरटीओ सहारनपुर और अम्बरीश कुमार को आरटीओ मेरठ नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा,

  • चंपा लाल को सिद्धार्थनगर का एआरटीओ
  • अशोक कुमार श्रीवास्तव को गाजियाबाद
  • कौशल कुमार सिंह को सोनभद्र
  • मानवेंद्र प्रताप सिंह को सहारनपुर
  • विनय कुमार को आगरा
  • कृष्ण कुमार यादव को फर्रुखाबाद
  • हरिओम को बदायूं
  • वैभव सोती को बरेली
  • सतेंद्र कुमार यादव को मथुरा
  • विंध्याचल कुमार गुप्ता को कानपुर
  • उमेश चंद्र कटियार को रायबरेली
  • गुलाब चंद्र को अयोध्या
  • विपिन कुमार को बागपत
  • हरिओम को शाहजहांपुर
  • प्रतीक मिश्र को फतेहपुर
  • नीतू शर्मा को बुलंदशहर का एआरटीओ प्रवर्तन
  • देवदत्त कुमार को मेरठ का एआरटीओ प्राविधिक

नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने दोहराए बड़े वादे, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को सालाना 40 हजार देने का ऐलान

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर अपने चुनावी वादों को दोहराया है। उन्होंने कहा कि अगर सपा की सरकार बनती है तो प्रदेश में हर वर्ग को सम्मान मिलेगा और किसानों व ग्रामीण इलाकों को खुशहाल बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। अखिलेश यादव ने दावा किया कि युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए हर साल 40 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए नए-नए तरीके अपनाएगी। मंत्रिमंडल विस्तार के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सतर्क और समझदारी से राजनीति करनी होगी।

शनिवार को पार्टी मुख्यालय में नए साल की शुभकामनाएं देने पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और हर विभाग में लूट मची हुई है। यूरिया खाद से लेकर धान खरीद तक कालाबाजारी और मुनाफाखोरी हो रही है। कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और दुग्ध उत्पादकों को भी दूध का सही दाम नहीं दिया जा रहा है। बिचौलियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।

कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर मिलजुलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करना होगा। बजट को लेकर भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है और इसे हराना जरूरी है।

यह भी पढ़े:- IPL 2026 में नहीं खेलेंगे मुस्तफिजुर रहमान,विवाद के बाद BCCI का फैसला

उन्होंने कहा कि 2026 में की गई मेहनत ही 2027 में सत्ता का रास्ता खोलेगी। इस अवसर पर राजेंद्र चौधरी, श्याम लाल पाल, अरविंद कुमार सिंह, फरीद किदवई और अनिल वर्मा समेत कई नेता मौजूद रहे।

माघ मेला के शुभारंभ पर दी शुभकामनाएं

इसके अलावा अखिलेश यादव ने माघ मेला के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने कहा कि माघ मेला हमारी सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह आयोजन भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में गंगा तट पर माघ मेला 2026 की शुरुआत हो चुकी है और पौष पूर्णिमा के पहले स्नान पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम पहुंचे।

IPL 2026 में नहीं खेलेंगे मुस्तफिजुर रहमान,विवाद के बाद BCCI का फैसला; KKR को मिलेगा रिप्लेसमेंट का मौका

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आईपीएल 2026 को लेकर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचार के मुद्दे के तूल पकड़ने के बाद उनकी भागीदारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा मुस्तफिजुर को खरीदने पर कई धर्मगुरुओं और राजनीतिक नेताओं ने कड़ा विरोध जताया। यहां तक कि फ्रेंचाइजी के सह-मालिक शाहरुख खान को लेकर भी तीखी टिप्पणियां की गईं।

विवाद बढ़ने के साथ ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर दबाव बना और अब बोर्ड ने इस मामले में स्पष्ट फैसला ले लिया है। BCCI ने पुष्टि की है कि मुस्तफिजुर रहमान आगामी आईपीएल सीजन में हिस्सा नहीं लेंगे। बोर्ड ने KKR को निर्देश दिया है कि वह बांग्लादेशी गेंदबाज को रिलीज करे।

इसके साथ ही BCCI ने KKR को यह विकल्प भी दिया है कि वे मुस्तफिजुर की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकते हैं। फ्रेंचाइजी ने हाल ही में मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। ऑक्शन के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ने भी इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज में रुचि दिखाई थी। वह इस ऑक्शन में बिकने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी थे।

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एएनआई से बातचीत में कहा, “हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने KKR को निर्देश दिया है कि वे अपने बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करें। साथ ही, यदि फ्रेंचाइजी रिप्लेसमेंट चाहती है तो BCCI इसकी अनुमति देगा।”

यह भी पढ़े:-जैसे कश्मीरी पंडितों को निकाला गया, वैसे ही बंगाल में…ममता सरकार पर बरसे मिथुन चक्रवर्ती

गौरतलब है कि मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने पहली बार खरीदा था। वह अब तक आईपीएल में पांच अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 65 मैचों में 65 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ आईपीएल में डेब्यू किया था। इसके बाद वह मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स का भी हिस्सा रह चुके हैं।

इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई थीं। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने शाहरुख खान से फ्रेंचाइजी के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की थी। वहीं भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक संगीत सोम ने इस फैसले की तीखी आलोचना की। जगतगुरु रामभद्राचार्य ने भी इस मामले पर कड़ी टिप्पणी की थी।

अब BCCI के फैसले के बाद साफ हो गया है कि मुस्तफिजुर रहमान IPL 2026 में मैदान पर नजर नहीं आएंगे, जबकि KKR को अपनी टीम में नया विकल्प चुनने का मौका मिलेगा।

जैसे कश्मीरी पंडितों को निकाला गया, वैसे ही बंगाल में…ममता सरकार पर बरसे मिथुन चक्रवर्ती

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कूचबिहार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह कश्मीर घाटी से कश्मीरी पंडितों को पलायन के लिए मजबूर किया गया था, वैसी ही स्थिति बंगाल में बनाने की कोशिश की जा रही है।

मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में योजनाबद्ध तरीके से माहौल बिगाड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल को “पश्चिम बांग्लादेश” में बदलने की साजिश रची जा रही है, लेकिन ऐसे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।

ममता बनर्जी के बयान पर हमला

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी की भी आलोचना की। मिथुन ने कहा कि मुख्यमंत्री यह भूल रही हैं कि पश्चिम बंगाल कोई अलग देश नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकुड़ा में एक जनसभा के दौरान ममता बनर्जी ने गृह मंत्री को लेकर धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा, “अगर मुख्यमंत्री यह स्पष्ट कह देतीं कि भारत के गृह मंत्री को बंगाल में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा, तो वह दिन राज्य के लिए बेहद विनाशकारी होता।”

बंगाल को बांग्लादेश बनाने की कोशिश का आरोप

मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि कुछ लोग यह मान बैठे हैं कि बंगाल अब बांग्लादेश बन चुका है, लेकिन जब तक उनके शरीर में खून की एक भी बूंद है, ऐसा कभी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके समर्थक संविधान में विश्वास रखते हैं और इसी कारण संयम बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 3 January2026 : इन 7 राशियों की किस्मत में हो सकता है बड़ा बदलाव,

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देवी मां की स्तुति में गीत गाने को लेकर गायिका लग्नाजिता चक्रवर्ती को परेशान किया गया, जो राज्य में बढ़ती असहिष्णुता को दर्शाता है।

बांग्लादेश की घटना और बंगाल में विरोध

भाजपा नेता ने बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की लिंचिंग का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस घटना के विरोध में पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस ने सख्ती की और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मिथुन ने आरोप लगाया कि राज्य में अब लोगों को विरोध प्रदर्शन करने की भी आज़ादी नहीं है।

तृणमूल सरकार को हटाने की अपील

मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि पश्चिम बंगाल को मौजूदा हालात से निकालने का एकमात्र रास्ता सरकार बदलना है। उन्होंने कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस के “विवेकशील” समर्थकों से अपील की कि वे आगामी चुनावों में एकजुट होकर सरकार को सत्ता से बाहर करें।

उन्होंने दावा किया कि राज्य में न तो उद्योग हैं, न रोजगार के अवसर और न ही मजबूत स्वास्थ्य ढांचा। मिथुन ने आरोप लगाया कि “भ्रष्टाचार के अलावा बंगाल में कुछ भी नहीं बचा है।”

आयुष्मान भारत को लेकर बयान

भाजपा नेता ने ममता सरकार पर आयुष्मान भारत योजना लागू न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह योजना सिर्फ इसलिए नहीं अपनाई क्योंकि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता बढ़ सकती थी।
मिथुन चक्रवर्ती ने भरोसा दिलाया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी।

Aaj Ka Rashifal 3 January2026 : इन 7 राशियों की किस्मत में हो सकता है बड़ा बदलाव, जानें सभी 12 राशियों का हाल

Aaj Ka Rashifal 3 January2026: वैदिक ज्योतिष के अनुसार ग्रहों और नक्षत्रों की चाल व्यक्ति के जीवन पर गहरा प्रभाव डालती है। हर राशि का एक स्वामी ग्रह होता है, जो उसके दैनिक जीवन, निर्णय और भावनाओं को प्रभावित करता है। ज्योतिषीय गणनाओं के मुताबिक 3 जनवरी 2026 का दिन कुछ राशियों के लिए खास अवसर और भाग्योदय के संकेत लेकर आ सकता है, जबकि कुछ लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी। आइए जानते हैं मेष से लेकर मीन राशि तक का विस्तृत राशिफल—

मेष राशि:
आज का दिन व्यस्तता से भरा रह सकता है। कामकाज का दबाव रहेगा और आसपास के लोग भी अपनी राय थोपने की कोशिश कर सकते हैं। जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देने से बचें। गुस्से में कही गई बात नुकसान पहुंचा सकती है। शाम के समय किसी करीबी से बातचीत करने से मन को शांति मिलेगी।

वृषभ राशि:
आज आप मानसिक रूप से संतुलित रहेंगे। धैर्य आपकी सबसे बड़ी ताकत बनेगा। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर कदम उठाने की जरूरत है। परिवार या किसी अपने का साथ दिन को बेहतर बना सकता है। चीजों को जबरदस्ती आगे बढ़ाने से बचें।

मिथुन राशि:
आज आपका दिमाग तेजी से काम करेगा और कई योजनाएं एक साथ चलेंगी। ध्यान रखें कि कोई काम अधूरा न छूटे। बातचीत में आप प्रभाव छोड़ेंगे, लेकिन शब्दों का चयन सोच-समझकर करें। छोटी गलतफहमी को समय रहते सुलझा लें।

कर्क राशि:
भावनात्मक रूप से दिन थोड़ा भारी रह सकता है। पुरानी यादें या रिश्ते मन में उथल-पुथल पैदा कर सकते हैं। अपने मन की बात किसी भरोसेमंद व्यक्ति से साझा करें। परिवार का सहयोग आपको संबल देगा।

सिंह राशि:
आज आत्मविश्वास मजबूत रहेगा और लोग आपकी बातों को महत्व देंगे। कार्यक्षेत्र में प्रशंसा या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। ध्यान रखें कि आत्मविश्वास अहंकार में न बदले। रिश्तों में खुलकर संवाद करें।

कन्या राशि:
जिम्मेदारियां अधिक लग सकती हैं, लेकिन आप उन्हें निभाने में सक्षम हैं। मेहनत का फल तुरंत न दिखे, फिर भी धैर्य रखें। किसी वरिष्ठ या परिवार के सदस्य की सलाह फायदेमंद साबित हो सकती है।

तुला राशि:
आज आप हर चीज को परफेक्ट करने की कोशिश करेंगे, जिससे थकान हो सकती है। काम में बारीकियों पर ध्यान दें, लेकिन दूसरों की छोटी गलतियों को नजरअंदाज करना सीखें। सेहत और दिनचर्या पर ध्यान देना जरूरी है।

वृश्चिक राशि:
आज आपकी सोच दूसरों से अलग हो सकती है। नए विचार भविष्य में लाभ दे सकते हैं। टीम या दोस्तों का सहयोग मिलेगा। जिद से बचें और दूसरों की राय को भी महत्व दें।

धनु राशि:
आज निर्णय लेना थोड़ा कठिन लग सकता है। रिश्तों में समझदारी और संयम जरूरी रहेगा। कला, संगीत या पसंदीदा गतिविधियों में समय बिताने से मानसिक शांति मिलेगी।

मकर राशि:
आज आप अपने विचारों को भीतर ही रखना पसंद करेंगे। काम में एकाग्रता से अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा न करें। आत्मचिंतन आपके लिए लाभकारी रहेगा।

कुंभ राशि:
आज कुछ नया सीखने या भविष्य की योजना बनाने का मन करेगा। सकारात्मक सोच बनी रहेगी, लेकिन जरूरत से ज्यादा वादे करने से बचें। पुराने दोस्त से बातचीत खुश कर सकती है।

मीन राशि:
भावनाएं गहरी रहेंगी। दूसरों की मदद करने का भाव रहेगा, लेकिन अपनी सीमाएं तय रखें। खुद के लिए भी समय निकालना जरूरी है। ध्यान और संगीत से मानसिक मजबूती मिलेगी।

डिस्क्लेमर:
यह राशिफल सामान्य ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। हम इसकी पूर्ण सटीकता की गारंटी नहीं देते। किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

लखनऊ से बने 8.03 लाख पासपोर्ट, 62 हजार से ज्यादा पुलिस वेरिफिकेशन किए गए

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने बीते वर्ष रिकॉर्ड स्तर पर पासपोर्ट सेवाएं प्रदान की हैं। वर्ष 2025 के दौरान कार्यालय से कुल 8,03,880 पासपोर्ट और 62,491 पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) जारी किए गए। यह आंकड़ा पासपोर्ट सेवाओं में बढ़ती दक्षता और डिजिटल सुधारों को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री योगी ने किया राजभाषा पत्रिका और कैलेंडर का विमोचन

पासपोर्ट सेवाओं में हुए इस उत्कृष्ट प्रदर्शन और नवाचारों को दर्शाने वाली राजभाषा पत्रिका ‘कायाकल्प’ के नवम अंक और वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यह कार्यक्रम कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हुआ।

विमोचन के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और पासपोर्ट सेवाओं के विस्तार, तकनीकी नवाचारों और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

संविधान के 75 वर्षों पर केंद्रित है ‘कायाकल्प’ का विशेषांक

राजभाषा पत्रिका ‘कायाकल्प’ का नवम अंक भारतीय संविधान के 75 वर्ष विषय पर आधारित है। इस विशेषांक में संवैधानिक मूल्यों, प्रशासनिक उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक परंपराओं से जुड़े लेख शामिल किए गए हैं।

यह भी पढ़े:- प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने अवीवा बेग संग की सगाई, तस्वीरें कीं शेयर

पत्रिका में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह और पबित्र मार्घेरिटा के संदेश भी प्रकाशित किए गए हैं।

2026 कैलेंडर में दिखीं 2025 की प्रमुख उपलब्धियां

वर्ष 2026 के कैलेंडर की थीम ‘द माइलस्टोन्स’ रखी गई है, जिसमें वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इनमें देश के 450वें डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन, पासपोर्ट वैन की शुरुआत, राजभाषा हिंदी में प्राप्त पुरस्कार और नागरिक-केंद्रित पहल प्रमुख रूप से शामिल हैं।

तकनीकी सुधारों से तेज हुआ निस्तारण

पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, बीते वर्ष तकनीकी सुधार, डिजिटल प्रक्रियाओं और सेवाओं के विकेंद्रीकरण से आवेदन निस्तारण की गति में उल्लेखनीय तेजी आई है। इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिला है और पासपोर्ट व पुलिस सत्यापन जैसी सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हुई हैं।