Home Blog Page 149

नोएडा में सैमसंग कंपनी के कोरियाई मैनेजर की हत्या, लिव-इन पार्टनर पर चाकू मारने का आरोप

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- दिल्ली-एनसीआर के नोएडा से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गौतमबुद्धनगर जिले के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में साउथ कोरिया के नागरिक और सैमसंग कंपनी के मैनेजर की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान डक ही युह (Duck Hee Yuh) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की लिव-इन पार्टनर लुंजेना पामई को गिरफ्तार किया है।

अस्पताल पहुंचाने वाली प्रेमिका पर ही शक

पुलिस के अनुसार, डक ही युह नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइड वेज में रह रहे थे। उनके साथ मणिपुर की रहने वाली लुंजेना पामई भी लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी।

शनिवार को जीआईएमएस (GIMS) अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि एक विदेशी नागरिक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें सामने आया कि मृतक को अस्पताल लाने वाली उसकी लिव-इन पार्टनर ही थी।

यह भी पढ़े:- यूपी में मस्जिद और मदरसे पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर , 20 ग्रामीणों को पट्टे मिले

जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला ने ही चाकू से हमला किया था, जिससे डक ही युह की मौत हो गई।

आरोपी महिला गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी लुंजेना पामई को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। थाना नॉलेज पार्क में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों के आपसी संबंध, विवाद के कारण और घटना की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

यूपी में मस्जिद और मदरसे पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर , 20 ग्रामीणों को पट्टे मिले

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के संभल जिले के सलेमपुर सलार (हाजीपुर) गांव में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बने मदीना मस्जिद और मदरसे को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई प्रशासन ने रविवार को आठ थानों की पुलिस, पीएसी और आरआरएफ फोर्स की मौजूदगी में की।

मस्जिद और मदरसे का ध्वस्तीकरण

मस्जिद को पहले ही ग्रामीणों ने शनिवार रात हथौड़ा चलाकर गिरा दिया था। रविवार सुबह प्रशासन ने बचे हिस्से को भी ध्वस्त कर दिया। इसके बाद पास में बने मदरसे दारुल उलूम कादरी नवशाही को भी बुलडोजर से गिरा दिया गया। अवैध कब्जा करने के मामले में 58 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

20 ग्रामीणों को पट्टे आवंटित

इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने 20 गरीब ग्रामीणों को सरकारी भूमि के पट्टे हाथो-हाथ सौंपे। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मौके पर पट्टे और प्रमाण पत्र वितरित किए।

यह भी पढ़े:- चैत्र नवरात्रि से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन व्यवस्था में बदलाव, शेषावतार और परकोटे 

डीएम ने कहा कि जिले में सभी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने का काम किया जाएगा और जनता को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

डीएम ने कहा, “सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले लोग खुद ही ध्वस्त कर लें, अन्यथा प्रशासन अर्थदंड और ध्वस्तीकरण करेगा। सरकारी कर्मचारियों के साथ किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

सुरक्षा व्यवस्था

कार्रवाई के दौरान आठ थानों की पुलिस, पीएसी और आरआरएफ फोर्स तैनात रही। ग्रामीण सुरक्षा कारणों से मस्जिद और मदरसे के पास नहीं गए। प्रशासन ने जेसीबी से भूमि समतल कराई और गरीबों को आवंटित किया गया।

यह कार्रवाई सरकारी भूमि के संरक्षण और निर्धन ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

चैत्र नवरात्रि से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन व्यवस्था में बदलाव, शेषावतार और परकोटे के मंदिरों के दर्शन होंगे शुरू

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:-  अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चैत्र नवरात्रि से दर्शन व्यवस्था में बड़े बदलाव लागू किए जाएंगे। नवसंवत्सर 2083 के शुभागमन पर श्रद्धालुओं को शेषावतार और परकोटे के मंदिरों सहित सप्त मंडपम एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने का अवसर मिलेगा।

प्रथम तल पर रामदरबार के दर्शन

श्रीराम मंदिर के प्रथम तल पर रामदरबार दर्शन की व्यवस्था भी आम श्रद्धालुओं के लिए शुरू की जाएगी। स्थानाभाव को ध्यान में रखते हुए दर्शन के लिए एक-एक घंटे के स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे।

शेषावतार व परकोटे के मंदिरों में दर्शन

परकोटे के छह मंदिरों के दर्शन और शेषावतार की मूर्तियों का दर्शन भी चैत्र नवरात्र से शुरू होगा। इन मंदिरों में फिनिशिंग और सफाई का कार्य चल रहा है। कुछ स्तम्भों पर यक्ष-यक्षिणियों की मूर्तियां उत्कीर्ण की जा रही हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रहेंगी मुख्य अतिथि

नवसंवत्सर 2083 के शुभागमन के अवसर पर 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि होंगी और हनुमान मंदिर में ध्वजारोहण करेंगी। रामलला के दर्शन के लिए वीआईपी पास व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा।

यह भी पढ़े:- चीन ने अमेरिका को चेतावनी दी, कहा: वेनेजुएला के मादुरो और पत्नी को तुरंत रिहा करो

तीर्थ क्षेत्र की कोर कमेटी ने भीड़ और दबाव के मद्देनज़र पास व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करने का विचार स्थगित कर आवश्यक बदलाव पर चर्चा की है।

यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए नवरात्रि के अवसर पर सुविधाजनक और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करेगी।

चीन ने अमेरिका को चेतावनी दी, कहा: वेनेजुएला के मादुरो और पत्नी को तुरंत रिहा करो

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- चीन ने रविवार को अमेरिका से अपदस्थ वेनेजुएला राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को तुरंत रिहा करने का आह्वान किया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर अमेरिका की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताया।

बयान में चीन ने कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी की हिरासत अमेरिका द्वारा जबरन हटाने का कदम न केवल अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह वेनेजुएला की संप्रभुता और लैटिन अमेरिकी क्षेत्र की शांति के लिए गंभीर खतरा है। चीन ने अमेरिका से अपील की कि संवाद और बातचीत के माध्यम से सभी मुद्दों को हल किया जाए।

अमेरिका पर चीन की कड़ी प्रतिक्रिया

चीनी मंत्रालय ने कहा, “अमेरिका का यह कदम वर्चस्ववादी कार्रवाई है और इसका कड़ा विरोध किया जाता है। हमें संप्रभु देशों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करना चाहिए।”

यह भी पढ़े:- वेनेजुएला में उलझा रहा अमेरिका, इधर उसके सहयोगी देश सीरिया में एयर स्ट्राइक; फाइटर

मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी से चीन को बड़ा झटका लगा है। मादुरो के समय से चीन और वेनेजुएला के बीच घनिष्ठ रणनीतिक संबंध रहे हैं। मंत्रालय ने चेतावनी दी कि अमेरिका की यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती है।

चीन का रुख स्पष्ट है: वेनेजुएला की संप्रभुता का सम्मान करें, हिरासत में लिए गए नेताओं को तुरंत रिहा करें और किसी भी विवाद को संवाद और कूटनीति के माध्यम से हल करें।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का धमाका, 800 करोड़ क्लब में एंट्री; भारत की टॉप 5 फिल्मों में बनाई जगह

मनोरंजन/सर्वोदय न्यूज़:- रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। रिलीज के महज 31 दिनों के भीतर फिल्म ने दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। शानदार ओपनिंग से लेकर लगातार मजबूत कलेक्शन के चलते धुरंधर अब भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों की सूची में शामिल हो चुकी है।

फिल्म की कहानी, दमदार गाने और कलाकारों की जबरदस्त परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार तारीफ हो रही है। फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गजों ने निर्देशक आदित्य धर की विजन और रणवीर सिंह की मेहनत की सराहना की है।

800 करोड़ क्लब में एंट्री

जियो स्टूडियो ने एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि फिल्म ने अब तक 806.80 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। रिपोर्ट के अनुसार—

  • पहले हफ्ते: 218 करोड़
  • दूसरे हफ्ते: 261.50 करोड़
  • तीसरे हफ्ते: 188.30 करोड़
  • चौथे हफ्ते: 115.70 करोड़
  • 29वें दिन: 9.70 करोड़
  • 30वें दिन: 12.60 करोड़

यह भी पढ़े:- योगी सरकार का बड़ा तोहफा: चिकित्सा शिक्षा में 1200+ भर्तियां, मेडिकल कॉलेजों में

इन आंकड़ों के साथ फिल्म ने कुल 806.80 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दर्ज किया है।

भारत की टॉप 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में

Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में अब धुरंधर भी शामिल हो गई है—

  1. दंगल – आमिर खान
  2. बाहुबली 2
  3. पुष्पा 2 – अल्लू अर्जुन
  4. RRR
  5. धुरंधर – रणवीर सिंह

फिल्म की रफ्तार को देखते हुए आने वाले दिनों में इसके और भी रिकॉर्ड तोड़ने की संभावना जताई जा रही है।

कहानी और स्टारकास्ट

आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में—रणवीर सिंह,अक्षय खन्ना,अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म की कहानी पाकिस्तान की राजनीति और जासूस हमजा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें देश पर हुए कई आतंकी हमलों को भी दर्शाया गया है।

योगी सरकार का बड़ा तोहफा: चिकित्सा शिक्षा में 1200+ भर्तियां, मेडिकल कॉलेजों में होगी बंपर नियुक्ति

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में लगातार बड़े फैसले ले रही है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण और तकनीकी पदों पर बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए 1200 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सहायक आचार्य, आचार्य और प्रवक्ता (फार्मेसी) के पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पहल से जहां एक ओर युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं प्रदेश की मेडिकल शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मेडिकल कॉलेजों में इन पदों पर होगी भर्ती

अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत लोक सेवा आयोग, प्रयागराज को भर्ती का अधियाचन भेजा जा चुका है और जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।

भर्ती विवरण इस प्रकार है—

  • सहायक आचार्य: 1,112 पद
  • आचार्य: 44 पद
  • प्रवक्ता (फार्मेसी): 11 पद

इन सभी पदों पर चयन लोक सेवा आयोग के माध्यम से किया जाएगा।

1,230 नर्सिंग अधिकारियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

योगी सरकार नर्सिंग कैडर को भी सशक्त करने जा रही है। लोक सेवा आयोग, प्रयागराज से चयनित 1,230 नर्सिंग अधिकारियों (महिला एवं पुरुष) को जल्द ही नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

यह भी पढ़े:- PCS अधिकारी के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में 4 युवतियां और

इससे सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर होगी।

शोध और गुणवत्ता आधारित शिक्षा पर फोकस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर गुणवत्ता, शोध और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। बीते करीब नौ वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है और अब लगभग हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं।

नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए योग्य शिक्षकों और प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति सरकार की प्राथमिकता है। इस भर्ती से मेडिकल छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा, शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और चिकित्सा शिक्षा राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित हो सकेगी।

PCS अधिकारी के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में 4 युवतियां और 3 युवक हिरासत में

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। यह मकान एक PCS अधिकारी का बताया जा रहा है, जिसे किराए पर दिया गया था। आरोप है कि किराएदारों ने मकान का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए शुरू कर दिया। पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से चार युवतियों और तीन युवकों को पकड़ा गया है।

पुलिस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के लोग भी हैरान रह गए।

कीडगंज इलाके का मामला

यह मामला प्रयागराज के कीडगंज क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस को किसी माध्यम से मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही रविवार दोपहर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने मकान का दरवाजा खटखटाया, अंदर अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़े:- पंकज चौधरी के दौरे में सामने आई BJP की गुटबाजी, स्वागत कार्यक्रम से जिलाध्यक्ष

बताया गया है कि मकान मालकिन परिवार समेत शहर से बाहर रहती हैं और उन्होंने यह मकान किराए पर दे रखा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मकान में इस तरह की गतिविधियां चल रही हैं, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।

आपत्तिजनक सामान भी बरामद

पुलिस ने मौके से चार युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान कमरों से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने तक ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है।

पंकज चौधरी के दौरे में सामने आई BJP की गुटबाजी, स्वागत कार्यक्रम से जिलाध्यक्ष समेत कई नेता रहे नदारद

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के दौरे के दौरान पार्टी के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। मुरादाबाद में हाईवे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता नजर नहीं आए। खास बात यह रही कि स्वागत को लेकर कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह की ओर से अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन भी प्रकाशित कराए गए थे, इसके बावजूद कई नेता कार्यक्रम से दूरी बनाए रहे।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी पहली बार मुरादाबाद की सीमा से होकर गुजर रहे थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी को लेकर जब गैरहाजिर नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की गई तो सभी ने अलग-अलग कारण बताए। हालांकि, नेताओं की अनुपस्थिति को लेकर पार्टी के अंदरखाने चर्चा तेज हो गई है।

चुनावी तैयारियों के बीच दिखी अंदरूनी खींचतान

गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो चुके हैं। बैठकों में बार-बार नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की नसीहत दी जा रही है, लेकिन पंकज चौधरी के स्वागत कार्यक्रम में ही भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी साफ दिखाई दी। महानगर अध्यक्ष सहित कई शीर्ष नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत नहीं की।

फोन भी नहीं उठाए गए

हैरानी की बात यह रही कि शहर में मौजूद रहने के बावजूद कई नेता मूंढापांडे तक नहीं पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ही सक्रिय नजर आए। कई नेताओं के मोबाइल फोन पर कॉल जाती रही, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। नेताओं की गैरमौजूदगी पार्टी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण स्वागत से वह अभिभूत हैं। कड़ाके की ठंड में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को देखकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में फिर से भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।

यह भी पढ़े:- “भाजपा को वोट देने वाले अपनी बहन-बेटियों को…” अखिलेश यादव का तीखा हमला, सोशल 

कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि पूरे जिले में सबसे पहले कुंदरकी विधानसभा को प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व सांसद वीर सिंह, मूंढापांडे ब्लॉक प्रमुख डॉ. नवदीप यादव, जय सिंह, रोहित सिंह और मेयर विनोद अग्रवाल समेत कई नेता मौजूद रहे।

जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने सफाई देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का यह कार्यक्रम निजी था। इसके बावजूद वह स्वागत कार्यक्रम में मूंढापांडे पहुंचे थे, लेकिन कार्यक्रम देर से होने के कारण उन्हें एक पार्टी नेता के पिता की शोकसभा में जाना पड़ा।

वहीं, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को केवल मुख्य मार्ग पर रुकना था और कुंदरकी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी लोगों को सूचना दी गई थी, जो नहीं आए, उसका कारण वही बता सकते हैं।

“भाजपा को वोट देने वाले अपनी बहन-बेटियों को…” अखिलेश यादव का तीखा हमला, सोशल मीडिया पर लिखा लंबा पोस्ट

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक लंबा और आक्रामक पोस्ट साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी डबल इंजन सरकारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने देशभर में भाजपा शासित राज्यों की कथित विफलताओं का जिक्र करते हुए जनता से सवाल किया है कि क्या वे अब भी “सांप्रदायिकता का चश्मा” पहनकर भाजपा को समर्थन देंगे।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट की शुरुआत बेहद सख्त शब्दों में की। उन्होंने लिखा कि जो लोग आंख मूंदकर भाजपा को वोट देते हैं, यदि उनमें थोड़ी भी मानवता, विवेक और संवेदनशीलता बची है तो उन्हें अपने घर की बहन-बेटियों की ओर देखकर आईने में खुद से सवाल करना चाहिए। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों को ‘डबल इंजन सरकार’ नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार, नफरत और अपराध का केंद्र बताया।

राज्यों की घटनाओं का सिलसिलेवार जिक्र

अखिलेश यादव ने उत्तराखंड से लेकर असम और महाराष्ट्र तक की घटनाओं को गिनाते हुए केंद्र और राज्यों की भाजपा सरकारों को घेरा। उन्होंने उत्तराखंड में एक बेटी के लिए न्याय की गुहार, उत्तर प्रदेश में जहरीले सिरप से हो रही मौतों और जीएसटी अधिकारी के घर से करोड़ों रुपये मिलने का मामला उठाकर सरकार के “ईमानदार सिस्टम” के दावों पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने मध्य प्रदेश में दलितों पर अत्याचार और बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीरें जलाए जाने का उल्लेख किया, जबकि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कहा कि लोग एक-एक सांस के लिए तरस रहे हैं।

चुनाव, शराबबंदी और पर्यावरण पर सवाल

महाराष्ट्र में विपक्षी उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोके जाने और निर्विरोध चुनाव जीतने की घटनाओं को लेकर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब बिक्री और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। वहीं राजस्थान, गुजरात और हरियाणा में अरावली पर्वत श्रृंखला से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों और किसानों के विरोध प्रदर्शनों का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा।

अल्पसंख्यक, आदिवासी और सामाजिक माहौल पर चिंता

सपा प्रमुख ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अल्पसंख्यकों के त्योहारों पर कथित हमलों और आदिवासियों की जमीन छीने जाने के आरोप लगाए। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर उन्हें कुछ और समझ न आए, तो कम से कम अपने घर के बेरोजगार युवाओं, ठप होते कारोबार और समाज में फैलती नफरत व हिंसा पर जरूर विचार करें।

यह भी  पढ़े:- 27 लाख बेटियों का भविष्य हो रहा सशक्त, कन्या सुमंगला योजना पर योगी सरकार ने 

अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि सांप्रदायिक उन्माद और महिलाओं व पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज पर हो रहे अत्याचार देश के भविष्य को अंधकार की ओर ले जा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि का मुद्दा

उन्होंने यह भी कहा कि देश में हो रही इन घटनाओं से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि प्रभावित हो रही है। निवेश पर नकारात्मक असर पड़ रहा है और विदेशों में रहने वाले भारतीयों को अपमान और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

27 लाख बेटियों का भविष्य हो रहा सशक्त, कन्या सुमंगला योजना पर योगी सरकार ने खर्च किए 647 करोड़

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में बालिकाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाई जा रही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना लाखों परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बन चुकी है। इस योजना के माध्यम से अब तक करीब 27 लाख बेटियों को लाभ मिल चुका है, जिससे उनका भविष्य संवर रहा है। राज्य सरकार ने इस योजना पर अब तक कुल 647.21 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

कन्या सुमंगला योजना का मकसद प्रदेश में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाना और बालिकाओं के जन्म को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है। चालू वर्ष में ही योजना के तहत 3.28 लाख बालिकाओं को 130.03 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई है।

आज मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की पहचान बन चुकी है। यह योजना न सिर्फ आर्थिक मदद प्रदान कर रही है, बल्कि सामाजिक सोच में भी सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रही है।

लैंगिक समानता की दिशा में मजबूत पहल

साल 2019 में शुरू की गई इस योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के मूल निवासी परिवारों की बालिकाओं को दिया जा रहा है। पात्रता शर्तों के अनुसार परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और परिवार में अधिकतम दो बच्चे होने चाहिए।

यह भी पढ़े:- रोने लगे बृजभूषण शरण सिंह, ऋतेश्वर महाराज के शब्दों ने भर दी आंखें

योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बालिका की शिक्षा या विकास बाधित न हो।

सहायता राशि बढ़ने से बढ़ा भरोसा

वित्तीय वर्ष 2024-25 में योगी सरकार ने कन्या सुमंगला योजना के तहत दी जाने वाली कुल सहायता राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया। यह राशि छह चरणों में प्रदान की जाती है।

  • जन्म के समय: 5,000 रुपये
  • दो वर्ष की आयु पर टीकाकरण पूर्ण होने पर: 2,000 रुपये
  • कक्षा 1 में प्रवेश पर: 3,000 रुपये
  • कक्षा 6 में प्रवेश पर: 3,000 रुपये
  • कक्षा 9 में प्रवेश पर: 5,000 रुपये
  • कक्षा 10 या 12 उत्तीर्ण कर डिप्लोमा/स्नातक या उच्च डिग्री कोर्स में प्रवेश पर: 7,000 रुपये

यह व्यवस्था बालिकाओं को हर शैक्षणिक पड़ाव पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है और परिवारों में बेटियों को लेकर विश्वास को मजबूत कर रही है।