Home Blog Page 118

आसन की ओर कागज फेंकने वाले सांसदों पर सख्त कार्रवाई, वोटिंग के बाद…किन-किन पर गिरी गाज?

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में दूसरे दिन भी भारी हंगामा देखने को मिला। मंगलवार (3 फरवरी) को नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे के संस्मरण का जिक्र किए जाने पर सत्ता पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद सदन का माहौल गर्म हो गया।

हंगामे के बीच कुछ विपक्षी सांसदों द्वारा आसन की ओर कागज उछाले जाने का मामला सामने आया। इस घटना के बाद संसद में सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सांसदों पर कार्रवाई की गई। संसदीय कार्य मंत्री की ओर से पेश प्रस्ताव के बाद इन सांसदों को मौजूदा बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया।

इन सांसदों पर गिरी कार्रवाई

आसन की गरिमा को ठेस पहुंचाने और सदन में अव्यवस्था फैलाने के आरोप में जिन सांसदों को निलंबित किया गया है, उनमें मणिक्कम टैगोर, किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत पडोले, हिबी ईडन, डीन कुरिया कोस, एस. वेंकटेशन, गुरजीत सिंह औजला और अमरेंद्र सिंह राजा वारिंग शामिल हैं। कुल आठ विपक्षी सांसदों को सस्पेंड किया गया है।

नियम 374(2) के तहत हुआ निलंबन

हंगामे के चलते पहले सदन की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक स्थगित की गई थी। बाद में कार्यवाही शुरू होने पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन सांसदों के निलंबन से जुड़ा प्रस्ताव सदन में रखा। प्रस्ताव में कहा गया कि इन सदस्यों ने आसन की अवमानना की और लोकसभा अधिकारियों की मेजों के पास जाकर कागज उछालकर सदन की मर्यादा को नुकसान पहुंचाया। सदन ने इस प्रस्ताव को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी।

राहुल-प्रियंका समेत विपक्ष का प्रदर्शन

निलंबन की घोषणा के बाद पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आठों सांसदों के नाम पढ़कर कार्रवाई की जानकारी दी और सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी। इसके बाद लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान 8 सांसदों के निलंबन और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में नारेबाजी की गई।

क्यों हुआ था हंगामा

दरअसल, विपक्षी सांसद राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न मिलने से नाराज थे। राहुल गांधी ने जनरल नरवणे की पुस्तक पर आधारित लेख को सदन के पटल पर रखते हुए चीन के साथ सीमा विवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

यह भी पढ़े:- पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? सीएम योगी का स्पष्ट संदेश: जो जिस भाषा में समझे उसी…

उन्होंने इसे राष्ट्रपति के अभिभाषण से जुड़ा अहम विषय बताया, लेकिन आसन से उन्हें आगे बोलने की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद विपक्ष ने विरोध तेज कर दिया।

जीवन रक्षक सम्मान से सम्मानित हुए ‘खाकी वाले गुरुजी’ सब इंस्पेक्टर रणजीत यादव

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात और ‘खाकी वाले गुरुजी’ के नाम से चर्चित सब इंस्पेक्टर रणजीत यादव को उनके सराहनीय सामाजिक कार्यों के लिए जीवन रक्षक सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान जनपद गाजीपुर के शहनाई पैलेस में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया।

फरवरी माह की पहली तारीख को आयोजित इस कार्यक्रम में जीवन रक्षक फाउंडेशन द्वारा सब इंस्पेक्टर रणजीत यादव को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अभिनव सिन्हा ने माल्यार्पण कर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

वर्तमान में जनपद अयोध्या स्थित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में तैनात रणजीत यादव को यह सम्मान सुरक्षा के साथ सेवा भावना को आगे बढ़ाने और रक्तदान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है। समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों के चलते उन्हें यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्राप्त हुआ।

सम्मान ग्रहण करते हुए रणजीत यादव ने जीवन रक्षक फाउंडेशन, कार्यक्रम आयोजक शीर्ष दीप शर्मा और गाजीपुर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान न केवल मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज और देश के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं।

यह भी पढ़े:- पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? सीएम योगी का स्पष्ट संदेश: जो जिस भाषा में समझे उसी…

उन्होंने यह सम्मान अपने माता-पिता, गुरुजनों, परिवार और मित्रों को समर्पित किया। उनकी इस उपलब्धि को पुलिस विभाग के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी सराहना मिल रही है।

पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? सीएम योगी का स्पष्ट संदेश: जो जिस भाषा में समझे उसी…

न्यूज़ डेक्स/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और पुलिस की मुठभेड़ नीति पर एक बार फिर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर दृढ़ है और इसमें किसी तरह का समझौता नहीं होगा।

सीएम ने कहा कि अक्सर सवाल उठते हैं कि पुलिस ने गोली क्यों चलाई। इस पर उन्होंने पलटकर कहा, “पुलिस गोली न चलाए तो क्या गोली खाए? जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाया जाएगा।” उनका यह बयान अपराधियों के प्रति सख्त रवैये और त्वरित कार्रवाई के पक्ष में माना जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश में कानून सभी के लिए समान है। कोई भी व्यक्ति—चाहे वह आम नागरिक हो या किसी उच्च पद का अधिकारी—यदि कानून तोड़ेगा तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस हमेशा कानूनी दायरे में रहकर कार्रवाई करती है, लेकिन यदि अपराधी कानून का भय नहीं मानता, तो उसे उसी भाषा में समझाना परिस्थिति की मांग बन जाती है।

सीएम योगी ने पुलिस बल को समर्थन देते हुए कहा कि उन्हें पिस्तौल और प्रशिक्षण इसीलिए दिया जाता है ताकि कोई भी अपराधी अपनी नापाक हरकतों से पीछे न हटे। “अगर अपराधी को गोली चलाने की छूट है, तो पुलिस को भी उसके खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार है,” उन्होंने कहा।

यह भी पढ़े:-आपसी सहमति से बने रिश्ते धोखाधड़ी नहीं, शादी टूटने पर धारा 69 का केस नहीं चलेगा: हाईकोर्ट

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि जब पुलिस ने अपराधियों को उनकी भाषा में समझाना शुरू किया, तभी प्रदेश में बदलाव आया। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश के बड़े-बड़े त्योहार शांतिपूर्ण रूप से मनाए गए हैं और कहीं भी अराजकता, दंगे या गुंडा टैक्स जैसी घटनाएं सामने नहीं आई। इसी सुरक्षा वातावरण के कारण राज्य देश और दुनिया के निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन गया है।

सीएम ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ यह संघर्ष सभी के लिए समान रहेगा। उनका कहना था कि “जीरो टॉलरेंस का मतलब है कि अगर प्रशासन या सरकार से जुड़ा कोई व्यक्ति भी गलत करेगा, तो उसे माफिया की तरह ही कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।”

यह बयान पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने और अपराधियों के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

आपसी सहमति से बने रिश्ते धोखाधड़ी नहीं, शादी टूटने पर धारा 69 का केस नहीं चलेगा: हाईकोर्ट

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आपसी सहमति से बने संबंधों को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि लंबे समय तक चलने वाले रिश्तों को बाद में ‘धोखाधड़ी’ की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। अदालत ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 केवल उन मामलों में लागू होती है जहाँ शुरू से ही झूठे वादे और छल की मंशा होती है, न कि उन मामलों में जहाँ शादी किसी कारणवश नहीं हो पाती।

मामला क्या था?

यह आदेश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद की खंडपीठ ने नीलेश राम चंद्रानी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। मामला इस प्रकार था, नीलेश और शिकायतकर्ता महिला की मुलाकात LLM की पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने 2020 से प्रेम संबंध बनाए रखे। जून 2023 में सगाई हुई और नवंबर 2024 में शादी की तारीख तय हुई। शादी की तैयारियों में होटल बुकिंग, कार्ड और फोटोग्राफर की व्यवस्था भी शामिल थी।

हालांकि, बाद में शादी टूट गई। इसके बाद महिला ने नोएडा सेक्टर 63 थाने में नीलेश के खिलाफ धारा 352, 351(2), और मुख्य रूप से धारा 69 के तहत FIR दर्ज कराई।

हाईकोर्ट की टिप्पणियाँ

कोर्ट ने कहा कि इस केस में शादी का वादा झूठा नहीं था, क्योंकि सगाई और तैयारियों से यह स्पष्ट होता है कि याची का इरादा वास्तविक था।

धारा 69 की व्याख्या: BNS की धारा 69 केवल उन मामलों में लागू होती है जहाँ शुरू से ही यौन संबंध बनाने के लिए झूठा वादा किया गया हो।

यह भी पढ़े:- मणिपुर में फिर बनेगी भाजपा सरकार, CM की कुर्सी पर मैतेई और डिप्टी CM कुकी समुदाय से?

सहमति और निराशा:कोर्ट ने यह भी कहा कि आपसी सहमति से बने रिश्तों के टूटने से उत्पन्न निराशा को धोखाधड़ी नहीं माना जा सकता। यदि दोनों बालिग लंबे समय तक रिश्ते में रहे, तो बाद में इसे आपराधिक मामला बनाना कानून का दुरुपयोग है।

फैसला और FIR पर असर

धारा 69 से जुड़े आरोपों की FIR रद्द। मारपीट और धमकी से जुड़े अन्य आरोपों की जांच जारी। चार्जशीट दाखिल होने तक नीलेश की गिरफ्तारी पर रोक।

यह फैसला उन मामलों के लिए मिसाल बन सकता है जहाँ आपसी सहमति से बने संबंध टूटने के बाद अक्सर ‘शादी के झूठे वादे’ का सहारा लेकर मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं।

मणिपुर में फिर बनेगी भाजपा सरकार, CM की कुर्सी पर मैतेई और डिप्टी CM कुकी समुदाय से?

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मणिपुर में जल्द ही भाजपा की सरकार बनने की चर्चाएँ तेज हो गई हैं। पार्टी ने मणिपुर से लेकर दिल्ली तक सक्रियता बढ़ा दी है। राज्य के 20 से ज्यादा भाजपा विधायक हाल ही में दिल्ली पहुंचे और अब भाजपा ने विधायक दल के नेता चुनने के लिए राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

राज्य में राष्ट्रपति शासन अगले साल खत्म होने वाला है, जिसके पहले पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सरकार का गठन हो जाए। भाजपा सूत्रों का कहना है कि नई सरकार में एक डिप्टी मुख्यमंत्री की भी नियुक्ति होगी। संभावित मुख्यमंत्री मैतेई समुदाय से और डिप्टी सीएम कुकी समुदाय से हो सकते हैं। इसका उद्देश्य मणिपुर में विभिन्न समुदायों को संतुलित प्रतिनिधित्व देना और पिछले वर्षों में मैतेई-कुकी तनाव से पैदा हुई हिंसा जैसी घटनाओं को रोकना है।

CM पद के संभावित उम्मीदवार

भाजपा के अंदर मुख्यमंत्री पद की दौड़ में संभावित नामों में शामिल हैं:

  • सत्यब्रत सिंह (पूर्व असेंबली स्पीकर)
  • टीएच बिस्वजीत सिंह (पूर्व मंत्री)
  • के. गोविंद दास

तीनों नेता मैतेई समुदाय से हैं। वहीं, कुकी समुदाय के विधायकों ने केंद्रीय नेतृत्व से डिप्टी सीएम पद पर प्रतिनिधित्व की मांग की है।

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन का हाल

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन पहली बार 13 फरवरी 2025 को लागू हुआ था। इसे शुरू में 6 महीने के लिए लगाया गया था और अगस्त 2025 में एक बार फिर बढ़ाया गया। एन. बीरेन सिंह ने फरवरी 2025 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।

यह भी पढ़े:- देश में फिर बढ़ सकती है ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट: 8 राज्यों में बारिश का खतरा

मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है। भाजपा के 60 सदस्यीय विधानसभा में 37 विधायक हैं, और विधायक चाहते हैं कि कम से कम एक साल के लिए नई सरकार बने और जनता के बीच कुछ कार्य करके ही अगले चुनाव में जाए।

भाजपा नेतृत्व अब कुकी समुदाय की मांग और मैतेई समुदाय के नेतृत्व संतुलन को ध्यान में रखते हुए सरकार गठन की योजना बना रहा है।

देश में फिर बढ़ सकती है ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट: 8 राज्यों में बारिश का खतरा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश में जब लोग ठंड के खत्म होने का इंतजार कर रहे थे, मौसम विभाग ने एक बार फिर सावधान रहने की चेतावनी जारी कर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 12 घंटों में आठ राज्यों में बारिश की संभावना है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।

कौन-कौन से राज्य प्रभावित होंगे

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज शाम तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकती है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का खतरा

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना है। खासकर इन पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण आवागमन और दैनिक जीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सुरक्षित रहने और घरों से अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।

तटीय इलाकों में मछुआरों के लिए अलर्ट

तमिलनाडु के समुद्री किनारे रहने वाले मछुआरों को भी चेतावनी दी गई है। तेज हवाओं और समुद्री लहरों के चलते मछुआरों को तटीय इलाकों में नौकायन और मछली पकड़ने के लिए जोखिम से बचने की हिदायत दी गई है।

यात्रियों और पर्यटन पर असर

अगर आप इन दिनों किसी पर्यटन स्थल या पहाड़ी इलाकों में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम विभाग का अलर्ट ध्यान में रखें। बर्फबारी और तेज बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं, उत्तर भारत के मैदान क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश की वजह से लोग घरों में रहने को प्राथमिकता दें।

यह भी पढ़े:- शराबी पिता ने 12 साल के बेटे की हत्या की, शव बक्से में छिपाकर फरार

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 12 से 24 घंटों में यह स्थिति बनी रह सकती है, इसलिए सभी संबंधित राज्य अपने-अपने इलाके में सतर्क रहें।

शराबी पिता ने 12 साल के बेटे की हत्या की, शव बक्से में छिपाकर फरार

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक भयावह और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मक्खनपुर इलाके में रहने वाले राजेश लोधी ने अपने 12 वर्षीय बेटे मयंक की हंसिया से वार कर हत्या कर दी और शव को बक्से में छिपाकर फरार हो गया। घटना का पता तब चला जब बच्चे की मां उर्मिला, जो प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हैं, स्कूल से लौटकर घर आईं।

जानकारी के अनुसार, राजेश शराब का आदी है और पत्नी के साथ उसके लंबे समय से विवाद चल रहे थे। घटना के दिन बच्चे स्कूल गए थे, बेटी महिमा ट्यूशन के लिए घर से बाहर गई थी। अकेले घर में मौजूद मयंक पर पिता ने अचानक हमला किया और उसे हंसिया से कई जगह वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसने शव को कपड़ों के नीचे बक्से में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया।

मां के लौटने पर घर में खून बिखरा मिला, जिससे उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूरे इलाके और घर के आसपास तलाशी ली, लेकिन शव तीन घंटे बाद बक्से से बरामद हुआ। पोस्टमॉर्टम में बच्चे के शरीर पर हंसिया के घातक निशान मिले। घटना की सूचना पर एसपी देहात अनुज चौधरी, सीओ अनिवेश कुमार और अन्य पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़े:- Gold & Silver Rate Today: चांदी 2.50 लाख के पार, सोने में भी उछाल

मायके वालों ने आरोपी राजेश के खिलाफ हत्या की तहरीर दी और उसके पैतृक मकान में तोड़फोड़ की। पुलिस आरोपी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि राजेश शराब का आदी है और वह कई सालों से पारिवारिक विवाद में लिप्त था।

यह मामला उत्तर प्रदेश में घरेलू हिंसा और शराब के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। पुलिस ने पूरे इलाके में खोजबीन तेज कर दी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।

Gold & Silver Rate Today: चांदी 2.50 लाख के पार, सोने में भी उछाल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पिछले कुछ दिनों में गिरावट के बाद आज सोना और चांदी की कीमतों में फिर से तेजी देखने को मिली है। आज एमसीएक्स सिल्वर (MCX Silver Rate) का भाव 6% की बढ़त के साथ ₹2,50,436 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। वहीं एमसीएक्स गोल्ड (MCX Gold Rate) 3% बढ़कर ₹1,48,310 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा है। गौरतलब है कि चांदी का भाव हाल ही में अपने टॉप लेवल से 46% तक गिर चुका था।

अंतरराष्ट्रीय मार्केट में भी तेजी

इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना और चांदी की कीमतों में उछाल देखने को मिला है। स्पॉट गोल्ड 4.2% की तेजी के साथ $4,855 प्रति आउंस पर पहुंच गया है। इसके अलावा, स्पॉट प्लेटिनम की कीमतों में भी 3% की बढ़त दर्ज की गई है।

टैरिफ राहत का असर

सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय सामानों पर लगाए गए टैरिफ को 50% से घटाकर 18% करने की घोषणा की। इस फैसले ने कमोडिटी मार्केट का सेंटीमेंट बुलिश कर दिया।

यह भी पढ़े:- टैरिफ कटौती के बाद शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स 2500 अंक ऊपर

अमेरिका और भारत के बीच चल रही ट्रेड डील पर यह कदम निवेशकों को राहत देने वाला माना जा रहा है।

क्या तेजी जारी रहेगी?

जियोजीत इन्वेस्टमेंट के कमोडिटी रिसर्च हेड हरीश वी का कहना है, “वैश्विक अस्थिरता और सेंट्रल बैंक की खरीदारी के कारण सोना और चांदी की कीमतों में तेजी जारी रहेगी।” उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में कीमतों में गिरावट अधिक खरीदारी की वजह से थी। पिछले एक महीने में चांदी का भाव 60% और सोने का 20% बढ़ चुका है।

नोट: यह निवेश की सलाह नहीं है। सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहता है। निवेश से पहले एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: वॉन की चौंकाने वाली भविष्यवाणी, साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में नहीं!

0

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी जोरों पर है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा। यह टी20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण है और भारत डिफेंडिंग चैंपियन की भूमिका में है।

पूर्व इंग्लैंड कप्तान माइकल वॉन ने आगामी टूर्नामेंट को लेकर अपनी भविष्यवाणी साझा की है। वॉन का मानना है कि इस बार साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाएगी। उनके अनुसार सेमीफाइनल में भारत, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें होंगी।

वॉन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में मेरे चार चयन भारत, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया हैं।” साउथ अफ्रीका को पिछली बार 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत के हाथों सिर्फ 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।

टीमें और टूर्नामेंट का फॉर्मेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 20 टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। टॉप 10 रैंक वाली नौ टीमें टूर्नामेंट में खेलेंगी, जबकि बांग्लादेश सुरक्षा कारणों से हिस्सा नहीं लेगा। इसके स्थान पर स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है।

  • टूर्नामेंट में चार ग्रुप होंगे, हर ग्रुप में 5-5 टीमें।
  • हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सुपर 8 चरण में प्रवेश करेंगी।

भारत का शेड्यूल:

  • ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, नामीबिया और यूएसए शामिल।
  • भारत 7 फरवरी को यूएसए से, 12 फरवरी को नामीबिया से और 18 फरवरी को नीदरलैंड्स से भिड़ेगा।
  • पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करेगा, जिससे भारत को वॉकओवर के तहत पूरे अंक मिलेंगे।

इंग्लैंड का शेड्यूल (ग्रुप C):

  • 8 फरवरी: नेपाल
  • 11 फरवरी: वेस्टइंडीज
  • 14 फरवरी: स्कॉटलैंड
  • 16 फरवरी: इटली

यह भी पढ़े:- टैरिफ कटौती के बाद शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स 2500 अंक ऊपर

ऑस्ट्रेलिया का शेड्यूल (ग्रुप B):

  • 11 फरवरी: आयरलैंड
  • 13 फरवरी: जिम्बाब्वे
  • 16 फरवरी: श्रीलंका
  • 20 फरवरी: ओमान

न्यूजीलैंड का शेड्यूल (ग्रुप D):

  • 8 फरवरी: अफगानिस्तान
  • 10 फरवरी: UAE
  • 14 फरवरी: साउथ अफ्रीका
  • 17 फरवरी: कनाडा

वॉन की भविष्यवाणी और आगामी टूर्नामेंट का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के लिए काफी उत्साहजनक साबित होने वाला है।

टैरिफ कटौती के बाद शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स 2500 अंक ऊपर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ में कटौती की घोषणा का असर घरेलू शेयर बाजार में साफ देखा गया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में जबरदस्त तेजी रही। निफ्टी में 3% से ज्यादा का उछाल आया, वहीं सेंसेक्स 2500 अंक से अधिक बढ़ गया।

सेंसेक्स के टॉप 30 कंपनियों के शेयरों में भी भारी तेजी देखने को मिली। अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस और इटरनल के शेयरों में खासा उछाल आया। निवेशकों को इस तेजी से फायदा हुआ।

रुपया भी मजबूत हुआ

टैरिफ कटौती का सकारात्मक असर रुपये पर भी देखने को मिला। डॉलर के मुकाबले रुपया 1% मजबूत हुआ और 1 डॉलर की कीमत 90.42 रुपये रही। पिछले कुछ समय में रुपया 1.2% की तेजी के साथ मजबूती दिखा रहा है।

प्री-ओपनिंग सेशन में जोरदार तेजी

शेयर बाजार का प्री-ओपनिंग सेशन भी काफी उत्साहजनक रहा। सेंसेक्स प्री-ओपनिंग में 3647.89 अंक यानी 4.47% की तेजी के साथ 85,314.35 अंक पर ट्रेड कर रहा था। विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप के टैरिफ कट का असर प्री-ओपनिंग सेशन में भी स्पष्ट था।

ट्रंप के टैरिफ कट की डिटेल्स

सोमवार देर रात डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी दी कि भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटाकर 18% किया जा रहा है। इसके अलावा 25% के रेसीप्रोकल टैरिफ को भी हटा दिया गया। लंबे समय से इस डील का निवेशक इंतजार कर रहे थे। अब इसे लेकर बाजार में उत्साह देखा जा रहा है।

क्या FII की वापसी होगी?

पिछले साल विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 18 बिलियन डॉलर की बिकवाली की थी। जनवरी में भी FII ने शेयरों को बेचा। लेकिन अब टैरिफ कटौती के बाद FII निवेशकों का रुख सकारात्मक हो सकता है। आने वाले समय में विदेशी निवेशकों की खरीदारी बाजार में देखने को मिल सकती है।

सोमवार को भी बाजार में तेजी

सोमवार को तेल और गैस, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में खरीदारी आने से बीएसई सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17% बढ़कर 81,666.46 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,009 अंक तक बढ़कर 81,732.25 अंक के उच्च स्तर तक पहुंचा।

यह भी पढ़े:- स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पताल के लिए खत्म होगी न्यूनतम भूमि की शर्त, यूपी सरकार की

वहीं, एनएसई निफ्टी 262.95 अंक यानी 1.06% की तेजी के साथ 25,088.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 282.65 अंक बढ़कर 25,108.10 अंक तक गया।

नोट: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में जोखिम होते हैं। किसी भी निवेश से पहले विशेषज्ञ की राय जरूर लें।