न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश में जब लोग ठंड के खत्म होने का इंतजार कर रहे थे, मौसम विभाग ने एक बार फिर सावधान रहने की चेतावनी जारी कर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 12 घंटों में आठ राज्यों में बारिश की संभावना है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।
कौन-कौन से राज्य प्रभावित होंगे
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज शाम तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकती है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना है। खासकर इन पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण आवागमन और दैनिक जीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सुरक्षित रहने और घरों से अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।
तटीय इलाकों में मछुआरों के लिए अलर्ट
तमिलनाडु के समुद्री किनारे रहने वाले मछुआरों को भी चेतावनी दी गई है। तेज हवाओं और समुद्री लहरों के चलते मछुआरों को तटीय इलाकों में नौकायन और मछली पकड़ने के लिए जोखिम से बचने की हिदायत दी गई है।
यात्रियों और पर्यटन पर असर
अगर आप इन दिनों किसी पर्यटन स्थल या पहाड़ी इलाकों में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम विभाग का अलर्ट ध्यान में रखें। बर्फबारी और तेज बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं, उत्तर भारत के मैदान क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश की वजह से लोग घरों में रहने को प्राथमिकता दें।
यह भी पढ़े:- शराबी पिता ने 12 साल के बेटे की हत्या की, शव बक्से में छिपाकर फरार
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 12 से 24 घंटों में यह स्थिति बनी रह सकती है, इसलिए सभी संबंधित राज्य अपने-अपने इलाके में सतर्क रहें।



