Home Blog Page 119

टैरिफ कटौती के बाद शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स 2500 अंक ऊपर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ में कटौती की घोषणा का असर घरेलू शेयर बाजार में साफ देखा गया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में जबरदस्त तेजी रही। निफ्टी में 3% से ज्यादा का उछाल आया, वहीं सेंसेक्स 2500 अंक से अधिक बढ़ गया।

सेंसेक्स के टॉप 30 कंपनियों के शेयरों में भी भारी तेजी देखने को मिली। अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस और इटरनल के शेयरों में खासा उछाल आया। निवेशकों को इस तेजी से फायदा हुआ।

रुपया भी मजबूत हुआ

टैरिफ कटौती का सकारात्मक असर रुपये पर भी देखने को मिला। डॉलर के मुकाबले रुपया 1% मजबूत हुआ और 1 डॉलर की कीमत 90.42 रुपये रही। पिछले कुछ समय में रुपया 1.2% की तेजी के साथ मजबूती दिखा रहा है।

प्री-ओपनिंग सेशन में जोरदार तेजी

शेयर बाजार का प्री-ओपनिंग सेशन भी काफी उत्साहजनक रहा। सेंसेक्स प्री-ओपनिंग में 3647.89 अंक यानी 4.47% की तेजी के साथ 85,314.35 अंक पर ट्रेड कर रहा था। विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप के टैरिफ कट का असर प्री-ओपनिंग सेशन में भी स्पष्ट था।

ट्रंप के टैरिफ कट की डिटेल्स

सोमवार देर रात डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी दी कि भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटाकर 18% किया जा रहा है। इसके अलावा 25% के रेसीप्रोकल टैरिफ को भी हटा दिया गया। लंबे समय से इस डील का निवेशक इंतजार कर रहे थे। अब इसे लेकर बाजार में उत्साह देखा जा रहा है।

क्या FII की वापसी होगी?

पिछले साल विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 18 बिलियन डॉलर की बिकवाली की थी। जनवरी में भी FII ने शेयरों को बेचा। लेकिन अब टैरिफ कटौती के बाद FII निवेशकों का रुख सकारात्मक हो सकता है। आने वाले समय में विदेशी निवेशकों की खरीदारी बाजार में देखने को मिल सकती है।

सोमवार को भी बाजार में तेजी

सोमवार को तेल और गैस, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में खरीदारी आने से बीएसई सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17% बढ़कर 81,666.46 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,009 अंक तक बढ़कर 81,732.25 अंक के उच्च स्तर तक पहुंचा।

यह भी पढ़े:- स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पताल के लिए खत्म होगी न्यूनतम भूमि की शर्त, यूपी सरकार की

वहीं, एनएसई निफ्टी 262.95 अंक यानी 1.06% की तेजी के साथ 25,088.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 282.65 अंक बढ़कर 25,108.10 अंक तक गया।

नोट: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में जोखिम होते हैं। किसी भी निवेश से पहले विशेषज्ञ की राय जरूर लें।

स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पताल के लिए खत्म होगी न्यूनतम भूमि की शर्त, यूपी सरकार की बड़ी तैयारी

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार Ease of Doing Business 2.0 के तहत बड़े और दूरगामी सुधारों की तैयारी कर रही है। दूसरे चरण में 22 प्राथमिक सुधार प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों, कारोबारियों, उद्यमियों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और अस्पताल खोलने की प्रक्रिया को मिलेगा।

इन सुधारों के लागू होने के बाद प्रदेश में अनावश्यक अनुमतियों, मंजूरियों और निरीक्षणों की जटिलताओं से राहत मिलेगी और रोजगार व निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

किसानों को राहत, भूमि उपयोग बदलना होगा आसान

सरकार का सबसे बड़ा फोकस भूमि और निर्माण से जुड़े नियमों को सरल बनाने पर है। प्रस्ताव के अनुसार अब भूमि स्वामियों, विशेषकर किसानों को भूमि उपयोग परिवर्तन के लिए लंबी प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना पड़ेगा। खेती की जमीन को शिक्षा, उद्योग या अन्य उपयोग में लाने के लिए दफ्तरों के चक्कर कम होंगे।
नई व्यवस्था में “जो प्रतिबंधित नहीं है, वह अनुमति योग्य है” के सिद्धांत पर मांग आधारित भूमि उपयोग की छूट देने की तैयारी है। मास्टर प्लान के समय ही निर्माण की अनुमति देने का प्रस्ताव है, जिससे निवेशकों का समय और लागत दोनों बचेंगे।

ऑटो-अपील सिस्टम से मिलेगा त्वरित न्याय

प्रशासनिक सुधारों के तहत सिंगल विंडो सिस्टम की निगरानी को और मजबूत किया जाएगा। सभी कानूनों, नियमों और शासनादेशों के लिए एक डिजिटल रिपॉजिटरी बनाई जाएगी। सेवा अधिकार अधिनियम के अंतर्गत ऑटो-अपील सिस्टम लागू कर लोगों को तेजी से न्याय दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।

नक्शा पास और अग्नि सुरक्षा नियम होंगे सरल

भवन निर्माण और नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को भी आसान बनाने की योजना है। तकनीकी मंजूरियों में रियायतें दी जाएंगी। अग्नि सुरक्षा मानकों को सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप तर्कसंगत किया जाएगा, ताकि सुरक्षा बनी रहे और अनावश्यक सख्ती खत्म हो।

सचिव आवास की अध्यक्षता में गठित हुई समिति

Ease of Doing Business 2.0 के तहत सुधारों को लागू करने के लिए प्रदेश स्तर पर एक समिति गठित की गई है। इस समिति की अध्यक्षता सचिव आवास डॉ. बलकार सिंह कर रहे हैं। लखनऊ, गाजियाबाद और वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इसके सदस्य हैं। मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक को संयोजक और आवास बंधु के निदेशक को सदस्य बनाया गया है।

कारोबारियों को दोहरे लाइसेंस से राहत

व्यापार और लाइसेंसिंग से जुड़े नियमों में भी बड़े बदलाव प्रस्तावित हैं। डबल लाइसेंस सिस्टम खत्म करने की तैयारी है। दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के नियम सरल होंगे। वजन-माप से जुड़े लाइसेंस आसान किए जाएंगे। औद्योगिक क्लस्टरों में सभी अनुमोदनों के लिए राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया जाएगा। एमएसएमई को स्व-घोषणा के आधार पर निरीक्षण और पूर्व अनुमोदन से छूट देने का प्रस्ताव है।

स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालय खोलना होगा आसान

शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों को ऐतिहासिक माना जा रहा है। निजी स्कूलों के लिए न्यूनतम भूमि स्वामित्व की अनिवार्यता हटाने का प्रस्ताव है। बुनियादी ढांचे और उपकरणों से जुड़ी शर्तों को भी सरल किया जाएगा।

यह भी पढ़े:- एक मिनट में 600 राउंड फायर करेगी स्वदेशी AK-203, कानपुर की आर्म्स फैक्ट्री में तैयार

निजी विश्वविद्यालयों के लिए न्यूनतम भूमि और एंडोमेंट फंड की शर्तों में कटौती की जाएगी। गैर-सरकारी सहायता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों के मानकों को भी आसान बनाया जाएगा, जिससे शिक्षा क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा।

सिंगल विंडो से मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं को राहत

स्वास्थ्य सेवाओं में भी बड़ा बदलाव प्रस्तावित है। सभी विशेष लाइसेंसों के लिए एकल नोडल एजेंसी नियुक्त की जाएगी। डॉक्टरों के पंजीकरण और एनओसी की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। बिजली कनेक्शन तेजी से मिलेगा और पर्यावरण से जुड़ी मंजूरियों को भी आसान किया जाएगा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार Ease of Doing Business के दूसरे चरण के सुधारों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। बड़े स्तर पर बदलाव किए जाएंगे और अगले दो महीनों में इन्हें लागू करने की योजना है। इससे प्रदेश में व्यवसाय और उद्योग स्थापित करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।

एक मिनट में 600 राउंड फायर करेगी स्वदेशी AK-203, कानपुर की आर्म्स फैक्ट्री में तैयार हुई आधुनिक राइफल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  कानपुर की स्माल आर्म्स फैक्ट्री (SAF) में तैयार की जा रही अत्याधुनिक असॉल्ट राइफल AK-203 अब पूरी तरह स्वदेशी बन चुकी है। एक मिनट में करीब 600 गोलियां दागने में सक्षम यह राइफल अब भारत में ही बने पुर्जों और तकनीक से तैयार हो रही है। रूस के सहयोग से शुरू हुई इस परियोजना में अब विदेशी हिस्सेदारी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।

सेना को सौंपे जाने से पहले इस स्वदेशी राइफल का तीन चरणों में ट्रायल किया जाएगा। पहला विंटर ट्रायल इसी महीने हिमाचल प्रदेश के सुमडो क्षेत्र में प्रस्तावित है। यह परीक्षण भारतीय सेना, स्माल आर्म्स फैक्ट्री कानपुर और अमेठी स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री प्रोजेक्ट कोरवा की संयुक्त टीम की निगरानी में होगा। इसके बाद गर्मी में राजस्थान और बारिश के मौसम में दक्षिण भारत में इसके ट्रायल किए जाएंगे।

चरणबद्ध तरीके से हुआ स्वदेशीकरण

भारत-रूस की संयुक्त कंपनी IRRPL ने AK-203 के निर्माण की शुरुआत की थी। जुलाई 2024 से कानपुर की SAF में इसका उत्पादन शुरू हुआ। शुरुआती चरण में राइफल के लगभग 85 प्रतिशत पार्ट्स रूस से और 15 प्रतिशत भारत में बनते थे। इसके बाद यह अनुपात बदला और अंततः अब AK-203 को 100 प्रतिशत स्वदेशी पुर्जों से तैयार किया जा रहा है।

रक्षा मंत्रालय के अधीन एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड की कानपुर स्थित फैक्ट्री में इस राइफल के अधिकतर पार्ट्स बनाए जाते हैं। कुछ हिस्सों का निर्माण कोलकाता की ईशापुर राइफल फैक्ट्री में होता है, जबकि असेंबलिंग का काम अमेठी में किया जाता है। फायरिंग ट्रायल सफल रहने के बाद इसे भारतीय सेना को सौंप दिया जाएगा।

सेना का नया मुख्य हथियार बनेगी AK-203

भारतीय सेना अपने जवानों को चरणबद्ध तरीके से AK-203 असॉल्ट राइफल से लैस कर रही है। पहले चरण में पांच लाख से अधिक राइफलें सेना को देने की योजना है, जिनमें से कुछ की आपूर्ति पहले ही की जा चुकी है। आने वाले समय में सेना को मिलने वाली सभी राइफलें पूरी तरह स्वदेशी होंगी। फिलहाल सेना में INSAS राइफल का इस्तेमाल हो रहा है, जिसे अगले कुछ वर्षों में AK-203 से बदला जाएगा।

आत्मनिर्भर भारत की बड़ी उपलब्धि

इस परियोजना से जुड़े महाप्रबंधक सुरेंद्रपति के अनुसार, AK-203 का पूर्ण स्वदेशीकरण आत्मनिर्भर भारत अभियान की बड़ी सफलता है। तीनों मौसम में सफल परीक्षण के बाद यह राइफल औपचारिक रूप से सेना को सौंप दी जाएगी।

यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 3 February 2026: इन 4 राशियों को भाग्य के भरोसे नहीं करना चाहिए काम

इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जो AK-203 असॉल्ट राइफल का स्वदेशी निर्माण कर रहे हैं।

AK-47 से ज्यादा आधुनिक है AK-203

AK-203 को पुराने AK-47 की तुलना में अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाया गया है। इसकी मारक क्षमता और रेंज AK-47 से अधिक है। जहां AK-47 की मैगजीन क्षमता 20 से 30 राउंड तक होती है, वहीं AK-203 में 30 राउंड की स्टैंडर्ड मैगजीन दी गई है।

AK-203 असॉल्ट राइफल की खास खूबियां

  • फोल्डिंग और एडजस्टेबल बटस्टॉक
  • नाटो स्टैंडर्ड 7.62 मिमी कारतूस का उपयोग
  • एक मिनट में करीब 600 राउंड फायर करने की क्षमता
  • 400 मीटर तक सटीक और प्रभावी फायरिंग
  • पिकेटिनी रेल और नाइट विजन सिस्टम की सुविधा
  • वजन करीब 3.8 किलोग्राम
  • स्टॉक मोड़ने पर लंबाई 690 मिमी
  • भारतीय सेना को 5 लाख से ज्यादा राइफलें देने की योजना

Aaj Ka Rashifal 3 February 2026: इन 4 राशियों को भाग्य के भरोसे नहीं करना चाहिए काम, बढ़ सकता है खर्च

Aaj Ka Rashifal 3 February 2026: आज ग्रहों की चाल कई राशियों के लिए सतर्कता का संकेत दे रही है। गुरु मिथुन राशि में, चंद्रमा और केतु सिंह राशि में विराजमान हैं। वहीं सूर्य, बुध, शुक्र और मंगल मकर राशि में स्थित हैं। राहु कुंभ और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। आज कुछ राशियों को भाग्य के भरोसे काम करने से बचना चाहिए, वरना आर्थिक नुकसान हो सकता है। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का हाल—

मेष राशि

आज बच्चों की सेहत को लेकर चिंता रह सकती है। प्रेम संबंधों में विवाद से बचें। कोई भी बड़ा फैसला फिलहाल टालना बेहतर रहेगा। मानसिक तनाव रह सकता है। व्यापार की स्थिति ठीक है। सूर्य को जल अर्पित करें और लाल वस्तु अपने पास रखें।

वृषभ राशि

घरेलू वातावरण थोड़ा तनावपूर्ण रह सकता है। पारिवारिक कलह के संकेत हैं। मकान या वाहन से जुड़ी खरीदारी में अड़चन आ सकती है। प्रेम जीवन और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। व्यापार सामान्य से अच्छा रहेगा। तांबे की वस्तु का दान शुभ रहेगा।

मिथुन राशि

आपका पराक्रम आज रंग लाएगा और नौकरी-व्यवसाय में उन्नति के योग हैं। हालांकि नाक, कान या गले से जुड़ी परेशानी हो सकती है। प्रेम और संतान पक्ष थोड़ा कमजोर रहेगा। काली जी को प्रणाम करना लाभदायक रहेगा।

कर्क राशि

आज धन हानि के योग बन रहे हैं, इसलिए निवेश से दूरी बनाए रखें। मुख या दांत से जुड़ी समस्या हो सकती है। पारिवारिक मतभेद संभव हैं, वाणी पर नियंत्रण रखें। प्रेम और संतान का सहयोग मिलेगा। व्यापार ठीक रहेगा। लाल वस्तु पास रखें।

सिंह राशि

मन में घबराहट और बेचैनी बनी रह सकती है। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रहेगा, लेकिन प्रेम जीवन, संतान और व्यापार की स्थिति अच्छी रहेगी। शिव जी का जलाभिषेक करना शुभ फल देगा।

कन्या राशि

अकारण खर्च बढ़ सकता है। सिर दर्द, आंखों में परेशानी या साझेदारी के कामों में दिक्कत आ सकती है। प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। शनि देव को प्रणाम करें।

तुला राशि

आय में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन कुल मिलाकर समय लाभदायक है। यात्रा के योग बन रहे हैं। कोई भ्रामक सूचना मिल सकती है। प्रेम और संतान मध्यम रहेंगे। व्यापार ठीक रहेगा। सूर्य को जल अर्पित करें।

वृश्चिक राशि

आज कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूरी बनाकर रखें। पिता के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। स्वयं की सेहत भी कमजोर रह सकती है। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष मजबूत रहेगा। पीली वस्तु पास रखें।

धनु राशि

आज भाग्य के भरोसे कोई काम न करें। अपमान या मान-हानि का भय रहेगा। यात्रा से नुकसान हो सकता है, इसलिए यात्रा टालना बेहतर है। प्रेम, संतान और व्यापार की स्थिति अच्छी रहेगी। लाल वस्तु अपने पास रखें।

मकर राशि

चोट-चपेट या किसी परेशानी में फंसने की आशंका है। परिस्थितियां आपके पक्ष में नहीं हैं। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। प्रेम और संतान मध्यम रहेंगे। व्यापार सामान्य रहेगा। काली जी को प्रणाम करें।

कुंभ राशि

जीवनसाथी और स्वयं के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत है। नौकरी-पेशा लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। प्रेम और संतान से दूरी महसूस होगी। व्यापार मध्यम रहेगा। तांबे की वस्तु का दान शुभ होगा।

मीन राशि

शत्रुओं पर आपका दबदबा बना रहेगा, लेकिन मानसिक अशांति रह सकती है। स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें। प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। व्यापार में विशेष लाभ के योग हैं। सूर्य को जल अर्पित करें।

होली 2026 कब मनाई जाएगी? यहां देखें होलिका दहन और रंगों की होली की सही तारीख

होली भारत के सबसे उल्लासपूर्ण और रंगीन त्योहारों में गिनी जाती है। यह पर्व सिर्फ रंग खेलने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और पुराने मतभेदों को भुलाने का प्रतीक भी माना जाता है। फाल्गुन माह में मनाई जाने वाली होली को देश के अलग-अलग हिस्सों में फगुआ, धुलेंडी और रंगवाली होली जैसे नामों से जाना जाता है। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल बना हुआ है कि होली 2026 में किस दिन मनाई जाएगी और होलिका दहन का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा।

होली 2026 की तारीख

हिंदू पंचांग के अनुसार, रंगों वाली होली 4 मार्च 2026, बुधवार को मनाई जाएगी। इस दिन लोग रंग-गुलाल, ढोल-नगाड़ों, गीत-संगीत और पारंपरिक व्यंजनों के साथ होली का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाएंगे। यह दिन आपसी मेल-जोल और खुशियां साझा करने का अवसर होता है।

होलिका दहन कब होगा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, होली से एक दिन पहले होलिका दहन किया जाता है, जो बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है।

फाल्गुन पूर्णिमा तिथि

  • शुरुआत: 2 मार्च 2026, शाम 5:55 बजे
  • समाप्ति: 3 मार्च 2026, शाम 5:07 बजे

इसी आधार पर होलिका दहन 3 मार्च 2026 को किया जाएगा।

होलिका दहन का शुभ मुहूर्त

होलिका दहन के लिए शुभ समय शाम 6:22 बजे से रात 8:50 बजे तक रहेगा।

यह भी पढ़े:- मोमोज की लत ने खाली कर दी घर की तिजोरी, नाबालिग ने फास्ट फूड के बदले लुटा दिए 85 लाख

मान्यता है कि इस मुहूर्त में होलिका दहन करने से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है और घर में सुख-समृद्धि आती है।

होली से जुड़ी परंपराएं

होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति और परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ पर्व है। मथुरा-वृंदावन, काशी और उज्जैन में होली की रौनक खास देखने को मिलती है। कहीं फूलों की होली खेली जाती है तो कहीं लट्ठमार होली की परंपरा निभाई जाती है।

होली के खास पकवान

होली के मौके पर घर-घर में विशेष पकवान बनाए जाते हैं। बिहार में मालपुआ, उत्तर भारत में गुजिया और पूरे देश में ठंडाई को होली की पहचान माना जाता है।

होली पूजा का धार्मिक महत्व

होली के दिन पूजा-पाठ का भी विशेष महत्व होता है। इस दिन राधा-कृष्ण, भगवान शिव और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करना शुभ माना जाता है। पूजा में गुलाल, फूल, रंग और मिठाइयों का प्रयोग किया जाता है। मान्यता है कि इससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है।

प्रेमिका के साथ सेक्स करते समय पुराने प्रेमी की हत्या,…घोंटा था गला, दोनों गिरफ्तार

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में हुए प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नई मंडी कोतवाली पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे एक महिला और उसका नया प्रेमी शामिल था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 1 फरवरी को नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सरवट फाटक के पास नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान जीवन उर्फ संजीव, निवासी हरिनगर थाना पुरकाजी, के रूप में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया था, जिसके बाद हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया।

12 साल पुराने संबंध बने हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला सोनिया के मृतक जीवन उर्फ संजीव के साथ करीब 12 वर्षों से अवैध संबंध थे। सोनिया का अपने मामा के घर हरिनगर आना-जाना रहता था, इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने। बाद में सोनिया के गांव के ही युवक सादिक से भी प्रेम संबंध हो गए।

आरोप है कि सादिक को सोनिया और जीवन का मिलना पसंद नहीं था, जबकि जीवन सोनिया से रिश्ता खत्म करने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर सादिक और सोनिया ने मिलकर जीवन की हत्या की साजिश रची।

किराए के मकान में बुलाकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत सादिक ने सोनिया के लिए सरवट क्षेत्र में एक किराए का मकान दिलवाया। 31 जनवरी को सोनिया ने जीवन को मिलने के बहाने उसी मकान में बुलाया। जीवन अपने परिचित दीपक के साथ आया था, लेकिन सोनिया उसे अकेले ही मकान के अंदर ले गई।

यह भी पढ़े:- बजट के बाद 6 फरवरी को आम आदमी के लिए हो सकता है ये बड़ा ऐलान, जाने क्या है ?

आरोप है कि इसी दौरान पहले से छिपे बैठे सादिक ने रस्सी से जीवन का गला घोंट दिया। जब जीवन ने बचने की कोशिश की तो सोनिया ने उसका साथ देते हुए उसके हाथ पकड़ लिए। हत्या के बाद दोनों ने शव को कपड़े में लपेटकर नाले में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सादिक और सोनिया, पत्नी रोहित, निवासी गांव हरसौली थाना शाहपुर, को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

बजट के बाद 6 फरवरी को आम आदमी के लिए हो सकता है ये बड़ा ऐलान, जाने क्या है ?

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- केंद्रीय बजट के बाद अब आम आदमी, निवेशकों और शेयर बाजार की नजरें 6 फरवरी 2026 को होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक पर टिकी हुई हैं। इस बैठक को लेकर देश-विदेश के बड़े आर्थिक संस्थानों और विशेषज्ञों की राय लगभग एक जैसी दिखाई दे रही है।

नोमुरा, सिटी इंडिया, एसबीआई, जेपी मॉर्गन और पूर्व मुख्य सांख्यिकीविद् प्रोणब सेन सहित कई अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इस बार RBI रेपो रेट में किसी तरह का बदलाव नहीं करेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, केंद्रीय बैंक फिलहाल महंगाई के रुझान, रुपये की स्थिति और वैश्विक आर्थिक हालात को और स्पष्ट रूप से समझने के लिए “वेट एंड वॉच” यानी रुककर देखने की नीति अपना सकता है।

किन बातों पर निर्भर करेगा फैसला

अर्थशास्त्रियों का कहना है कि आने वाले दिनों में रुपये पर दबाव, वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव और विदेशी पूंजी का प्रवाह मौद्रिक नीति के फैसलों को प्रभावित कर सकता है। विशेषज्ञ दीपक चिनॉय के मुताबिक, रुपये की कमजोरी अपने आप में बड़ी समस्या नहीं है, बल्कि यह विदेशी पूंजी के सीमित प्रवाह का संकेत देती है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) फिलहाल इतना मजबूत नहीं है कि चालू खाते के घाटे को आसानी से संभाल सके।

यह भी पढ़े:- मोमोज की लत ने खाली कर दी घर की तिजोरी, नाबालिग ने फास्ट फूड के बदले लुटा दिए 85 लाख 

उनका मानना है कि अगर वैश्विक अनिश्चितता लंबे समय तक बनी रहती है, तो RBI को रुपये को एक “शॉक एब्जॉर्बर” की तरह काम करने देना चाहिए, न कि विदेशी मुद्रा भंडार का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करना चाहिए।

सिटी इंडिया की राय

सिटी इंडिया के मुख्य अर्थशास्त्री समीरन चक्रवर्ती ने आगाह किया है कि अगर रुपये में अत्यधिक गिरावट होती है, तो इसका असर निवेशकों की धारणा पर पड़ सकता है। इससे विदेशी निवेश आने में देरी संभव है। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में करेंसी से जुड़ी अपेक्षाएं निवेश फैसलों में अहम भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में RBI की ओर से रुपये के मूल्यांकन को लेकर स्पष्ट संकेत निवेशकों के लिए मददगार हो सकते हैं।

नोमुरा और अन्य विशेषज्ञों का आकलन

नोमुरा की अर्थशास्त्री सोनल वर्मा के अनुसार, नए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) सीरीज़ को लेकर बनी अनिश्चितता भी रेपो रेट में बदलाव न करने की एक बड़ी वजह है। उन्होंने बताया कि नई सीरीज़ में खाद्य पदार्थों और सेवाओं के वेटेज में बदलाव से महंगाई करीब 50 बेसिस प्वाइंट तक ज्यादा दिखाई दे सकती है।

एसबीआई के मुख्य अर्थशास्त्री सौम्य कांति घोष ने बॉन्ड यील्ड और लिक्विडिटी ट्रांसमिशन को अहम मुद्दा बताया, जबकि प्रोणब सेन का कहना है कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेशकों का भरोसा दोबारा मजबूती से लौट रहा है या नहीं।

मोमोज की लत ने खाली कर दी घर की तिजोरी, नाबालिग ने फास्ट फूड के बदले लुटा दिए 85 लाख के जेवर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मोमोज खिलाने का लालच देकर युवकों ने वाराणसी के एक पुजारी के नाबालिग बेटे से करीब 85 लाख रुपये के जेवरात हड़प लिए। जब इस घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो परिवार स्तब्ध रह गया। पीड़ित पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को हिरासत में लिया है, जिनकी निशानदेही पर कुछ आभूषण भी बरामद किए गए हैं।

यह मामला रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव का है। गांव निवासी विमलेश मिश्र वाराणसी के एक मंदिर में पुजारी हैं। उनका नाबालिग बेटा गांव में रहकर कक्षा सात की पढ़ाई कर रहा है। बीते कुछ दिनों से वह मोमोज खाने का आदी हो गया था और रोजाना देवरिया–कसया मार्ग स्थित डुमरी चौराहे पर पहुंचने लगा।

बताया जा रहा है कि वहां दुकान लगाने वाले तीन युवकों ने किशोर को अपने झांसे में ले लिया। उन्होंने उसे यह कहकर फंसाया कि कुछ सामान लाने पर ही उसे मोमोज दिए जाएंगे। इसके बाद किशोर घर में रखे जेवरात चुपचाप निकालकर उन्हें देता रहा और बदले में मोमोज खाता रहा।

घर की अलमारी में पुजारी की पत्नी और बहन के कीमती जेवर रखे थे। जब पुजारी की बहन जेवर लेने घर पहुंची और रविवार सुबह अलमारी खोली गई, तो लॉकर खाली मिला। सभी आभूषण गायब देख परिवार के होश उड़ गए।

यह भी पढ़े:- रील बनाने से रोकने पर पति की हत्या, शव के पास किया श्रृंगार; बीयर पीकर DJ पर किया डांस

परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर किशोर ने दुकानदारों को जेवर देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुजारी ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और इसकी गहन जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा कर दिया जाएगा।

मोमोज की लत बनी ठगी की वजह

परिजनों के अनुसार, शुरुआत में किशोर घर से पैसे लेकर मोमोज खरीदता था, लेकिन बाद में उसने जेवर देना शुरू कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम की भनक परिवार को नहीं लगी। वहीं, कुछ ही दिनों में दुकानदारों के रहन-सहन में भी बदलाव नजर आने लगा, जिससे संदेह और गहरा हो गया।

रील बनाने से रोकने पर पति की हत्या, शव के पास किया श्रृंगार; बीयर पीकर DJ पर किया डांस

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले से सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड में रोज़ नए खुलासे हो रहे हैं। 28 जनवरी को रील बनाने से मना करने पर पति की कथित तौर पर हत्या करने वाली पत्नी के व्यवहार को लेकर चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने न केवल बीयर पी, बल्कि DJ पर जमकर डांस भी किया। इस दौरान वह घूंघट में रही, जिसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

यह मामला झाबुआ जिले की थांदला तहसील अंतर्गत खवासा चौकी क्षेत्र के ग्राम नारेला का है। यहां निवासी कैलाश माल, पिता रायचंद माल, की शादी जून माह में हुई थी। परिवार के अनुसार, कैलाश को इस बात का अंदाज़ा नहीं था कि जिस महिला को वह जीवनसाथी बनाकर घर लाया, वही उसकी मौत की वजह बन जाएगी।

घटना के दिन परिवार में खुशी का माहौल था। कैलाश के काका थावरसिंह माल के बेटे बंटी की शादी के कारण घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच 28 जनवरी की सुबह कैलाश की बड़ी बहन लीला उसे जगाने उसके कमरे में पहुंची। आवाज देने और कंबल हटाने के बावजूद जब कैलाश नहीं उठा तो उसने उसका पैर छुआ, जो सख्त महसूस हुआ। घबराकर उसने अन्य परिजनों को बुलाया, जिसके बाद पता चला कि कैलाश की मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़े:- एकतरफा प्रेम में सनक: 12वीं के छात्र ने अपनी ही टीचर का काटा दोनों होंठ, हालत गंभीर

जांच में सामने आया कि कैलाश की पत्नी ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। हत्या के बाद उसने इस्तेमाल की गई रस्सी को घर में आई नई अलमारी में छिपा दिया था। झाबुआ के पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पत्नी नाबालिग है और उसे हिरासत में ले लिया गया है।

शव के पास खड़े होकर किया श्रृंगार

परिजनों के अनुसार, कैलाश की मौत के बाद भी आरोपी पत्नी का व्यवहार सामान्य नहीं था। बताया गया कि वह पति के शव के पास खड़े होकर सजती-संवरती रही और साड़ी पहनने में अपनी भतीजी की मदद भी ली। जब भतीजी ने कैलाश को जगाने की बात कही तो महिला ने यह कहकर मना कर दिया कि उसने जगाने से इनकार किया है और वह बारात में शामिल नहीं होगा।

इसके बाद आरोपी पत्नी अन्य परिजनों के साथ घर के बाहर बने मंडप में चली गई, जहां उसने बीयर पी और DJ पर नाचती रही। इस दौरान पूरे परिवार को घटना की सच्चाई का कोई अंदाज़ा नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

एकतरफा प्रेम में सनक: 12वीं के छात्र ने अपनी ही टीचर का काटा दोनों होंठ, हालत गंभीर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एकतरफा प्रेम की सनक ने एक छात्र को हिंसक बना दिया। कक्षा 12 में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपनी ही शिक्षिका पर सरेराह जानलेवा हमला कर दिया, जिससे शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी छात्र फरार है।

घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, शिक्षिका पहले आगरा रोड स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। उसी स्कूल में पढ़ने वाला एक छात्र लगातार उन्हें परेशान करता था और अनुचित व्यवहार करता था। शिक्षिका द्वारा शिकायत किए जाने पर छात्र के परिजनों को अवगत कराया गया था, जिसके बाद कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही।

शिकायतों के बावजूद नहीं बदला व्यवहार

शिक्षिका ने पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) के दौरान छात्र की मां से उसकी हरकतों की शिकायत की थी। परिवार की ओर से सुधार का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन छात्र के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और शहर के दूसरे इलाके में स्थित एक अन्य स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया।

स्कूल बदलने के बाद भी पीछा

इसके बावजूद आरोपी छात्र ने शिक्षिका का पीछा नहीं छोड़ा। वह नए स्कूल के रास्ते में भी उन्हें रोककर परेशान करने लगा और दबाव बनाता रहा।

रास्ते में रोककर किया हमला

20 जनवरी को जब शिक्षिका एक छात्र को ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं, तभी आरोपी ने पहले से घात लगाकर उन्हें रास्ते में रोक लिया। विरोध करने पर छात्र ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यह भी पढ़े:- यूपी में बीजेपी 10 फरवरी तक चलाएगी ‘बजट उपलब्धि अभियान’, मंत्री और विधायक

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल शिक्षिका को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी

शिक्षिका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी फतह बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।