न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जाखलौन थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेरा के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन ग्रामीणों को कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि कार राज्य मंत्री मनोहरलाल पंथ के पुत्र नरेश पंथ चला रहे थे। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ को धमकाने के लिए पिस्टल तानने का भी आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बरखेरा निवासी 21 वर्षीय शिवेंद्र यादव, 50 वर्षीय शंकर यादव और 19 वर्षीय अनुज यादव गांव के ही एक मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सोमवार देर रात तीनों युवक बाइक से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे और बाइक स्टार्ट कर रहे थे, तभी देवगढ़ से ललितपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार इतनी तेज थी कि बाइक के साथ तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पर “विधायक” लिखा हुआ था, जिससे मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों फैल गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने कार सवार लोगों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने पिस्टल निकालकर भीड़ की ओर तान दी। ग्रामीणों का कहना है कि असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार लॉक हो गई थी, जिसके चलते शीशा तोड़कर अंदर बैठे लोग बाहर निकले और भाग निकले।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय ललितपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 21 वर्षीय शिवेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शंकर यादव और अनुज यादव को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि जिस कार से दुर्घटना हुई है, वह राज्य मंत्री मनोहरलाल पंथ की पत्नी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मृतक शिवेंद्र के चाचा राजपाल यादव की तहरीर पर पुलिस ने मंत्री के बेटे नरेश पंथ के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और पिस्टल तानने के आरोपों में कितनी सच्चाई है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और राजनीतिक हलकों में भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



