न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में शनिवार को एक भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद को संभाल नहीं पाए। मां के पार्थिव शरीर के सामने खड़े योगी की आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने रूमाल से अपनी आंखें पोंछीं और मां के चरणों में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कुछ देर तक वह मां के पार्थिव शरीर को एकटक निहारते रहे।
सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम करीब 4 बजकर 55 मिनट पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। घर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान वह काफी देर तक मौन खड़े रहे। उनकी नम आंखों को देखकर वहां मौजूद परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण भी भावुक हो गए।
मां के अंतिम दिनों के बारे में जानकारी लेते हुए योगी ने परिजनों से उनकी तबीयत और बीमारी को लेकर बातचीत की। उन्होंने पूछा कि मां की तबीयत कब से खराब थी और उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस दौरान घर का माहौल बेहद गमगीन रहा। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक आवास पर जुटने लगे। दूर-दराज से आए लोगों ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक रेणु बिष्ट, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंतिम विदाई की तैयारियों के बीच भी छलके आंसू
मां को अंतिम विदाई देने की तैयारियों के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार भावुक नजर आए। वह खुद को संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन मां को खोने का दर्द उनकी आंखों में साफ दिखाई दे रहा था। इस दुख की घड़ी में निषाद पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी पंचूर पहुंचे। उन्होंने सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मां सावित्री देवी से था गहरा लगाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपनी मां सावित्री देवी से हमेशा गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा। संन्यास लेने और परिवार से दूर रहने के बावजूद वह समय-समय पर मां से मिलने पंचूर जाते थे। मां की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर भी योगी उनसे मिलने पहुंचे थे।
जून 2024 में जब सावित्री देवी ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती थीं, तब 16 जून को योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इससे पहले मई 2024 में भी उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। अक्टूबर 2024 में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात की थी।
योगी की बहन शशि पयाल के मुताबिक, मां की तबीयत खराब होने के कारण वह पिछले कुछ दिनों से फोन पर बात नहीं कर पा रही थीं। हालांकि, योगी अपने भाइयों के संपर्क में रहकर मां के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहते थे।
इसी महीने मां से मिलने पंचूर आने वाले थे योगी
संन्यास के बाद योगी आदित्यनाथ ने पारिवारिक और सांसारिक जीवन से दूरी बना ली थी, लेकिन मां के प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा। मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में वह पहली बार अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे और मां के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था।
बताया जा रहा है कि योगी इसी महीने एक बार फिर अपनी मां से मिलने पंचूर आने की योजना बना रहे थे। लेकिन इससे पहले ही मां के निधन की खबर ने उन्हें गहरे दुख में डाल दिया।
संन्यास के बाद मां से ली थी पहली भिक्षा
योगी आदित्यनाथ के जीवन से जुड़ा एक भावुक प्रसंग वर्ष 1998 का है। संन्यास लेने के करीब चार साल बाद जब वह अपने गांव पंचूर पहुंचे थे, तब संन्यासी परंपरा के अनुसार उन्होंने अपनी मां से पहली भिक्षा ली थी।
सावित्री देवी ने बेटे को फल, चावल और कुछ रुपये भिक्षा में दिए थे। योगी की बहन शशि पयाल के मुताबिक, उस समय मां के साथ-साथ परिवार के सभी सदस्य भावुक हो गए थे। भिक्षा देते समय सावित्री देवी की आंखों में आंसू थे और योगी आदित्यनाथ भी अपने आंसू नहीं रोक पाए थे।
मां और बेटे के बीच यह भावनात्मक रिश्ता संन्यास के बाद भी कभी कम नहीं हुआ। आज मां को अंतिम विदाई देते समय योगी की नम आंखों ने एक बार फिर इस रिश्ते की गहराई को बयां कर दिया।


